मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता मे हुई सीएम डैशबोर्ड विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई. आज स्वामी विवेकानन्द सभागार मे मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराया जाए तथा सीएम डैशबोर्ड पर सभी सूचनाएं समय से अपडेट की जाएं। समीक्षा के दौरान सीएनडीएस एवं सिंचाई विभाग की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा जनपद की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ रात्रि में शराब की दुकानों का किया औचक निरीक्षण
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई हरियावां थाना प्रभारी रितेश चौहान ने पुलिस बल के साथ शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शराब ठेके के आसपास बनी दुकानों की भी सघन जांच की गई, जिससे मौके पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
इसके बाद थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहन चेकिंग की। उन्होंने स्थानीय दुकानदारों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर समय तत्पर है। निरीक्षण के दौरान आसपास के दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अराजकता या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को दें। थाना प्रभारी ने चेतावनी दी कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।  थाना प्रभारी की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है, वहीं असामाजिक तत्वों में हड़कंप का माहौल देखा गया।
हरदोई में आधी रात हाई-वोल्टेज ड्रामा: पुतला दहन की अफवाह पर सपा नेता रामज्ञान गुप्ता हाउस अरेस्ट,आवास बना छावनी
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई  में देर रात उस समय सियासी और प्रशासनिक हड़कंप मच गया, जब भारी पुलिस बल ने सपा नेता रामज्ञान गुप्ता के आवास को चारों तरफ से घेर लिया। सरकार का पुतला फूंकने की एक कथित सूचना पर एक्शन में आई पुलिस ने सपा नेता को उनके ही घर में हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया है।अचानक देर रात छावनी बना सपा नेता का घर मिली जानकारी के अनुसार, देर रात अचानक भारी संख्या में पुलिस बल सपा नेता रामज्ञान गुप्ता के आवास पर पहुंच गया। अचानक हुई इस घेराबंदी से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनके घर के बाहर कड़ा पहरा बैठा दिया और आवास को पूरी तरह से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।

झूठी सूचना पर हुई कार्रवाई:

रामज्ञान गुप्ता इस अप्रत्याशित कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने पुलिस को यह झूठी और भ्रामक सूचना दे दी कि समाजवादी पार्टी सरकार का पुतला दहन करने जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुतला जलाने की कोई योजना नहीं थी, लेकिन पुलिस ने बिना जांच किए इस अफवाह के आधार पर उन्हें नजरबंद कर दिया।"यह सरकार की तानाशाही है"

सपा पुलिस कार्रवाई से आक्रोशित

सपा नेता रामज्ञान गुप्ता ने इसे सत्ता की हठधर्मिता करार दिया। उन्होंने कहा, "यह पूरी तरह से सरकार की तानाशाही है। मौजूदा सरकार पुलिस को ढाल बनाकर हम समाजवादियों की जनता से जुड़ी आवाज को दबाना चाहती है। लेकिन हम इस तरह के दमनकारी हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।"इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद स्थानीय समाजवादियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
शिक्षक अभिषेक का नवाचार उदगम पोर्टल हेतु चयनित, एससीईआरटी ने किया चयन

ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई के लिए गर्व का विषय है कि विकास खण्ड टड़ियावां स्थित प्राथमिक विद्यालय हरीपुर ग्रंट के शिक्षक अभिषेक कुमार मिश्र का नवाचार "चित्रात्मक मूल्यांकन प्रणाली : प्रेरणा और अधिगम का अभिनव संगम" एससीईआरटी, उत्तर प्रदेश के 'उद्गम पोर्टल' हेतु चयनित हुआ है।
प्रदेशभर से प्राप्त नवाचारों एवं बेस्ट प्रैक्टिसेस की विशेषज्ञों द्वारा स्क्रीनिंग के बाद 75 जनपदों में से 28 शिक्षकों का चयन किया गया है। चयनित शिक्षकों के नवाचारों के परिष्करण एवं प्रस्तुतीकरण के लिए 27 से 31 जुलाई, 2026 तक एससीईआरटी, लखनऊ में पाँच दिवसीय कार्यशाला आयोजित होगी।
शिक्षक अभिषेक का नवाचार विद्यार्थियों की कॉपियों को पूरे शैक्षिक सत्र तक सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने की अभिनव व्यवस्था पर आधारित है, जिससे सतत मूल्यांकन को मजबूती मिली और बच्चों की शैक्षिक गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ।
हरदोई के शिक्षक का प्रदेश के श्रेष्ठ 28 नवाचारों में चयन जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई. आज जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों, ऋण वितरण तथा लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभान्वित किए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि योजना के पात्र आवेदकों के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा स्वीकृत आवेदनों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने पाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से युवा अपना स्वयं का उद्यम स्थापित कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। बैठक में उद्योग विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अधिक से अधिक पात्र युवाओं को योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा आवेदन प्रक्रिया में उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए। साथ ही बैंक शाखाओं के साथ समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र युवा को योजना का लाभ दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए लक्ष्य की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल,  जिला उद्योग अधिकारी हर्ष प्रताप सिंह एवं अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई मे जिलाधिकारी ने सुनी 93 शिकायते
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई. आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 93 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्व और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे अतिरिक्त मजिस्टेट व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें
एआरपी द्वारा शैक्षिक सपोर्टिंग सुपरविजन किया गया* ब्यूरो

रितेश मिश्रा
हरदोई। उच्च प्राथमिक विद्यालय सदरियापुर माधौगंज में  विज्ञान विषय के एआरपी चन्द्र प्रकाश सिंह का आगमन हुआ। विद्यालय परिवार द्वारा उनका स्वागत किया गया। कक्षा 8 की कक्षाध्यापक प्रियंका श्रीवास्तव के साथ ए आर पी ने विज्ञान विषय के अंतर्गत विटामिन्स के बारे में स्पोटिंग सुपर विजन किया और समझाकर प्रश्न मंच किया। उन्होंने बताया कि विज्ञान शिक्षिका प्रियंका श्रीवास्तव के द्वारा विटामिन्स को बहुत ही अच्छे व रोचक उदाहरण देकर  समझाया गया, जिसमें छात्रों में स्थाई ज्ञान प्राप्त हो रहा है।जिसमें काजल व प्रिंस ने बहुत सुंदर ढंग से उत्तर दिए। इसी क्रम में काजल , राधिका, कुमकुम, प्रिंस,आकाश का आकलन भी किया गया। विद्यालय का भौतिक परिवेश, डिजिटल कक्षाओं,ईको क्लब फॉर मिशन लाइफ की कार्यकारिणी,मीना मंच सम्बंधित चित्र पोस्टर देखकर सहायक अध्यापिका प्रियंका श्रीवास्तव व विद्यालय का नेतृत्वकर्ता नीरज गुप्ता के साथ साथ विद्यालय परिवार की सराहना की। कक्षा 6,7,8 शिक्षण कक्ष में विभिन्न प्रकार के अंग्रेजी, हिंदी, सामाजिक विषय ,विज्ञान, गणित,संबंधित टी एल एम व साज-सज्जा देखकर प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज गुप्ता की भूरि -भूरि प्रशंसा व सराहना की। इसी क्रम में विद्यालय के भौतिक परिवेश, हरियाली से परिपूर्ण व किचन गार्डन को देखकर विद्यालय परिवार की सराहना की।ए आर पी द्वारा सभी को बताया गया कि कक्षा आठ की छात्रा काजल एक होनहार छात्रा है सभी प्रश्नों के सही व सटीक उत्तर देने पर प्रतीक चिन्ह प्रदान कर उज्जवल भविष्य की कामना की। प्रभारी प्रधानाध्यापक नीरज गुप्ता द्वारा ए आर पी चन्द्रप्रकाश सिंह व शोभित सिंह को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।सहायक अध्यापक गौरव कुमार सिंह भी मौजूद रहे।मध्यान्ह भोजन योजना के अन्तर्गत मीनू मौसमी सब्जी युक्त दाल रोटी का बच्चों के साथ आनंद लिया। इस अवसर पर रसोईया उपस्थित रही।।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर महाकालेश्वर कांवड़िया संघ ने डीएम को फिर कराया अवगत
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई। सावन माह में प्रस्तावित विशाल कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर श्री महाकालेश्वर कांवड़िया संघ, मुरार नगर  संडीला ने जिलाधिकारी हरदोई को पुनः ज्ञापन सौंपकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है। संघ का कहना है कि पूर्व में दिए गए पत्रों और अनुरोधों के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।संघ के अनुसार, 8 अगस्त 2026 को विशाल कांवड़ यात्रा का आयोजन प्रस्तावित है, जिसमें श्रद्धालु मेहंदीघाट (जनपद कन्नौज) से गंगाजल लेकर पैदल यात्रा करते हुए श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचेंगे। यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी से पांच प्रमुख मांगें की गई हैं।संघ ने मांग की है कि हरदोई-लखनऊ नेशनल हाईवे से गोसाईगंज संपर्क मार्ग तक सड़क की मरम्मत एवं दोनों ओर उगी झाड़ियों की सफाई, महाकालेश्वर मंदिर मार्ग का सुधार, मंदिर परिसर के ऊपर से गुजर रही बिजली की केबलों को हटाना, रात्रि विश्राम के लिए पंचायत भवन की अनुमति, तथा यात्रा के दौरान अस्थायी शौचालय व अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था कराई जाए।संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित होने से हजारों शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सफलतापूर्वक संपन्न हो सकेगी। जिलाधिकारी से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।।
तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर महिला की मौत
पुत्र के साथ बाइक पर घरेलू सिलेंडर लेने जा रही थी मृतका

ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली क्षेत्र के पाली रोड पर आगमपुर के निकट बुधवार की सुबह करीब 11 बजे पुत्र के साथ बाइक पर घरेलू गैस सिलेंडर लेने जा रही महिला की तेज रफ़्तार ट्रैक्टर ट्राली की चपेट मे आने से घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा की कार्यवाही कर पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भिजवाया है। अज्ञात ट्रैक्टर ट्राली चालक की पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है।
      प्राप्त विवरण मे पाली थाना क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी रामकली (55) पत्नी रामकरण अपने पुत्र धीरज के साथ बाइक संख्या यूपी 30 सीएच 4417 से सिरोमननगर गैस एजेंसी से घरेलू गैस सिलेंडर लेने जा रही थीं। थाना क्षेत्र के ग्राम आगमपुर के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने उसकी बाइक मे टक्कर मार दी। जिसमे रामकली की ट्राली से कुचलकर घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस फरार चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश में जुटी है।मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
डीसीएम श्रीराम शुगर यूनिट ने आयोजित किया संयुक्त कृषक समारोह

ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।डीसीएम श्रीराम लिमिटेड शुगर समूह द्वारा हरियाली आफिस शाहाबाद में रूपापुर, हरियावां और लोनी इकाइयों के किसानों सम्मान समारोह बुधवार को आयोजित किया। इस अवसर पर 154 किसानों को सम्मानित किया गया, कीर्तिमान स्थापित करने वाले किसानों में रूपापुर चीनी मिल के अमर सिंह S/O जयपाल सिंह, ग्राम महसूलापुर (2430 कु0/हे0), हरियावां चीनी मिल के रामचरन S/O खिवराज, ग्राम नूरूद्दीनपुर (2404 कु0/हे0) तथा लोनी चीनी मिल के रामप्रकाष S/O राम भरोसे, ग्राम भदेवनी (2128 कु0/हे0) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिन्होंने प्रति हेक्टेयर 1,500 क्विंटल से अधिक गन्ने की उपज प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।दो वर्ष पूर्व डीसीएम श्रीराम समूह ने सुख-समृद्धि का संकल्प, अधिक उपज ही एक विकल्प के नारे के साथ उपज बढ़ाओ अभियान’ प्रारंभ किया था। इस अभियान के अंतर्गत किसानों को विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण, वैज्ञानिक खेती की तकनीकों, उर्वरकों एवं जैविक खाद के संतुलित उपयोग, कृषि यंत्रों की उपलब्धता तथा रोग एवं कीट प्रबंधन संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। इन सतत प्रयासों का सकारात्मक परिणाम आज प्रतियोगिता के उत्कृष्ट परिणामों के रूप में सामने आया है।
       कार्यक्रम का उद्घाटन अपर गन्ना आयुक्त (विकास) वी.के. शुक्ल ने किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल किसानों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देती हैं तथा किसानों की आय बढ़ाने के सरकारी प्रयासों को मजबूती प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती को टिकाऊ और लाभकारी बनाने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक पैदावार प्राप्त करना है। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि गन्ना विभाग किसानों की उत्पादकता बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सट्टा नीति 2025-26 से मशीनीकृत गन्ना कटाई तथा नए एवं लघु किसानों को प्राथमिकता के आधार पर गन्ना आपूर्ति का प्रावधान किया गया है। ताकि गन्ने की खेती को टिकाऊ एवं सरल बनाया जा सके। उन्होंने किसानों से अपना संपूर्ण गन्ना चीनी मिलों को ही आपूर्ति करने का आग्रह किया, जिससे उन्हें उचित मूल्य प्राप्त हो सके। साथ ही अवगत कराया कि सोसाइटी का नया सदस्य बनने की अंतिम तिथि 30 सितंबर, 2026 निर्धारित की गयी है।
      निदेशक, भारतीय गन्ना अनुसंधान संस्थान(ISRI), लखनऊ डॉ. एस.एन. सुशील ने अधिक पैदावार के साथ-साथ गन्ने के रकबे में वृद्धि पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम किसानों को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं और उत्पादन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित पोषक तत्वों का प्रयोग, उच्च गुणवत्ता वाले बीज, समयबद्ध बुवाई, उचित सिंचाई प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक संसाधनों का अधिकतम उपयोग तथा रोग एवं कीटों की नियमित निगरानी करने का आह्वान किया। उप गन्ना आयुक्त (परिक्षेत्र-बरेली)  राजेश मिश्र ने विजेता किसानों की सफलता का श्रेय वैज्ञानिक पद्धति से की गई गन्ना खेती, मिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सतत मार्गदर्शन तथा किसानों की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि आज गन्ना खेती केवल परिश्रम का ही नहीं, बल्कि विज्ञान, तकनीक और मौसम के अनुरूप योजनाबद्ध कृषि प्रबंधन का परिणाम है।
      इस अवसर पर डीसीएम श्रीराम लिमिटेड के शुगर एवं इथनॉल व्यवसाय के अधिशासी निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी आर.एल. टामक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग चीनी मिलों से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि उपज बढ़ाने की इस पहल के माध्यम से गन्ना खेती को डिजिटल तकनीकों से जोड़ते हुए किसानों की आजीविका में निरंतर सुधार किया जा रहा है। यह अभियान गन्ना उद्योग में एक नई सोच का प्रतीक है, जिसने किसानों में नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की उपजाऊ भूमि, पर्याप्त जल संसाधन और अनुकूल जलवायु गन्ने की अधिक उपज के लिए अत्यंत उपयुक्त है, इसलिए यह अभियान प्रारंभ किया गया।
     इस अभियान के अंतर्गत कुल 289 किसानों ने प्रति हेक्टेयर 1,500 क्विंटल से अधिक गन्ने की उपज प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान सभी किसानों को तकनीकी जानकारी से युक्त एक विशेष पुस्तिका भी वितरित की गई, जिसमें वैज्ञानिक गन्ना खेती तथा पूर्ण मशीनीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ दी गई है।
     रोशन लाल टामक ने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और उसकी सेहत सुधारने के लिए गोबर की खाद (FYM) एवं कम्पोस्ट के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया। उन्होंने बताया कि डीसीएम श्रीराम समूह ने प्रेसमड आधारित फर्मेंटेड ऑर्गेनिक खाद *’’फसल अमृत’’* का उत्पादन एवं वितरण भी प्रारंभ कर दिया है। उन्होंने किसानों से खेती की लागत कम करने के लिए आधुनिक कृषि यंत्रों का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने बताया कि डीसीएम श्रीराम समूह प्रत्येक वर्ष कृषि यंत्र मेले का आयोजन करता है, जिसमें विभिन्न आधुनिक कृषि उपकरणों तथा उनके संचालन एवं रखरखाव का प्रदर्शन किया जाता है।
     कार्यक्रम में जिला गन्ना अधिकारी (हरदोई) एवं शाहजहांपुर, संबंधित गन्ना समिति के सचिव तथा ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक उपस्थित रहे।
डीसीएम श्रीराम समूह की ओर से अज़बापुर, रूपापुर, हरियावां एवं लोनी इकाइयों के इकाई प्रमुख, उप इकाई प्रमुख, विभागाध्यक्ष (गन्ना) तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।