जल सत्याग्रह के लिए किसान यूनियन ने दिया ज्ञापन
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। भारतीय किसान यूनियन राजू गुप्ता संगठन के जिला अध्यक्ष इम्तियाज अली द्वारा समस्याओं के समाधान न होने से आजिज आकर चठिया पुल पर जल सत्याग्रह करने का निर्णय लिया गया है। आगामी 16 जुलाई को पूर्वान्ह 11:00 बजे जल सत्याग्रह किया जाएगा। इस संबंध में शनिवार को दोपहर 1:30 बजे नायब तहसीलदार संतोष कुशवाहा को जिला अध्यक्ष ने ज्ञापन दिया। जिला अध्यक्ष का कहना है कि लगातार समस्याओं के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया जा रहा है लेकिन समस्याएं ज्यों की त्यों बनी हुई है। इसलिए मजबूर होकर जल सत्याग्रह करना पड़ रहा है।
पठकाना प्रीमियर लीग का मंत्री पुत्र ने किया शुभारंभ

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। पठकाना रामलीला के मैदान में शुक्रवार को रात्रि प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी के सुपुत्र आदि उपेंद्र तिवारी ने पठकाना प्रीमियर लीग 2.0 क्रिकेट मैच का फीता काटकर और पहला शॉट मार कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात राष्ट्रीय गान संपन्न हुआ। आदि उपेंद्र तिवारी ने क्रिकेट खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आदि उपेंद्र तिवारी ने कहा क्रिकेट एक अंतरराष्ट्रीय खेल बन चुका है। अधिकतर युवाओं का इस खेल की झुकाव होता जा रहा है। उन्होंने कहा खेल को खेल की भावना से खेलना चाहिए इसमें एक टीम जीतती है तो दूसरी हारती है । जीतने वाला अगर खुश होता है तो हारने वाले को अफसोस नहीं करना चाहिए बल्कि अगली बार और मजबूती के साथ मैदान में उतरने का संकल्प लेना चाहिए। मेरा मानना है कि निश्चित ही टीम को सफलता मिलेगी। इस मौके पर भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष अनिल पांडे पिंटू ने भी सभी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उज्जवल भविष्य की कामना की। आयोजक नीतीश कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया।
महिला परिधान सिलाई प्रशिक्षण के लिये करें आवेदन
रितेश मिश्रा
हरदोई निदेशक बैंक ऑफ इंडिया ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान(आरसेटी)विक्रांत ओझा जी ने बताया है,कि जनपद के 18 वर्ष से 45 वर्ष तक की बेरोजगार युवतियों के स्वरोजगार स्थापना हेतु महिला परिधान सिलाई प्रशिक्षण का 31 दिवसीय नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम 22 जुलाई 2026 से प्रारंभ हो रहा है। प्रशिक्षण के अंतर्गत बेसिक सिलाई प्रशिक्षण के साथ मार्डन ड्रेसस, फैन्शी सूट,स्कूल ड्रेस,बेसिक मशीन रेपियरिंग का भी प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।प्रशिक्षण के दौरान आवास तथा भोजन की सुविधा पूर्णतया नि:शुल्क उपलब्ध है। प्रशिक्षण के साथ प्रशिक्षार्थियों को मार्केट सर्वे, बिजनेस प्लान,उद्यमिता विकास, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तथा बैकिंग की जानकारी भी प्रदान की जाती है, और साथ ही सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी .योजना के अंतर्गत 5 लाख तक के ब्याज रहित ऋण प्रदान करवाने में भी संस्थान सहायता प्रदान करती है। इच्छुक अभ्यर्थी  7379969627 फोन नम्बरों पर संपर्क कर रजिस्ट्रेशन सम्बन्धी जानकारी प्राप्त कर सकते है।शीघ्रता करें,सीटें सीमित।
बिजलेंस की आमद से सहमें बिजली उपभोक्ता
                                   

रितेश मिश्रा
शाहाबाद (हरदोई ) शुक्रबार को अलल भोर नगर मे बिजलेंस की छापामारी देखकर बिजली उफभोक्ता सहम गए बताया गया है कि नगर के मोहल्ला पठकाना और मोहल्ला गढी  में बिजलेंस जेई सरफराज के साथ पहुंची बिजलेंस टीम को देख नगर बासी सहम गए इस सम्बन्ध मे एसडीओ शशांक मौर्या ने बताया कि बिजली चोरी करने बालो के बिरूद्ध बिजलेंस टीम का चेकिंग अभियान जारी रहेगा
जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश लेने के लिये 31 जुलाई तक करे पंजीकरण
रितेश मिश्रा
हरदोई जवाहर नवोदय विद्यालय, इटारा, पिहानी निर्भय कुमार ने बताया है, कि जवाहर नवोदय विद्यालय हरदोई में कक्षा 06 में प्रवेश हेतु ऑनलाइन पंजीकरण फॉर्म हमारी वेबसाइट navodaya.gov.in  पर दिये गये लिंक पर उपलब्ध हैं। सत्र 2027-28 में कक्षा 05 में अध्ययनरत ऐंसे छात्र जो मूलतः जनपद हरदोई के निवासी है और जिन्होंने कक्षा 03, 04 बिना किसी अन्तराल के उत्तीर्ण की है। वे सभी पंजीकरण फॉर्म भर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। अतः समस्त अर्ह छात्र/छात्राओं को सूचित किया जाता है कि वे किसी भी जनसेवा केन्द्र/साइबर कैफे स्वयं के मोबाइल व डेस्कटॉप का प्रयोग कर अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
-
फाइनेंस कंपनी कर्मचारियों पर न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।मझिला थाना क्षेत्र निवासी जेसीबी स्वामी ने फाइनेंस कम्पनी के कर्मचारियों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू की है।
       पीड़ित मुजहा पारा निवासी अली अहमद पुत्र बंधा के अनुसार उसने एक जेसीबी मशीन इकतिस लाख एक हज़ार रूपए मे खरीदी थी जिसमे पांच लाख एक हजार रूपए उसने नगद जमा कर शेष पचीस लाख नौ हजार दो सौ पचास रूपये हिंदुजा लियलैंड फाइनेंस कंपनी नरही हजरतगंज लखनऊ से फाइनेंस करवाया था जिसकी उनसठ हजार आठ सौ ग्यारह रूपए मासिक किश्त बँधी थी उसके द्वारा हर माह किश्त जमा की जा रही थी वह कुल पांच लाख अड़तीस हजार दो सौ निन्यानवे रूपये अदा कर चुका है फाइनेंस कंपनी के आर आई ने फरेब कर वह पैसा कम्पनी मे जमा नहीं किया।5 मार्च 25 को वह जेसीबी से कोतवाली शाहाबाद के ग्राम फिरोजापुर नरहाई कार्य पर जा रहा था फाइनेंस कम्पनी के दुर्गा साहनी,पंकज पटेल, अनुज श्रीवास्तव, सुधम पांडे,सुल्तान और अन्य पांच लोग जबरदस्ती उसकी जेसीबी छीनकर चले गए।उसने घटना की सूचना थाने मे दी। एक याचिका हाई कोर्ट मे दाखिल की हाई कोर्ट ने उसके हक मे फैसला सुनाया। उसके बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्यवाही नहीं की गई।
     न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध नामजद रिपोर्ट दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
खंडहर बनी राशन दुकान में जान जोखिम में डाल राशन लेने को मजबूर कार्डधारक

रितेश मिश्रा
हरदोई। बिलग्राम तहसील क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदर्श नगर पंचायत कुरसठ बुजुर्ग में स्थित सरकारी राशन की दुकान इन दिनों खुद बदहाली के आंसू रो रही है। यह सरकारी दुकान पूरी तरह से खंडहर और माल गोदाम में तब्दील हो चुकी है। इमारत की हालत इतनी जर्जर है कि यह कभी भी जमींदोज हो सकती है, जिससे यहाँ हर वक्त एक बड़े हादसे का खतरा मंडराता रहता है।बताया गया है कि इस राशन की दुकान से आसपास के  एक दर्जन गाँवों और स्थानीय नगर के सैकड़ों लोग हर महीने राशन लेने आते हैं। वर्तमान में भीषण बारिश के इस मौसम में भी राशन दुकान में तैनात कर्मचारी इसी जर्जर और खतरनाक खंडहर इमारत के नीचे बैठकर खाद्यान्न वितरण करने को मजबूर हैं। वहीं, अपने हिस्से का अनाज लेने आने वाले गरीब कार्डधारक भी अपने और अपने परिवार की जान जोखिम में डालकर यहाँ लाइन लगाने को विवश हैं। लोगो का कहना है कि  कई बार संबंधित जिम्मेदार उच्च अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। लेकिन हर बार सिर्फ खोखले आश्वासन के अलावा और कुछ हासिल नहीं हुआ। प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।"*कार्डधारकों ने लगाई जिलाधिकारी से गुहार*जर्जर इमारत से नाराज और डरे हुए स्थानीय कार्डधारक संतोष, रामदेवी, सदापियारी, आशुतोष, नगमा, शैलेन्द्र, कौशल सहित सैकड़ों कार्डधारकों ने रोष व्यक्त किया है। उपभोक्ताओं ने जिलाधिकारी  हरदोई और रसद विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। कार्डधारकों का कहना है कि किसी अनहोनी से पहले इस खंडहर हो चुकी राशन की दुकान के नए भवन का निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए, ताकि लोग बिना किसी डर के अपना राशन ले सकें।।
अहिरोरी ब्लॉक में जांच आख्या न मिलने पर भड़का भारतीय किसान यूनियन अवध राजू गुप्ता संगठन, घेराव की चेतावनी
रितेश मिश्रा
हरदोई। अहिरोरी ब्लॉक की ग्राम पंचायत महीनकुंड से जुड़ी शिकायत की जांच रिपोर्ट शिकायतकर्ता को उपलब्ध न कराए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। भारतीय किसान यूनियन अवध राजू गुप्ता संगठन ने आरोप लगाया है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्यों को लेकर की गई शिकायत की जांच तो हुई, लेकिन उसकी आख्या अब तक उपलब्ध नहीं कराई गई, जिससे ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।संगठन के अनुसार, ग्राम पंचायत महीनकुंड से संबंधित शिकायत पत्र पर खंड विकास अधिकारी काजल द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान यह पाया गया कि शिकायत के बिंदु संख्या 3 और 4 में पूरे गांव में टूटी लगाए जाने और पानी की सप्लाई चालू होने संबंधी जो स्थिति दर्शाई गई थी, वह सही नहीं थी। किसान संगठन का आरोप है कि एडीओ पंचायत मेवाराम ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए गलत आख्या रिपोर्ट प्रस्तुत की।संगठन का कहना है कि जांच के बाद ब्लॉक अहिरोरी की ओर से शिकायतकर्ता को रिपोर्ट की प्रति उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाना चाहिए था, क्योंकि यह उसका संवैधानिक और वैधानिक अधिकार है। आरोप है कि इसके बावजूद ब्लॉक स्तर पर हीलाहवाली की जा रही है और संबंधित अधिकारी को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।भारतीय किसान यूनियन अवध राजू गुप्ता संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 10 जुलाई 2026 तक जांच आख्या अथवा उसकी प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई तो इसे ब्लॉक अहिरोरी की मनमानी माना जाएगा। संगठन ने कहा है कि इसके बाद उच्च अधिकारियों से वार्ता कर ब्लॉक अहिरोरी का घेराव किया जाएगा। संगठन ने साफ किया कि सरकारी कर्मचारियों द्वारा पद के दुरुपयोग और मनमानी को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
न्यायालय के आदेश पर सात आरोपियों के विरुद्ध दर्ज हुई रिपोर्ट
रितेश मिश्रा
हरदोई शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुलेमानी में दबंगई का प्रदर्शन करते हुए दबंगों ने एक घर में घुसकर फायरिंग की और लोगों को जान माल की धमकी देकर भाग गए। पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई । अदालत के आदेश पर पंद्रह माह बाद दबंगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी गई है। शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सुलेमानी निवासी खालिद पुत्र साबिर अली के अनुसार 8 अप्रैल 2025 को रात्रि लगभग 8:00 बजे मुस्फिक पुत्र साजिद अली, आरिफ, यामीन उर्फ सनी, फरीन, जहीन, अफसार मौलाना, सरताज आदि नाजायज पिस्तौल और तमंचे लेकर उसके घर में घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। उपरोक्त लोगों ने ईट पत्थर भी चलाए। सभी को घर छोड़कर जान माल की धमकी । बकौल पीड़ित जब वह कोतवाली रिपोर्ट दर्ज कराने गया तो उसकी रिपोर्ट अंकित नहीं की गई। तब उसने मजबूर होकर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत करने का आदेश दिया गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया अदालत के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल की जा रही है।
भटकी महिला को ग्रामीणों ने दी शरण, पुलिस को सौंपकर घर पहुंचाने की पहल
रितेश मिश्रा
हरदोई  संडीला तहसील क्षेत्र में मानवता की मिसाल देखने को मिली, जहां बिहार के कटिहार जनपद की एक महिला भटकते हुए कछौना थाना क्षेत्र के गांव इनायतपुर पहुंच गई। महिला ने अपना नाम कालिया देवी बताया। उसने ग्रामीणों को बताया कि वह गांव शांति टोला छोटकी फासिया, पोस्ट तिनगचिया, तहसील बावलिया, थाना बावलिया, जिला कटिहार (बिहार) की रहने वाली है।

बताया गया कि कालिया देवी पिछले दो-तीन दिनों से इनायतपुर गांव में एक परिवार के यहां रुकी हुई थी। शाम के समय गांव पहुंची महिला ने अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए उसे अपने घर पर ठहराया। इस दौरान महिला को भोजन-पानी भी उपलब्ध कराया गया और उसकी देखभाल की गई।

ग्रामीणों ने महिला की स्थिति को देखते हुए उसे सुरक्षित उसके घर पहुंचाने की कोशिश शुरू की। इसके बाद बुधवार को मामले की सूचना कछौना थाना पुलिस को दी गई, ताकि महिला को सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके। सूचना मिलने पर पुलिस ने महिला को अपने संरक्षण में लिया और उसके घर-परिवार से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

ग्रामीणों का कहना है कि महिला काफी परेशान हालत में गांव पहुंची थी, इसलिए पहले उसकी मदद करना जरूरी समझा गया। फिलहाल कछौना पुलिस महिला को सुरक्षित उसके घर पहुंचाने के प्रयास में जुटी हुई है।