जनसुनवाई में फरियादों का मेला, पालिका में कार्रवाई का सूखा!
शिकायतें सुनकर निर्देशों की खानापूर्ति, संडीला की समस्याएं पूछ रहीं—हमारा समाधान कब होगा?

ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला (हरदोई)। नगर पालिका परिषद संडीला में सोमवार को जनसुनवाई हुई। अलग-अलग वार्डों से नागरिक और सभासद अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। सड़क, नाली, जलनिकासी और सफाई जैसी समस्याएं सामने रखी गईं। चेयरमैन मो. रईस अंसारी ने शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए।
लेकिन सवाल यह है कि हर जनसुनवाई में शिकायतें वही, निर्देश वही और समस्याएं भी वही क्यों? जनता फरियाद लेकर पालिका पहुंचती है, अधिकारी कार्रवाई का भरोसा देते हैं और फिर कुछ समय बाद वही समस्या दोबारा जनसुनवाई की चौखट पर आ खड़ी होती है।
नगरवासियों के बीच चर्चा है कि यदि निर्देशों के बाद भी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो रहा तो आखिर जवाबदेही किसकी तय होगी? जनता को अब आश्वासन नहीं, सड़क पर काम, नालियों में सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था चाहिए।
चेयरमैन ने अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए हैं। अब असली परीक्षा पालिका के अधिकारियों की है। देखना यह है कि जनसुनवाई की आवाज फाइलों में दब जाती है या संडीला की गलियों में बदलाव बनकर दिखाई देती है।इस अवसर पर इरफान हमीद ताज मियां, जेई सिविल गौरव शुक्ला, सभासद हसन मक्की, पंकज, सिराज, बब्लू कुमार, आफताब, चंद्रकांत त्रिपाठी, संजीव कुमार सहित नगर के विभिन्न मोहल्लों के नागरिक मौजूद रहे।
चार फीट दूरी पर गन्ना बुवाई का शुभारंभ, किसानों को बताए वैज्ञानिक खेती के लाभ
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई हरियावां, 10 अगस्त। पवित्र सावन मास के द्वितीय सोमवार के अवसर पर भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन कर गन्ना बुवाई अभियान का शुभारंभ किया गया। गांव पटकुंवा, गेट-1 जोन में आयोजित कार्यक्रम में यूनिट हरियावां के महाप्रबंधक गन्ना रवींद्र सिंह ने प्रगतिशील कृषकों की उपस्थिति में फीता काटकर गन्ना बुवाई की शुरुआत की।
इस अवसर पर कृषकों को मानसून में गन्ना बुवाई के लाभों के साथ-साथ चार फीट की दूरी पर गन्ना बुवाई करने के फायदे बताए गए। कृषकों को अगस्त, सितंबर एवं अक्टूबर माह में होने वाली सम्पूर्ण गन्ना बुवाई चार फीट की दूरी पर करने के लिए प्रेरित किया गया।
महाप्रबंधक गन्ना ने कृषकों को गन्ने की बेहतर पैदावार के लिए मिट्टी चढ़ाई एवं गन्ना बंधाई के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने वैज्ञानिक विधि से गन्ने की खेती करने और उचित दूरी पर बुवाई करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में मौजूद प्रगतिशील कृषकों ने सम्पूर्ण गन्ना बुवाई चार फीट की दूरी पर करने का आश्वासन दिया। इस दौरान कृषकों में वैज्ञानिक ढंग से गन्ने की खेती को लेकर उत्साह दिखाई दिया।
पुलिस ने व्यापारियों संग की बैठक, सुरक्षा और यातायात पर मंथन
सीओ ने कहा- प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से लगाएं सीसीटीवी, मोबाइल पर रखें सीधा एक्सेस"

ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* स्थानीय कस्बे की कानून व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस प्रशासन व स्थानीय व्यापारियों के बीच एक समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने, बढ़ते साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और कस्बे की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी (सीओ) बघौली प्रभा पटेल ने व्यापारियों से सुरक्षा के प्रति गंभीर रहने की अपील की। उन्होंने कहा, "सभी व्यापारी भाई अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर व भीतर अनिवार्य रूप से उच्च क्षमता के सीसीटीवी कैमरे लगवाएं।" सीओ ने जोर देकर कहा कि इन कैमरों का लाइव एक्सेस व्यापारी अपने मोबाइल फोन पर भी रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में पुलिस को तुरंत डिजिटल साक्ष्य (फुटेज) हासिल हो सके। डिजिटल दौर में बढ़ती ठगी पर चिंता जताते हुए सीओ प्रभा पटेल ने व्यापारियों को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ऑनलाइन जालसाजों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए हथकंडों की जानकारी दी और इससे बचने के तरीके सिखाए। व्यापारियों ने पुलिस के इस जागरूकता अभियान को बेहद समयोचित और उपयोगी बताया। थानाध्यक्षथानाध्यक्ष अमित सिंह ने व्यापारियों से एक विशेष सहयोग मांगा। उन्होंने अपील की कि सभी दुकानदार रात्रि के समय अपने प्रतिष्ठानों के बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) सुनिश्चित करें। इससे रात्रि गश्त पर निकली पुलिस टीम को दूर से ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने व्यापारियों को चौबीस घंटे सुरक्षा का पूर्ण भरोसा दिया। संवाद के दौरान व्यापारियों ने कस्बे की सबसे बड़ी समस्या 'यातायात जाम' का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। व्यापारियों ने कहा कि बेतरतीब ढंग से दौड़ रहे ई-रिक्शों के कारण मुख्य बाजारों में पैदल चलना भी दूभर हो गया है। उन्होंने मांग की कि पुलिस प्रशासन ई-रिक्शों का रूट और स्टॉपेज निर्धारित करे, ताकि जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।इस महत्वपूर्ण बैठक में व्यापार जगत से जुड़े सैकड़ों लोग शामिल हुए। इस मौके पर पूर्व व्यापार मण्डल अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, गौरव गुप्ता, शिवकुमार गुप्ता, शैलेंद्र दीक्षित, संजीव गुप्ता, नीलेश गुप्ता, रानू सोनी, रमेन्द्र सिंह, मोहम्मद इरफान, बाबू, धीरज गुप्ता 'बबलू', प्रवीण गुप्ता उर्फ लालन, गोपाल जी गुप्ता, पंकज गुप्ता, धीरेंद्र गुप्ता उर्फ बबलू, सूर्या गुप्ता उर्फ लिटिल, मनीष सिंह सहित विभिन्न ट्रेडों के भारी संख्या में पदाधिकारी व व्यापारी गण मौजूद रहे।
दहेज के लिए विवाहिता को प्रताड़ित कर फांसी लगाने का आरोप, तीन पर मुकदमा दर्ज
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम बसोहा में दहेज को लेकर विवाहिता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत सास और देवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लखीमपुर खीरी जिले के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ा खालसा निवासी रामविलास पुत्र मेवाराम ने हरियावां थाने में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी 22 वर्षीय पुत्री राधा की शादी 21 अप्रैल 2025 को ग्राम बसोहा निवासी नीरज पुत्र रामस्नेही के साथ हिंदू रीति-रिवाज से दान-दहेज देकर की थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही राधा का पति नीरज, देवर अंबुज और सास रामश्री एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करते थे। पिता का आरोप है कि चार अगस्त को पति, देवर और सास ने दहेज की मांग को लेकर राधा के साथ मारपीट की और उसे फांसी पर लटका दिया। इसके बाद मायके वालों को राधा के बीमार होने की सूचना दी गई। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां राधा को मृत पाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थाना हरियावां पुलिस ने रामविलास की तहरीर के आधार पर नीरज, उसके भाई अंबुज पुत्रगण रामस्नेही तथा रामश्री पत्नी रामस्नेही निवासीगण ग्राम बसोहा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
दलित आबादी की भूमि पर अवैध कब्ज़ा करने का लगाया आरोप

ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण थाना दिवस में कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर नरकतरा के ग्रामीण ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर गांव में पड़ी दलित आबादी की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है।
   पीड़ित हरिओम शुक्ला के अनुसार
उसके गांव में गाटा संख्या दर. 150/0.0350 दलित आबादी के नाम पर आरक्षित है। उक्त भूमि पर गांव निवासी प्रजेश कुमारी पत्नी राघवेंद्र मिश्रा, प्रियांशु मिश्रा,बड़े उर्फ़ उपेंद्र मिश्रा और छोटे उर्फ़ शरद मिश्रा ने अवैध रूप से कब्जा कर उस जमीन पर प्राइवेट बोर करवा लिया है आरोपियों ने गांव की चकरोड पर पहले ही कब्जा कर उस पर चारा बो रखा है। वहीं पीड़ित की पत्नी प्रीती शुक्ला के प्रार्थना पत्र के अनुसार गांव में चक बंदी चल रही है।उसके सहभागी खातेदार उपरोक्त आरोपियों ने उसके हिस्से की भूमि को भी जबरदस्ती जोतकर उस पर धान की फसल बो दी है।उसके द्वारा अपने हिस्से की भूमि खाली करने को कहने पर आरोपियों ने उसे और उसके पति हरिओम शुक्ला को गाली गलौज कर जान से मार डालने की धमकी दी। पीड़ित पति पत्नी के दिए हुए प्रार्थना पत्र जाँच अधिकारी को भेज दिए गए हैँ।
शिक्षिका ने शिक्षा विभाग के ब्लॉक बाबू पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।
टोडरपुर बीआरसी केंद्र पर तैनात एक बाबू पर शिक्षिका ने ही घर में घुसकर छेड़छाड़ और दुष्कर्म और  करने का मामला दर्ज कराया है। आरोपी बाबू को हिरासत में लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
    टोडरपुर के एक प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत इंचार्ज प्रधान सहायक अध्यापिका ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया ब्लॉक टोडरपुर में बीआरसी पर तैनात बाबू अमित मिश्रा से वेतन कम आने को लेकर उसकी बात हुई थी कि उसका वेतन बढ़कर क्यों नहीं आ रहा है। अध्यापिका के अनुसार बाबू ने वेतन सही कराने का आश्वासन दिया। दो-तीन दिन पहले उसने बाबू अमित मिश्रा से फिर बात की तो बाबू ने उससे पूछा कि तुम कहां रहती हो उसने अपना शाहाबाद का पता बता दिया और बाबू अमित मिश्रा पता पूछ कर उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि बाबू ने उसके पति की गैर मौजूदगी में उसे बैड टच किया,  कपड़े फाड़े, किस किया और उसके साथ गलत कार्य किया। आरोपी अमित मिश्रा हरदोई का रहने वाला है। उसके खिलाफ पुलिस ने छेड़छाड़ और घर में घुसकर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया है।
     जानकारी मिली है कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय से मोबाइल पर बात करने का प्रयास किया गया परंतु लगातार घंटी जाती रही लेकिन कोई रिस्पांस नहीं मिल सका।
पूर्व सैनिक ने लगाया जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराने का आरोप, पुलिस जाँच में जुटी
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नरहाई में एक मजार पर रहने वाले मौलाना पर पाली थाना क्षेत्र के ग्राम भगवन्तपुर निवासी एक पूर्व सैनिक ने समस्या समाधान के बदले धर्म परिवर्तन करवाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जाँच शुरू की है।
     पीड़ित राजेश्वर प्रसाद पुत्र उमा शंकर के अनुसार वह अपनी पारिवारिक समस्या लेकर किसी के बताने पर शाहाबाद कोतवाली के ग्राम नरहाई में मजार पर बैठने वाले मौलाना अनवार से मिलने गया वहां मौलाना व एक महिला पत्नी भिम्मा ने उसकी समस्या निराकरण के लिए 5100 रूपये की मांग की और समस्या से पूर्णता छुटकारा पाने के लिए धर्म परिवर्तन का दवाब बनाया।उसके विरोध करने पर आरोपी महिला के पति भीममा और मौलाना के पुत्र कवरुद्दीन, चाँद मियां और सरफराज ने उसके साथ मारपीट की।
      उक्त घटना में अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ सर्किल आलोक राज  नारायण ने बताया धर्म परिवर्तन करवाये जाने की जाँच की जा रही है प्रथम दर्शट्या पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट की घटना हुई है जिस पर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
एसडीएम संडीला पर गंभीर आरोप, भाकियू (भानु) प्रदेश अध्यक्ष ने हरदोई प्रशासन को दी चेतावनी

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेश अध्यक्ष योगेश प्रताप सिंह ने एक वीडियो बयान जारी कर हरदोई जिला प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि संडीला उपजिलाधिकारी (एसडीएम) की कार्यप्रणाली से किसान और संगठन के पदाधिकारी परेशान हैं। साथ ही विपक्षी पक्ष द्वारा कथित रूप से जमीन कब्जा मुक्त कराने और संगठन के जिलाध्यक्ष अंकित सिंह को प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यदि किसानों के साथ न्याय नहीं हुआ और संबंधित प्रकरणों में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने भाकियू (भानु) के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 13 अगस्त को हरदोई पहुंचकर कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से आरोपों की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरक्षी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कस्बे के एक मोहल्ले निवासी युवती का शादी का झांसा देकर कई साल से शारीरिक शोषण करने वाले बहराइच जनपद में तैनात आरोपी आरक्षी के विरुद्ध पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में रिपोर्ट कर मामले की जाँच शुरू की है। युवती का सोशल मीडिया पर ट्विट वायरल होने के बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की।
      पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकार 2019 में सोशल मीडिया ऐप फेसबुक के माध्यम से बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम दलेलनगर मानपुर निवासी सत्यम गुप्ता पुत्र सुशील गुप्ता से हुई थी।उस समय आरोपी ट्रेनिंग कर रहा था आरोपी ने शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ संबंध स्थापित किये। ट्रेनिंग के बाद आरोपी की पहली पोस्टिंग बहराइच जनपद के जखल रोड थाने पर हुई।वहां भी वह कई बार आरोपी के कमरे पर कई कई दिन रुकी थी। आरोपी ने उसकी पढ़ाई के नाम पर हरदोई में रूम दिलवा रखा था। उसके बाद सत्यम की पोस्टिंग कंट्रोल रूम पुलिस लाइन बहराइच में हो गई वह सत्यम के कहने पर चार पांच माह तक बतौर पत्नी उसके साथ उसके कमरे पर रुकी इस दौरान गर्भवती होने पर उसकी इच्छा के विरुद्ध आरोपी ने उसका गर्भपात करवा दिया।आरोपी उसे शारीरिक प्रताड़ना देता था जिसकी शिकायत उसने जुलाई 23 में एसपी बहराइच को लिखित प्रार्थना पत्र देकर की थी जिसके फ्लस्वरूप एसपी ने आरोपी को निलंबित किया था।11 जुलाई को वह टीईटी की परीक्षा देकर वापस आरोपी के पास बहराइच उसके कमरे पर गई तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और रात के दस बजे उसे घर से निकाल कर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया उसने 112 की मदद से रात काटी। 13 जुलाई को उसके प्रार्थना पत्र पर एसपी बहराइच ने दोनों की एक साथ काउंसलिंग कराने के आदेश दिए इसी बीच विभागीय कार्यवाही से बचने के लिए आरोपी ने हरदोई न्यायालय में उसके विरुद्ध तलाक का झूठा मुकदमा दायर कर दिया।
      पीड़िता के अनुसार वह शाहाबाद कोतवाली भी कई बार गई लेकिन पुलिस ने उसकी सुनवाई नहीँ की उसके द्वारा सोशल मीडिया पर आत्महत्या कर लेने और उसकी मौत के जिम्मेदार आरोपी आरक्षी और पुलिस होगी। के ट्विट के वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर आरोपी आरक्षी के विरुद्ध गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
चार बच्चों की माँ गांव के युवक के साथ फरार, रिपोर्ट
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 36 वर्षीय चार बच्चों की माँ गांव के ही एक युवक के साथ घर से जेवर और नगदी लेकर फरार हो गई। पीड़ित पति की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर महिला की तलाश शुरू की है।
      पीड़ित पति के अनुसार उसके चार बच्चे हैँ सबसे बड़ी पुत्री की उम्र 14 वर्ष है उसकी 36 वर्षीय पत्नी 27 जुलाई को घर से सकाहा मंदिर में घंटा चढ़ाने की बात कहकर गई थी तब से वापस नहीँ लौटी है। उसने अपनी पत्नी को काफ़ी तलाश किया तो मालुम चला गांव का युवक रामवीर पुत्र छोटे गुप्ता उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया है। उसकी पत्नी घर में रखा कुछ जेवर और नगदी अपने साथ लेकर गई है।
      पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।