ग्राम सभा सोम में IGRS पर शिकायत निस्तारण में लापरवाही का आरोप, ने डीएम से की कार्रवाई की मांग

रितेश मिश्रा


हरदोई। ग्राम सभा सोम की जनसमस्याओं को लेकर IGRS पोर्टल पर दर्ज शिकायत के निस्तारण को लेकर नया विवाद सामने आया है। मुरार नगर सोम निवासी अधिवक्ता विवेक कुमार मिश्रा (विराट) ने आरोप लगाया है कि उनकी शिकायत का निस्तारण बिना स्थलीय जांच और बिना उनका पक्ष सुने ही कर दिया गया। उन्होंने इसे जनसुनवाई व्यवस्था की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्न बताते हुए जिलाधिकारी हरदोई को प्रार्थना-पत्र सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

प्रार्थना-पत्र के अनुसार, अधिवक्ता विवेक मिश्रा (विराट) ने 14 जुलाई 2026 को IGRS पोर्टल पर शिकायत संख्या 40015526072410 दर्ज कर ग्राम पंचायत से जुड़ी विभिन्न सार्वजनिक समस्याओं की शिकायत की थी। उनका कहना है कि संबंधित अधिकारियों ने शिकायत का समाधान करने से पहले न तो मौके का निरीक्षण किया और न ही शिकायतकर्ता से संपर्क कर उनका पक्ष जाना। इसके बावजूद शिकायत का निस्तारण कर दिया गया।

उन्होंने दावा किया कि शिकायत में जिन समस्याओं का उल्लेख किया गया था, वे आज भी मौके पर मौजूद हैं। ऐसे में बिना वास्तविक जांच के शिकायत बंद किया जाना शासन की जनसुनवाई प्रक्रिया की मंशा के विपरीत है।अधिवक्ता विवेक मिश्रा (विराट) ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाए, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। साथ ही उन्होंने गलत एवं भ्रामक आख्या प्रस्तुत करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तथा शिकायत का पुनः निष्पक्ष निस्तारण कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि IGRS पोर्टल आम नागरिकों को त्वरित एवं निष्पक्ष न्याय दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता निभाकर किया जाएगा तो इससे आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास प्रभावित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
गिरोहबंद का वांछित पुलिस ने किया गिरफ्तार
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।सवायजपुर पुलिस ने 31 मई को लिखे गए गिरोहबंद के मुकदमे का वांछित आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी पर करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैँ।
  प्राप्त विवरण मे 31 मई को थाना प्रभारी सवायजपुर द्वारा बुधपाल पुत्र हरपाल निवासी ग्राम कीलापुर थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर सहित कुल 04 अभियुक्तों के विरुद्ध आर्थिक व भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से समाज विरोधी क्रियाकलापों में लिप्त रहने पर थाना सवायजपुर पर चार लोगों के विरुद्ध गैंगस्टर पंजीकृत कराया गया।
        थाना सवायजपुर के प्रभारी प्रिंस कुमार और पुलिस बल द्वारा उपरोक्त अभियोग से संबंधित नामजद अभियुक्त बुधपाल पुत्र हरपाल निवासी ग्राम कीलापुर थाना मिर्जापुर जनपद शाहजहांपुर को गिरफ्तार किया गया।
अगस्त को मुरार नगर सोम से निकलेगी चतुर्थ डाक कांवड़ यात्रा,

रितेश मिश्रा


संडीला/हरदोई। सावन माह के पावन अवसर पर भगवान भोलेनाथ की भक्ति और आस्था का भव्य संगम एक बार फिर देखने को मिलेगा। महाकालेश्वर मंदिर, मुरार नगर सोम से चतुर्थ डाक कांवड़ यात्रा का शुभारंभ 2 अगस्त 2026 (रविवार) को सायं 6 बजे होगा। यात्रा में शामिल शिवभक्त पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ महेंदी घाट के लिए रवाना होंगे, जहां से पवित्र गंगाजल लेकर पुनः महाकालेश्वर धाम पहुंचेंगे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के "हर-हर महादेव", "बोल बम" और "जय भोलेनाथ" के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठेगा। डाक कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति द्वारा यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

यात्रा के अगले दिन 3 अगस्त 2026 को महाकालेश्वर मंदिर में पवित्र गंगाजल से भगवान भोलेनाथ का भव्य जलाभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं आरती का आयोजन भी होगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।

आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों एवं शिवभक्तों से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर धर्म, आस्था और सनातन संस्कृति के इस पावन आयोजन को सफल बनाने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह यात्रा केवल धार्मिक परंपरा ही नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और आध्यात्मिक चेतना का भी संदेश देती है।
समाधान दिवस मे आई शिकायतों का न्याय पूर्ण किया जाए

रितेश मिश्रा


हरदोई। शाहाबाद तहसील सभागार में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता एसडीएम अवनीश कुमार ने की। इस मौके पर पुलिस और राजस्व से संबंधित 60 शिकायत आईं जिनमें से नौ शिकायतों का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को निस्तारित करने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।

इस मौके पर एसडीएम अवनीश कुमार ने कहा संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों के निस्तारण के लिए अधिकारी और कर्मचारी गंभीरता से कार्य करें। निर्धारित समय के अंदर मौके पर जाकर शिकायत का सत्यापन करें और उसके बाद ही निस्तारण करें। एसडीएम ने कहा  संपूर्ण समाधान दिवस में आने वाली किसी भी शिकायत में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम अवनीश कुमार ने कहा है लापरवाही बरतने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को हर हाल में दंडित किया जाएगा।
इश्क, इंतकाम और इंसानी हैवानियत: कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने दो दोस्तों का कत्ल, 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

रितेश मिश्रा
हरदोई। संडीला क्षेत्र में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि एक युवती से मोबाइल पर बातचीत को लेकर पनपी रंजिश ने ऐसी खूनी साजिश का रूप ले लिया, जिसमें दो युवकों की निर्मम हत्या कर दी गई।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप पुत्र परशुराम और प्रमोद पुत्र इन्द्रपाल निवासी ग्राम तकिया, थाना संडीला के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि मृतक अरुण का एक बाल अपचारी की बहन से मोबाइल पर संपर्क और बातचीत होती थी। इसी बात से नाराज होकर बाल अपचारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की पूरी योजना बनाई।

वारदात से दो दिन पहले खेत में लगे लंबे बांस को काटकर दो डंडे तैयार किए गए और उन्हें घटनास्थल के पास छिपा दिया गया। 29 जुलाई को प्रमोद ने अरुण और उसके साथी अभिषेक को कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने बुलाया। सभी लोग तकिया चौराहे से कोल्ड ड्रिंक, प्लास्टिक के गिलास और नमकीन खरीदकर सुनसान स्थान पर पहुंचे।

कुछ देर बाद आरोपी बहाना बनाकर नीचे उतरे और पहले से छिपाए गए बांस के डंडे तथा अवैध 315 बोर का तमंचा लेकर लौट आए। मौका मिलते ही अरुण पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। अभिषेक जान बचाकर भागने लगा, लेकिन पहले से मौजूद कुलदीप और अन्य साथियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद दोनों युवकों पर बांस के डंडों और ईंटों से बेरहमी से हमला किया गया।

पुलिस के मुताबिक हमले के बाद भी अरुण में सांस चलती देख एक बाल अपचारी ने 315 बोर के तमंचे से उसके चेहरे पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त अवैध 315 बोर का तमंचा और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों बाल अपचारियों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। मामले की विस्तृत विवेचना अभी जारी है।
लापता युवती के मामले मे भाई ने लिखाई अज्ञात पर रिपोर्ट
रितेश मिश्रा

शाहाबाद हरदोई।कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से युवती के लापता होने के मामले मे पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की है।पीड़ित भाई के अनुसार उसकी 17 वर्षीय बहन को 31 जुलाई की सुबह लगभग 10 बजे कोई अज्ञात युवक वहला फुसला कर कहीं भगा ले गया है। उसकी बहन अक्सर मोबाइल पर अनजान युवक से बात किया करती थी। उसने अपनी बहन को काफ़ी तलाश किया लेकिन उसका कोई पता नहीँ चल सका।

     पुलिस ने पीड़ित की लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की है।
श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल की महाकाल बस यात्रा अपने तय समय से हुई रवाना
रितेश मिश्रा


हरदोई,  श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल द्वारा आयोजित महाकाल बस यात्रा अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार हरदोई से श्रद्धालुओं के साथ विधिवत रवाना हुई। यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का वातावरण देखने को मिला। सभी यात्रियों ने भगवान श्री महाकाल एवं भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष के साथ मंगलमय यात्रा की कामना की।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु ओरछा, दतिया एवं उज्जैन, बागेश्वर धाम, सिहोर सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। यात्रा का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था एवं सामाजिक एकता को सुदृढ़ करना है।
इस अवसर पर युवा महासचिव अमन सिंह ने कहा कि महाकाल बस यात्रा श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक चेतना का माध्यम है। उन्होंने सभी यात्रियों से अनुशासन एवं आपसी सहयोग बनाए रखते हुए यात्रा को सफल बनाने का आह्वान किया।

वहीं जिला महासचिव गौरव अग्रवाल ने बताया कि यात्रा की सभी व्यवस्थाएँ पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली गई थीं, जिसके कारण हरदोई जनपद के धर्म प्रेमियों की बस अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुखद, सुरक्षित एवं सफल दर्शन की मंगलकामना की।

श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति दल ने यात्रा में शामिल प्रखर दीक्षित, अमित श्रीवास्तव, अंश गुप्ता, परणिनिता शुक्ला, वीरेंद्र गुप्ता, राज अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, अक्षत अग्रवाल, वेद प्रकाश पांडे आदि एव इस यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
समरसता अभियान के तहत वाराणसी से आई पावन माटी कलश का भाजपाइयों ने किया भव्य स्वागत
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई।संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पावन जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, जिला इकाई द्वारा चलाए जा रहे 'समरसता अभियान' के अंतर्गत आज हरदोई-लखनऊ सीमा पर गुरु रविदास जी की ऐतिहासिक जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाई जा रही पावन माटी युक्त कलश को भाजपा पदाधिकारियों द्वारा पूर्ण भक्ति-भाव और मंत्रोच्चार के साथ ग्रहण किया गया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजीत सिंह 'बब्बन' के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने समरसता अभियान सह संयोजक आजाद भदौरिया द्वारा जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से लाए पावन कलश को ग्रहण किया, जिसके बाद पूजन-अर्चन की गई। जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ने बताया माटी कलश को हरदोई जनपद के सभी मंडलों में ले जाकर भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी तथा विशेष पूजा-अर्चना के माध्यम से जन-जन तक शांति, एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
कहा कि "गुरु रविदास जी का मूल दर्शन मानव समानता और भक्ति की पवित्रता पर आधारित था। उनका मानना था कि व्यक्ति अपने जन्म या जाति से नहीं, बल्कि अपने कर्मों से महान बनता है। गुरु रविदास के दोहे -
'मन चंगा तो कठौती में गंगा' के माध्यम से हमें सिखाया कि सच्ची भक्ति आडंबरों में नहीं, बल्कि मन की पवित्रता और नियत की सच्चाई में बसती है। उनके विचार आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती ने कहा कि गुरु रविदास जी ने सदैव 'ऐसा चाहूं राज में, जहां मिले सबन को अन्न' का संदेश देकर समाज में बिना किसी भेदभाव के समानता की बात कही है। भारतीय जनता पार्टी इसी मूलमंत्र को आधार बनाकर 'सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास' के ध्येय के साथ लोककल्याण नीतियां बनाकर जन जन की सेवा का कार्य कर रही है।
पावन कलश को शीश पर रख जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, संडीला विधायक अलका अर्कवंशी ने यात्रा निकाल कर संडीला से हरदोई नगर के जिला पंचायत भवन लाया गया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष अलका गुप्ता शिवराज सिंह बाबा आकाश सिंह अजय शुक्ला महेंद्र सोनी, महामंत्री कार्यक्रम संयोजक ओम वर्मा, अनुराग मिश्रा, सत्येंद्र राजपूत, मंत्री नीतू चंद्रा सत्यम शुक्ला  कोषाध्यक्ष डॉ अनुज गुप्ता मीडिया प्रभारी अतुल सिंह, सह कोषाध्यक्ष कपिल गुप्ता,  जिला प्रचार मंत्री संदीप अवस्थी, सह कार्यालय मंत्री अर्जुन सिंह आशुतोष बाजपेयी आईटी संयोजक प्रद्युम्न मिश्रा सोशल मीडिया संयोजक अनुराग श्रीवास्तव, सह संयोजक ऋतुराज त्रिपाठी, ऋषभ खन्ना , अर्पित गुप्ता, सिद्ध प्रताप मौर्य, आदेश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख अमित गुप्ता
केला टिश्यूकल्चर के 5 हजार पौधे उपलब्ध,किसान जल्द कराएं पंजीकरण
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। जिला उद्यान अधिकारी सुभाष चन्द्र ने बताया कि राजकीय ऊतक संवर्धन प्रयोगशाला, अलीगंज, लखनऊ में उच्च गुणवत्ता वाले केला टिश्यूकल्चर (जी-9 ग्रैण्डनैन) के 5,000 पौधे उपलब्ध हैं। केले की खेती करने के इच्छुक किसान जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, हरदोई से संपर्क कर पौधे प्राप्त कर सकते हैं किसान एकीकृत बागवानी विकास मिशन तहत वर्ष 2026-27 में नवीन उद्यान रोपण केला कार्यक्रम का लाभ ले सकते हैं। इसके लिए किसानों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ पंजीकरण कराना होगा।पंजीकरण के लिए खसरा-खतौनी, बैंक पासबुक और आधार कार्ड की आवश्यकता होगी। संबंधित अभिलेख अजय कुमार वर्मा, सहायक उद्यान निरीक्षक के पास जमा किए जा सकते हैं। विभाग ने इच्छुक किसानों से जल्द संपर्क कर पंजीकरण कराने की अपील की है।
मेला देखने गई युवती प्रेमी साथ फरार, रिपोर्ट दर्ज
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कस्बे के संकटादेवी मंदिर मेला सहेली के साथ मेला देखने गई युवती को वहां आया उसका प्रेमी बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गए।युवती की माँ की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की है।
     कस्बे के एक मोहल्ले निवासी पीड़ित माँ के अनुसार 29 जुलाई को उसकी 18 वर्षीय पुत्री मोहल्ले की एक लड़की के साथ मेला देखने गई थी वहाँ से वापस लौट कर नहीँ आई।साथ मेला गई पुत्री की सहेली का रिश्तेदार कासिमपुर थाना के ग्राम गौसगंज निवासी रोहन पुत्र टीटू उसकी पुत्री को मेले से ही बहला फुसला कर आपने साथ भगा ले गया।
  पीड़िता की लिखित तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।