*पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का ईनामिया वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, कब्जे से 1 अवैध पिस्टल और जिन्दा कारतूस बरामद*
गोण्डा- पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक गोण्डा राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कोतवाली नगर पुलिस एवं स्वाट टीम की संयुक्त कार्यवाही में मु0अ0सं0-1068/23, धारा 147,148,149, 307,323,342 भादवि से सम्बन्धित 25,000/- के इनामिया वांछित अभियुक्त सुधाकर सिंह को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 अवैध पिस्टल .32 बोर के साथ 1 जिन्दा व 2 खोखा कारतूस बरामद किया गया।
जानकारी के मुताबिक रात थाना कोतवाली नगर को सूचना प्राप्त हुई थी कि सोनी गुमटी क्रॉसिंग के पास एक व्यक्ति अपनी कार के बगल में घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। जिसकी पहचान अमरपाल सिंह उर्फ़ नील ठाकुर के रूप में हुई। जिसे मारपीट के बाद कमर में गोली मारी गई थी। पुलिस द्वारा घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इस मामले में 5 नामजद और 4 अज्ञात अभियुक्तों के विरूद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। घटना में संलिप्त अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए कुल 5 टीमों का गठन किया गया। इस मामले में 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। घटना में मजरूब नील ठाकुर को गोली मारने वाला अभियुक्त सुधाकर सिंह फरार चल रहा था। जिसकी गिरफ्तारी को लेकर पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा 25,000/-का पुरस्कार घोषित किया गया था। इसी क्रम में 31 दिसंबर की देर रात में उसके गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक थाना को0 नगर व स्वाट की संयुक्त टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त सुधाकर सिंह की गिरफ्तारी के लिए राधेपुरवा निकट गायत्रीपुरम पर घेराबन्दी की गयी थी। पुलिस पार्टी को देखकर अभियुक्त सुधाकर सिंह द्वारा जान से मारने की नियत से पुलिस पार्टी के ऊपर फायर किया गया। आत्मरक्षार्थ पुलिस पार्टी द्वारा जवाबी फायरिंग में अभियुक्त सुधाकर सिंह के पैर में गोली लगी। जिसे उपचार हेतु जिला अस्पताल गोण्डा में भर्ती कराया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 1 अवैध पिस्टल .32बोरमय 1 जिंदा व 2अदद खोखा कारतूस बरामद किया।
Jan 01 2024, 16:55