सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की महारैली 13 सितंबर को
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई,सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा सामाजिक समरसता, सामाजिक न्याय एवं समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने के उद्देश्य से आगामी 13 सितंबर 2026 को हरदोई के नॉर्मल स्कूल ग्राउंड में विशाल “सामाजिक समरसता महारैली” का आयोजन किया जा रहा है।
महारैली की तैयारियों एवं इसके उद्देश्यों को लेकर मंगलवार, 8 सितंबर 2026 को हरदोई गेस्ट हाउस में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि यह महारैली केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का व्यापक अभियान है।
पीयूष मिश्रा ने कहा कि सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी का स्पष्ट मानना है कि समाज की मजबूती आपसी भाईचारे, समान अवसर और सामाजिक न्याय से होती है। प्रदेश के विकास में किसी भी वर्ग की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए और समाज के पिछड़े, वंचित एवं कमजोर वर्गों को सम्मान, अधिकार और विकास के समान अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने बताया कि आगामी 13 सितंबर को होने वाली महारैली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर जी, राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर जी, राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता श्री अरुण राजभर जी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे।
महारैली में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, सामाजिक न्याय, पिछड़े एवं वंचित वर्गों के अधिकार, सम्मान और विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान पार्टी के संडीला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री सुनील अर्कवंशी, संस्कृत प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष श्री संजय अर्कवंशी, युवा मंच के जिला अध्यक्ष श्री पुनीत अर्कवंशी, श्री अक्षय पाठक, श्री आयुष, श्री संदीप सिंह, श्री शोभित अर्कवंशी, श्री शैलेंद्र द्विवेदी एवं श्री अनुराग ओझा जी सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री पीयूष मिश्रा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा महारैली को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार व्यापक जनसंपर्क, बैठकें एवं सांगठनिक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में हरदोई के नॉर्मल स्कूल ग्राउंड पहुंचकर सामाजिक समरसता और सामाजिक एकता के इस अभियान को मजबूत करें।
उन्होंने कहा कि “सामाजिक समरसता तभी मजबूत होगी, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को भी सम्मान, अधिकार और विकास का समान अवसर मिलेगा।”
Sep 08 2026, 17:50
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k