कांवड़ यात्रा से पहले सड़कों की हालत खराब: तीन प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले मार्गों पर अनगिनत गड्ढे
।
रिपोर्टर - नितेश श्रीवास्तव
भदोही। सावन माह की शुरुआत से पहले जिले के प्रमुख शिवालयों तक जाने वाले कांवड़ मार्गों की हालत खस्ता है। सड़कों पर अनगिनत गड्ढे और बारिश के कारण जलभराव की स्थिति शिवभक्तों के लिए परेशानी का सबब बन सकती है। Street Buzz News की टीम ने हाल ही में इन मार्गों का जायजा लिया, जिसमें प्रशासन के दावों के विपरीत सड़कों की खराब स्थिति सामने आई। सावन माह 30 जुलाई से शुरू हो रहा है, जिसका पहला सोमवार 3 अगस्त को पड़ेगा। प्रयागराज के संगम से गंगाजल लेने के लिए कांवड़िया 1 और 2 अगस्त से ही रवाना होना शुरू कर देंगे। जिले के साथ-साथ जौनपुर से भी बड़ी संख्या में शिवभक्त इन्हीं मार्गों का उपयोग करते हैं। प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्गों को सुरक्षित और गड्ढामुक्त बनाने के दावे किए गए हैं। हालांकि, जमीनी हकीकत इन दावों से अलग है। जिले के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी सड़कें और जलभराव की समस्या कांवड़ यात्रियों की यात्रा को कठिन बना सकती है। जिले के प्रमुख शिवालयों में ज्ञानपुर का बाबा हरिहरनाथ मंदिर, गोपीगंज का बाबा बड़े शिव मंदिर, तिलंगा स्थित तिलेश्वरनाथ महादेव मंदिर, चौरी का ओदारनाथ महादेव मंदिर और सेमराधनाथ धाम शामिल हैं।
इनमें से सेमराधनाथ धाम में सर्वाधिक संख्या में कांवड़िया पहुंचते हैं, लेकिन इस प्रमुख आस्था केंद्र तक पहुंचने वाले मार्ग की दशा में सुधार नहीं हो सका है। गोपीगंज नगर के पश्चिमी छोर से तिलंगा होते हुए तिलेश्वरनाथ मंदिर तक करीब छह किलोमीटर लंबा मार्ग है, जिसकी मरम्मत पिछले चार साल से नहीं हुई है। पैचिंग के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई है, जिससे इस मार्ग पर भी बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। यदि अगले 10 से 12 दिनों के भीतर इन मार्गों की मरम्मत नहीं की गई, तो शिवभक्तों को कांवड़ यात्रा के दौरान गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
क्या बोले शिवभक्त
पिछले तीन साल से कांवड़ लेकर जाता हूं। 2025 में सेमराध मार्ग कुछ सही था, लेकिन इस बार कई स्थानों पर गड्ढे हो गए हैं। सावन में सेमराध में काफी श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रशासन को उक्त मार्ग को बनवाना चाहिए। - कमलेश यादव, पुरवा
शिवालय जाने वाले मार्गों को सही कराना चाहिए। सावन में प्रतिदिन कांवड़ियों के साथ स्थानीय भक्त भी दर्शन-पूजन के लिए मंदिर जाएंगे। सेमराध मार्ग को जल्द सही कराना चाहिए। - प्रिंस सिंह, सेमराध
अवैध कट होंगे बंद, दोनों लेन पर सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
जिले में आगामी कांवड़ यात्रा के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बताया कि हाईवे की दक्षिणी लेन पर संपर्क मार्गों के सामने बैरिकेडिंग की जाएगी। इसके लिए स्थानों को चिह्नित कर लिया गया है। इसके अलावा जहां-जहां शिविर लगते हैं, उनके संचालकों से भी बात कर ली गई है। इस दौरान एक लेन पर वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में उस लेन पर अतिरिक्त फोर्स लगाकर वाहनों की गति नियंत्रित की जाएगी और जगह-जगह बने कटों के सामने बैरिकेडिंग की जाएगी। कांवड़ यात्रा के लिए अतिरिक्त फोर्स की मांग की है।
सेमराधनाथ मार्ग पीएमजीएसवाई का है। जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकासी के निर्देश दिए गए हैं। सावन शुरू होने से पहले सड़क को सही करा लिया जाएगा। - संदीप सरोज, एक्सईएन, लोक निर्माण
Jul 20 2026, 14:36
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k