कैबिनेट विस्तार में सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेश के हर क्षेत्र का रखा ध्यान, दी वाजिब हिस्सेदारी
डेस्क : बिहार विधानसभा चुनाव से पहले बीते बुधवार को महाशिवरात्रि के दिन नीतीश कैबिनेट का विस्तार हो गया। कैबिनेट विस्तार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने न केवल राज्य के हर क्षेत्र का ध्यान रखा है, बल्कि उनके प्रतिनिधित्व से सभी क्षेत्रों को वाजिब हिस्सेदारी भी दी है। इसमें पटना के साथ-साथ मगध, मिथिलांचल, कोसी, सीमांचल, अंग, शाहाबाद-कैमूर, चंपारण, सारण, तिरहुत का प्रतिनिधित्व स्पष्ट दिखता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि किसी क्षेत्र की हिस्सेदारी कम नहीं की गयी है।
![]()
नीतीश कैबिनेट में पहले 30 मंत्री थे, जो अब संख्या बढ़कर 36 हो गई है। बुधवार को सात नए मंत्रियों ने शपथ ली, जबकि पुराने में से एक ने इस्तीफा दिया। मंत्रिमंडल में पहले मगध से 06, अंग से 05, मिथिलांचल व कोसी से 04-04, सारण व तिरहुत से 03-03, शाहाबाद-कैमूर से 02, चंपारण व पटना प्रक्षेत्र से 01-01 मंत्री बनाए गए थे। नए विस्तार में सीमांचल को उसकी हिस्सेदारी मिली है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों की ताकत स्पष्ट रूप से बढ़ी।
मिथिलांचल और तिरहुत की हिस्सेदारी सबसे अधिक बढ़ी है। दोनों के दो-दो नए मंत्री शामिल किये गये हैं। जबकि मगध और सारण को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। पटना की हिस्सेदारी पहले जैसी बनी रही है। उसका एक मंत्री बरकरार रहा।मंत्रिमंडल में उत्तर और दक्षिण बिहार की ताकत को भी उसी के अनुरूप बनाए रखा गया है। इसमें उत्तर बिहार के 21 जबकि दक्षिण बिहार के 15 मंत्री शामिल हैं।
Feb 27 2025, 12:25