हर्ल सिंदरी का हुआ लोकार्पण, मोदी की गारंटी हुई पूरी - प्रधानमंत्री 47 हर्ल सिंदरी के निर्माण में कार्यरत कर्मियों से मिले प्रधानमंत्री
सिंदरी । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सिंदरी में हिंदुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड (हर्ल) सिंदरी खाद कारखाने की 12.7 लाख मीट्रिक टन यूरिया उत्पादन क्षमता वाली उर्वरक इकाई का औपचारिक उद्घाटन रिमोट का बटन दबाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड में 26 हजार करोड़ रुपये की रेल, कोयला, बिजली परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया।
हर्ल सिंदरी उर्वरक इकाई के प्रोटोटाइप का निरीक्षण करने और संयंत्र के निर्माण और स्थापना में लगे 47 श्रमिकों से बात करने के बाद एचयूआरएल परिसर के अंदर सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह केवल एक उर्वरक संयंत्र का उद्घाटन नहीं था। बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी छलांग थी। यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है। 2014 से पहले जब भाजपा सरकार सत्ता में आई थी, तब देश में स्वदेशी यूरिया का उत्पादन 360 लाख मीट्रिक टन की वार्षिक आवश्यकता के मुकाबले सिर्फ 225 लाख मीट्रिक टन था। बाकी यूरिया अन्य देशों से आयात किया जाता था। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश की यूरिया उत्पादन क्षमता 310 लाख मीट्रिक टन हो गई है। इसके साथ ही बचाई गई विदेशी मुद्रा किसानों की भलाई पर खर्च की जा रही है। भाजपा सरकार 2025 तक देश को यूरिया उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। रामागुंडम, तालचर, गोरखपुर, बरौनी और सिंदरी में स्थापित होने वाली यूरिया इकाइयाँ सरकार के इस लक्ष्य को सुनिश्चित करने में काफी मदद करेंगी। उन्होंने कहा कि आगामी एक से डेढ़ वर्षों में तालचर खाद कारखाने की शुरुआत होगी। लोकसभा चुनाव की ओर इशारा करते हुए कहा कि जनता भरोसा दिखाएगी तो इसका उद्घाटन करने हम ही जाएँगे। धनबाद और चंद्रपुरा के बीच भूमिगत अग्नि प्रभावित रेल लाइन के स्थान पर वैकल्पिक रेल लाइन की आधारशिला रखने की बात करते हुए मोदी ने कहा कि कई रेल परियोजनाओं के समर्पण के साथ झारखंड रेल क्रांति की दहलीज पर है। देवघर और डिब्रूगढ़ के बीच एक नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए पीएम ने कहा कि यह ज्योतिर्लिंग वैद्यनाथ धाम को कामाख्या में शक्ति पीठ से जोड़ने में मदद करेगी। अन्य रेल परियोजनाओं का उद्देश्य झारखंड से देश के अन्य हिस्सों तक रेल की कनेक्टिविटी को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम कर रही है। देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बन गया है और अक्टूबर से दिसंबर 2023 की अवधि में 8.4 प्रतिशत की दर से आर्थिक विकास हुआ है। जो उत्साहजनक है। लेकिन झारखंड और उसके आदिवासी भाइयों के समुचित विकास के बिना राष्ट्र विकसित भारत नहीं बन सकता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राज्य के विकास के लिए कई विकासात्मक परियोजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लिए झारखंड को भी विकसित बनाना जरूरी है। भगवान बिरसा मुंडा की धरती विकसित भारत के लिए उर्जाशक्ति भरेगी।
प्रधानमंत्री के पहले मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने राज्य को कई परियोजनाएं देने के लिए पीएम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने उम्मीद की है कि केंद्र सरकार हजारों असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को रोजगार सुनिश्चित करने और कृषि विकास के लिए एक रोड मैप तैयार करके राज्य को सहायता देती रहेगी। इसमें कृत्रिम सिंचाई परियोजनाओं को आवंटित करने और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की शुरूआत करने का आग्रह उन्होंने केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने हर्ल के उद्घाटन को झारखंड का ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि सिंदरी खाद कारखाना का पुनः संचालन इस क्षेत्र में बड़ा बदलाव है। आधुनिक तकनीक से किसानों की पैदावार में वृद्धि होगी। इससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ वह सशक्त और स्वावलंबी बनेंगे। राज्य के सम्यक विकास के लिए खनिज संपदा और खेतों पर निर्भर किसानों के बीच संतुलन जरूरी है। उन्होंने कहा कि झारखंड के आदिवासियों मूलवासियों और किसान मजदूरों को उनके पैरों पर खड़ा कर राज्य को मजबूती दिया जा सकता है। इसके प्रति राज्य सरकार निरंतर काम कर रही है। उन्होंने खेतों में सालों भर पानी की पर्याप्तता को लेकर सिंचाई परियोजनाओं पर राज्य सरकार के कार्य की उपलब्धियाँ बताईं।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने पीएम का स्वागत करते हुए कहा कि देश का कृषि बजट 2013-14 में 2933 करोड़ से बढ़कर पिछले 10 वर्षों में 1.15 लाख करोड़ हो गया है। इसका परिणाम है कि देश न केवल खाद्यान्न के क्षेत्र में आत्मनिर्भर है, बल्कि वर्तमान में 5 लाख करोड़ रुपये का खाद्यान्न निर्यात करने में भी सक्षम है। उन्होंने "सूर्योदय से पूर्वोदय" के दृष्टिकोण के लिए पीएम के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उत्तर-पूर्व में चिप निर्माण कारखाना स्थापित करने और देश के पूर्वी हिस्से में अन्य परियोजनाओं जैसे कदम अब तक उपेक्षित क्षेत्रों में विकास सुनिश्चित करेंगे। राष्ट्र का पूर्वोत्तर और पूर्वी भाग विकास की गति पर बढ़ चला है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत किया मुख्यमंत्री व केन्द्रीय मंत्री ने
हर्ल के सभास्थल पर प्रधानमंत्री के आगमन के बाद केन्द्रीय कृषि व जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिकृति और शॉल ओढ़ाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया। वहीं झारखंड मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने शॉल ओढ़ाकर व भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा प्रधानमंत्री को सौंपकर अभिनंदन किया।
47 हर्लकर्मियों से मिले प्रधानमंत्री
पुराने एफसीआई सिंदरी प्लांट के डिस्मेंटलिंग से लेकर निर्माण कार्य में कार्यरत कर्मचारियों, सफाईकर्मियों तथा हार्टिकल्चर से जुड़े सभी 47 कर्मियों से प्रधानमंत्री ने मुलाकात कर बातचीत की। उन्होंने कर्मियों से स्थानीयता सहित प्लांट से संबंधित जानकारी प्राप्त की और बेहतरीन कार्य करने का संदेश देकर आगे बढ़ गए।
प्रधानमंत्री ने उद्घाटन से पूर्व हर्ल प्लांट का किया दौरा
प्रधानमंत्री ने हर्ल हैलीपैड पर निर्धारित समय से 15 मिनट की देरी के साथ 11 बजे उतरे। उन्होंने हैलीपैड से निकलकर सिंदरी के डोमगढ़वासियों का हाँथ हिलाकर अभिवादन किया। हर्ल सीसीआर रुम में स्थापित कंट्रोल पैनल को देखकर जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन, सूबे के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, हर्ल एमडी शिब प्रसाद मोहंती, राज्य के विपक्षी दल के नेता अमर बाउरी, धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह मौजूद रहे। इसके बाद उन्होंने हर्ल के निर्माण कार्य में लगे 47 कर्मचारियों से मुलाकात की। वह उद्घाटन स्थल की ओर बढ़ चले। 36 हजार करोड़ की सौगात झारखंड को देने के बाद उन्होंने संक्षिप्त अभिभाषण दिया और लगभग 12 बजकर 25 मिनट पर धनबाद के बरवड्डा में आयोजित कार्यक्रम के लिए उड़ान भर चले।
मुख्यमंत्री और राज्यपाल का हैलीकॉप्टर उतरा कल्याण केन्द्र में
झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री चंपई सोरेन का हैलीकॉप्टर कल्याण केन्द्र सिंदरी में उतरा। पुलिस व एसपीजी की विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें विशेष वाहन से हर्ल सिंदरी प्लांट ले जाया गया। इस दौरान कल्याण केंद्र में राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री को झारखंड पुलिस ने गार्ड ऑफ आनर दिया।
नहीं दिखाई दिए डॉ मांडविया और बाबूलाल मरांडी
हर्ल सिंदरी प्लांट के उद्घाटन समारोह में प्रस्तावित समारोह में केन्द्रीय रसायन उर्वरक स्वास्थ्य मंत्री डॉ मनसुख मांडविया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी का आना तय था। हालांकि दोनों वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में नहीं दिखाई दिए।
धनबाद सांसद और सिंदरी विधायक को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म
लोगों में कई चर्चाओं के बीच धनबाद सांसद पशुपतिनाथ सिंह का प्रधानमंत्री द्वारा अपने उद्बोधन में नाम नहीं लेने और झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह का हर्ल सिंदरी कार्यक्रम में आगमन धनबाद सांसद की उम्मीदवारी को लेकर चर्चा गर्म है। उधर लोगों का कहना यह भी है कि सिंदरी के भाजपा विधायक इंद्रजीत महतो की धर्मपत्नी तारा देवी का कार्यक्रम स्थल पर खड़े रहना और दूसरे तरफ वीआइपी गैलरी में भाजपा नेता लक्की सिंह का बैठना सिंदरी विधायक प्रत्याशी में बदलाव दिखाई दे रहा है।
Mar 03 2024, 13:45