डिजिटल इंडिया की भावना को साकार कर रहीं अंतर्ध्वनि की राष्ट्रीय ऑनलाइन प्रतियोगिताएं
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई -केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान की भावना को साकार करते हुए अंतर्ध्वनि जन कल्याण समिति द्वारा एक जून से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ऑनलाइन प्रतियोगिताओं के नौवें सीज़न के अंतर्गत फैंसी फैंटेसी प्रतियोगिता के अंतिम परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि डिजिटल माध्यम से उनकी रचनात्मक क्षमता, प्रस्तुति कौशल और तकनीकी दक्षता का विकास करना भी है। प्रतियोगिता के परिणाम सभी चरणों में प्रतिभागियों के समग्र प्रदर्शन के आधार पर तैयार किए गए।
आयोजक कुलदीप द्विवेदी ने बताया कि आज के डिजिटल युग में प्रतिभाओं को भौगोलिक सीमाओं से मुक्त कर राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ अंतर्ध्वनि की ऑनलाइन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागी घर बैठे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल डिजिटल इंडिया की उस अवधारणा को भी मज़बूती देती है, जिसके माध्यम से तकनीक को शिक्षा, रचनात्मकता और कौशल विकास से जोड़ा जा रहा है।
प्रतियोगिता के अंतिम चरण का विषय "यादों की पगडंडी – प्यार और साथ का सफर" था। प्रतिभागियों ने अपने माता-पिता के साथ बिताए गए यादगार पलों, स्नेह और पारिवारिक मूल्यों को रचनात्मक एवं भावनात्मक शैली में प्रस्तुत किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की कल्पनाशक्ति, मौलिकता, प्रस्तुति, कहानी कहने की शैली और समग्र प्रभाव का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता में अमोघ रस्तोगी (हरदोई) ने प्रथम, भाविका सिंह राठौर (हरदोई) ने द्वितीय तथा ऐश्वर्य राज पांडेय (हरदोई) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं सौरवी अग्रवाल और गौरवी अग्रवाल को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन मुंबई की डिज़ाइनर कंचन गुप्ता एवं भावना चौबाल ने किया, जबकि संयोजन इला द्विवेदी एवं खुशबू टंडन ने संभाला।
आयोजन समिति ने सभी प्रतिभागियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऑनलाइन प्रतियोगिताएँ न केवल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का माध्यम बन रही हैं, बल्कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग, आत्मविश्वास और नवाचार की भावना को भी बढ़ावा दे रही हैं। समिति ने विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से देशभर की प्रतिभाओं को अवसर प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर अविनाश मिश्रा, अनुराधा मिश्रा, दीपक कपूर, अखिलेश गुप्ता, रवि किशोर गुप्ता, रज्जन सिंह, नवल किशोर, दुर्गेश अवस्थी, अश्वनी गुप्ता, कालिन्द्री वैश्य, पारुल तिवारी, डॉ. आशी गुप्ता, दीपिका मित्तल, नीलम राज, गौरी गौर, शिवांगी सिंह, अभिषेक द्विवेदी, शिवानी मिश्रा, सौम्या गुप्ता, स्मृति पांडेय, शरद कश्यप एवं गुलशन कुमार उपस्थित रहे।
Jul 26 2026, 19:43
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.1k