बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के विकास को मिली रफ्तार, बिल्थरा रोड प्लेटफार्म नंबर-2 का हो रहा आधुनिकीकरण; जनसमस्याओं पर भी रेलवे गंभीर
बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों ने अब गति पकड़ ली है। स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। रेलवे द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों से यात्रियों को भविष्य में बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

स्टेशन सलाहकार समिति, बेल्थरा रोड के सदस्य मनीष सोनी ने बताया कि उन्होंने 15 जुलाई 2026 को रेलवे अधिकारियों के समक्ष बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन एवं आसपास की जनसमस्याओं से संबंधित कई महत्वपूर्ण मांगें प्रमुखता से रखी थीं। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की गई थी।

उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन चौराहे से जीएमएएम इंटर कॉलेज होते हुए कुंडैल ढाला तक जाने वाला संपर्क मार्ग जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण आम नागरिकों, छात्रों एवं राहगीरों को प्रतिदिन परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी गई।

इसके अलावा डीएवी इंटर कॉलेज के समीप अंडरपास निर्माण की मांग भी उठाई गई, जिससे क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। स्टेशन परिसर से जुड़ी अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास, यात्री सुविधाओं में विस्तार तथा स्टेशन के समग्र विकास को लेकर भी अधिकारियों को विस्तार से अवगत कराया गया था

मनीष सोनी ने बताया कि प्लेटफार्म नंबर-2 के पुनर्निर्माण, उसके विस्तार तथा यात्रियों को धूप और बारिश से राहत देने के लिए टीन शेड लगाए जाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई थी। उन्होंने बताया कि अब प्लेटफार्म नंबर-2 का आधुनिकीकरण शुरू हो चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।

रेलवे अधिकारियों ने सभी मांगों को जनहित से जुड़ा बताते हुए उन पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि प्लेटफार्म विकास सहित स्टेशन से संबंधित विभिन्न योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे बेल्थरा रोड रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक बेहतर रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित हो सके।

20 घंटे से ठप 400 केवीए ट्रांसफार्मर, भीषण उमस में बिजली संकट से जनजीवन बेहाल
बिल्थरा रोड। नगर के बीचों-बीच स्थित जायसवाल मेडिकल स्टोर के पास लगा 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर शनिवार शाम करीब 7 बजे से खराब होने के बाद रविवार तक चालू नहीं हो सका। 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से क्षेत्र के लोगों को भीषण गर्मी और उमस के बीच भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लंबे बिजली संकट को लेकर लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। बिजली आपूर्ति ठप होने से पेयजल संकट भी गहरा गया। घरों में मोटर नहीं चल पाने से पानी की समस्या उत्पन्न हो गई। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। वहीं लगातार बिजली नहीं रहने से दुकानदारों और व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ, जिससे आर्थिक नुकसान की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि लंबे समय बीत जाने के बावजूद विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं की गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि समय पर वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण लोगों को पूरी रात अंधेरे और उमस में गुजारनी पड़ी। बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) रामविलाश खरवार ने बताया कि ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण ट्रांसफॉर्म जल गया।

मोहल्ले के पूर्व सभासद सुनील कुमार टिंकू ने कहा कि बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि बिजली संकट के कारण आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। व्यापारिक गतिविधियां ठप पड़ रही हैं और लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने स्थानीय विभाग से तत्काल विधुत आपूर्ति बहाल करने के लिए मांग की...
गाड़ी की चाबी और रुपये छिनने की फर्जी सूचना देना पड़ा महंगा, ग्राम न्यायालय भेजे गए आरोपी
बिल्थरारोड (बलिया)। उभांव थाना पुलिस ने डायल-112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों का चालान कर उन्हें ग्राम न्यायालय बेल्थरारोड भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पाठक ने बताया कि रविवार की शाम करीब सात बजे डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तिरनई खिजिरपुर में कुछ लोगों ने दो व्यक्तियों की बाइक की चाबी निकाल ली है तथा उनसे 4500 रुपये छीन लिए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए डायल-112 और उभांव थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने सचिन यादव (26) पुत्र स्व. घूरा शंकर यादव निवासी जिउतपुरा, यश यादव (20) पुत्र अनिल यादव निवासी भीटा भुवारी तथा गुफरान (30) पुत्र नवीउल्लाह खान निवासी तिरनई खिजिरपुर को पूछताछ के लिए थाने लाया। विस्तृत पूछताछ और जांच में सामने आया कि गाड़ी की चाबी निकालने और 4500 रुपये छीनने जैसी कोई घटना हुई ही नहीं थी। तीनों ने पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से डायल-112 पर झूठी सूचना दी थी।
इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत कार्रवाई करते हुए चालान कर ग्राम न्यायालय बेल्थरारोड भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक देवी प्रसाद मिश्रा, कांस्टेबल सर्वजीत यादव एवं कांस्टेबल बृजेश सिंह शामिल रहे।
यूपी: में जिला पंचायत अध्यक्ष बने प्रशासक, अधिकतम 6 महीने तक रह सकती है प्रशासक की व्यवस्था
उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल 11 जुलाई 2026 को समाप्त होने से पहले राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक नियुक्त कर दिया है. अब वे अगले चुनाव तक प्रशासक के रूप में जिला पंचायतों के कार्यों का संचालन करेंगे. 
सरकार ने यह फैसला ऐसे वक्त में लिया है जब इलाहाबाद हाईकोर्ट में ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के खिलाफ याचिका दाखिल की गई है. हाईकोर्ट ने इस संदर्भ में सरकार से जवाब मांगा है.
अधिकतम 6 महीने तक रह सकती है प्रशासक की व्यवस्था ज्ञापन में अधिनियम की धारा-20(3-क) का जो परिस्थितियों करते हुए कहा गया है कि यदि अपरिहार्य या लोकहित में कार्यकाल समाप्त होने से पहले नई जिला पंचायत का निर्वाचन कराना संभव न हो, तो राज्य सरकार प्रशासनिक समिति या प्रशासक की नियुक्ति कर सकती है. ऐसी व्यवस्था अधिकतम छह माह तक या नई जिला पंचायत के गठन तक प्रभावी रहेगी.
डीएम को दिया गया प्रशासक नामित करने का पावर
इसी प्रावधान के तहत राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि 12 जुलाई 2026 से नई जिला पंचायतों के गठन तक अथवा अधिकतम छह माह की अवधि, जो भी पहले हो, निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षों को संबंधित जिला पंचायतों का प्रशासक नियुक्त किया जाएगा. इस संबंध में जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट को अधिकृत किया गया है कि वे संबंधित निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्षों को प्रशासक के रूप में नामित करें.

शासन ने पूरी तरह से स्पष्ट किया है कि प्रशासक के रूप में नियुक्त किए जाने वाले पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केवल सामान्य और नियमित (रूटीन) प्रशासनिक कार्यों का ही निर्वहन करेंगे. उन्हें किसी भी प्रकार के नीतिगत निर्णय लेने का अधिकार नहीं होगा. अगर कोई अत्यावश्यक अथवा विशेष परिस्थिति पैदा होती है, तो उससे संबंधित नीति विषयक प्रस्ताव जिलाधिकारी के माध्यम से शासन के समक्ष अनुमोदन के लिए भेजे जाएंगे.
बिल्थरा रोड में Muthoot Fincorp की नई शाखा का भव्य शुभारंभ, व्यापारियों को मिलेगी त्वरित ऋण सुविधा
बिल्थरा रोड (बलिया)। नगर के बस स्टैंड के समीप शुक्रवार को Muthoot Fincorp की नई शाखा का भव्य शुभारंभ समारोहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रशांत कुमार 'मंटू' ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर शाखा का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी, गणमान्य नागरिक एवं कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।
नई शाखा के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि प्रशांत कुमार मंटू ने कहा कि नगर में Muthoot Fincorp की शाखा खुलने से क्षेत्र के व्यापारियों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों को विभिन्न वित्तीय सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर आसानी से मिलेगा। उन्होंने कहा कि इससे छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को व्यवसाय विस्तार के लिए आवश्यक वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा होगी। शाखा प्रबंधक सुनील यादव ने बताया कि Muthoot Fincorp के माध्यम से ग्राहकों को गोल्ड लोन सहित विभिन्न प्रकार की वित्तीय एवं ऋण संबंधी सेवाएं सरल और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि कंपनी का उद्देश्य ग्राहकों को त्वरित एवं भरोसेमंद सेवाएं प्रदान करना है।

एरिया मैनेजर श्याम कुमार ने उपस्थित लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं एवं नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लोगों से इन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। वहीं रीजनल मैनेजर दहिया ने कहा कि Muthoot Fincorp विशेष रूप से सूक्ष्म एवं लघु व्यापारियों को प्राथमिकता देते हुए कम समय में आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर ऋण सुविधा उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी का उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहयोग देना है।

उद्घाटन समारोह में व्यापार मंडल के महामंत्री धर्मेंद्र सोनी, सुनील कुमार 'टिंकू', अशोक, तौहीद लारी, सभासद अमित, सभासद राममनोहर गांधी, दिलीप मद्धेशिया, ओम सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, गणमान्य नागरिक, कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नई शाखा के शुभारंभ पर शुभकामनाएं देते हुए इसके सफल संचालन एवं क्षेत्र के व्यापारिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की कामना की।
SEBI ग्रेड-A अधिकारी बने रोहित जायसवाल का बिल्थरा रोड में भव्य स्वागत, जायसवाल समाज ने किया सम्मानित
बिल्थरा रोड (बलिया)। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) में ग्रेड-A अधिकारी के पद पर चयनित होने के बाद नगर में प्रथम आगमन पर बिल्थरा रोड के वार्ड नंबर-12, अजीमाबाद गली निवासी एवं श्री कन्हैया लाल जायसवाल के सुपुत्र रोहित जायसवाल का जायसवाल समाज, बिल्थरा रोड द्वारा भव्य स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान किया गया। समारोह में जायसवाल समाज के महामंत्री सुनील कुमार टिंकू और प्रशांत कुमार मंटू के नेतृत्व में समाज के लोगों ने रोहित जायसवाल को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, पुष्पमाला पहनाकर तथा स्मृति-चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पूरे बिल्थरा रोड और जायसवाल समाज के लिए गर्व का क्षण बताया। अपने संबोधन में प्रशांत कुमार मंटू जायसवाल ने कहा कि रोहित जायसवाल की सफलता समाज के युवाओं के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर देश की प्रतिष्ठित संस्था में स्थान प्राप्त कर यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। महामंत्री सुनील कुमार टिंकू ने कहा कि समाज को अपने ऐसे होनहार युवाओं पर गर्व है और आने वाली पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए। सम्मान समारोह के दौरान रोहित जायसवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों तथा परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन, आशीर्वाद और निरंतर सहयोग के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। साथ ही उन्होंने नगर में प्रथम आगमन पर जायसवाल समाज द्वारा किए गए भव्य स्वागत एवं सम्मान के लिए समाज के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संजय जयसवाल राजेश जायसवाल प्रशांत कुमार मंटू ,मधु लाला,दिलीप जायसवाल भारत जायसवाल,मुन्ना सतनारायण, राजेश, सभासद अमित,जितेंद्र बटम, प्रदीप, अनमोल सहित जायसवाल समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं समाजजन उपस्थित रहे। सभी ने रोहित जायसवाल को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे आगे भी अपनी सेवाओं से समाज, क्षेत्र और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।संवाददाता: किशन जायसवाल, बलिया
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देवेंद्र पीजी कॉलेज में हुआ भव्य आयोजन

बेल्थरा रोड (बलिया), 21 जून। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को देवेंद्र पीजी कॉलेज, बेल्थरा रोड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम का शुभारंभ योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के संदेश के साथ हुआ। प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस दौरान योग के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि एक ऐसी जीवन पद्धति है जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है।
महाविद्यालय परिवार ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन में योग तनावमुक्त और निरोग रहने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है
योग दिवस के अवसर पर पूरे महाविद्यालय परिसर में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। प्रतिभागियों ने एक स्वर में योग को अपनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।
संवाददाता: किशन जायसवाल, बलिया
ओम प्रकाश राजभर के दावे से सियासी पारा हाई, सपा में टूट की अटकलें तेज,

बलिया। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बुधवार को उस समय नई चर्चा शुरू हो गई जब सुभासपा प्रमुख एवं मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा कर दिया। सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के भीतर असंतोष चरम पर है और जल्द ही पार्टी को बड़ी राजनीतिक चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।

राजभर ने संकेतों में कहा कि सपा के कुछ सांसद पार्टी नेतृत्व की कार्यशैली से नाराज हैं। उन्होंने दावा किया कि एक प्रभावशाली नेता के नेतृत्व में असंतुष्ट सांसदों का समूह सक्रिय है और समय आने पर बड़ा फैसला ले सकता है। राजभर ने हाल ही में सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां एक वर्ग विशेष की उपेक्षा की गई, जिससे पार्टी के अंदर नाराजगी और बढ़ी है।

उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व को सोशल मीडिया की राजनीति से बाहर निकलकर अपने सांसदों और नेताओं की नाराजगी दूर करने पर ध्यान देना चाहिए। राजभर के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में सपा के अंदरूनी हालात को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी चुनावों से पहले ऐसे बयान प्रदेश की राजनीति में नए समीकरणों की ओर इशारा कर सकते हैं।

संवाददाता: किशन जायसवाल, बलिया

30 घंटे से अंधेरे में बिल्थरा रोड, जनता बेहाल; व्यापार मंडल ने जनप्रतिनिधियों और बिजली विभाग पर साधा निशाना


बिल्थरा रोड। भीषण गर्मी के बीच बिल्थरा रोड क्षेत्र में 30 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से आम जनता का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया । नगर में लगातार बिजली न आने से लोगों को पेयजल, व्यापार, शिक्षा और दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिला मंत्री एवं पूर्व सभासद सुनील कुमार टिंकू ने नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि वर्षों से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मुद्दे पर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।

सुनील कुमार टिंकू ने कहा कि बिल्थरा रोड में 132/33 केवी विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन) का अभाव क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है। पर्याप्त क्षमता का सब स्टेशन न होने के कारण आए दिन थोड़ी सी बारिश और तेज हवाएं से बिजली संकट उत्पन्न होता है और छोटी तकनीकी खराबी भी लंबे बिजली कटौती का कारण बन जाती है।

उन्होंने प्रदेश के ऊर्जा मंत्री A. K. Sharma से तत्काल मामले का संज्ञान लेने की मांग करते हुए कहा कि बिल्थरा रोड तहसील क्षेत्र में शीघ्र 132/33 केवी सब स्टेशन की स्थापना के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लाखों उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली समस्याओं से राहत मिल सके।।

उन्होंने कहा नगर पंचायत के व्यापारियों का सवाल सीधा है— आखिर कब तक बिल्थरा रोड के लोग बिजली संकट और अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा भुगतते रहेंगे? और अपना कारोबार को ठप करेंगे
सामाजिक न्याय पी.डी.ए विधानसभा कमेटी के बेल्थरा रोड नगर संयोजक बने गौरव सर्राफ

बेल्थरा रोड, - सामाजिक न्याय पी.डी.ए विधानसभा कमेटी ने बेल्थरा रोड नगर इकाई में बड़ा संगठनात्मक बदलाव करते हुए पत्रकार गौरव सर्राफ को नगर संयोजक की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। यह घोषणा जिला संयोजक सुनील सर्राफ ने मंगलवार को जिले के सभी नगर और ब्लॉक संयोजकों की सूची जारी करने के दौरान की। जिला संयोजक सुनील सर्राफ ने कहा कि गौरव सर्राफ की सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़, पत्रकार के रूप में बेबाक लेखनी और जनता के बीच साफ सुथरी छवि को देखते हुए संगठन ने यह निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पी.डी.ए यानी पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए ऐसे ही जुझारू और कर्मठ साथियों की जरूरत है। सुनील सर्राफ ने भरोसा जताया कि गौरव सर्राफ के नेतृत्व में बेल्थरा रोड में पी.डी.ए का जनाधार तेजी से बढ़ेगा।

गौरव सर्राफ लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। जनसमस्याओं को निर्भीकता से उठाने और शासन प्रशासन तक आम जनता की आवाज पहुंचाने के लिए क्षेत्र में उनकी अलग पहचान है। इसके साथ ही वे स्वर्णकार समाज बेल्थरा रोड के संगठन मंत्री के दायित्व का भी निर्वहन कर रहे हैं। सामाजिक समरसता और संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता की हमेशा सराहना होती रही है। नियुक्ति के बाद गौरव सर्राफ ने शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष और जिला कमेटी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "पत्रकारिता हो या समाज सेवा, मेरा एक ही मकसद रहा है कि जनता की आवाज बनूं। अब संगठन के माध्यम से पी.डी.ए की विचारधारा को घर घर पहुंचाना और 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव जी को पुनः प्रदेश की बागडोर सौंपनी है, यही मेरा संकल्प है।"

उन्होंने आगे कहा कि बेल्थरा रोड नगर के हर वार्ड में सदस्यता महाअभियान चलाया जाएगा। शिक्षा चौपाल, रोजगार संवाद, आरक्षण बचाओ आंदोलन और महंगाई के खिलाफ जनजागरण को धार दी जाएगी। जनता की समस्याओं को सड़क से सदन तक उठाने के लिए संगठन हर मोर्चे पर संघर्ष करेगा।
सत्यम वर्मा बने सह संयोजक, स्वर्णकार समाज ने दी बधाई 
वही संगठन ने युवा नेता सत्यम वर्मा को नगर इकाई का सह संयोजक नियुक्त किया है।

गौरव सर्राफ की नियुक्ति पर स्वर्णकार समाज के तेज तर्रार अध्यक्ष विवेक कुमार वर्मा 'बंटी' ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि गौरव सर्राफ जैसे ईमानदार, कर्मठ और संघर्षशील युवा के हाथों में कमान आने से समाज और संगठन दोनों को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही नगर कार्यकारिणी का गठन कर बेल्थरा रोड में जनसंपर्क, सदस्यता अभियान और आंदोलनात्मक गतिविधियों को युद्धस्तर पर चलाया जाएगा।