जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई  भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति एवं जिला मिशन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं गत वित्तीय वर्ष में निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष प्राप्त प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों से गत वित्तीय वर्ष में प्राप्त लक्ष्यों की पूर्ति की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने खेत तालाब योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक पात्र किसानों को लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने मार्जिनल बांध एवं पेरिफेरल बांध से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिये कि इन बाधों पर वृक्षारोपण कराया जाये तथा कराए गए वृक्षारोपण कार्यों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराये जाये। जिलाधिकारी ने समतलीकरण कार्यों की भी समीक्षा की तथा निर्देश दिए कि जिन विकास खंडों में अभी तक समतलीकरण अथवा अन्य भूमि एवं जल संरक्षण संबंधी कार्य नहीं कराए गए हैं, वहाँ चालू वित्तीय वर्ष में प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत कराकर समयबद्ध रूप से पूर्ण कराए जाएँ। उन्होंने विभाग द्वारा कराए गए सभी कार्यों का स्थलीय सत्यापन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध एवं शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए, जिससे अधिकाधिक किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, ज्वाइंट मजिस्टेªट सुश्री संस्कृति त्रिवेदी, उपनिदेशक कृषि, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी प्रथम इन्द्रसेन नाथ, जिला भूमि संरक्षण अधिकारी द्वितीय डॉ0 निधि राठौर तथा सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर  थाने में  प्रधानों की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुआ मंथन
ब्यूरो रितेश मिश्रा
बघौली* (हरदोई)। आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना बघौली परिसर में थाना क्षेत्र के सभी राजस्व ग्रामों के ग्राम प्रधानों एवं उनके प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी प्रशांत द्विवेदी  ने की।बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने सभी ग्राम प्रधानों से अपने-अपने क्षेत्रों में कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की संभावित समस्या, अवरोध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इसके साथ ही गांवों की विभिन्न प्रशासनिक एवं बुनियादी समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। थाना प्रभारी ने सभी प्रधानों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने तथा पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें जनप्रतिनिधियों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बैठक में थाना क्षेत्र के प्रधान अजय सिंह मनोज शुक्ला संजू शुक्ला राजेंद्र गौतम कुल 31 ग्राम सभाओं के ग्राम प्रधान अथवा उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आश्वासन दिया।
उधार रुपए न देने पर युवक को किया घायल
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली क्षेत्र के गिगियानी मोहल्ले के रहने वाले युवक को रुपए उधार न देने पर दबंगों ने पीट कर घायल कर दिया। गिगियानी निवासी हर्षित यादव के अनुसार मोहल्ला मौलागंज निवासी देव प्रजापति ने अपने तीन अज्ञात साथियों के साथ उससे पांच हजार रूपये उधार मांगे। बकौल हर्षित जब उसने रुपए देने से मना किया तो उपरोक्त लोगों ने उसे पीट कर घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
महिला और उसके जेठ की पिटाई करने वाले पर रिपोर्ट दर्ज
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली के गढ़ी कलां मोहल्ले में एक दबंग ने रात्रि के वक्त एक महिला की पिटाई की। शोर मचाने पर बचाने दौड़े जेठ पर भी दबंग ने हमला कर दिया जिससे उसका सिर फट गया। घटना की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। मोहल्ला गढ़ी कलां निवासी सरला राजपूत ने बताया रात्रि में 11:00 बजे वह अपने लड़के को ढूंढने के लिए निकली थी, उसी समय मोहल्ले के दशरथ ने उसे गाली गलौज कर पीटना प्रारंभ कर दिया। बकौल महिला उसके चिल्लाने पर जेठ ऊदल बचाने के लिए दौड़े तो दबंग ने उनके सिर पर ईंट मार दी जिससे उनका सिर फट गया और वह लहूलुहान हो गये ।घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
सावन के प्रथम सोमवार को भजन-कीर्तन के साथ निकली प्रभात फेरी
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।सावन के प्रथम सोमवार को प्रातः 6 बजे मोहल्ला चौक स्थित बालाजी मंदिर से भगवान शिव की प्रभात फेरी भजन-कीर्तन एवं भोले के जयघोष के साथ निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरे मार्ग में "हर हर महादेव", "बम भोले" एवं "ॐ नमः शिवाय" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
    श्री राधा नाम संकीर्तन प्रभात फेरी की ओर से आयोजित प्रभात फेरी बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर नर्मदा स्थित प्राचीन श्री टेढ़ेश्वर नाथ मंदिर पहुंची।वहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के शिवलिंग का विधि-विधान से जलाभिषेक,पूजन-अर्चन एवं महाआरती की।भजन-कीर्तन की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु पूरे मार्ग में शिवभक्ति में लीन दिखाई दिए।मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दिखी।आयोजन के दौरान पूरे नगर का वातावरण शिवमय हो गया।आयोजकों ने बताया कि सावन माह के प्रत्येक सोमवार को इसी प्रकार भक्तिभाव के साथ भगवान भोलेनाथ की आराधना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।प्रभात फेरी में नवनीश गुप्ता,आलोक पाठक, धर्मेंद्र सिंह,राजन राठौर,दृष्टि मिश्रा,अजय वर्मा,सोम अरोड़ा,मोनू गुप्ता,संजय ओमर,आलोक गुप्ता,देवेंद्र मिश्रा,वासू वर्मा,दीप कमल,जितेंद्र गुप्ता,राजीव,सचिन राठौर,मनोज,विवेकानंद,गुनगुन सहित दर्जनों श्रद्धालु मौजूद रहे।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे हुई चकबंदी कार्यो की बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानन्द सभागार में  चकबंदी कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में चल रहे चकबंदी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान किसानों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने पाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चकबंदी अभिलेखों का नियमित सत्यापन किया जाए तथा सभी कार्य शासन की मंशा एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप संपादित किए जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में विशेष सावधानी बरती जाए तथा सभी संबंधित पक्षों को सुनवाई का समुचित अवसर प्रदान किया जाए। उन्होंने चकबंदी कार्यों की वर्तमान स्थिति, लंबित 5 साल पुराने वादों को निस्तारण करने निर्देश दिए । जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि नियमित रूप से समीक्षा करते हुए प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए और सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि चकबंदी प्रक्रिया समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूर्ण हो सके। इस अवसर पर एस0ओ0सी, जॉइंट मजिस्ट्रेट नारायणी भाटिया, सी ओ चकबंदी शकील अहमद, सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
05 अगस्त से होगा निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई. जिला पूर्ती अधिकारी ने बताया है, कि माह अगस्त, 2026 के सापेक्ष राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अन्तर्गत अन्त्योदय व पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को आवंटित खाद्यान्न (गेहॅ/चावल) का वितरण 05 अगस्त से 18 अगस्त 2026 तक वितरण ई-पॉस वेइंग मशींन के माध्यम से उचित दर विक्रेताओं द्वारा किया जायेगा। उन्होंने बताया कि जनपद में अन्त्योदय अन्न योजना के लाभार्थी को 14 कि0ग्रा0 गेहूूॅ एवं 21 कि0ग्रा0 चावल का निःशुल्क वितरण तथा पात्र गृहस्थी कार्ड धारकों को प्रति यूनिट 02 कि0ग्रा0 गेहॅू व 03 कि0ग्रा0 चावल का निःशुल्क वितरण किया जाएगा। खाद्यान्न के निःशुल्क वितरण में पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी, विक्रेता अपने उपलब्ध स्टॉक की सीमा तक पोर्टेबिलिटी ट्रान्जेक्शन कर सकेंगे। आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न न प्राप्त होने की स्थिति में कार्डधारक मोबाइल ओ0टी0पी0 वेरीफिकेशन के माध्यम से वितरण की अन्तिम तिथि अर्थात 18 अगस्त 2026 को खाद्यान्न प्राप्त कर सकेगें। समस्त उचित दर विक्रेओं को निर्देशित किया जाता है कि वह नोडल अधिकारियों/पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की देखरेख में कार्डधारकों को निर्धारित मानक के अनुरूप नियमानुसार खाद्यान्न का वितरण करना सुनिश्चित करें, उचित दर दुकान पर निःशुल्क खाद्यान्न वितरण का बैनर लगा हो और प्रत्येक कार्डधारक को वितरण के समय प्राप्त होने वाले खाद्यान्न के मात्रा की पर्ची उपलब्ध करायी जाय। वितरण का समय प्रातः काल 08.00 बजे से 12 बजे तक एवं दोपहर 02.00 बजे से सायं 06.00 बजे तक रहेगा। वितरण के समय राशन कार्ड में दर्ज समस्त यूनिटों की ई-के0वाई0सी0 पूर्ण कराना सुनिश्चित कराया जाए तथा वितरण अवधि में कार्डधारकों को अनुमन्य खाद्यन्न के अतिरिक्त अन्य अधोमानक वस्तुए (तेल, हल्दी, मिर्चा, नमक आदि) क्रय किये जाने हेतु कार्डधारकों को बाध्य न किया जाए। इस का कड़ाई से अनुपालन सम्बन्धित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी/पूर्ति निरीक्षक द्वारा सुनिश्चित किया जाए। इस सम्बन्ध मे यदि शिकायत पायी जाती है तो विक्रेता के साथ-साथ सम्बन्धित पूर्ति निरीक्षक का भी उत्तरदायित्व निर्धारित किया जा सकता है। समस्त उचित दर विक्रेता इस आशय की सूचना अपनी उचित दर दुकान पर चस्पा करेंगे। खाद्यान्न वितरण कराए जाने के साथ-साथ अन्त्योदय एवं अनुमन्य पात्र गृहस्थी के समस्त सदस्यों सहित आयुष्मान कार्ड बनवाने हेतु सम्बन्धित को प्रेरित करेंगे।
कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन, राजघाट से जल भरकर बुद्धेश्वर महादेव पर हुआ जलाभिषेक

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई*,  बघौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा महरी में द्वितीय डाक कांवड़ यात्रा का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस धार्मिक यात्रा में ग्राम महरी एवं आसपास के क्षेत्रों के बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भाग लिया।कांवड़ यात्रा ग्राम सभा महरी से प्रारंभ होकर राजघाट पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल से कांवड़ भरी। इसके बाद सभी कांवड़िए "बोल बम" और "हर हर महादेव" के जयघोष के साथ वापस ग्राम महरी पहुंचे और श्री बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान से भगवान शिव का जलाभिषेक किया।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और शिव के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित कीं।
इस अवसर पर आयोजक रविंद्र गुप्ता एवं उनकी टीम सहित ग्रामवासियों ने कांवड़ियों का स्वागत किया तथा यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पूरे आयोजन का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और भाईचारे को बढ़ावा देना रहा।
ग्राम सभा सोम में IGRS पर शिकायत निस्तारण में लापरवाही का आरोप, ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

रितेश मिश्रा


हरदोई। ग्राम सभा सोम की जनसमस्याओं को लेकर IGRS पोर्टल पर दर्ज शिकायत के निस्तारण को लेकर नया विवाद सामने आया है। मुरार नगर सोम निवासी अधिवक्ता विवेक कुमार मिश्रा (विराट) ने आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत का निस्तारण बिना स्थलीय जांच और बिना उनका पक्ष सुने ही कर दिया गया। उन्होंने इसे जनसुनवाई व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न बताते हुए जिलाधिकारी हरदोई को प्रार्थना-पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, अधिवक्ता विवेक मिश्रा (विराट) ने 14 जुलाई 2026 को IGRS पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015526072410 दर्ज कर ग्राम पंचायत से जुड़ी विभिन्न सार्वजनिक समस्याओं की शिकायत की थी। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों ने शिकायत का समाधान करने से पहले न तो मौके का निरीक्षण किया और न ही शिकायतकर्ता से संपर्क कर उनका पक्ष जाना। इसके बावजूद शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि शिकायत में जिन समस्याओं का उल्लेख किया गया था, वे आज भी मौके पर मौजूद हैं। ऐसे में बिना वास्तविक जांच के शिकायत बंद किया जाना शासन की जनसुनवाई प्रक्रिया की मंशा के विपरीत है।अधिवक्ता विवेक मिश्रा (विराट) ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। साथ ही उन्होंने गलत एवं भ्रामक आख्या प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तथा शिकायत का पुनः निष्पक्ष निस्तारण कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि IGRS पोर्टल आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता निभाकर किया जाएगा तो इससे आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास प्रभावित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
गिरोहबंद का वांछित पुलिस ने किया गिरफ्तार
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।सवायजपुर पुलिस ने 31 मई को लिखे गए गिरोहबंद के मुकदमे का वांछित आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी पर करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैँ।
  प्राप्त विवरण मे 31 मई को थाना प्रभारी सवायजपुर द्वारा बुधपाल पुत्र हरपाल निवासी ग्राम कीलापुर थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर सहित कुल 04 अभियुक्तों के विरुद्ध आर्थिक व भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त रहने पर थाना सवायजपुर पर चार लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर पंजीकृत कराया गया।
        थाना सवायजपुर के प्रभारी प्रिंस कुमार और पुलिस बल द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित नामजद अभियुक्त बुधपाल पुत्र हरपाल निवासी ग्राम कीलापुर थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया गया।