मौसम का हाल : प्रदेश में लगातार बदल रहा मौसम का मिजाज, आज इन जिलों में आंधी वारिश के साथ वज्रपात का येलो अलर्ट
डेस्क : प्रदेश में बीते शुक्रवार से ही मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा था। पटना सहित कई जिलों में आंशिक तौर पर बादल छाए रहे। राजधानी पटना में शनिवार सुबह मेघ गर्जन के साथ झमाझम बारिश हुई। 4.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि सुबह 9 के बाद आसमान साफ होते ही सूरज के तेवर तल्ख होने लगे। जिस कारण लोगों को दिन में गर्मी का एहसास हुआ।
![]()
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज यानी 2 मार्च को राज्य के कई जिलों में बारिश की संभावना है। यह बारिश मुख्य रूप से एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण होगी, जो पहाड़ी क्षेत्रों में सक्रिय हो रहा है। भागलपुर, बांका, कटिहार, नवादा, जमुई और मुंगेर जिलों में हल्की वर्षा और तेज हवाओं के चलने की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शनिवार को पटना सहित 27 शहरों में बारिश हुई। जिसमें वैशाली में 4.6, बक्सर में 2.4, सिवान में 2.0, आरा में 1.4, छपरा में 1.2, पश्चिमी चंपारण में 1.2 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि दरभंगा और भागलपुर में हल्के स्तर की बारिश हुई।
रविवार से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक गिरावट की संभावना है। सोमवार से अधिकतम तापमान में वृद्धि होने का पूर्वानुमान है। राज्य में प्री-मानसून सीजन की अवधि 1 मार्च से 31 मई तक रहती है। सूरज के कर्क रेखा की ओर बढ़ने से पारा में बढ़ोतरी हो रही है। प्रदेश का अधिकतम पारा 28.9 से 33.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.1 से 19.4 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। सबसे गर्म शहर 33.5 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी रहा। जबकि 26 शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार रहा।
Mar 02 2025, 09:34