नगर पालिका की दीबारो पर  कराई जा रही  बाल पेंटिंग में घपला की आसंका   
                                            

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।नगर पालिका परिषद हरदोई में स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत दीवारों पर कराई जा रही पेंटिंग को लेकर सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। समाजवादी पार्टी के नेता एवं हरदोई नगर पालिका से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने इस पूरी कवायद पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए नगर पालिका प्रशासन को सीधे कटघरे में खड़ा किया है वही दीवार, वही पेंटिंग... बस साल बदलकर डकारा जा रहा बजट सपा नेता रामज्ञान गुप्ता का गंभीर आरोप है कि नगर पालिका द्वारा दीवारों पर एक बार पेंटिंग बनवाने के बाद, हर साल उसी पुरानी पेंटिंग पर केवल वर्ष बदलकर नए सिरे से पूरा खर्च कागजों में दिखा दिया जाता है। इस तरह नई पेंटिंग के नाम पर आने वाले सरकारी बजट का बंदरबांट किया जा रहा है स्वच्छता की 'फर्जी' रैंकिंग और भ्रष्टाचार का खेल सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि यह सिर्फ बजट की हेराफेरी नहीं है, बल्कि इस फर्जीवाड़े के जरिए शासन-प्रशासन की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। जमीन पर कोई वास्तविक काम किए बिना, सिर्फ कागजी दावों और पुरानी कलाकृतियों के दम पर स्वच्छता की फर्जी रैंकिंग हासिल करने का खेल खेला जा रहा है।उच्च स्तरीय जांच की मांग इस मामले के उजागर होने के बाद से हरदोई के नगर पालिका में खलबली है। सपा नेता ने इस पूरे घोटाले की उच्च स्तरीय जांच कराने और सरकारी धन का दुरुपयोग करने वाले दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने हेतु  प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठक*
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मा0 उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा  प्राधिकरण लखनऊ के दिशा निर्देशन में मा0 जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई श्रीमती रीता कौशिक की अनुमति से दिनाँक 12 सितंबर 2026 को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण कराए जाने हेतु जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अपर जिला जज/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत  भूपेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में बैठक की गई। अपर जिला जज द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों व विद्युत विभाग के अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कराये जाने के निर्देश दिए तथा ए.आर.टी.ओ. व ट्रैफिक चालान से संबंधित वादों के निस्तारण हेतु निर्देश दिए तथा वादकारियों के नोटिस समय से तामील कराए जाने हेतु निर्देशित किया।जिससे आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाया जा सके।उक्त बैठक में  प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई स्मिता गोस्वामी, प्रशासन की ओर से एस.डी.एम गुलाब चन्द्र, सी.ओ. लक्ष्मी कान्त, ए.आर.टी.ओ. अरविंद कुमार सिंह, पैरवी सेल इंचार्ज राजदेव मिश्रा, यातायात निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव,विद्युत विभाग से प्रेमराज सिंह,उस्मान अली,पुनीत कुमार दुबे,शशांक मौर्य, जेसन सेन, आशा सिंह सदस्य स्थाई लोक अदालत व विद्युत विभाग के अधिवक्ता कमलेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।
आर्य कन्या इंटर कॉलेज में गूंजा वंदे मातरम, छात्राओं ने लिया हर घर तिरंगा अभियान में हिस्सा
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर महिला कल्याण विभाग द्वारा आर्य कन्या इंटर कॉलेज में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्रधानाचार्य मंजू तिवारी ने कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराकर देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करें। महिला कल्याण विभाग की प्रियंका पाण्डेय ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति प्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन किया और देशभक्ति का संदेश दिया। इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से श्रीमती पूजा पाल, श्रीमती संध्या एवं सुश्री आकांक्षा भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने के साथ ही ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
जनसुनवाई मे जिलाधिकारी ने सुनी 45 शिकायते
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 45 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्व और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे अतिरिक्त मजिस्टेट व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें
हाईवे पर रॉन्ग साइड चलना पड़ा भारी, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर

ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* लखनऊ-पलिया हाईवे पर यातायात नियमों की अनदेखी एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। बृहस्पतिवार की रात रॉन्ग साइड (विपरीत दिशा) से जा रहे बाइक सवारों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से मृतक के मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली कछौना के ग्राम लोन्हारा निवासी मिथिलेश 40 वर्ष पुत्र भैयालाल, अपने साथी विनोद कुमार 38 वर्ष पुत्र गयारी के साथ मोटरसाइकिल से रैंसों पेट्रोल पंप गए थे। बाइक की टंकी में पेट्रोल डलवाने के बाद दोनों हाईवे पर विपरीत दिशा (गलत साइड) से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे कटियामऊ के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिथिलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनोद गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना मिलते ही कछौना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल विनोद को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना भिजवाया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने मृतक मिथिलेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। मृतक मिथिलेश मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालता था। वह अपने पीछे चार मासूम बच्चों और पत्नी को छोड़ गया है। मिथिलेश की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है, जिससे पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर आए दिन यातायात नियमों के उल्लंघन और गलत दिशा में वाहन चलाने के कारण ऐसे दर्दनाक हादसे हो रहे हैं, जिनमें लोग अपनी जान गंवा रहे हैं।
प्रताप नगर चौराहा पर गूंजे देशभक्ति के नारे
ब्यूरो रितेश मिश्रा
बेनीगंज- 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत शुक्रवार को प्रताप नगर चौराहा पर त्रिपाठी फीलिंग स्टेशन के प्रोपराइटर अमित शुक्ला उर्फ गुड्डू के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। तिरंगा यात्रा की शुरुआत त्रिपाठी फिलिंग स्टेशन संडीला रोड से की गई। यह तिरंगा यात्रा बघौली रोड, हरदोई रोड, सीतापुर रोड चारों मार्ग पर निकाली गई। तिरंगा यात्रा के दौरान बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर  देशभक्ति के नारे लगाए। तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अमर बलिदानियों के प्रति कृतज्ञता की भावना को जागृत करना है। यात्रा में शामिल विद्यालय के छात्रों ने तिरंगा यात्रा की शोभा बढ़ाई। छात्रों के साथ नौजवान देशभक्तों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से वातावरण गुंजायमान कर दिया। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों में देश के प्रति सम्मान, गौरव और एकजुटता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। इस दौरान तिरंगा यात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
जहां देशभक्ति के नारों और हाथों में लहराते तिरंगों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नजर आया।तिरंगा यात्रा के दौरान चौकी प्रभारी प्रताप नगर दीपक कुमार मय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर जिला पंचायत  में संगोष्ठी, प्रदर्शनी एवं मौन पदयात्रा आयोजित
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई:- आज विभाजन विभीषिका ‘स्मृति दिवस’ के अवसर पर जिला पंचायत हरदोई मे विभाजन विभीषिका संगोष्ठी एवं प्रदर्शनी का आयोजन कर विभाजन विभीषिका तथा विस्थापन की पीड़ा झेलने वाले देशवासियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सभागार मे आयोजित संगोष्ठी मे विभाजन की दुःखद त्रासदी के संस्मरण साझा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि, विभाजन की विभीषिका देश के इतिहास का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय है। यह दिवस हमें उन लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान का स्मरण कराता है, जिन्होंने विभाजन के दौरान अपना सब कुछ खो दिया। विभाजन की त्रासदी से सीख लेते हुए आज राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। इसी क्रम मे जिला पंचायत परिसर मे स्थापित प्रदर्शनी का अवलोकन कर, भाजपा पदाधिकारियों एवं क्षेत्रवासियों द्वारा वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी मे अपना घर-परिवार एवं मातृभूमि खोने वाले असंख्य देशवासियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संगोष्ठी के उपरांत जिला पंचायत से गाँधी मैदान हरदोई तक मौन पदयात्रा का आयोजन कर, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने तथा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का संदेश दिया गया।
विभाजन विभीषिका ‘स्मृति दिवस’ कार्यक्रम मे प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’, अध्यक्ष जिला पंचायत हरदोई प्रेमावती, सदस्य विधान परिषद अवनीश कुमार सिंह, सदस्य राष्ट्रीय परिषद/क्षेत्रीय महामंत्री भाजपा अवध क्षेत्र पीके वर्मा, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह, अनुराग मिश्रा, अलका गुप्ता, प्रीतेश दीक्षित, अनुराधा मिश्रा, सत्यम शुक्ला, निर्देश राजपूत सहित भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
हिंदू देवी-देवताओं के अपमान के विरोध में  में प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग


ब्यूरो रितेश मिश्रा
सुरसा, हरदोई। हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणियों और आपत्तिजनक कृत्यों के विरोध में गुरुवार को सुरसा में सनातन धर्मावलंबियों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई। भाजपा नेता धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में ब्लॉक सभागार परिसर में जुटे लोगों ने धार्मिक आस्था का सम्मान करने और आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ‘आस्था का सम्मान करो, अपमान नहीं सहेंगे’ और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि किसी भी धर्म के देवी-देवताओं और धार्मिक आस्थाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी या कृत्य सामाजिक सौहार्द के लिए उचित नहीं है। उन्होंने ऐसे मामलों में प्रशासन से त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
इसके बाद धनंजय मिश्रा के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी थाना सुरसा पहुंचे और थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में कथित तौर पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की गई।
भाजपा नेता धनंजय मिश्रा ने कहा कि किसी भी धर्म की आस्था और देवी-देवताओं का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष विश्वास शर्मा ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान श्यामजी मिश्रा, संजय सिंह, ज्ञानू द्विवेदी, मुकेश अवस्थी, ब्रजकिशोर यादव, राजू यादव, नरसिंह यादव, अभिषेक यादव और राम हुजूर द्विवेदी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा।
नगर पालिका की दीबारो पर  कराई जा रही  बाल पेंटिंग में घपला की आसंका   
                                            

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।नगर पालिका परिषद हरदोई में स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 के तहत दीवारों पर कराई जा रही पेंटिंग को लेकर सियासी और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है। समाजवादी पार्टी के नेता एवं हरदोई नगर पालिका से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता ने इस पूरी कवायद पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए नगर पालिका प्रशासन को सीधे कटघरे में खड़ा किया है वही दीवार, वही पेंटिंग... बस साल बदलकर डकारा जा रहा बजट सपा नेता रामज्ञान गुप्ता का गंभीर आरोप है कि नगर पालिका द्वारा दीवारों पर एक बार पेंटिंग बनवाने के बाद, हर साल उसी पुरानी पेंटिंग पर केवल वर्ष बदलकर नए सिरे से पूरा खर्च कागजों में दिखा दिया जाता है। इस तरह नई पेंटिंग के नाम पर आने वाले सरकारी बजट का बंदरबांट किया जा रहा है स्वच्छता की 'फर्जी' रैंकिंग और भ्रष्टाचार का खेल सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने कहा कि यह सिर्फ बजट की हेराफेरी नहीं है, बल्कि इस फर्जीवाड़े के जरिए शासन-प्रशासन की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। जमीन पर कोई वास्तविक काम किए बिना, सिर्फ कागजी दावों और पुरानी कलाकृतियों के दम पर स्वच्छता की फर्जी रैंकिंग हासिल करने का खेल खेला जा रहा है।उच्च स्तरीय जांच की मांग इस मामले के उजागर होने के बाद से हरदोई के नगर पालिका में खलबली है। सपा नेता ने इस पूरे घोटाले की उच्च स्तरीय जांच कराने और सरकारी धन का दुरुपयोग करने वाले दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
हादसे में हुई मौत, फिर भी दर्ज हुआ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा
समझौते की कोशिश में रकम पर नहीं बनी बात, पीड़ित पक्ष ने एसपी से निष्पक्ष जांच की लगाई गुहार


बबलू प्रजापति
पिहानी/हरदोई। मझिला थाना क्षेत्र के डिघिया झाला में 27 जुलाई को ट्रैक्टर की चपेट में आने से हुई मोहित की मौत का मामला अब पुलिस विवेचना के केंद्र में है। मृतक के स्वजन की तहरीर पर 10 अगस्त को गैर इरादतन हत्या समेत एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर घटना को दुर्घटना बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

होदिया के पास हुआ था हादसा

प्रार्थना पत्र में गुरजीत कौर पत्नी गुरुप्रीत सिंह निवासी डिघिया झाला ने बताया कि 27 जुलाई को करीब एक बजे झाला पर होदिया के पास सोनालिका ट्रैक्टर संख्या यूपी 30 एयू 4720 से पानी भरा जा रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद मोहित ट्रैक्टर को देख रहा था। ट्रैक्टर चालू होने पर वह चौंककर होदिया में गिर गया और ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गया।

घायल को लेकर अस्पताल दौड़े गुरुप्रीत

आरोपित पक्ष का कहना है कि मोहित के घायल होते ही गुरुप्रीत सिंह उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल हरदोई लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में उपचार के दौरान मोहित की मृत्यु हो गई। उनका दावा है कि जिला अस्पताल से लेकर लखनऊ तक के उपचार संबंधी दस्तावेज और अस्पताल में भर्ती से जुड़े कागजात उनके पास मौजूद हैं।

'मृतक को बेटे की तरह मानता था'

गुरुप्रीत पक्ष के मुताबिक मोहित और उसके परिवार से उनके पारिवारिक संबंध थे। मोहित को वह अपने बेटे की तरह मानते थे। हादसे के बाद घायल मोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाना और उसके इलाज की व्यवस्था करना भी इसी का प्रमाण है। उनका कहना है कि जिला अस्पताल में भर्ती संबंधी अभिलेखों पर गुरुप्रीत तथा मृतक के ताऊ के हस्ताक्षर हैं। लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती के दौरान भी दोनों के हस्ताक्षर होने की बात कही गई है।

समझौते की कई बैठकों के बाद बिगड़ी बात

आरोपित पक्ष का दावा है कि घटना के बाद क्षेत्र में कई बार सुलह-समझौते की बैठकें हुईं। उनके अनुसार मृतक पक्ष की ओर से 12 लाख रुपये की मांग की गई, जबकि गुरुप्रीत पक्ष चार लाख रुपये देने को तैयार था। रकम को लेकर सहमति नहीं बनने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और 10 अगस्त को मुकदमा दर्ज कराया गया। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस विवेचना का विषय है।

'दुर्घटना के साक्ष्य मौजूद'

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि घटना के समय झाला पर मौजूद लोगों के शपथपत्र, अस्पताल के अभिलेख और इलाज से संबंधित दस्तावेज पुलिस को उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर की सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की गई है। आरोपित पक्ष का कहना है कि इन साक्ष्यों से घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकती है।

देरी से मुकदमा दर्ज होने पर भी उठाए सवाल

प्रार्थना पत्र में घटना 27 जुलाई की और मुकदमा 10 अगस्त को दर्ज होने का हवाला देते हुए एफआईआर में हुई देरी की जांच की मांग की गई है। आरोपित पक्ष का कहना है कि यदि घटना दुर्घटना थी तो बाद में गैर इरादतन हत्या का मुकदमा किन परिस्थितियों में दर्ज हुआ, इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

सीओ शाहाबाद कर रहे मामले की विवेचना

एससी-एसटी एक्ट की धारा लगाए जाने के कारण मामले की विवेचना क्षेत्राधिकारी शाहाबाद द्वारा की जा रही है। आरोपित पक्ष ने सीओ शाहाबाद से भी निष्पक्ष जांच की मांग की है। क्षेत्र के लोगों की निगाह अब विवेचना पर टिकी है। उनका कहना है कि अस्पताल के दस्तावेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल की स्थिति, सीसीटीवी फुटेज और पोस्टमार्टम रिपोर्ट जैसे साक्ष्यों से घटना की वास्तविकता सामने आ सकती है।

इन बिंदुओं पर जांच से साफ होगी तस्वीर

1-हादसे के समय घटनास्थल पर कौन-कौन मौजूद था।
2-ट्रैक्टर कैसे और किस परिस्थिति में चालू हुआ।
3-मोहित के होदिया में गिरने और ट्रैक्टर की चपेट में आने की वास्तविक स्थिति।
4-जिला अस्पताल और लखनऊ ट्रामा सेंटर के उपचार संबंधी अभिलेख।
5-अस्पतालों की सीसीटीवी फुटेज में घायल को लेकर पहुंचने वालों की स्थिति।
6-घटनास्थल के प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और उनके शपथपत्र।
6-एफआईआर दर्ज कराने में हुई देरी के कारण।
7-सुलह-समझौते के लिए हुई बैठकों और रकम संबंधी दावों की वास्तविकता।
निष्पक्ष विवेचना से न्याय की उम्मीद
मामला अब पुलिस विवेचना के अधीन है। ऐसे में सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोहित की मौत महज दुर्घटना थी या घटना के पीछे कोई अन्य तथ्य था। आरोपित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि अस्पताल के अभिलेखों, सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और घटनास्थल के साक्ष्यों की जांच कर वास्तविकता सामने लाई जाए, ताकि किसी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो और मृतक के परिवार को भी न्याय मिल सके।