बिहार बजट सत्र : विपक्ष के सवाल का जवाब नही दे पाए मंत्री, सदन मे सरकार की हुई फजीहत
डेस्क : बिहार विधान मंडल के बजट सत्र की आज तीसरे दिन की कार्यवाही विपक्ष के हंगामे के साथ शुरु हुई। विपक्ष ने सदन के बाहर जमकर हंगामा किया। वही सदन के अंदर सरकार के मंत्री के ही कारण सरकार की फजीहत हुई।
![]()
बजट सत्र के आज तीसरे दिन विधान सभा मे उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब सिवान सदर से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधायक और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी के सवाल पर पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा कल्याण मंत्री हरि साहनी सांसत में पड़ गए। उन्हें सवाल का जवाब ही नहीं सूझ रहा था। बाद में विधानसभा अध्यक्ष को मामले में हस्तक्षेप करना पड़ा और उन्होंने सवाल को ही स्थगित कर दिया।
अवध बिहारी चौधरी ने सदन में सवाल उठाया कि क्या कि पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के मंत्री यह बताने की कृपा करेंगे कि क्या यह बात सही है कि सिवान जिलान्तर्गत पिछड़ा वर्ग एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए एक भी छात्रावास नहीं रहने के कारण छात्रों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, उनके पाठन-पाठन पर भी बुरा असर पड़ता है।
यदि हां, तो क्या सरकार सिवान जिले में पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए छात्रावास का निर्माण कराने का विचार रखती है? और अगर नहीं तो क्यों? राजद विधायक के इस सवाल का विभागीय मंत्री हरि साहनी को कोई जवाब नहीं सूझ रहा था। वे स्पष्ट उत्तर देने की स्थिति में नजर नहीं आ रहे थे। यह देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सवाल को ही स्थगित कर दिया।
दरअसल, विधानसभा अध्यक्ष बार-बार मंत्री को सवाल का स्पेशफिक जवाब देने को कह रहे थे, लेकिन जानकारी के अभाव में विभागीय मंत्री सही जवाब नहीं दे पा रहे थे। इसको देखते हुए स्पीकर ने सवाल को ही स्थगित करना पड़ा।
Mar 04 2025, 12:49