12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु बैंक अधिकारियों के साथ हुई बैठक*

ब्यूरो रितेश मिश्रा

हरदोई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के दिशा निर्देशन में न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई श्रीमती रीता कौशिक के निर्देशन में दिनाँक 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण कराए जाने हेतु जनपद के बैंक के अधिकारियों के साथ बैठक की गई।सिविल जज सीनियर डिवीजन/प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्मिता गोस्वामी द्वारा बैंक अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में ऋण सम्बन्धी अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण कराये जाने के निर्देश दिए।उक्त बैठक में बैंको के अधिकारी उपस्थित रहे।

शिक्षक दिवस पर बाल मित्र केंद्रों में गूंजा 'चुप्पी तोड़, हल्ला बोल' का नारा

 देहात कोतवाली में प्राचीन युद्ध कला 'कलरिपयट्टू' प्रशिक्षण का भव्य शुभारंभ

ब्यूरो रितेश मिश्रा 

कछौना, हरदोई। जनपद में समाधान अभियान द्वारा इंडिया पेस्टिसाइड्स लिमिटेड के सहयोग से संचालित 'चुप्पी तोड़; हल्ला बोल' परियोजना के अंतर्गत शनिवार को शिक्षक दिवस का त्यौहार बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कोतवाली कछौना और देहात कोतवाली स्थित बाल मित्र केंद्रों पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर देश के पूर्व राष्ट्रपति व महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिक्षा के क्षेत्र में अमूल्य योगदान को याद किया गया। इसके साथ ही दोनों केंद्रों पर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए भारत की प्राचीन व पारंपरिक युद्ध कला 'कलरिपयट्टू' के नि:शुल्क प्रशिक्षण सत्र का भी भव्य शुभारंभ किया गया। कोतवाली कछौना के बाल मित्र केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित मिशन शक्ति टीम इंचार्ज समीक्षा कटियार ने दीप प्रज्वलन और पूजन कर कलरिपयट्टू प्रशिक्षण सत्र की शुरुआत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद कानपुर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक रघुनाथ सिंह यादव ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज में बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यक्रम की शुरुआत में केंद्र के समन्वयक मृदुल अवस्थी ने अतिथियों का बुके भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर देहात कोतवाली स्थित बाल मित्र केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी समर बहादुर सिंह एवं इंस्पेक्टर अजीम खान की गरिमामयी उपस्थिति रही। पुलिस अधिकारियों व अन्य पुलिसकर्मियों ने बच्चों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक रहने, अनुशासन अपनाने और गुरुओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। इस केंद्र पर समाधान अभियान की निर्देशिका सौम्या द्विवेदी और शिक्षक विनय त्रिपाठी ने उपस्थित रहकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का कुशल प्रबंधन केंद्र के समन्वयक सूरज शुक्ला द्वारा किया गया। 'दोनों ही केंद्रों पर शुरू की गई कलरिपयट्टू युद्ध कला के नि:शुल्क प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य बच्चों, विशेषकर बालिकाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, शारीरिक दक्षता एवं आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) की भावना विकसित करना है। कार्यक्रमों का समापन बच्चों को शिक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के संदेश के साथ हुआ। इस अवसर पर भारी संख्या में बच्चे, शिक्षक और समाधान अभियान की टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में हर्षोल्लास से मनाई गई जन्माष्टमी
राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने मोहा मन*

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।* श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी पर्व को बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
  जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया। विद्यालय परिसर में भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी सजाई गई, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राएं राधा-कृष्ण, ग्वाल-बाल एवं अन्य धार्मिक पात्रों की सुंदर वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों का मनमोहक रूप देखकर विद्यालय का वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया।
       कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी, गोपियों के साथ रास तथा कृष्ण जन्म से संबंधित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों द्वारा प्रस्तुत भजनों एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित शिक्षकों का मन मोह लिया। पूरा विद्यालय परिसर ‘नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।
   इस दौरान बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके द्वारा दिए गए संदेशों पर भी प्रकाश डाला। शिक्षकों ने बच्चों को बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्म, प्रेम, करुणा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं धार्मिक मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया गया।
विद्यालय के प्रबंधक मुकेश सिंह* ने कहा कि भारतीय पर्व एवं त्योहार हमारी संस्कृति और संस्कारों की पहचान हैं। बच्चों को इन पर्वों से जोड़ने से उनमें अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान और गौरव की भावना विकसित होती है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्या भूमिका सिंह* ने भी सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय में इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से बच्चों की प्रतिभा को निखरने का अवसर मिलता है और उनमें भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के प्रति जागरूकता बढ़ती है।
                  कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने भगवान श्रीकृष्ण से सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। बच्चों में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। जन्माष्टमी का यह आयोजन विद्यालय परिसर में भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों की सुंदर छटा बिखेरता हुआ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर लक्ष्मी देवी, कोमल यादव, कविता गुप्ता, विनीता त्रिवेदी, सोनम शुक्ला, शैलजा मिश्रा, मंशा वाजपेई, प्रज्ञा द्विवेदी, सोनी शुक्ला,पूजा चौहान,आकांक्षा गुप्ता प्रतीक्षा पांडे, राखी गुप्ता, पूजा चन्देल, कल्पना, रूबी कश्यप , परी गुप्ता, शिवांगी गुप्ता, राम प्रकाश पाण्डेय,अशोक गुप्ता अभिनव सिंह, संजय कुमार, आयुष यादव आदि समस्त विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
दो अलग-अलग हादसे,मलबे में दबी गृहस्थी, घायल बालिका अस्पताल में भर्ती*
ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना हरदोई:* क्षेत्र में वर्तमान में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश अब आम जनजीवन के लिए आफत बनने लगी है। बारिश के कारण क्षेत्र में वुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर बड़े हादसे हो गए। कछौना कोतवाली क्षेत्र में कहीं दीवार गिरने से एक बालिका मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गई, तो कहीं एक गरीब का पूरा आशियाना ढह गया जिससे उसकी सारी गृहस्थी नष्ट हो गई। पीड़ितों ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल आर्थिक व चिकित्सीय मदद की गुहार लगाई है। तहसील सण्डीला के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोहरइया के मजरा उत्तरधैया में वुधवार की सुबह अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त वहाँ मौजूद रामखेलावन की पुत्री जूली मलबे की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर बालिका को बाहर निकाला और गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। घटना की लिखित सूचना उप जिलाधिकारी सण्डीला को देकर उचित कार्रवाई की मांग की गई है। इसी कोतवाली क्षेत्र व विकासखंड कछौना की ग्राम सभा निर्मलपुर में एक और बड़ा हादसा सामने आया। यहाँ के निवासी अजेन्द्र सिंह पुत्र मुन्नू सिंह का पूरा मकान अचानक ढह गया। इस हादसे में घर के भीतर रखा राशन, कपड़े, बर्तन और पूरी गृहस्थी का सामान मलबे के नीचे दबकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि जान-माल का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गया है।ग्रामीणों और पीड़ितों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि दोनों ही मामलों में तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रभावित परिवारों को उचित अहेतुक सहायता और राहत राशि प्रदान की जाए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के  अंतिम तिथि बढ़कर 10 सितंबर हुई
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई उप कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने किसान भाइयों को सूचित किया है कि कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत अपनी फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 निर्धारित की गई थी, जिसे भारत सरकार द्वारा बढ़ाकर 10 सितंबर 2026 कर दिया गया है।
जनपद में अब तक 62,582 किसानों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा कराया जा चुका है। किसान भाई उक्त योजना के अंतर्गत दैवीय आपदा से फसलों को बीमित कर अपने जोखिम को कम कर सकते हैं।
जिन गैर ऋणी किसान भाइयों को फसल का बीमा कराना है, वे अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र पर जाकर अपनी फसल का बीमा करा सकते हैं। दैवीय आपदा से होने वाली क्षति की क्षतिपूर्ति प्राप्त करने के लिए 72 घंटे के अंदर भारत सरकार के टोल-फ्री नंबर 14447 पर अपनी शिकायत दर्ज कराना अनिवार्य है। इसके उपरांत सत्यापन के बाद फसल क्षति के आधार पर क्षतिपूर्ति का लाभ प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि धान की प्रीमियम धनराशि ₹1,646, तिल की ₹1,076, उर्द की ₹768, मक्का की ₹942, ज्वार की ₹808, मूंगफली की ₹1,440 एवं बाजरा की ₹730 प्रति हेक्टेयर है।
कृषि विभाग ने किसान भाइयों से अपील की है कि निर्धारित अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 से पूर्व अपनी फसलों का बीमा अवश्य करा लें, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाली संभावित फसल क्षति के जोखिम को कम किया जा सके।
गजानन सेवा समिति के द्वितीय ऑडिशन में गायन व नृत्य वर्ग के प्रतिभागियों का चयन
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। गजानन सेवा समिति द्वारा आयोजित द्वितीय ऑडिशन का आयोजन 30 अगस्त को किया गया। ऑडिशन में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों ने गायन एवं नृत्य विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के बाद विभिन्न वर्गों में चयनित प्रतिभागियों की सूची जारी की गई।
गायन वर्ग
प्राइमरी वर्ग: अवनी कश्यप, शिवांग अवस्थी, अहाना, भाविका राठौर, शुभी वर्मा, आयुषी शर्मा एवं सुहानी पाल।
जूनियर वर्ग: आर्या मिश्रा, माही श्रीवास्तव, श्रेया श्रीवास्तव, आयत, माधवी गुप्ता, यशी मिश्रा, शुभी शुक्ला एवं अग्रिमा सिंह।
सीनियर वर्ग: शिवानी गौतम, तृषा श्रीवास्तव, ललिता रानी, अंश अवस्थी, हिमांशु कश्यप, रजनीश राठौर, मुस्कान, प्रतिभा, अमन कुमार भारती एवं रेशु मिश्रा।
ग्रुप वर्ग: पल्लवी एवं ग्रुप।
नृत्य वर्ग
प्राइमरी वर्ग: इशिका शुक्ला एवं शुभी वर्मा।
जूनियर वर्ग: शिवम मौर्य, अदिति गुप्ता, भावना मिश्रा, सुदिति तिवारी एवं आलिश राज।
सीनियर वर्ग: अंश अवस्थी, सूरज मिश्रा एवं रूबी मिश्रा।
गजानन सेवा समिति के पदाधिकारियों ने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऑडिशन का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराना है। चयनित प्रतिभागियों के आगामी कार्यक्रमों में प्रतिभाग करने को लेकर भी उत्साह देखा गया।
जनसमस्याओं के समाधान के लिए 05 एवं 19 सितम्बर को आयोजित होगा सम्पूर्ण समाधान दिवस

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार माह सितम्बर 2026 में सम्पूर्ण समाधान दिवस के आयोजन का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि 05 सितम्बर 2026 को तहसील सवायजपुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन अधोहस्ताक्षरी की अध्यक्षता में किया जायेगा। तहसील सण्डीला में मुख्य विकास अधिकारी, बिलग्राम में अपर जिलाधिकारी वि०रा०, शाहाबाद में अपर जिलाधिकारी न्यायिक तथा सदर में नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि 19 सितम्बर 2026 को तहसील सण्डीला में अधोहस्ताक्षरी की अध्यक्षता में तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जायेगा। तहसील सवायजपुर में मुख्य विकास अधिकारी, बिलग्राम में अपर जिलाधिकारी वि०रा०, शाहाबाद में अपर जिलाधिकारी न्यायिक तथा सदर में नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जायेगा।
जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में सुनीं आमजन की समस्याएं*
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनसुनवाई के दौरान कुल 26 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनसुनवाई में विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान कराया तथा शेष शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा निस्तारण के उपरांत शिकायतकर्ता को भी अवगत कराया जाए, ताकि जनसुनवाई का उद्देश्य प्रभावी रूप से पूरा हो सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट मयंक कुंडू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जी म्यूजिक हरदोई के आगामी म्यूजिक एल्बम पर पुरस्कारों की बौछार

युवा के बाद शिव शंकर डेवलपमेंट सोसायटी ने भी की जी म्यूजिक हरदोई को अवार्ड देने की घोषणा

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। जिले की कला, संगीत और देशभक्ति की संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में काम कर रहे जी म्यूजिक हरदोई के आगामी म्यूजिक एल्बम को लेकर उत्साह बढ़ता जा रहा है। स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत जयदेव कपूर के जीवन और देशभक्ति की भावना पर आधारित इस विशेष म्यूजिक प्रोजेक्ट का ट्रेलर यूट्यूब पर लॉन्च कर दिया गया है।
एल्बम के ट्रेलर लॉन्च के साथ ही इसे लेकर सम्मान और पुरस्कारों की घोषणाएं भी सामने आने लगी हैं। उद्योग व्यापार एकता एसोसिएशन “युवा” के बाद अब शिव शंकर डेवलपमेंट सोसायटी  के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ ने भी जी म्यूजिक हरदोई के इस विशेष प्रयास को सम्मानित करने के लिए अवार्ड देने की घोषणा की है।
जी म्यूजिक हरदोई की टीम के संगीतकार संकेत तिवारी का कहना है कि यह एल्बम केवल एक संगीत प्रस्तुति नहीं, बल्कि हरदोई की धरती के वीर स्वतंत्रता सेनानी जयदेव कपूर के साहस, संघर्ष और देशप्रेम को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है। एल्बम के माध्यम से इतिहास के उस गौरवशाली अध्याय को संगीत के जरिए प्रस्तुत करने की कोशिश की गई है, जिसने देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
ट्रेलर को मिल रहा सकारात्मक प्रतिसाद
जयदेव कपूर पर आधारित आगामी म्यूजिक एल्बम के ट्रेलर को दर्शकों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ट्रेलर में देशभक्ति, इतिहास और भावनाओं का प्रभावशाली संयोजन देखने को मिलता है। म्यूजिक वीडियो को डायरेक्ट कर रहे अमन सिंह ने बताया की इस अलबम को अंतर्राष्ट्रीय फ़िल्म फेस्टिवल में शामिल कराने के प्रयास किये जा रहे है।
जी म्यूजिक हरदोई से जुड़े कलाकारों और टीम सदस्यों ने कहा कि जयदेव कपूर जैसे वीर स्वतंत्रता सेनानी की कहानी को संगीत और आधुनिक प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं तक पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है।
सम्मान से बढ़ा टीम का उत्साह
युवा संगठन और शिव शंकर डेवलपमेंट सोसायटी द्वारा सम्मान की घोषणा से जी म्यूजिक हरदोई की टीम में खासा उत्साह है। जी म्यूजिक हरदोई के प्रोड्यूसर गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस तरह के सम्मान कलाकारों को स्थानीय इतिहास, संस्कृति और देशभक्ति से जुड़े विषयों पर बेहतर काम करने के लिए प्रेरित करते हैं और आगामी दिनों में एल्बम के पूर्ण गीत और वीडियो को दर्शकों के सामने लाने की तैयारी की जा रही है। जी म्यूजिक हरदोई की इस प्रस्तुति से जिले के संगीत प्रेमियों और देशभक्ति से जुड़े दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
मुरार नगर की गलियों में ‘जल ’, भराव जिम्मेदारों की आंखों पर पानी!
सड़कें हुईं गायब, गंदे पानी ने संभाली कमान—ब्लॉक संडीला की ग्राम सभा सोम में जनता बेहाल

ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला, हरदोई। ब्लॉक संडीला की ग्राम सभा सोम के मुरार नगर में बारिश के बाद गलियों का हाल देखकर लगता है कि यहां सड़क नहीं, जल पर्यटन शुरू हो गया है। जहां लोगों को रास्ता मिलना चाहिए, वहां गंदा पानी और कीचड़ नजर आ रहा है।
बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इसी ‘जलमार्ग’ से गुजरने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या की जानकारी जिम्मेदारों तक पहुंचने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ। सवाल यह है कि जब जनता की गलियां डूब रही हैं, तो जिम्मेदारों की नजर आखिर कहां तैर रही है?
जलभराव से दुर्गंध और मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारी का खतरा भी मंडरा रहा है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से स्थलीय निरीक्षण, तत्काल जलनिकासी, नालियों की सफाई और गलियों के स्थायी निर्माण की मांग की है।
अब देखना यह है कि जिम्मेदारों की ‘नींद’ पहले खुलती है या मुरार नगर की गलियों में भरा पानी पहले उतरता है!