सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने लंबित वेतन, एरियर एवं विभिन्न देयकों के भुगतान की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर किया प्रदर्श
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई में कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने मंगलवार को अपनी विभिन्न लंबित मांगों एवं समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, हरदोई पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने लंबित वेतन एवं एरियर के शीघ्र भुगतान, मार्च माह की लंबित सैलरी, पूर्व के लंबित भुगतान, मेडिकल संबंधी देयकों, अनटाइड फंड, एनक्यूएएस प्राइस मनी एवं अन्य लंबित भुगतानों का शीघ्र निस्तारण किए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। साथ ही अधिकारियों ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद लंबे समय से वेतन एवं विभिन्न देयकों का भुगतान लंबित रहना कर्मचारियों के लिए गंभीर आर्थिक कठिनाई का कारण बन रहा है।
प्रदर्शन के दौरान यह भी मांग की गई कि सीएचओ संवर्ग की समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तर पर होने वाली बैठकों एवं जीआरसी में सीएचओ के प्रतिनिधि को भी उचित प्रतिनिधित्व दिया जाए, ताकि समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखा जा सके और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।जिला अध्यक्ष शिवम मिश्रा ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से पीछे नहीं हट रहे हैं, लेकिन लंबे समय से लंबित वेतन एवं अन्य देयकों के कारण कर्मचारियों में अत्यधिक आक्रोश एवं आर्थिक परेशानी है। विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा है कि समस्याओं का शीघ्र संज्ञान लेकर सभी लंबित भुगतानों का समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष शिवम मिश्रा, महामंत्री अनिरुद्ध शर्मा, अंकित गुप्ता, युसूफ खान, सौरभ श्रीवास्तव, अभिमन्यु सिंह, सुमित, उमेश सहित जनपद के समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगें कर्मचारियों के वैध देयकों एवं कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर हैं तथा वे सभी समस्याओं का शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं विभागीय स्तर पर समाधान चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ से किया नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ

हरदोई जनपद के 46 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र*

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के नवनियुक्त 3,446 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र वितरित किये। उक्त कार्यक्रम में डा० राजेश कुमार, उप कृषि निदेशक, हरदोई, इन्द्रजीत यादव, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, हरदोई के द्वारा जनपद हरदोई हेतु 46 प्राविधिक सहायक (ग्रुप-सी) का नियुक्ति पत्र, वितरित कराया गया। मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने नवनियुक्त कृषि तकनीकी सहायकों से कहा कि उनकी जिम्मेदारी सिर्फ सरकारी काम तक सीमित नहीं है। उन्हें कृषि की आधुनिक तकनीक किसान के खेत तक पहुंचानी होगी। मा० कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि कृषि तकनीकी सहायकों की नियुक्तियों में आरक्षण और रोस्टर का पालन करते हुये पारदर्शी तरीके से चयन किया गया है। नवनियुक्त प्राविधिक सहायक कार्यक्रम में मा० कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह, मा० राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने भी संबोधित किया। इस मौके पर प्रमुख सचिव कृषि समेत विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के नियुक्ति प्राधिकारी/उप कृषि निदेशक, हरदोई डा० राजेश कुमार ने अवगत कराया कि जनपद हेतु चयनित समस्त अभ्यर्थी 15 दिवस के अन्दर समस्त निर्धारित अर्हता विषयक प्रमाण-पत्रों के साथ अंक तालिकाओं की प्रतियां, जाति प्रमाण-पत्र एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र (यदि लागू हो तो) स्वप्रमाणित कर एवं मूल प्रति भी प्रस्तुत करना होगा उक्त के अतिरिक्त स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र, चल-अचल सम्पत्ति प्रमाण-पत्र, इत्यादि सहित योगदान आख्या प्रस्तुत करनी होगी। जिससे कि चयनित अभ्यर्थियों का ससमय प्रशिक्षण प्रारम्भ कराते हुये आवश्यक कार्यवाही की जा सके। समयावधि समाप्ति के पश्चात नियुक्ति आदेश स्वतः निरस्त समझा जायेगा।
शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएः-जिलाधिकारी

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी अनुनय झा ने कलेक्टेट में जनसुनवाई करते हुए आमजन की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 83 शिकायतंे प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे अतिरिक्त मजिस्टेट मयंक  व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे
पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में चार आरोपियों को किया गिरफ्तार, 21,500 रुपये नकद व वाहन बरामद

धर्म सिंह
हरदोई। माधौगंज थाना  पुलिस ने भैंस चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा मैक्स वाहन और 21,500 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को वादी ब्रज भान सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह  निवासी मुनौरापुर थाना मल्लावां जनपद हरदोई द्वारा थाना माधौगंज में तहरीर देकर बताया था कि आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी भैंस चोरी कर ली। मामले में थाना माधौगंज पर मु0अ0सं0 204/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अंकित पुत्र रामबक्स निवासी मेदनापुर थाना बिलग्राम, भरत उर्फ गौरव पुत्र प्रताप सिंह निवासी गंगा धाम कस्बा थाना बिलग्राम, मोहम्मद कैफ उर्फ गोलू पुत्र इदरीश निवासी मेदनापुर थाना बिलग्राम तथा लईक उर्फ अतीक अली पुत्र सफीक अली निवासी हैबतपुर  थाना बिलग्राम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त महिंद्रा मैक्स वाहन और 21,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों को  गिरफ्तार करने में थाना अध्यक्ष राजकुमार सरोज उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार हेड कांस्टेबल सोनू यादव कांस्टेबल रजनीश, धीरज, विपुल ,आशीष की अहम भूमिका रही।
कांवड़ यात्रा की सफलता के बाद महाकालेश्वर संघ में नई शुरुआत, सहयोगियों के सम्मान के साथ बदली संगठन की तस्वीर

ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला। भव्य कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार को महाकालेश्वर कांवड़िया संघ की बैठक में सम्मान और संगठनात्मक बदलाव का दोहरा रंग देखने को मिला। दोपहर 12:30 बजे हुई बैठक की अध्यक्षता संघ के संस्थापक अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने की। यात्रा की सफलता में योगदान देने वाले सहयोगियों को सम्मानित किया गया, वहीं संगठन को नई दिशा देने के लिए वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया गया।

सम्मान समारोह में सहयोगियों को गमछा पहनाकर सम्मान शील्ड भेंट की गई। सम्मानित होने वालों में विकास पांडेय, चंद्र पाल सिंह, अधिवक्ता/पत्रकार विवेक मिश्रा (विराट), अधिवक्ता जय प्रकाश विश्वकर्मा (जेपी), परमेश्वर प्रजापति, मनोज सिंह (मंटू), अशोक यादव, विजय सिंह (टिंकू), होरीलाल, सुनील राठौर, अजय पाण्डेय, विनय सिंह, अरुण सिंह, सुनील विश्वकर्मा, अर्जुन राय, विनय विश्वकर्मा, संतोष गुप्ता, मोनू गुप्ता, संजय गुप्ता, राजाराम, कुशल शुक्ला सहित अन्य सहयोगी शामिल रहे।

अब नई टीम पर टिकी निगाहें

बैठक में अध्यक्ष दिनेश गुप्ता ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करते हुए शीघ्र नई कार्यकारिणी के गठन का प्रस्ताव रखा। प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। संघ के इस निर्णय के बाद नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर संगठन से जुड़े लोगों में उत्सुकता बढ़ गई है।

नई टीम के गठन के साथ संघ की आगामी धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की तैयारी है। बैठक में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विशेष सहयोगी मौजूद रहे। अंत में सभी का आभार व्यक्त करते हुए बैठक का समापन किया गया।
गजानन सेवा समिति के प्रथम ऑडिशन में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। गजानन सेवा समिति के 15वें गजानन महोत्सव के तहत गायन, नृत्य एवं समूह नृत्य के प्रथम ऑडिशन का आयोजन डिजनी वर्ल्ड स्कूल में किया गया। ऑडिशन का शुभारंभ समिति अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी एवं गरिमा चतुर्वेदी ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर एवं पूजन करके किया।
ऑडिशन तीन वर्गों—प्राइमरी, जूनियर एवं सीनियर—में आयोजित हुआ। डांस प्राइमरी वर्ग में वामिका बाजपेई, आरोही त्रिवेदी, आर्य सिंह सहित 17, जूनियर वर्ग में सृष्टि दीक्षित, माही पांडे, वैष्णवी शुक्ला सहित 19 तथा सीनियर वर्ग में कल्पित, मुस्कान श्रीवास्तव, अन्य बाजपेई सहित 14 बच्चों ने प्रतिभाग किया।
गायन प्राइमरी में अपूर्व मिश्रा, शिवांश शुक्ला, अपूर्व शुक्ला सहित नौ, जूनियर में आर्यन कुमार, जानवी श्रीवास्तव, सृष्टि सिंह सहित 11 तथा सीनियर वर्ग में पारस शुक्ला, अक्षत, रिया श्रीवास्तव सहित सात बच्चों ने ऑडिशन दिया।
नृत्य में निर्णायक की भूमिका गौरव शुक्ला एवं अमन सिंह राठौड़ तथा गायन में रवि तिवारी ने निभाई। संचालन कुलदीप द्विवेदी ने किया। समिति अध्यक्ष मनीष चतुर्वेदी ने बताया कि चयनित बच्चों की जानकारी समाचार पत्रों एवं सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाएगी। इस दौरान अशोक सिंह लालू प्रभाकर पाठक  नवल किशोर आकृति सिंह, दिव्यांशी सिंह, अभिलाष गुप्ता, आलोकिता श्रीवास्तव, एवं पंकज अवस्थी का सहयोग रहा।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद अवध प्रांत की वार्षिक प्रतिनिधि सभा संपन्न

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद अवध प्रांत की वार्षिक प्रतिनिधि सभा एमपी मैरिज लॉन, निकट बाबा मंदिर में आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल राजीव पंत, सेना मेडल रहे। विशिष्ट अतिथि संजीव खरे, विभाग बौद्धिक प्रमुख उन्नाव विभाग, प्रांत अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह तोमर, पूर्व विधायक गंगा सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, भाजपा महिला जिला अध्यक्ष अलका गुप्ता, अंशुमान सिंह एवं अशोक सिंह सहित अन्य अतिथियों ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं भारत माता की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
सूबेदार मेजर बीएल वर्मा ने मंच संचालन करते हुए वंदेमातरम् एवं संगठन गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत कराई। सभा में अवध प्रांत के 12 जिलों लखनऊ, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर एवं श्रावस्ती के साथ शाहजहांपुर के पदाधिकारियों एवं मातृशक्ति ने प्रतिभाग किया। सभी जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने जिलों का वृत्त प्रस्तुत किया।
प्रांत अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल वीरेंद्र सिंह तोमर ने प्रांत कार्यकारिणी की घोषणा की। हरदोई के पूर्व विधायक गंगा सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, अशोक सिंह, अंशुमान सिंह, जिलाध्यक्ष अवशेष कुमार सिंह एवं प्रांत सचिव राहुल सिंह फौजी ने सैनिक जीवन, संगठन के परिचय एवं विस्तार पर विचार रखे। कैप्टन सरोज सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कविता प्रस्तुत कर सभी में जोश भरा।
इस दौरान शहीद की पत्नी एवं उनके परिवार को अंगवस्त्र तथा नरसिंह भगवान की प्रतिमा भेंटकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद हरदोई टीम ने किया। राष्ट्रगान के साथ वार्षिक प्रतिनिधि सभा का समापन हुआ।
30 अगस्त को होगा निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। वरदान चैरिटेबल ट्रस्ट के रजत जयंती वर्ष के तहत आयोजित होने वाले द्वितीय कार्यक्रम को लेकर स्थानीय गांधी भवन में ट्रस्ट के वरिष्ठ ट्रस्टी डॉ. ए.पी. सिंह की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक हुई। डॉ. सिंह ने बताया कि ट्रस्ट ने स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर लिए हैं।
ट्रस्ट के सचिव अतुल कांत द्विवेदी ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के चार कार्यक्रमों की श्रृंखला में पहला कार्यक्रम सेवायोजन कार्यालय के सहयोग से रोजगार मेले के रूप में आयोजित किया गया था। दूसरा कार्यक्रम निःशुल्क चिकित्सा स्वास्थ्य शिविर के रूप में 30 अगस्त को वैभव लॉन में सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। मुख्य अतिथि अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन अमित कुमार घोष आईएएस होंगे।
शिविर में 12 से अधिक विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों का परीक्षण करेंगे। बाल रोग, मानसिक स्वास्थ्य, नाक-कान-गला, नेत्र, सामान्य फिजिशियन, महिला रोग सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सक उपलब्ध रहेंगे। बुखार, ब्लड प्रेशर व शुगर की जांच के साथ आभा आईडी एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। जांच के बाद आवश्यक औषधियों का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
शिविर के लिए पंजीकरण 24 से 28 अगस्त तक गांधी भवन में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक होगा। पंजीकरण के लिए आधार कार्ड लाना अनिवार्य है। बैठक में प्रबंध न्यासी भुवन चतुर्वेदी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान ट्रस्टी अविनाश चंद्र गुप्त, करुणा शंकर द्विवेदी, सुयश बाजपेयी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
जे.के. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने सीखी बोंजाई कला

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। आवास विकास कॉलोनी स्थित जे.के. पब्लिक स्कूल में शनिवार को विद्यार्थियों में प्रकृति, रचनात्मकता एवं धैर्य के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से विशेष बोंजाई वर्कशॉप का आयोजन किया गया। कार्यशाला का संचालन प्रसिद्ध बोंजाई आर्टिस्ट, शिक्षिका एवं अवध बोंजाई एसोसिएशन की सदस्य द्रोना सिंह ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें स्कूल की डायरेक्टर समता अवस्थी, अनुराधा मिश्रा एवं सुजाता द्विवेदी ने सहभागिता की। मुख्य अतिथि हरदोई की मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने जीवन के संघर्ष और मेहनत के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सही समय पर लक्ष्य निर्धारित करना जरूरी है। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है और निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और लक्ष्य पहचानकर पूरी लगन एवं मेहनत से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और परिश्रम को उज्ज्वल भविष्य की नींव बताया।

वर्कशॉप में विद्यार्थियों को बोंजाई कला की थ्योरी एवं प्रैक्टिकल प्रशिक्षण दिया गया। द्रोना सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बोंजाई की मूल अवधारणाओं, विभिन्न तकनीकों, आवश्यक उपकरणों और पौधों की देखभाल की जानकारी दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वयं बोंजाई तैयार करने की प्रक्रिया सीखी।

कार्यक्रम में समाजसेविका कंचन वाजपेयी, एडवोकेट हरप्रीत सिंह एवं नीतू द्विवेदी मौजूद रहे। संचालन शिक्षिका शुभा दीक्षित ने किया। शिक्षक शुभम गुप्ता, सुष्मिता वर्मा और रामम दीक्षित का विशेष योगदान रहा। कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, रचनात्मक एवं प्रेरणादायक अनुभव रही।
विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति मेहनत और सकारात्मक सोच की दी प्रेरणा
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई,राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में विद्यार्थियों के साथ संवाद, मार्गदर्शन एवं प्रेरणा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरविंद कुमार पाठक एवं प्रधानाचार्य श्याम नारायण यादव द्वारा किया गया। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों से सहज और प्रेरणादायी संवाद किया। विद्यार्थियों ने अपनी समस्याएं, जिज्ञासाएं और करियर से जुड़े सवाल अधिकारियों के समक्ष रखे। अधिकारियों ने उनके प्रश्नों का समाधान करते हुए पढ़ाई, अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की संरचना, विभिन्न अधिकारियों की जिम्मेदारियों और नागरिकों की समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं जिलाधिकारी अनुनय झा ने जिला प्रशासन की संरचना एवं कार्यप्रणाली समझाते हुए बताया कि विभिन्न समस्याओं का समाधान प्रशासन के किस स्तर पर किया जाता है। खेल एवं रोचक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को नवाचार और रचनात्मक सोच के लिए भी प्रेरित किया गया।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं के प्रति सजग रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी खबर को बिना सत्यापन के आगे प्रसारित न करें। संदेह होने पर शिक्षकों, प्रधानाचार्य या प्रशासन से जानकारी प्राप्त करें।
कार्यक्रम में डायट प्राचार्य रामेंद्र सिंह, जिला सेवा योजना अधिकारी तनुजा यादव, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य श्याम नारायण यादव ने आभार व्यक्त किया।