जनगणना पुस्तिका तैयार किए जाने के संबंध में हुआ  प्रशिक्षण
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई जिला जनगणना अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) दीपाली भार्गव की अध्यक्षता में बालिका राजकीय इंटर कालेज हरदोई में जिला जनगणना पुस्तिका (District Census Handbook&DCHB) तैयार किए जाने के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में जनगणना-2027 से संबंधित आंकड़ों, अभिलेखों एवं विभागीय सूचनाओं के संकलन, सत्यापन तथा व्यवस्थित रूप से तैयार किए जाने के संबंध में राजस्व विभाग के लेखपालों को जनगणना निदेशालय से नामित जिला प्रभारी विनय कुमार वर्मा द्वारा प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण से दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) ने लेखपालों को निर्देश दिए कि जनगणना निदेशालय से निर्गत परिपत्र के अनुसार जिला जनगणना पुस्तिका तैयार कर DCH पोर्टल पर करने हेतु आवश्यक आंकड़ों एवं सूचनाओं को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित रूप से DCH पोर्टल पर फीड किया जाएगा, उन्होंने कहा कि पुस्तिका में जिले की जनसंख्या, प्रशासनिक व्यवस्था, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित प्रमाणिक आंकड़ों का समावेश किया जाएगा। यह कार्यक्रम 16 अगस्त से प्रारंभ होकर 15 सितंबर 2026 को सम्पन्न होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों/लेखपालों को निर्देशित किया कि अपने-अपने आवंटित क्षेत्र से संबंधित सूचनाओं का भली-भांति परीक्षण कराते हुए निर्धारित प्रारूप में समय से पूर्व उपलब्ध कराएं, जिससे जिला जनगणना पुस्तिका को गुणवत्तापूर्ण एवं तथ्यपरक ढंग से तैयार किया जा सके। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय से नामित जिला प्रभारी विनय कुमार वर्मा, चार्ज अधिकारी/तहसीलदार सदर सचिन्द्र शुक्ला व जनगणना से अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक
ब्यूरो रितेश मिश्रा
हरदोई आज स्वामी विवेकानन्द सभागार मे जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में न्यायालयों में लंबित पुराने वादों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी नेे शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक के दौरान एससी/एसटी एक्ट, गैंगस्टर एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि इन संवेदनशील मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषसिद्धि दर बढ़ाने के लिए अभियोजन, पुलिस एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। जिलाधिकारी ने न्यायालयों से जारी समन एवं वारंटों की तामील की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि समन एवं वारंटों की तामील में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो। बैठक में लंबित प्रकरणों में गवाहों की समय पर न्यायालय में उपस्थिति, आवश्यक अभिलेखों की उपलब्धता तथा विवेचना अधिकारियों एवं अभियोजन अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में पुलिस विभाग के अधिकारी, अधिवक्तागण व संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें
मझिला मे मिले शव के मामले मे परिजनों ने लगया हत्या का आरोप
दो नामजद और तीन अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस जाँच मे जुटी

ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।मझिला थाना क्षेत्र के ग्राम टुमुर्की मे सड़क के किनारे मिले युवक के शव के मामले में मृतक के परिजनों ने पुरानी रंजिश के कारण गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है पुलिस ने परिजनों की लिखित तहरीर के आधार पर नामजद दो आरोपियों सहित तीन अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।हलांकि गांव मे प्रेम प्रसंग मे हुई हत्या की चर्चाएं भी सुनी जा रही हैँ।
         मृतक की मां बनीसा बेगम की तहरीर के अनुसार, गांव की पुरानी रंजिश के चलते नसीम पुत्र साहिद खां, सानू पुत्र वारिश खां तथा उनके साथियों ने मिलकर तहजीब की हत्या की। आरोप है कि नामजद आरोपी पहले से भी तहजीब को खुलेआम जान से मारने की धमकियां दे चुके हैँ , जिनके गवाह भी गांव में मौजूद हैं। मृतक के चाचा इदरीश ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे किसी का फोन आने के बाद तहजीब घर से बाहर गया था। सोमवार सुबह करीब पांच बजे एक राहगीर ने सूचना दी कि उनका भतीजा टूमुर्की गांव के पास सड़क किनारे पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो तहजीब मृत अवस्था में मिला। उसके कान, गर्दन, पैर और गुप्तांग पर गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों का आरोप है कि हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को सड़क किनारे फेंका गया, ताकि घटना को दुर्घटना या अन्य रूप दिया जा सके। सूचना मिलते ही डायल-112, मझिला पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण ने भी घटना स्थल का निरिक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए थे।घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। सोमवार देर रात पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाकर तहरीर के आधार पर दो नामजद समेत दो से तीन अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी का भरोसा दिया। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने तहजीब का अंतिम संस्कार किया।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है।जल्द ही अनावरण किया जायेगा।
अंडर पास के नीचे होगा सौंदर्यीकरण (समाजसेवी आलोक अस्थाना के प्रयास हुए फलीभूत)

ब्यूरो रितेश मिश्रा
संडीला (हरदोई):एनएच-731 के संडीला बस स्टॉप पर अंडरपास के नीचे लंबे समय से व्याप्त गंदगी और भीषण दुर्गंध से परेशान स्थानीय निवासियों एवं यात्रियों को जल्द ही बड़ी राहत मिलने वाली है। राजमार्ग निर्माण के दौरान यहां स्थित सार्वजनिक शौचालय और अमर जवान चौक को ध्वस्त कर दिया गया था, जिससे लोगों के पास शौचालय की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं बची। इसके परिणामस्वरूप, यात्रियों और स्थानीय लोगों द्वारा इस स्थान को अस्थायी मूत्रालय के रूप में प्रयोग किया जाने लगा, जिससे पूरे क्षेत्र में भयंकर दुर्गंध फैल गई थी और राहगीरों को अपनी नाक पर रुमाल रखकर वहां से गुजरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था।
इस गंभीर स्थिति और दुर्दशा को देखते हुए समाजसेवा व देश सेवा में तत्पर समाजसेवी **आलोक कुमार अस्थाना** ने इस स्थान के सौंदर्यीकरण और कायाकल्प का बीड़ा उठाया। उन्होंने शासन-प्रशासन, प्रदेश सरकार से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार लिखित रूप से शिकायतें दर्ज कराईं और त्वरित कार्रवाई की मांग की।
अंततः उनके ये निरंतर प्रयास सफल सिद्ध हुए। जिलाधिकारी अनुनय कुमार झा ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए अंडरपास के नीचे सौंदर्यीकरण कार्य की आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके लिए नगर पालिका परिषद द्वारा वित्त आयोग के अनटाइड फंड से **लगभग ₹10 लाख** का बजट आवंटित किया गया है। इस राशि से अंडरपास के निचले हिस्से का कायाकल्प कर उसे स्वच्छ व सुंदर बनाया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय जनता को वर्षों पुरानी इस गंदगी और दुर्गंध से पूरी तरह मुक्ति मिल सकेगी।
फल वितरण और पौधारोपण कर मनाया मंत्री का मनाया जन्मदिन‌।
ब्यूरो रितेश मिश्रा
शाहाबाद (हरदोई) भारतीय जनता पार्टी के पिछड़ा वर्ग मोर्चा शाहाबाद के नगर अध्यक्ष दीपकमल राठौर ने सहयोगियों के साथ प्रदेश सरकार मे उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के 55 वे जन्मदिवस  के उपलक्ष्य में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ सरकारी अस्पताल के डिलीवरी वार्ड में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए तत्पश्चात्  पौधारोपण कर उच्च शिक्षा राज्यमंत्री का जन्मदिन मनाया गया। इस मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के  नगर अध्यक्ष दीपकमल राठौर नगर महामंत्री राजीव कुमार सोनी, नगर उपाध्यक्ष सचिन राठौर, नगर उपाध्यक्ष अभय शर्मा कंचन ,नगर कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार राठौर डाक्टर आर.के. मिश्रा डाक्टर अनुज, नीरज राजपूत,  आदि मौजूद रहें
जलमग्न, सड़क पर दुकानें लगाने को मजबूर हुए सब्जी विक्रेता।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)। जनपद के बेनीगंज नगर में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश ने नगर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है। सोमवार को नगर के बस स्टॉप स्थित सब्जी बाजार में भारी जलभराव और कीचड़ होने के कारण सब्जी विक्रेताओं को अपनी दुकानें मुख्य सड़क पर लगाने के लिए मजबूर होना पड़ा। इससे जहां विक्रेताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि बारिश के कारण बाजार स्थल पूरी तरह पानी से भर गया है। जगह-जगह दलदल और कीचड़ होने से ग्राहक बाजार के अंदर नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में रोजी-रोटी चलाने के लिए उन्होंने अपनी दुकानें सड़क किनारे लगा लीं। उनका कहना है कि यदि ऐसा नहीं करते तो पूरे दिन की बिक्री प्रभावित होती और आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टॉप स्थित सब्जी बाजार में हर वर्ष बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान की दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उचित जल निकासी व्यवस्था न होने के कारण थोड़ी सी बारिश में ही बाजार तालाब जैसा दिखाई देने लगता है।
सड़क पर दुकानें लगने से राहगीरों और वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों ने नगर पंचायत से बाजार स्थल पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने, दलदल हटाने तथा सड़क पर अतिक्रमण जैसी स्थिति बनने से पहले स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि बरसात के मौसम में व्यापारियों और आम नागरिकों को इस समस्या से राहत मिल सके।
पत्नी की मौत से ग़मगीन युवक का गोमती में मिला शव
रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)। जनपद हरदोई के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के चमारन टोला निवासी 26 वर्षीय अनूप कुमार पुत्र स्वर्गीय राम कुमार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में नैमिषारण्य स्थित गोमती नदी के किनारे पानी में उतराता मिला। घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं मृतक की साइकिल गोमती नदी पुल पर लावारिस अवस्था में पड़ी मिली, जिससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूचना मिलने पर बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हरदोई भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
स्थानीय सभासद राजेश चौधरी ने बताया कि अनूप कुमार बेहद सरल, मेहनती और शांत स्वभाव का व्यक्ति था। वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार पर दुखों का पहाड़ उस समय टूट पड़ा जब लगभग दस दिन पूर्व उसकी पत्नी सीमा ने एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के दौरान ही उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना ने अनूप को भीतर तक झकझोर दिया था।
परिजनों के अनुसार पत्नी की असामयिक मृत्यु के बाद अनूप गहरे सदमे में था। वह अक्सर नैमिषारण्य स्थित गोमती नदी के उस स्थान पर चला जाता था, जहां सीमा का अंतिम संस्कार किया गया था। परिवार के लोग कई बार उसे समझा-बुझाकर वापस घर ले आते थे, लेकिन वह पत्नी की यादों से उबर नहीं पा रहा था।
अब अनूप का शव उसी गोमती नदी के किनारे मिलने से परिवार पर एक और दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दस दिन पहले जिस घर में नवजात बच्ची के जन्म की खुशी थी, उसी घर से पहले मां और अब पिता की विदाई ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। मासूम बच्ची के सिर से माता-पिता दोनों का साया उठ जाने की खबर सुनकर क्षेत्र के लोग भी भावुक हो उठे।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पूरे क्षेत्र में इस हृदय विदारक घटना को लेकर शोक का माहौल है तथा लोग दिवंगत आत्माओं की शांति और नवजात बच्ची के उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं परिजनों पर दुःख का पहाड़ टूट गया।
सब्जी विक्रेता से लूट के मामले में पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार
रितेश मिश्रा
हरदोई।पाली थाना क्षेत्र के ग्राम सहजनपुर निवासी सब्जी विक्रेता के साथ 18 जुलाई की शाम को हुई लूट की घटना के मामले में एसपी के निर्देश पर पाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लुटा गया मोबाइल, नगदी और मोपेड बरामद की है।
     प्राप्त विवरण मे 19 जुलाई को वादी रामऔतार राठौर पुत्र रामस्वरुप निवासी ग्राम सहजनपुर द्वारा थाना स्थानीय पर तहरीर दी गयी कि 18 जुलाई को शाम समय करीब 07 बजे उसके चचेरे भाई बृजेश राठौर पुत्र रामपाल दौलतपुर बाजार में सब्जी बेचकर अपनी मोपेड से वापस आ रहा था। रास्ते में गांव के निकट प्रिन्स पुत्र नथुनी व नन्हे उर्फ महेन्द्रपाल पुत्र विशेश्वर निवासी ग्राम भोरापुर थाना पाली द्वारा वादी के भाई बृजेश राठौर के साथ मारपीट कर मोपेड मोटरसाइकिल, मोबाइल व रुपये छीनकर फरार हो गये है। इस संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की थी।
      अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद आलोक राज नारायण के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा और पुलिस बल द्वारा लूट की घटना मे महेन्द्र पाल उर्फ नन्हे पुत्र विशेश्वर उर्फ वद्री निवासी ग्राम भौरापुर,हर्षित उर्फ प्रिंसू पुत्र नत्थू सिंह उर्फ नथुनी नि० ग्राम भौरापुर थाना पाली और नीरज शुक्ला पुत्र फौजदार शुक्ला निवासी ग्राम गोलोथपुर थाना भुजना जनपद श्रावस्ती को को गिरफ्तार किया गया है।शातिर महेंद्र पाल पर करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे पंजीकृत हैँ।पुलिस ने लूटी गई मोपेड, मोबाइल और नगदी बरामद कर ली है।
साहित्यिक संस्था की काव्य गोष्ठी संपन्न

 गोंडा।साहित्यिक संस्था 'बज़्मे शामे ग़ज़ल' की मनक़बती शेरी नशिस्त (काव्य गोष्ठी) हाजी यासीन मंज़िल मोहल्ला बालूगंज में आयोजित हुई । अब्दुल गफ्फार ठेकेदार व गणेश तिवारी 'नेश' के संरक्षण में गोष्ठी की अध्यक्षता हाजी ज़हीर वार्सी ने किया । बतौर अतिथि शेख शम्स (इंक़लाब ब्यूरो) व जावेद अंसारी (गोण्डा) कार्यक्रम में शामिल हुए । आग़ाज़ लईकुर्रहमान की तिलावते कुरआन से हुआ व इरफान मसऊदी ने नात पेश की । संचालन करते हुए याकूब सिद्दीक़ी 'अज़्म' ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया । जिस के तहत मस्जिद बेचान बालूगंज के इमाम क़ारी रईस क़ादरी के पिता श्री मु० यासीन अंसारी, चिकित्सा शिक्षा से जुड़े शाए़र डा० रिजवानुर्रज़ा अलीग के पिता जी मौलाना बरकत अली क़ादरी (सिद्धार्थनगर) एवं क्रिश्चियन कालेज लखनऊ से सेवानिवृत्त उर्दू विभागाध्यक्ष प्रो० अहमद अब्बास रुदौलवी  के निधन पर संस्था की ओर से शोक व्यक्त किया गया । महामन्त्री मुजीब सिद्दीक़ी ने हज़रत इमाम हुसैन व कर्बला के शहीदों को नमन करते हुए कहा उनकी अज़ीम कुर्बानी अन्याय के ख़िलाफ व इन्सानियत के लिए थी । यही कर्बला का पैग़ाम है ।
    मु० मुबीन मंसूरी ने कर्बला को समर्पित किया -
ऐ कर्बो बला अपनी क़िस्मत पे तू नाज़ां हो - दामन में तेरे वो है, जन्नत का जो सुल्तां है।
कौसर सलमानी ने कहा - 
छोड़ कर हम उनका दर भटके  हैं कौसर दर बदर - मंज़िलें मिलती हैं जिनके नक़्शे पा से आज भी ।
साबिर अली गुड्डू ने तुलना करते हुए कहा - कर्बला में बे कफ़न थे, अब दिलों में हैं हुसैन - वो भी मंज़र देखिए और ये भी मंज़र देखिए ।
मास्टर अल़ीम जरवली ने इमाम हुसैन के हवाले से कहा - 
हिन्दू, मुस्लिम, सिख व ईसाई सभी मद्दाह हैं - किस क़दर फैला हुआ है दायरा शब्बीर का । 
हस्सान जलाल पुरी ने हज़रत अली असग़र को समर्पित किया -
मेहनत अनुशासन और लगन से हर लक्ष्य होता हासिल-
उ. प्र. विश्वकर्मा कल्याण सभा द्वारा आयोजित हुआ मेधावियों का सम्मान समारोह

रितेश मिश्रा
हरदोई। विश्वकर्मा कल्याण सभा, हरदोई द्वारा रविवार को हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा वर्ष 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य राजेंद्र प्रसाद विश्वकर्मा ने भगवान विश्वकर्मा के पूजन-अर्चन के साथ किया।
     मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जनपद गोंडा के जिला अध्यक्ष जयलाल शर्मा ने अपने प्रेरणादायी संस्मरण साझा करते हुए विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। राजकीय डिग्री कॉलेज हरदोई के प्रोफेसर डॉ. सुधीर शर्मा ने विद्यार्थियों को शिक्षा पर पूर्ण एकाग्रता रखते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की सलाह दी।
विश्वकर्मा महासंघ के प्रदेश महासचिव एडवोकेट दुर्गेश शर्मा ने विद्यार्थियों को देश का भावी कर्णधार बताते हुए शिक्षा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। यूके की एनर्जी इंजीनियर कुसुम शर्मा ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा करना प्रत्येक विद्यार्थी का लक्ष्य होना चाहिए।
इस अवसर पर गीता शर्मा, आचार्य जयप्रकाश एवं आर्यन शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन सियाराम शर्मा ने किया।
समारोह में उत्तर प्रदेश विश्वकर्मा कल्याण सभा के अध्यक्ष अनिल शर्मा, महामंत्री सत्य प्रकाश शर्मा, कार्यवाहक अध्यक्ष राजेश शर्मा, कार्यवाहक महामंत्री एडवोकेट वीरेंद्र शर्मा, सत्यम शर्मा, नरेंद्र शर्मा, अरुण शर्मा, रामकुमार शर्मा, बागेश्वर शर्मा, नंदकिशोर शर्मा, बालिस्टर शर्मा, विद्यासागर शर्मा, इंद्रजीत शर्मा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, अभिभावक एवं विश्वकर्मा समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।