भव्य श्रद्धा और उत्साह के साथ निकली भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की रथयात्रा
रितेश मिश्रा
हरदोई। महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की भव्य रथयात्रा गुरुवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ नगर में निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ सायं 4 बजे रामदत्ता चौराहा से हुआ। रथयात्रा में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के सुसज्जित रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
रथयात्रा रामदत्ता चौराहा से प्रारंभ होकर बड़ा चौराहा, सिनेमा चौराहा और गांधी तिराहा होते हुए रेलवेगंज स्थित हनुमान मंदिर चौराहा पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पुष्पवर्षा की तथा जय जगन्नाथ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
यात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बच्चों ने भाग लिया। जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत, जलपान एवं प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के भी समुचित प्रबंध रहे।

इस भव्य रथयात्रा का आयोजन महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी सेवा एवं ओमर वैश्य समाज, हरदोई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजकों ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।
बदल रही बेसिक शिक्षा की दशा और दिशा – रानू
उच्च प्राथमिक विद्यालय चिल्लौर के सौंदर्यीकरण के बाद हुआ लोकार्पण*

रितेश मिश्रा
सांडी (हरदोई)। बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में गुणवत्ता एवं आकर्षक शैक्षिक वातावरण विकसित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। विकास खंड सांडी के उच्च प्राथमिक विद्यालय चिल्लौर में कराए गए व्यापक सौंदर्यीकरण कार्य के उपरांत विद्यालय का लोकार्पण संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि   विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख सांडीअनिल राजपूत व खंड विकास अधिकारी सांडी अस्मिता सेन ने फीता काटकर व नारियल फोड़कर  सौन्दर्यीकृत विद्यालय के  लोकार्पण के साथ ही  आर  सी  सी सेंटर व खेल मैदान के शिलापट का अनावरण किया l एक पेड़ मां के नाम मुहिम के तहत मुख्य अतिथि श्री रानू व विशिष्ट श्री राजपूत द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया l
         साँस्कृतिक कार्यक्रम का  शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू व विशिष्ट अतिथि ब्लाक प्रमुख  अनिल राजपूत  ने  दीप प्रज्वलन व मां शारदा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया l सरस्वती वंदना उच्च प्राथमिक विद्यालय सांडी किला  व स्वागत गीत प्राथमिक विद्यालय  बमटापुर
खास के बच्चों द्वारा किया गया विद्यालय परिसर को आकर्षक रंग-रोगन, शैक्षिक दीवार लेखन, मनमोहक चित्रों, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कक्षाओं तथा बच्चों के अनुकूल वातावरण से सुसज्जित किया गया l
इस अवसर पर विधायक माधवेंद्र  प्रताप सिंह 'रानू' ने कहा कि "बेसिक शिक्षा की दशा और दिशा बदल रही है। आज सरकारी विद्यालय भी निजी विद्यालयों की तरह आधुनिक सुविधाओं और आकर्षक वातावरण से युक्त हो रहे हैं, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति रुचि बढ़ रही है।"
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय के सौंदर्यीकरण की सराहना करते हुए इसे शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में प्रेरणादायी पहल बताया। उन्होंने शिक्षकों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन अजीत शुक्ल ने किया l प्रधान प्रतिनिधि  संजय सिंह ने आभार व्यक्त किया l कार्यक्रम में  खंड शिक्षा अधिकारी सांडी डा. सुनील कुमार सिंह, विधायक प्रतिनिधि रजनीश त्रिपाठी, एडीओ पंचायत श्रीश कुमार, एपीओ मनरेगा सुरेंद्र कुमार, डीसी  निर्माण बृज भूषण  मिश्र, डीसी बालिका शिक्षा संतोष कुमार, एआरपी आदर्श अवस्थी, शेरपाल,राम बरन, दीपांशु सिंह, प्रधान विनोद सिंह, शिवनाथ वर्मा, संतोष यादव, श्रीपाल  वर्मा, बीडीसी सुनील, शिक्षक मो. सारिक , दुर्गेश तिवारी,अमन श्रीवास्तव,प्रशांत द्विवेदी,ज्ञानेंद्र सिंह, नीलम देवी,प्रांजुल तिवारी ,आलोक राजपूत ,सुधाकर ,पुष्पेंद्र शुक्लाशुभा वर्मा ,राखी श्रीवास्तव,अनुराग तिवारी,नवनीत कुमार आदि रहेl
मॉडल स्कूल, मिशन सात्विक के तहत संविलियन विद्यालय का हुआ कायाकल्प, नगर अध्यक्ष ने किया उद्घाटन*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* मिशन सात्विक के तहत नगर पंचायत कछौना पतसेनी पीएम श्री संविलियन विद्यालय कछौना का कायाकल्प कर नई तस्वीर रंग दी गई। जिसका शुभारंभ बृहस्पतिवार को नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ला ने फीता काटकर किया, जहां पर आधुनिक बुनियादी सुविधाएं, बेहतरीन परिवेश से कछौना विकासखंड का मॉडल विद्यालय के रूप में विकसित किया गया। कक्षाओं में स्मार्ट क्लासेस, प्रोजेक्टर पर पढ़ाई, स्वच्छ पेयजल, बेहतरीन शौचालय, दिव्यांगों के अलग-अलग शौचालय, विद्यालयों की दीवारें, छत, हवादार खिड़की, टाइल्स, विद्युतीकरण, किचन शेड, बेहतरीन रंगाई पुताई वॉल पेंटिंग, मुख्य द्वार, आधुनिक फर्नीचर आदि बुनियादी सुविधाओं के माध्यम से नई तस्वीर रंग दी है।जिससे विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित, आकर्षक एवं प्रेरणादायक शैक्षिक वातावरण उपलब्ध होगा, जहां छात्र की न्यू मजबूत होकर कल भविष्य का बेहतर नागरिक तैयार होगा। राष्ट्र के निर्माण में अपनी महती भूमिका निभाएगा। नगर अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला ने कहा हमारा उद्देश्य है सबको शिक्षा, उत्तम शिक्षा है। विद्यालय के उच्चीकरण करके बेहतर परिवेश मुहैया कराया जाएगा। पूरे कछौना विकासखंड के लिए मॉडल विद्यालय होगा। सब पढ़े सब बढ़े संकल्प को धरातल पर उतरना है। आधुनिकता को नई दिशा मिलेगी। आप होनहार बच्चे पूरे मनोयोग से पढ़ाई करें। भविष्य में नगर के विकास में नई भूमिका तय करें। शीघ्र ही नौनिहालों को वॉटर कूलर की व्यवस्था मुहैया कराई जाएगी। अधिशासी अधिकारी दिव्यांशी दीक्षित ने नौनिहालों का हौसला बढ़ाया, जहां चाह, वहां राह आपकी इच्छा शक्ति सभी रास्ते खोल देती है। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित की। इस अवसर पर चेयरपर्सन क्रांति वीर सिंह, प्रधानाचार्य वंदना सिंह, शिक्षकगण प्रवीण कुमार, सभासद प्रतिनिधि मुकेश सिंह उर्फ गोलू, मोहम्मद समीर, ज्ञानी राम मौर्य, फूल सिंह, बउआ, सभासद विनीत लाला सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के पदाधिकारी गण व अभिभावक इस क्षण के साक्षी बने।
उद्योग व्यापार संगठन ने विद्युत व्यवस्था को लेकर सांसद  को सौपा पत्र
बबलू प्रजापति
पिहानी में विद्युत व्यवस्था को लेकर त्राहि  त्राहि मची हुई है  भीषण गर्मी में बिजली व्यवस्था ठीक न होने के कारण कस्बे का हर व्यक्ति बहुत ही परेशान है लो वोल्टेज की समस्या दिन पर दिन बढ़ती जा रही है शासन से कई बार मांग भी की गई है कि ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए लेकिन शाशन द्वारा कोई सुनवाई नहीं हो रही है ऐसा कोई मोहल्ला गली नहीं है जिसमें हर 2 मिनट पर तार न जलते हो तारों से आतिशबाजी होती है फ्यूज की समस्याएं बराबर बढ़ती जा रही हैं लोड होने के कारण ट्रांसफार्मर के फ्यूज उड़ जाते हैं लोड के हिसाब से ट्रांसफार्मर लगवाए जाएं दिन और रात बराबर बिजली की समस्या बनी हुई है आज उद्योग व्यापार संगठन ने सांसद जय प्रकाश रावत से बिजली की समस्या को लेकर पत्र सौंपा है l लाइन मैन कर्मचारी कम होने के कारण हर जगह फाल्ट सही नहीं हो पाते हैं शासन से मांग की गई है लोड के हिसाब से ट्रांसफार्मर लगायें जाए तथा लाईनमैनो की बढ़ोतरी की जाए जिससे लाइट के लोकल फाल्ट से निजात मिल सके।
पिहानी में 3.57 करोड़ के कल्याण मंडपम का शिलान्यास
बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)।नगरवासियों को बहुप्रतीक्षित सौगात देते हुए सांसद जयप्रकाश रावत ने गुरुवार को वैदिक मंत्रोच्चार और भूमि पूजन के साथ 3.57 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले कल्याण मंडपम (बरात घर) का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार नगरों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। कल्याण मंडपम बनने से सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई, तहसीलदार संध्या यादव, अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शाहीन बेगम, पूर्व भाजपा नगर अध्यक्ष आदर्श सिंह, भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव गुप्ता, नगर महामंत्री नीरज सिंह, भाजपा कार्यकर्ता व सभासद पियूष शुक्ला  सैफ खान सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
करीब दो हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में बनने वाले इस कल्याण मंडपम का निर्माण 3.57 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद नगरवासियों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक भवन की सुविधा उपलब्ध होगी।
विवाहिता ने पति सहित पांच पर लिखाई दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गिलजई निवासी एक विवाहिता ने फतेहगढ़ के रहने वाले अपने पति सहित पांच ससुराली जनों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है पुलिस ने केस दर्ज कर जान पड़ताल प्रारंभ कर दी है। सुषमा देवी पुत्री अशोक कुमार के अनुसार उसका विवाह बीवीगंज, मऊ दरवाजा फतेहगढ़ निवासी राजन शर्मा पुत्र लालाराम शर्मा के साथ संपन्न हुआ था। विवाह के बाद से उसका पति राजन शर्मा तथा ससुराल वाले दहेज में अपाचे बाइक और दो लाख रूपये की नगदी की लगातार मांग कर रहे हैं। और साथ में बच्चे न होने का उलाहना देकर जान से मारने की धमकियां भी देते रहते हैं। 13 जुलाई को सुबह 7:00 उसे गंदी-गंदी गालियां दी गई और देवर सुधीर कुमार ने उसके ऊपर चाकू चला दिया जो उसके हाथ में लगा। उसके भाई अखिलेश और मां शांति देवी ने ससुराल पहुंच कर ससुराल वालों को समझने का बहुत प्रयास किया परंतु वह नहीं माने और पहने हुए कपड़ों में उसे घर से निकाल दिया। सुषमा की तहरीर पर कोतवाली में राजन शर्मा, लालाराम, दुर्गा देवी, सुशील एवं सुधीर के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया पीड़ित विवाहिता की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत करके जांच पड़ताल की जा रही है।
शाहाबाद नगर पालिका का 'अनोखा' कारनामा बिना ड्यूटी किए वेतन पा रहे
रितेश मिश्रा
हरदोई (शाहाबाद)। अपने कारनामों को लेकर हमेशा चर्चा में रहने वाली शाहाबाद नगर पालिका परिषद का एक और नायाब और बेहद गंभीर कारनामा प्रकाश में आया है। नगर पालिका में फैले भ्रष्टाचार और प्रशासनिक शिथिलता का आलम यह है कि एक तरफ शहर गंदगी की मार झेल रहा है, तो दूसरी तरफ रसूखदारों को बिना काम किए ही सरकारी खजाने से वेतन बांटा जा रहा है।
*बिना ड्यूटी के बंट रहा है वेतन, सत्ता और विपक्ष दोनों को मलाई!*
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शाहाबाद नगर पालिका परिषद में सरकारी धन का खुलेआम बंदरबांट हो रहा है। बताया जा रहा है कि राजनैतिक पार्टी के कई पदाधिकारी बिना कोई ड्यूटी किए हर महीने नगर पालिका से नियमित वेतन उठा रहे हैं।
गठबंधन और मलाई के इस खेल में विपक्षी दल भी पीछे नहीं है। आरोप है कि समाजवादी पार्टी के नगर स्तर के बीएलओ (BLO) और उनके खास-उल-खास लोग भी बिना किसी काम के मुफ्त का वेतन पा रहे हैं। इतना ही नहीं, जनता के वोट से चुनकर आए कुछ माननीय भी इस 'मुफ्त' मे इस योजना का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। सरकारी पैसे की इस खुली लूट को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।बजबजा रही नालियां,मच्छरों की फौज से त्रस्त जनता
एक तरफ जहां चहेतों पर पैसों की बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ शाहाबाद की आम जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। नगर पालिका क्षेत्र में चारों ओर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और नालियां बजबजा रही हैं। गंदे पानी और कचरे के कारण भारी मात्रा में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियों का खतरा तेजी से मंडरा रहा है। नालियों की सफाई और कीटनाशक छिड़काव के मोर्चे पर नगर पालिका पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है।
जिम्मेदारों का गैर-जिम्मेदाराना रवैया
जब इस बदहाली और भ्रष्टाचार के संबंध में नगर पालिका के प्रभारी सफाई इंस्पेक्टर इकबाल खां से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन पर सीधा जवाब देने से पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने बेहद गैर-जिम्मेदाराना लहजे में कहा, "नगर पालिका कार्यालय आकर जानकारी कर लीजिएगा।"
अधिकारियों का यह रवैया दर्शाता है कि उन्हें न तो जनता की परेशानियों की परवाह है और न ही प्रशासन का कोई डर। अब देखना यह है कि इस गंभीर मामले पर जिला प्रशासन और उच्च अधिकारी क्या संज्ञान लेते हैं और सरकारी धन की इस लूट पर कब तक लगाम लगती है।।
हरदोई मेडिकल कॉलेज में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की बड़ी उपलब्धि, अब होंगी कई जटिल जांचें
रितेश मिश्रा
हरदोई। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) हरदोई के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में कई अत्याधुनिक एवं जटिल जांच सुविधाओं का शुभारंभ किया गया है। अब विभाग में फंगल कल्चर, स्प्यूटम (बलगम), ब्लड कल्चर, पस कल्चर, यूरिन कल्चर, स्टूल कल्चर, हेपेटाइटिस-बी एवं हेपेटाइटिस-सी वायरल लोड तथा स्टूल पैरासाइटोलॉजी जैसी महत्वपूर्ण जांचें नियमित रूप से उपलब्ध होंगी।

इन जांच सुविधाओं के शुरू होने से हरदोई ही नहीं, आसपास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर और समयबद्ध जांच का लाभ मिलेगा। गंभीर संक्रमण, प्रतिरक्षा क्षमता कम होने वाले मरीजों तथा लंबे समय से संक्रमण से जूझ रहे रोगियों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। वायरल लोड जांच से संक्रमण की गंभीरता का आकलन, उपचार की प्रभावशीलता की निगरानी और रोग प्रबंधन में चिकित्सकों को सहायता मिलेगी।

माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. अदिति गर्ग ने बताया कि विभाग का उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को विश्वसनीय, सुलभ और उच्च गुणवत्ता वाली जांच सेवाएं उपलब्ध कराना है। विभाग लगातार आधुनिक तकनीकों और प्रशिक्षित लैब तकनीशियनों के माध्यम से अपनी सेवाओं का विस्तार कर रहा है।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जे.बी. गोगोई ने कहा कि प्रयास है कि हरदोई और आसपास के नागरिकों को महानगरों जैसी उच्च स्तरीय जांच एवं स्वास्थ्य सुविधाएं अपने जिले में ही उपलब्ध हों। यह पहल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
पास्को एक्ट का आरोपी गिरफ्तार, किशोरी बरामद
रितेश मिश्रा
हरदोई।कोतवाली देहात पुलिस ने थाना क्षेत्र से बहला फुसला कर ले जाई गई किशोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया है पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
     प्राप्त विवरण मे 10जुलाई को वादी द्वारा थाना को० देहात पर तहरीर दी गयी कि कोई अज्ञात व्यक्ति वादी की पुत्री को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया है। काफी खोजबीन की गयी पर कोई भी जानकारी नही हो पायी। इस संबंध में वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना को देहात पर अज्ञात के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
      पुलिस ने जाँच मे प्रकाश में आए रामरूप पुत्र शत्रोधन निवासी ग्राम कोटवा पूरे कामगार थाना पटरंगा जनपद बाराबंकी को गिरफ्तार किया गया है।
बेटी के लापता होने से टूटा पिता, कोतवाली पहुंचकर लगाई बरामदगी की गुहार।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई) | जनपद हरदोई के संडीला थाना क्षेत्र के तिलोइया गांव निवासी एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के लापता होने के मामले में कोतवाली बेनीगंज पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह परिवार सहित चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। 10 जुलाई 2026 की शाम करीब 4 बजे उसकी 18 वर्षीय पुत्री बाजार में सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

पिता का आरोप है कि खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर निवासी ललित पुत्र स्वर्गीय राजाराम रैदास कथित रूप से उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बेटी के पास मजदूरी से जोड़े गए करीब 20 हजार रुपये भी थे, जो अब गायब हैं। पीड़ित ने पुलिस से बेटी की सकुशल बरामदगी, निष्पक्ष जांच और आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। बेनीगंज पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।