शिशु भारती पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ, राष्ट्रसेवा और अनुशासन का लिया संकल्प
बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)। सरस्वती शिशु मंदिर, पिहानी में शनिवार को शिशु भारती के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतुल कपूर ने नवचयनित छात्र-छात्राओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाते हुए उन्हें अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी, अनुशासन तथा सेवा-भाव से निर्वहन करने का संकल्प दिलाया।
मुख्य अतिथि अतुल कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि नेतृत्व केवल अधिकार का नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व, त्याग और अनुकरणीय आचरण का विषय है। उन्होंने कहा कि शिशु भारती के पदाधिकारी विद्यालय परिवार के आदर्श प्रतिनिधि होते हैं। उन्हें अपने व्यवहार, अनुशासन, समयपालन, विनम्रता और सेवा-भाव से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रभक्ति, भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज का संस्कारित विद्यार्थी ही कल का योग्य नागरिक और सशक्त राष्ट्रनिर्माता बनेगा।
समारोह में अंशुमा देवी को अध्यक्ष, आराध्या सिंह को मंत्री, अभी कुमार को सेनापति, शगुन यादव को उपाध्यक्ष, आस्था को सह मंत्री, उज्ज्वल यादव एवं तान्या वाजपेयी को वंदना प्रमुख तथा अपर्णा पांडे एवं तेजस्विनी मिश्रा को रंगोली प्रमुख का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष दुर्गेश पांडे, सम्मानित सदस्य राजीव गुप्ता, अखिलेश वाजपेयी एवं सागर पांडे, विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य अवनीश कुमार सिंह, शिशु मंदिर की प्रधानाचार्या श्रीमती बिंदु सिंह, कार्यालय प्रमुख समीर बाजपेयी, शिशु भारती प्रमुख अक्षय , अखिलेश , पवन , सुमित , कौशल , शिशु वाटिका प्रमुख सुषमा शर्मा, कु. पुष्पांजलि, अमृता, साक्षी, नैना, निशा सहित विद्यालय का समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी वर्ग उपस्थित रहा।
कार्यक्रम के अंत में नवगठित शिशु भारती के पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन करते हुए अतिथियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा विश्वास व्यक्त किया कि वे विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं का पालन करते हुए अनुशासन, सेवा, संस्कार एवं नेतृत्व की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करेंगे।
Jul 18 2026, 16:11
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0.6k