भदोही में AAP का प्रदर्शन: शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग:93 पेपर लीक पर विरोध, छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। भदोही में आम आदमी पार्टी (AAP) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देश में अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करोड़ों युवाओं का भविष्य खतरे में है। यह प्रदर्शन मशहूर शिक्षाविद सोनम वांगचुक के 21 दिवसीय अनशन और उन पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में किया गया।मशहूर शिक्षाविद सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से जंतर-मंतर पर अनशन पर थे। उनकी मुख्य मांग थी कि नीट पेपर लीक मामले के कारण मानसिक तनाव झेल रहे छात्रों को न्याय मिले और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा दें। उन्होंने करोड़ों युवाओं की आवाज उठाई, जिनका भविष्य '93 पेपर लीक' जैसी घटनाओं के कारण बर्बाद हो गया है। दुख की बात है कि 21 दिनों के संघर्ष के बाद भी भारत सरकार और प्रधानमंत्री ने उनसे कोई बात नहीं की।इस बीच, 18 जुलाई को जंतर-मंतर पर अचानक भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज किया गया। 21 दिनों के अनशन के कारण कमजोर हो चुके सोनम वांगचुक को पुलिस ने जबरन उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया।यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि 20 जुलाई को संसद सत्र शुरू होने पर सोनम वांगचुक ने देश की जनता और युवाओं के साथ 'संसद मार्च' की घोषणा की थी। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक आवाज को दबाने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया गया ताकि इस आंदोलन को खत्म किया जा सके। इसी दौरान कार्यकर्ता अभिजीत दीपके को भी हिरासत में ले लिया गया।AAP कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा तुरंत लिया जाए। उन्होंने सोनम वांगचुक और युवाओं पर हुए लाठीचार्ज तथा जबरन कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच की मांग की।इसके अतिरिक्त, कार्यकर्ताओं ने देश के छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ रोकने के लिए 'पेपर लीक' के खिलाफ सख्त कानून बनाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने हेतु ठोस नीतियां बनाने की मांग की। उन्होंने जंतर-मंतर जैसी जगहों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के संवैधानिक अधिकार की रक्षा पर भी जोर दिया।इस मौके पर पंकज कुमार एडवोकेट, सुरेश यादव, श्यामसुंदर मौर्य, विनय कुमार बिंद, राजधर बिंद, संदीप यादव, महेंद्र पाल, रोशन अली, बैजनाथ सरोज, प्रदीप मौर्या, सुल्तान असरफ, रामप्रसाद यादव, कमलेश गौतम, अरविंद सरोज, वीरेंद्र गौड़, खुर्शीद, अस्लम भाई, वरुण यादव, शिवचंद मौर्या, कमलेश, दिनेशपाल और सुरेश गौड़ सहित कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
Jul 22 2026, 16:04
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1