उत्तर प्रदेश बनेगा देश की बायोएनर्जी राजधानी, IBET Expo-2026 की तैयारियां तेज
- 11 से 13 अगस्त तक ग्रेटर नोएडा में होगा अंतरराष्ट्रीय बायोएनर्जी एवं टेक एक्सपो, निवेश और हरित ऊर्जा को मिलेगा नया आयाम
लखनऊ। उत्तर प्रदेश को बायोएनर्जी और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में देश का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को लखनऊ स्थित इन्वेस्ट यूपी सभागार में इंडिया बायोएनर्जी एंड टेक एक्सपो (IBET Expo-2026) की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय स्टेकहोल्डर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने की।
बैठक में आयोजन की रूपरेखा, निवेश संभावनाओं, उद्योगों की भागीदारी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव ऊर्जा आशीष गोयल, यूपीनेडा के निदेशक रविंद्र सिंह, सचिव पंकज सिंह, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग प्रतिनिधि और बायोएनर्जी क्षेत्र के विशेषज्ञ मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ऊर्जा परिवर्तन, हरित विकास और निवेश का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि IBET Expo-2026 प्रदेश को बायोएनर्जी, ग्रीन हाइड्रोजन, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), एथेनॉल, बायोडीजल, सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF), वेस्ट-टू-एनर्जी और अन्य हरित तकनीकों के क्षेत्र में वैश्विक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
उन्होंने बताया कि कृषि प्रधान राज्य होने के कारण उत्तर प्रदेश के पास कृषि अपशिष्ट की अपार संभावनाएं हैं। वर्तमान में प्रदेश में उपलब्ध लगभग 17 मिलियन टन कृषि अपशिष्ट में से केवल 5 मिलियन टन का ही उपयोग हो रहा है। यदि इसकी पूरी क्षमता का दोहन किया जाए तो उत्तर प्रदेश ग्रीन एनर्जी उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य बन सकता है।
मंत्री ने कहा कि सरकार की मंशा उत्तर प्रदेश को केवल राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बायोएनर्जी क्षेत्र में अग्रणी बनाना है। इसके लिए समयानुकूल नीतियों को और अधिक प्रभावी तथा निवेश अनुकूल बनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों, उद्योग संगठनों और स्टेकहोल्डर्स से समन्वित प्रयास कर आयोजन को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक में जानकारी दी गई कि 11 से 13 अगस्त, 2026 तक इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में आयोजित होने वाला IBET Expo-2026 उत्तर प्रदेश सरकार, यूपीनेडा और इंडियन फेडरेशन ऑफ ग्रीन एनर्जी (IFGE) के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
इस तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन में देश-विदेश के नीति-निर्माता, वैज्ञानिक, उद्योगपति, निवेशक और ऊर्जा विशेषज्ञ भाग लेंगे। एक्सपो में 25 से अधिक सम्मेलन सत्र, 120 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय वक्ताओं के संबोधन, 150 से अधिक प्रदर्शकों की भागीदारी तथा हजारों व्यावसायिक प्रतिनिधियों और आगंतुकों के शामिल होने की संभावना है।
सरकार का मानना है कि यह आयोजन प्रदेश में निवेश, रोजगार सृजन, तकनीकी नवाचार और हरित ऊर्जा आधारित उद्योगों को नई गति देने के साथ उत्तर प्रदेश को देश की बायोएनर्जी राजधानी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
Jul 23 2026, 09:20
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1.8k