पुलिस ने तमंचे सहित आरोपी को किया गिरफ्तार
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।पचदेवरा पुलिस ने युवक के साथ मारपीट करने और तमंचा लेकर धमकाने के मामले में नामजद आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
    प्राप्त विवरण में 4 अगस्त को वादी बाबा रामसागर गिरि पुत्र
श्रीकृष्ण निवासी ग्राम पिपरिया द्वारा पुलिस को तहरीर दी गयी कि अभियुक्त अतुल उर्फ नन्हे पुत्र सुनील निवासी ग्राम पिपरिया सहित 02 अभियुक्तों द्वारा उसके साथ मारपीट व गाली-गलौज की गयी तथा अतुल द्वारा तंमचा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की थी।
        थाना पचदेवरा पुलिस उपरोक्त अभियोग से संबंधित आरोपी अतुल उर्फ नन्हे को एक तमंचे सहित गिरफ्तार किया गया है।
पड़ोसी युवक पर नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म का आरोप, आरोपी हिरासत में
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले के रहने वाले पिता ने शिकायत की है। आरोप है कि बीती रात उसकी 14 वर्षीय पुत्री घर के अन्य बच्चों के साथ छत पर सो रही थी। किसी समय पड़ोस का सूरज उसकी पुत्री को बहला फुसला कर अपने घर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित पिता के अनुसार सुबह 5:00 जब उसकी आंख खुली तो पुत्री छत पर नहीं थी। उसने अपनी पुत्री को ढूंढा तो उसकी पुत्री पड़ोस के युवक सूरज के घर आपत्तिजनक स्थिति में मिली और पूरी तरह से बदहवास थी। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी युवक ने उसे जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया है। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया तहरीर के आधार पर आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
डीएम की अध्यक्षता में हुई जिला वृक्षारोपण समिति, की बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई!!स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जल स्रोतों के संरक्षण तथा गंगा एवं अन्य नदियों की स्वच्छता से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी ने जनपद में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों से पौधों की सुरक्षा, सिंचाई एवं रखरखाव के संबंध में अब तक किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लगाए गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण सर्वाेच्च प्राथमिकता पर किया जाए तथा नियमित सिंचाई एवं देखरेख सुनिश्चित की जाए, जिससे पौधों की अधिकतम जीवितता बनी रहे।
बैठक में नैना झील के विकास के संबंध में भी समीक्षा की गई, जिसमें संबंधित अधिकारियों ने अवगत कराया कि इसका प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को रुइयागढ़ी में वृक्षारोपण किया जाए। जिला गंगा समिति की बैठक में गंगा ग्रामों में सीवेज प्रबंधन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कछुआ तालाब के सम्बन्ध मे जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिये। बैठक के दौरान हरदोई खंड शारदा नहर के अंतर्गत बिजगवा ड्रेन के पुनर्स्थापन कार्य का प्रस्तुतीकरण (प्रेजेंटेशन) किया गया। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कार्य की पूर्व एवं वर्तमान स्थिति का तुलनात्मक विवरण प्रदर्शित किया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि पुनर्स्थापित क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराया जाए तथा हरित क्षेत्र विकसित करते हुए पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, प्रभागीय निदेशक जेबी शैडें, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे
मुख्य विकास अधिकारी ने लोहिया पार्क, किया निरीक्षण
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल ने उद्यान विभाग से स्वीकृत लगभग 1.4987 करोड़ रुपये की लागत से कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड द्वारा विकास खण्ड सुरसा के ग्राम लाल पालपुर में निर्मित कराए जा रहे लोहिया पार्क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि स्वीकृत 625 मीटर बाउंड्रीवाल के सापेक्ष मात्र 170 मीटर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है तथा शेष स्वीकृत कार्य प्रारम्भ नहीं किए गए हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्था के अभियंताओं एवं जिला उद्यान अधिकारी को निर्धारित समयावधि में सभी कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने हाईटेक नर्सरी थमरावा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीड सोइंग मशीन तथा दोनों चौंबरों के चलित स्प्रिंकलर सिंचाई यंत्र खराब पाए गए। जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि गत वर्ष नर्सरी का संचालन स्वयं सहायता समूहों द्वारा किया जा रहा था, जबकि इस वर्ष ऐसा नहीं हो रहा है। मुख्य विकास अधिकारी ने आवश्यक उपकरणों का खराब पाया जाना अत्यंत गंभीर मानते हुए नर्सरी प्रभारी अजय कुमार वर्मा, माली अमित कुमार तथा गया प्रसाद का माह अगस्त, 2026 का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए। साथ ही जिला उद्यान अधिकारी को 15 दिवस के भीतर हाईटेक नर्सरी का संचालन मानकों के अनुरूप सुनिश्चित कराने तथा अन्यथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करते हुए विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी ने टीएचआर (टेक होम राशन) प्लांट टड़ियावां का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट संचालित मिला, जिसका संचालन ओम शांति प्रेरणा महिला लघु उद्योग इकाई, गद्दीपुरवा, सिकंदरपुर, टड़ियावां द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण में प्लांट पर साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर तैयार किए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता की जांच हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारी को सैंपलिंग कराने के निर्देश दिए, जिसके अनुपालन में सहायक खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराग सिंह द्वारा पोषाहार के नमूने एकत्र किए गए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने जून, 2026 में प्राप्त सामग्री का स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, किन्तु नोडल बीएमएम द्वारा अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अभिलेखों का मिलान होने तक नोडल बीएमएम एवं सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) का वेतन बाधित करने तथा उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश उपायुक्त, स्वतः रोजगार को दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के सहायक अभियंता इं. अजय पाल सिंह, अवर अभियंता आशीष कुमार, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सुभाष चन्द्र, खंड विकास अधिकारी हरियावां सत्यदेव यादव, सहायक उद्यान निरीक्षक अजय कुमार वर्मा, सहायक विकास अधिकारी (आईएसबी) नितिन कुमार एवं बीएमएम/नोडल टीएचआर प्लांट आशीष कुमार मिश्र सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई मे जिलाधिकारी ने सुनी 61 शिकायते
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 61 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्व और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे नगर मजिस्टेट संजय कुमार व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें
रैंगाई-अब्दुल्लानगर का 1.5 किमी मार्ग पूरी तरह जर्जर, हजारों छात्र-छात्राओं का भविष्य चौपट

बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी विकास खंड  के ग्राम रैंगाई से अब्दुल्लानगर को जोड़ने वाला करीब 1.5 किलोमीटर लंबा खड़ंजा मार्ग आज बदहाली की मिसाल बन गया है। वर्ष 2015 में जिला पंचायत द्वारा बना यह मार्ग अब पूरी तरह उखड़ चुका है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और बारिश में उनमें पानी भर जाने से मार्ग दुर्घटनाओं का केंद्र बन गया है।
*रोज लगभग 1हजार छात्र-छात्राएं परेशान*
इस जर्जर मार्ग से प्रतिदिन लगभग  छात्र-छात्राएं स्कूल-कॉलेज आने-जाने को मजबूर हैं। इनमें 300 से अधिक छात्राएं भी शामिल हैं। कीचड़ और गड्ढों के कारण कई बार छात्राओं के गिरकर चोटिल होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। अभिभावकों का कहना है कि बरसात के दिनों में बच्चों को स्कूल भेजना जान जोखिम में डालने जैसा है।
बैंक, PHC और ब्लॉक का मुख्य रास्ता
स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग केवल गांव को ही नहीं जोड़ता, बल्कि ग्राम रैंगाई में स्थित इंडियन बैंक* और *प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का एकमात्र रास्ता है। साथ ही यही सड़क विकास खंड पिहानी को सीधा जोड़ती है। किसानों को मंडी जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने और ग्रामीणों को बैंकिंग कार्य के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है।
शिकायतों के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
ग्रामवासियों का आरोप है कि बीते कई वर्षों से खड़ंजे की मरम्मत के लिए मौखिक और लिखित रूप से अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी हरदोई को पत्र लिखकर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है। शिकायत पत्र के साथ मार्ग की जर्जर स्थिति के फोटो भी संलग्न किए गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो वे आंदोलन को मजबूर होंगे।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा एवं पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की तथा सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग कराई जाए तथा आवश्यक स्थानों पर दिशा-सूचक (साइनेज) बोर्ड लगाए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रा मार्ग पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर जहां कहीं भी सड़क पर गड्ढे या क्षतिग्रस्त हिस्से हों, उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने नगर निकायों को यात्रा मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों एवं अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करें। स्वास्थ्य विभाग को यात्रा मार्गों एवं प्रमुख स्थलों पर एम्बुलेंस तथा प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने, अग्निशमन विभाग को आपात स्थिति से निपटने हेतु आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच करने के निर्देश दिए गए।
बैठक मे पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कानून व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश देते हुये कहा कि सम्बन्धित क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक बिन्दु पर विशेष ध्यान दिया जाये तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्टेट संजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
चकरोड पर अवैध कब्जे से भड़के किसान, थाना दिवस में लगाई गुहार
कंबाइन व ट्रैक्टर-ट्रॉली का रास्ता बंद, लेखपाल ने रुकवाया निर्माण कार्य

बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)। जहानी खेड़ा रोड स्थित सरकारी चकरोड पर कथित अवैध कब्जे को लेकर किसानों ने थाना दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए रास्ता कब्जामुक्त कराने की मांग की। किसानों का आरोप है कि चकरोड पर निर्माण होने से खेतों तक कंबाइन और ट्रैक्टर-ट्रॉली का आवागमन बाधित हो गया है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है।
शिकायत के बाद लेखपाल आशीष बाजपेई ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया और पैमाइश के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उधर, नगर पालिका परिषद के वरिष्ठ लिपिक गोपाल कृष्ण अवस्थी ने बताया कि बिना स्वीकृति निर्माण के मामले में संबंधित लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
शिकायतकर्ताओं में जयशंकर मिश्रा, मनोज मिश्रा, लालमणि मिश्रा, कृष्ण मुरारी पांडेय, कृष्ण गोपाल पांडेय, नाजिम खान, जियाउल हसन, तुफैल अहमद, शमीम अहमद सहित दर्जनों किसान शामिल रहे।
मुख्यमंत्री के सख्त आदेश भी बेअसर! जमीन पर दबंगई के आगे बेबस जिम्मेदार, न्याय की आस में दर-दर भटक रहा पीड़ित भाजपा बूथ अध्यक्ष

ब्यूरो रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई)।प्रदेश सरकार द्वारा अवैध कब्जों पर सख्त कार्रवाई और भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के लगातार दिए जा रहे निर्देश जमीनी स्तर पर कितने प्रभावी हैं, इसका एक और उदाहरण हरदोई जनपद के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम जमुनिया, पोस्ट चठिया से सामने आया है। यहां वर्षों से पैतृक भूमि के विवाद में उलझा एक परिवार न्याय की आस लगाए दर-दर भटकने को मजबूर है। पीड़ित का आरोप है कि राजस्व विभाग द्वारा नाप कर उसके हिस्से की भूमि सुपुर्द किए जाने के बावजूद विपक्षियों ने रातों-रात खेत जोतकर उसमें खरीफ की फसल बो दी और पुलिस भी अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं कर सकी।
पीड़ित रामस्वरूप पुत्र शिवराम, जो भारतीय जनता पार्टी के बूथ संख्या 05 झरोइया से बूथ अध्यक्ष भी हैं, ने कोतवाली बेनीगंज में दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उनके रिश्ते के भाई रामकुमार पुत्र स्वर्गीय गनेश, राजेंद्र व राजू पुत्र स्वर्गीय रामदयाल तथा सर्वेश पुत्र स्वर्गीय रामदीन के साथ पैतृक सामलाती भूमि के बंटवारे को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा है। सभी लोग गाटा संख्या 505, 506 सहित अन्य भूमि के सह-खातेदार हैं।
रामस्वरूप के अनुसार, विपक्षी बिना विधिवत पैमाइश और बंटवारे के ही जमीन पर मनमाने ढंग से कब्जा करने लगे थे। इसको लेकर उन्होंने 16 जुलाई 2026 को पुलिस चौकी प्रताप नगर में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। इसके बाद 29 जुलाई 2026 को क्षेत्रीय लेखपाल एवं राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर भूमि की पैमाइश की और उनके हिस्से की जमीन चिन्हित कर उन्हें सुपुर्द कर दी।
लेकिन पीड़ित का आरोप है कि अगले ही दिन जब वह अपने हिस्से की भूमि की जुताई करने पहुंचे तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। रातों-रात विपक्षियों ने उनके हिस्से की भूमि पर ट्रैक्टर चलवाकर जुताई करा दी और खरीफ की फसल, जिसमें तिल्ली की बुवाई भी शामिल है, कर दी। उनका कहना है कि यह सब राजस्व विभाग की पैमाइश को खुलेआम चुनौती देने और प्रशासनिक व्यवस्था को ठेंगा दिखाने जैसा है।
रामस्वरूप का आरोप है कि विपक्षी दबंगई के बल पर लगातार उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोतवाली में शिकायत देने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे विपक्षियों के हौसले और बुलंद हो गए हैं। उनका दावा है कि अब विपक्षी उन्हें धमकाने के साथ-साथ हमलावर होने का भी प्रयास कर रहे हैं, जिससे उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को विवश है।
यह मामला एक बार फिर कई गंभीर सवाल खड़े करता है। जब राजस्व विभाग स्वयं भूमि की पैमाइश कर किसी पक्ष को उसका हिस्सा सौंप देता है, तब भी यदि दबंग तत्व रातों-रात कब्जा कर फसल बो दें और पीड़ित न्याय के लिए थाने से लेकर अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर हो जाए, तो शासन की मंशा और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर साफ दिखाई देता है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर निष्पक्ष जांच कराता है और पीड़ित को न्याय दिलाने के साथ अवैध कब्जे के आरोपों पर क्या कार्रवाई करता है। फिलहाल, न्याय की उम्मीद में भटक रहे पीड़ित की आंखें प्रशासन की ओर टिकी हैं।
ब्लॉक सभागार मे ओएसआर प्रशिक्षण की एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।
ब्लॉक सभागार में गुरुवार को खंड विकास अधिकारी की अध्यक्षता में ओएसआर (ओन सोर्स रेवेन्यू) विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी दिनेश चंद्र शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
      प्रशिक्षण के दौरान एडीओ पंचायत नितांत रस्तोगी ने कहा कि ओएसआर योजना का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को वित्तीय रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायतों द्वारा अपने संसाधनों से प्राप्त होने वाले राजस्व का सही और प्रभावी ढंग से प्रबंधन कर गांव के विकास कार्यों को नई दिशा दी जा सकती है।
       कार्यशाला को संबोधित करते हुए खंड विकास अधिकारी दिनेश चंद्र शर्मा ने कहा, कि शासन की मंशा के अनुसार प्रत्येक ग्राम पंचायत को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने होंगे ताकि स्थानीय स्तर पर मूलभूत सुविधाओं का सुचारू रूप से विकास किया जा सके। उन्होंने सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि ओएसआर के तहत निर्धारित लक्ष्यों और नियमावली का पूरी निष्ठा से पालन करें और ग्रामीणों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
      इस अवसर पर क्षेत्र के समस्त ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत  सहायक तथा ब्लॉक स्तरीय कर्मचारी मौजूद रहे।