प्रयागराज में छात्रों की आवाज बुलंद करेगी शहर कांग्रेस, शहर की समस्याओं पर भी आंदोलन का ऐलान
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। शहर कांग्रेस कमेटी की मासिक बैठक बुधवार को नघेटा रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में शहर अध्यक्ष अनुपम दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में छात्र हितों के मुद्दों और शहर की बदहाल नागरिक सुविधाओं को लेकर आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत 8 अगस्त को हरदोई से करीब 100 छात्र-छात्राएं प्रयागराज पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के समक्ष शिक्षा और छात्र हितों से जुड़े मुद्दे उठाएंगे।
इसके साथ ही शहर में लगातार हो रहे जलभराव, नालियों की सफाई की खराब व्यवस्था और घंटों तक बाधित रहने वाली बिजली आपूर्ति पर भी चिंता जताई गई। कांग्रेस ने निर्णय लिया कि 11 अगस्त को इन समस्याओं को लेकर नगर पालिका परिषद को ज्ञापन सौंपा जाएगा। चेतावनी दी गई कि यदि बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो बिजली विभाग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता और छात्रों की आवाज बनकर संघर्ष करती रही है और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांवड़ यात्रा को लेकर बैठक, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरियावां (हरदोई)। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना हरियावां में मंगलवार को थाना अध्यक्ष रितेश चौहान की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों तथा चौकीदारों ने भाग लिया। थाना अध्यक्ष ने उपस्थित लोगों को शासन एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए उनका पालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे की निर्धारित ध्वनि सीमा, यातायात व्यवस्था और धार्मिक सौहार्द का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए। बैठक में सभी से आपसी सहयोग के साथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी ने संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा की। उन्होंने अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, घर-घर सर्वेक्षण, स्रोत निस्तारण, साफ-सफाई, जनजागरूकता एवं विभागीय समन्वय की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिए कि अभियान को पूरी गंभीरता एवं प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, जिससे संचारी रोगों की रोकथाम में बेहतर परिणाम प्राप्त हो सकें। इसके उपरांत उन्होंने पीएम राहत योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने योजना की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर ने संबंधित चिकित्सा अधीक्षकों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को संबंधित एमओआईसी के विरुद्ध चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के नोडल अधिकारी से कार्यक्रम के अंतर्गत अब तक कराई गई सर्जरी की जानकारी प्राप्त की तथा पात्र बच्चों को समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पंजीकरण की समीक्षा के दौरान खराब प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को पंजीकरण में तेजी लाने तथा सभी पात्र गर्भवती महिलाओं का समयबद्ध पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने ई-संजीवनी पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही टेली-परामर्श सेवाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की तथा निर्देश दिए कि अधिक से अधिक मरीजों को इस सुविधा का लाभ दिलाया जाए। जिलाधिकारी ने पोषण पुनर्वास केंद्र एनआरसी की कार्यप्रणाली एवं वहां उपचाररत बच्चों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा गंभीर कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण उपचार एवं पोषण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रशिक्षित एएनएम द्वारा कराए जा रहे प्रसवों की समीक्षा करते हुए सभी चिकित्सा अधीक्षकों को निर्देशित किया कि आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में अपने-अपने क्षेत्रों की सेक्टरवार रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन प्रशिक्षित एएनएम द्वारा एक माह में 10 से कम संस्थागत प्रसव कराए गए हों, उन्हें चेतावनी जारी करते हुए उनके कार्य में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित कराया जाए। संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को अगली समीक्षा बैठक तक उल्लेखनीय सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्टेªट सुश्री संस्कृति त्रिवेदी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी भावनाथ पाण्डेय, समस्त चिकित्सा अधीक्षक एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
गैंगस्टर का वांछित पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।अतरौली पुलिस ने थाने पर पंजीकृत गैंगस्टर के नामजद आरोपी फरार वांछित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है।
     प्राप्त विवरण मे 12 जून को प्रभारी निरीक्षक अतरौली द्वारा अभियुक्त जाबिर पुत्र कासिम निवासी ग्राम तेतारपुर थाना शुक्ल बाजार जनपद अमेठी सहित कुल 08 अभियुक्तों के विरुद्ध आर्थिक व भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त रहने पर थाना अतरौली पर आठ लोगों के विरुद्ध गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप एक्ट पंजीकृत कराया गया।
       अतरौली पुलिस द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित नामजद वांछित जाबिर पुत्र कासिम निवासी ग्राम तेतारपुर थाना शुक्ल बाजार जनपद अमेठी को गिरफ्तार किया गया है।
बहनोई व उसके साथियों पर घर मे घुसकर मारपीट का लगाया आरोप, पुलिस जाँच मे जुटी

ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।नगर क्षेत्र के मोहल्ला मौलागंज निवासी अकील बेग ने अपने बहनोई पर साथियों को भेज कर गाली गलौज करवाने, तीन वर्षीय भांजे को जबरन छीनने का आरोप लगाया है। अकील ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में कहा है उसकी बहन फरीन बेगम का विवाह पाली थाना क्षेत्र के आबिद नगर मोहल्ले के रहने वाले टीपू के साथ हुआ है। आरोप है कि टीपू उसकी बहन से शक की वजह से मारपीट करता है। इसी वजह के चलते वह अपनी बहन को पाली से अपने घर ले आया। बताया शाम को 7:00 बजे उसके बहनोई ने  तारिक, मेहाल तथा मोनिस सहित आठ दस लोगों को उसके घर भेजा। आरोप है कि उपरोक्त लोगों ने गाली गलौज करते हुए उसकी बहन की गोद तीन वर्षीय भांजे निजाम को छीनने की कोशिश की, कामयाब न होने पर जान माल की धमकी देकर भाग गये। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया तहरीर प्राप्त हुई है जाँच पड़ताल की जा रही है।
भाजपा नेत्री वंदना तिवारी, अंडा फैक्ट्री से फैले मक्खियों के प्रकोप पर जताई चिंता
ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला, हरदोई।हयातगंज स्थित अंडा फैक्ट्री से फैल रहे मक्खियों के प्रकोप को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि फैक्ट्री से निकलने वाली अत्यधिक मक्खियों के कारण उनका जनजीवन प्रभावित हो रहा है। घरों में भोजन करना, बच्चों का रहना और दैनिक कार्य करना तक मुश्किल हो गया है। परेशान ग्रामीणों ने फैक्ट्री को बंद कराए जाने की मांग उठाई है।
ग्रामीणों की शिकायत पर भाजपा नेत्री वंदना तिवारी हयातगंज पहुंचीं और प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। लोगों ने बताया कि लंबे समय से इस समस्या की शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी समाधान नहीं निकल पाया है।
वंदना तिवारी ने कहा कि जनता की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्रवासियों की मांग और शिकायत को पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि यदि किसी औद्योगिक इकाई के संचालन से आमजन के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, तो संबंधित विभागों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े इस मुद्दे को पूरी गंभीरता से उठाया जाएगा।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर ऐसी प्रभावी कार्रवाई की जाए जिससे उन्हें मक्खियों के प्रकोप से स्थायी राहत मिल सके।
पुरानी रंजिश मे मारपीट कर किया घायल
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव के राकेश कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है। बताया गांव के महेंद्र ने पुरनी रंजिश के चलते उसकी मेड़ काटकर लिप्टिस के पेड़ लगा दिए। विरोध करने पर महेंद्र, पिंटू और महदेई ने उसे डंडों और घूसों से पीट दिया। बेटा अभिषेक बचाने के लिए आया तो पिंटू ने उसे काट लिया जिससे वह घायल हो गया। मंझिला थाना प्रभारी बीर बहादुर सिंह ने बताया रिपोर्ट दर्ज की गई है।
युवती के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों पर रिपोर्ट

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। मंझिला थाना क्षेत्र के ग्राम भोगियापुर मजरा चेना की गुड्डी ने थाना में शिकायत दर्ज कराई है। बताया उसकी सत्रह वर्षीय पुत्री माविया नहर के नाले से पानी लगा रही थी। गांव के ही युनुस और युसुफ उर्फ छोटे ने नाले का पानी बांध दिया। माविया ने पानी बांधने का विरोध किया तो युनुस, युसुफ, अफसाना और जाकिरा ने मिलकर उसकी पुत्री गुड्डी को लात घूसों और थप्पड़ों से पीट दिया और जान माल की धमकी देकर चले गये। थाना प्रभारी वीर बहादुर सिंह ने बताया है आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
भाजपा प्रभारी शंकर लाल लोधी का भव्य स्वागत, स्मृति चिन्ह और फरसा देकर किया सम्मानित

ब्यूरो रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री एवं जनपद हरदोई के प्रभारी शंकर लाल लोधी के जनपद हरदोई आगमन पर कछौना में नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ला उर्फ पंकज, युवा नेता संचित अग्रवाल व मण्डल अध्यक्ष मयंक सिंह के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारीगण, प्रधानगण, सभासदगण, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ता व नगर अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह, फरसा, देखकर सम्मानित किया। संगठन ने माल्यार्पण व पुष्पगुच्छ देकर जोरदार स्वागत किया। कछौना में स्वागत से प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी अभिभूत नजर आए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा भारतीय जनता पार्टी की मजबूती व कार्यकर्ताओं के समर्पण के बल पर आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा संगठन को बूथ स्तर और सशक्त बनाने का अव्हान किया। नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ला ने भाजपा के नेतृत्व में सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता से पात्र व्यक्तियों को मिल रही हैं। जिससे नगर आदर्श नगर के रूप में विकसित हो रहा है। युवा नेता संचित अग्रवाल ने कहा भाजपा की नीति सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास पर जन-जन तक पहुंच रही है।
  इस अवसर पर मण्डल अध्यक्ष मयंक सिंह, मदन राठौर, भाजपा पदाधिकारी जिला मंत्री अजय बाजपेई, अरुण वर्मा, भैया लाल द्विवेदी, सौरभ सिंह, सभासदगण ज्ञानीराम मौर्य, मुकेश सिंह, पूर्व सभासद प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता, विनीत लाला, सोमेश्वर सेवा समिति बबलू गुप्ता, क्रांतिवीर सिंह, विनय शुक्ला, रानू अग्रवाल, अनूप गुप्ता, अंशु गुप्ता, व्यापार मंडल पदाधिकारी अध्यक्ष रवि गुप्ता, तुलसी गुप्ता, महामंत्री अवधेश गुप्ता, बाराती गुप्ता, विश्व हिंदू महासंघ प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज शुक्ला, शिवम मिश्रा, प्रधानगण मोहम्मद नसीम, सिद्ध पाल, सौरभ सिंह, चंदू सिंह, बबलू सिंह, मदन मिश्रा, सलिल दीक्षित सहित भाजपा पदाधिकारी गण, व्यापारीबन्धु, सभासद आदि ने जोरदार स्वागत किया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई  भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गत वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्राप्त प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से गत वित्तीय वर्ष में प्राप्त लक्ष्यों की पूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने खेत तालाब योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्जिनल बांध एवं पेरिफेरल बांध से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि इन बाधों पर वृक्षारोपण कराया जाये तथा कराए गए वृक्षारोपण कार्यों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराये जाये। जिलाधिकारी ने समतलीकरण कार्यों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिन विकास खंडों में अभी तक समतलीकरण अथवा अन्य भूमि एवं जल संरक्षण संबंधी कार्य नहीं कराए गए हैं, वहाँ चालू वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत कराकर समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए जाएँ। उन्होंने विभाग द्वारा कराए गए सभी कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिकाधिक किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्टेªट सुश्री संस्कृति त्रिवेदी, उपनिदेशक कृषि, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम इन्द्रसेन नाथ, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय डॉ0 निधि राठौर तथा सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।