बेटी के लापता होने से टूटा पिता, कोतवाली पहुंचकर लगाई बरामदगी की गुहार।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई) | जनपद हरदोई के संडीला थाना क्षेत्र के तिलोइया गांव निवासी एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय पुत्री के लापता होने के मामले में कोतवाली बेनीगंज पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि उसकी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। पीड़ित पिता ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह परिवार सहित चंडीगढ़ में मजदूरी करता है। 10 जुलाई 2026 की शाम करीब 4 बजे उसकी 18 वर्षीय पुत्री बाजार में सामान खरीदने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

पिता का आरोप है कि खोजबीन के दौरान जानकारी मिली कि बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के पाठकपुर निवासी ललित पुत्र स्वर्गीय राजाराम रैदास कथित रूप से उसकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बेटी के पास मजदूरी से जोड़े गए करीब 20 हजार रुपये भी थे, जो अब गायब हैं। पीड़ित ने पुलिस से बेटी की सकुशल बरामदगी, निष्पक्ष जांच और आरोपित के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। बेनीगंज पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू करने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रभारी निरीक्षक ने पत्रकारों के साथ की बैठक, निष्पक्ष एवं तथ्यपरक खबरों पर दिया जोर
बबलू प्रजापति
(हरदोई)। पिहानी कोतवाली के नवांकित प्रभारी निरीक्षक श्याम नारायण सिंह ने मंगलवार को स्थानीय पत्रकारों के साथ परिचयात्मक बैठक कर कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मीडिया के सहयोग की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि पुलिस और पत्रकार समाज के दो ऐसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जिनके आपसी समन्वय से जनहित के कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकते हैं।
बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपराधिक, संवेदनशील अथवा पुलिस से जुड़े समाचार के प्रकाशन से पहले उसका तथ्यात्मक सत्यापन पिहानी पुलिस से अवश्य कर लें, ताकि आमजन तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचे तथा भ्रामक सूचनाओं से बचा जा सके।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार राजन शुक्ला से उन्होंने विशेष सहयोग की अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का सशक्त माध्यम है। पुलिस और मीडिया के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय से क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
बैठक में पत्रकारों ने भी निष्पक्ष एवं सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को तथ्यात्मक रूप से प्रमुखता के साथ उठाया जाएगा तथा पुलिस और समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में मीडिया अपनी रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता मे हुयी स्कूल चलों अभियान की बैठक
रितेश मिश्रा
हरदोई मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानन्द सभागार में शौक्षिक सत्र 2026-27 हेतु स्कूल चलों अभियान की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुयी। बैठक के दौरान उन्होंने निर्देश दिये कि स्कूल चलों अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों मे लक्ष्य के अनुरूप नामांकन कराये जाये। ड्राप आउट एवं आउट ऑफ स्कूल बच्चों का प्राथमिकता के आधार पर शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने कहा कि सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों मे भ्रमण कर शत प्रतिशत नामांकन कराना सुनिश्चित करें। अभिभावकों को प्रेरित किया जाये, कि  वह अपने बच्चों को प्रतिदिन निर्धारित यूनिफार्म मे विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि सभी विद्यालयों मे गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य कराया जाये।
बैठक के दौरान प्राचार्य डायट रामेन्द्र सिंह, प्रभारी बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभाष कुवंर सिंह सहित सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
जनसुनवाई मे जिलाधिकारी ने सुनी 65 शिकायत
रितेश मिश्रा
हरदोई आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 65 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्व और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे अतिरिक्त मजिस्टेट अरूणिमा श्रीवास्तव व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे
स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप, चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज सिंह के खिलाफ शासन ने बैठाई जांच

रितेश मिश्रा
हरदोई।* चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मनोज सिंह के खिलाफ लगातार शिकायतों को शासन ने संज्ञा लेकर उनके खिलाफ अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य से जांच करने का निर्देश दिया। वर्तमान समय में स्वास्थ्य विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार फल फूल रहा है। स्वास्थ्य कर्मियों के मनमाने तरीके से अस्पतालों में आना-जाना, दवाओं की सीमित उपलब्धता, बाहर की दवाई लिखी जाना, मानकों को ताक पर रखकर पैथोलॉजी व अल्ट्रासाउंड संचालित होना, स्वास्थ्य केंद्र पर एक्स-रे मशीन न चलना, अल्ट्रासाउंड मशीन भी सुचारू रूप से न चलना, मेडिकल के नाम पर जमकर वसूली, स्वास्थ्य कर्मी ड्यूटी न करने वालों से माहवार वसूली, इमरजेंसी वहां 108, 102 से फर्जी कॉल कराना आदि सिस्टम का हिस्सा बन गया है। जिसके चलते आमआदमी झोलाछाप डॉक्टरों, क्लिनिक, हॉस्पिटलों अवैध प्राइवेट अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर है। झोलाछाप में डॉक्टर व अवैध क्लिनिक, अवैध निजी हॉस्पिटलों पर प्रभावी कार्यवाही न होने से के कारण आए दिन मरीज गलत इलाज के कारण मौत के घाट उतार रहे हैं। यह ला-इलाज बीमारी अनवरत रूप से चल रही है। डॉक्टर मनोज सिंह चिकित्सा अधिकारी के खिलाफ मानकों को ताक पर रखकर नोडल अधिकारी बनाया गया था। प्राइवेट अस्पतालों पर प्रभावी कार्यवाही न करने का आरोप है। उक्त बिंदुओं को लेकर शासन स्तर से जांच बैठाई गई है।
पास्को एक्ट के आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को किया गया बरामद
रितेश मिश्रा
हरदोई।कोतवाली देहात पुलिस ने थाना क्षेत्र से लापता हुई किशोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद कर लिया है।किशोरी के मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।प्राप्त विवरण मे पीड़ित के अनुसार 2 मई की सुबह समय करीब 11.00 बजे उसकी 13 वर्षीय पुत्री पिहानी चुंगी अपनी माता जी के साथ कपडे लेने के लिए गयी थी। जो वहां से किसी अज्ञात लडके के साथ कही चली गयी। उसके द्वारा काफी खोजबीन की गयी पर कोई भी जानकारी नही हो पायी।वादी से प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू की थी।पुलिस द्वारा14 जुलाई को उपरोक्त अभियोग से संबंधित प्रकाश में आये पीयूष पुत्र मुरारी निवासी मौ० महोलिया शिवपार थाना को० देहात को गिरफ्तार किया गया है।
राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई के अतिथि विषय विशेषज्ञ डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह का दो वर्ष का सेवा विस्तार, विद्यालय में हुआ स्वागत
रितेश मिश्रा

हरदोई :राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई में वर्ष 1993 से स्वास्थ्य कार्मिक एवं मेडिकल लैब तकनीक ट्रेड के अतिथि विषय विशेषज्ञ के रूप में सेवाएं दे रहे डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह के कार्यकाल में विभागीय समिति द्वारा दो वर्ष का सेवा विस्तार प्रदान किया गया है। छात्र हित, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं लंबे शिक्षण अनुभव को देखते हुए समिति ने यह निर्णय लिया।
सेवा विस्तार के उपरांत  आज डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने पुनः विद्यालय में अपना योगदान देना प्रारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय में प्रधानाचार्य  श्याम नारायण यादव के नेतृत्व में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य ने डॉ. सिंह को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका अनुभव और समर्पण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी है तथा उनके मार्गदर्शन से स्वास्थ्य कार्मिक एवं मेडिकल लैब तकनीक ट्रेड के छात्र निरंतर लाभान्वित होंगे।
अपने संबोधन में डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह ने विभागीय समिति एवं प्रधानाचार्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो विश्वास और जिम्मेदारी पुनः सौंपी गई है, उसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने छात्रों को गुणवत्तापूर्ण, व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करने का संकल्प भी दोहराया।
समारोह में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य सुधाकर बाजपेयी, डॉ. शशिवेंद्र सिंह, महेंद्र पाल, राजीव कुमार मिश्रा, रमेश वर्मा, अजय शुक्ला, शमीम अंसारी, मधुप मिश्रा, सुनीता, स्वाति सिंह चंदेल, सताक्षी मिश्रा, ममता राणा, अंजली सिंह, राजीव शुक्ला, रवि दीक्षित, नेमीचंद, माधव मिश्रा सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. सिंह को सेवा विस्तार की बधाई देते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह का सेवा विस्तार न केवल उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य का सम्मान है, बल्कि यह राजकीय इंटर कॉलेज, हरदोई की गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावसायिक शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का भी परिचायक है।
किशोर से कुकर्म करने वाले आरोपी को दस वर्ष कठिन कारावास और बीस हजार जुर्माने की सजा

रितेश मिश्रा
हरदोई।शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले निवासी किशोर के साथ कुकर्म किए जाने की घटना के मामले में सोमवार को 9 साल के बाद आरोपी को पास्को एक्ट के विशेष न्यायाधीश द्वारा 10 वर्ष कठिन कारावास और ₹20000 जुर्माने की सजा सुनाई गई है।
    पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा चलाये जा रहे "ऑपरेशन कन्विक्शन' अभियान के दृष्टिगत पुलिस द्वारा गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा अभियोजन द्वारा प्रभावी पैरवी के क्रम में तथा थाना शाहाबाद पर नौ वर्ष पूर्व पंजीकृत अभियोग मे दोष सिद्ध पाए जाने पर विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट द्वारा 13 जुलाई को महेश पुत्र शिवचरण निवासी मौ० खलील कस्बा व थाना शाहाबाद को 10 वर्ष कठिन कारावास व 20000/- रुपये के अर्थदण्ड से दण्डित किया गया है।
अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी करने वाले अभियोजन अधिकारी मनीष कुमार श्रीवास्तव विवेचक उ०नि० हरजीत सिंह व थाना शाहाबाद से पैरोकार का परश्राम का सराहनीय योगदान रहा।
चोरी की अलग अलग घटनाओं मे अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
रितेश मिश्रा
हरदोई।मझिला थाना क्षेत्र मे बीते दिनों हुई चोरी की अलग अलग घटनाओं के मामले मे पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू की है।थाना क्षेत्र के ग्राम सर्जन निवासी सर्वेश कुमार पुत्र मैकू के अनुसार 26 जून 2025 की रात करीब 11:00 बजे उनके खेत में लगी मोटर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली गई।
          थाना क्षेत्र के ग्राम रवि निवासी कमल किशोर सिंह पुत्र नाथू सिंह के अनुसार 13 जनवरी 13 जनवरी की रात अज्ञात चोरों द्वारा उनके खेत में लगा अडानी कंपनी का 335 वाट सोलर पैनल चोरी कर लिया गया।
           थाना क्षेत्र के ग्राम लोना निवासी मंजिल सिंह पुत्र राम सिंह के अनुसार 2 जनवरी की रात खेत में खड़ा पंपिंग सेट अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिया गया काफी खोजबीन के बाद भी पंपिंग सेट का पता नहीं चला।
         थाना क्षेत्र में हुई अलग-अलग चोरी की घटनाओं के मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे हुई जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक

रितेश मिश्रा
हरदोई. आज स्वामी विवेकानंद सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों से संबंधित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। अपर जिलाधिकारी ने सभी थानों में एक रजिस्टर बनाने के निर्देश दिए जिसमें देश की सेवा करने वाले पूर्व सैनिकों शिकायत दर्ज करें एवं उनके परिवारों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, जिला सैनिक कल्याण कार्यालय तथा अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में भूमि संबंधी प्रकरण, पेंशन, पारिवारिक लाभ, रोजगार, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए अनुपालन आख्या प्रस्तुत की तथा पूर्व सैनिकों के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं की जानकारी दी। बैठक में उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों ने अपनी समस्याओं एवं सुझावों से अवगत कराया, जिन पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों के सम्मान एवं उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, सी0ओ0 सिटी अजीत सिंह, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, ईओ हरदोई व संबंधित विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।