जनता की समस्याओं का समाधान और नगर का विकास ही प्राथमिकता- बब्बू
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि आसिफ खां बब्बू गुरुवार को वार्डों का पैदल भ्रमण कर जनमानस की समस्यायों से रूबरू हुए उन्होंने इस दौरान वार्डों की सफाई व्यवस्था, मार्गो की स्थिति का जायजा लिया।
      गुरुवार को नगर के मोहल्ला अल्लाहपूर सैदीखेल, अल्लाहपूर इब्नेजई जंगलिया आदी मोहल्लो में स्वच्छ भारत मिशन के तहत चल रही नगर की सफाई व्यवस्था को लेकर श्री खां ने कहा उनके द्वारा सभी वार्डो की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया जा रहा है और सफाई नायको को सफाई व्यवस्था को लेकर लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई है। सफाई कार्य मे लापरवाही करने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया गया है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि नगर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें निर्धारित स्थान पर कूड़ा डाला जाए। नगर मे पैदल भ्रमण के दौरान उन्होंने जनमानस की समस्याओं को सुना और समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर सपा नेता चाँद मियां, निसार अहमद, सभासद मुईद खां सहित वार्ड वासी उपस्थित रहे।
विकास की मिली नई सौगात, बालामऊ विधायक ने किया करोड़ों योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण।
पीयूष तिवारी
बेनीगंज(हरदोई)। विधानसभा बालामऊ क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करते हुए क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा एवं मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र के सांसद अशोक रावत के संयुक्त प्रयासों से करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक रामपाल वर्मा द्वारा बालामऊ विधानसभा क्षेत्र में 495.66 लाख रुपये की लागत से 08 त्वरित विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। वहीं मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत सांसद द्वारा 78.11 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त क्षेत्र पंचायत के माध्यम से लगभग 1 करोड़ 52 लाख रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण भी संपन्न हुआ।
इन परियोजनाओं के माध्यम से वर्षों से जर्जर एवं जमींदोज पड़े अनेक खड़ंजा मार्गों को आधुनिक इंटरलॉकिंग सड़कों का स्वरूप मिलेगा, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। वहीं कई ऐसे कच्चे मार्ग, जो लंबे समय से ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे, उन्हें अब नए खड़ंजा मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की पुरानी समस्या को ध्यान में रखते हुए उन गांवों में पक्की नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा, जहां आज तक नालियों का निर्माण नहीं हो सका था। इन कार्यों के पूरा होने से जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा तथा लोगों को बरसात के दिनों में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
इसके साथ ही विकासखंड कोथावां परिसर में भवन के मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्य भी कराए जाएंगे, जिससे सरकारी कार्यालयों की कार्यक्षमता और आमजन को मिलने वाली सुविधाओं में वृद्धि होगी।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। सड़क, नाली, भवन एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलेगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
इन विकास कार्यों की घोषणा एवं शुभारंभ से क्षेत्रवासियों में प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने विधायक रामपाल वर्मा एवं सांसद अशोक रावत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इसी प्रकार विकास कार्यों की श्रृंखला आगे भी निरंतर जारी रहेगी और बालामऊ विधानसभा क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता उमेश श्रीवास्तव, गुड्डू सिंह, नरेंद्र सिंह सहित सैकड़ो लोग मौजूद रहे।
हरदोई में भारी बारिश का अलर्ट जारी, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील
रितेश मिश्रा
हरदोई* । मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र द्वारा जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान के अनुसार जनपद हरदोई में 9 और 10 जुलाई को भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 10 से 11 जुलाई तक भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर येलो अलर्ट भी घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी अनुनय झा के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।* प्रशासन ने कहा है कि जान-माल की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक एहतियात अपनाएं और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें।
प्रशासन ने किसानों से भी अनुरोध किया है कि वे अपनी फसलों, अनाज एवं कृषि उपज को सुरक्षित स्थानों पर रखें तथा मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खेतों में जाने से बचें। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सलाह दी है कि तेज हवा और बारिश के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों, होर्डिंग्स तथा कच्चे मकानों से दूर रहें।
इसके अलावा लोगों से मोबाइल फोन, इन्वर्टर और अन्य आवश्यक उपकरणों को पहले से चार्ज रखने तथा पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की अपील की गई है। प्रशासन ने वज्रपात से बचाव के लिए 'दामिनी ऐप' डाउनलोड करने की सलाह दी है, जिससे संभावित बिजली गिरने की पूर्व सूचना प्राप्त की जा सकती है। साथ ही मौसम संबंधी ताजा जानकारी के लिए ' सचेत ऐप'* का उपयोग करने को भी कहा गया है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
भीषण जाम में फंसी एम्बुलेंस, राहगीरों में आक्रोश
रितेश मिश्रा
हरदोई। टड़ियावां चौराहे पर बृहस्पतिवार को भीषण जाम लगने से एक एम्बुलेंस काफी देर तक फंसी रही, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश देखने को मिला। जाम की स्थिति इतनी गंभीर थी कि वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रहे थे और एम्बुलेंस को रास्ता नहीं मिल पा रहा था।
चौराहे पर अव्यवस्थित यातायात और सड़क किनारे खड़े वाहनों ने समस्या को और बढ़ा दिया। एम्बुलेंस में सवार मरीज की हालत को लेकर लोगों में चिंता देखी गई। कई राहगीरों ने स्वयं आगे आकर रास्ता खाली कराने का प्रयास भी किया, लेकिन जाम की स्थिति के चलते राहत नहीं मिल सकी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टड़ियावां चौराहे पर जाम की समस्या अक्सर बनी रहती है, बावजूद इसके यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती सुनिश्चित की जाए और अवैध अतिक्रमण हटाकर यातायात को सुचारु बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति न उत्पन्न हो
पर्यावरण बचाओ मुहिम, कछौना में जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने रोपे पौधे
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण अभियान के तहत नगर पंचायत कछौना पतसेनी के अंबेडकर पार्क में फलदार व छायादार पौधे विधायक रामपाल वर्मा, नगर अध्यक्ष राधा रमण शुक्ला उर्फ पंकज सहित सभासदगणों, प्रबुद्धजनों द्वारा आरोपित किए गए, सभी ने इस अवसर पर पौधों को संरक्षित रखने का संकल्प लिया। 1 जुलाई से 7 जुलाई तक चलने वाले वृहद पौधारोपण अभियान ने जन आंदोलन का स्वरूप ले लिया है। यह अभियान सरकारी प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों, घरों की चौपाल, खेतों में लोग आगे जाकर फलदार, छायादार व औषधि पौधे लगाकर अपनी भागीदारी दे रहे हैं। पर्यावरण के संरक्षण का वर्तमान समय में महती आवश्यकता है। हर स्तर पर प्रयास हो रहे हैं, पर्यावरण के नुकसान से मानव जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। जिससे भीषण गर्मी, बीमारियों में इजाफा, आमजन के साथ पशु पक्षियों पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अबकी बार मुहिम एक पेड़ मां के नाम है। भावनात्मक अपील से पूरे देश में व्यापक समर्थन मिल रहा है। पर्यावरण को स्वच्छ सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान है। विधायक रामपाल वर्मा ने सभी से अपील की, इस मुहिम में सभी आगे जाकर मानव जीवन को बचाने के लिए ज्यादा से ज्यादा पौधा रोपण करें। नगर अध्यक्ष राधारमण शुक्ला ने कहा मानव सभ्यता का विकास बिना पर्यावरण के संभव नहीं है। प्राचीन काल से वनों एवं वृक्षो की रक्षा हमारी सभ्यता में है। वृक्ष लगाने के साथ उनकी सुरक्षा अवश्य करें। इस समय मिट्टी में नमी होती है, वर्षा के कारण वृक्षारोपण का उपयुक्त समय है।इस अवसर पर अधिशासी अधिकारी दिव्यांशी दीक्षित, वरिष्ठ लिपिक जे.बी. सिंह, सभासदगण फूल सिंह, विमलेश गुप्ता, मोहम्मद समीर, अजय शुक्ला, मंडल अध्यक्ष मयंक सिंह, शिवम मिश्रा, अर्जित वर्मा, आयुष सिंह, सनोज राठौर, क्रांतिवीर सिंह, शिवम मिश्रा, सुनील सोनी, निर्मला देवी, अनूप दीक्षित, अजय बाजपेई सहित प्रबुद्धजन मौजूद रहें।
चीनी मिल लोनी ने अहेमी मे किया गन्ना तकनीकी दिवस’ अभियान का आयोजन
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।लोनी चीनी मिल की ओर से चलायें जा रहें गन्ना तकनीकी दिवस अभियान के तहत फील्ड डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बेहटा गोकुल रीजन के अहेमी प्रथम जोन के ग्राम अहेमी, चन्देली एवं फत्तेपुर से 40 प्रगतिशील कृषकों को चीनी मिल फार्म के डेमो प्लाटों पर भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ चीनी मिल लोनी के गन्ना विभाग के विभागाध्यक्ष विनय सिंह ने किया उन्होंने किसान भाइयों को बताया कि चीनी मिल द्वारा तकनीकी दिवस अभियान चलाया जा रहा है जिसमें किसान भाइयों को गन्ना खेती में तकनीकी को अपनाकर अपनी लागत को कम करके अधिक लाभ कैसे कमायें तथा गन्ना विभाग द्वारा गन्ना कृषक सदस्यों के जन हितार्थ उपयोगी सामाजिक सुरक्षा बीमा योजनाओं के सम्बन्ध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
       चीनी मिल लोनी के कार्पोरेट केन हेड, अली आरजू जैदी ने कृषकों को चीनी मिल द्वारा कृषकहित उपयोगी चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं जैसे- कृषि यंत्रों पर अनुदान, सी.एस.आर के तहत क्षेत्रीय कृषकों के बच्चों को प्रशिक्षण तथा शरदकालीन गन्ना बुवाई में अधिक से अधिक रकवे में गन्ना बुवाई कर अधिक उपज प्राप्त करने के बारे में कृषकों को विस्तृत जानकारी दी।
       इस अवसर पर चीनी मिल के अजय सिंह, अर्पना बानियाल, अकिंत मिश्रा, आंचल सिंह, वृन्दा हाड़ा, राहुल कुमार ने प्रतिभाग किया।
किराने की दुकान से अवैध शराब बेचते दुकानदार गिरफ्तार
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कस्बे के अल्लाहपूर तिराहे पर एक किराने की दुकान से देशी अवैध शराब बेचे जाने की शिकायत पर मंगलवार को क्षेत्राधिकारी शाहाबाद ने छापा मारकर शराब सहित दुकानदार को गिरफ्तार कर पुलिस के सुपुर्द किया पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की गई है। हालांकि अभी भी कस्बे मे कई स्थानों पर घरों और दुकान से अवैध शराब की बिक्री अधिक रूपए लेकर की जा रही है।
          कस्बे के अल्लाहपूर तिराहे स्थित एक किराने की दुकान से देशी अवैध शराब बेचे जाने की शिकायत पर अपर पुलिस अधीक्षक/ क्षेत्राधिकारी शाहाबाद आलोक राज नारायण ने स्वयं जाकर किराना व्यवसाई अल्लाहपूर इब्नेजई निवासी बबलू की निगरानी कर उसे शराब बेचते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया दुकान की तलाशी मे उसके पास 25 क्वाटर देशी शराब बरामद हुई। कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है।
सैय्यद रोमान अज़ीज ने बढ़ाया जिले का मान, राज्यपाल ने गोल्ड मेडल से नवाजा
रितेश मिश्रा
शाहाबाद/हरदोई। नगर के मोहल्ला खेड़ा बलायकोट निवासी सैय्यद रोमान अज़ीज ने तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में एक नया इतिहास रचते हुए न सिर्फ अपने माता ‌पिता, बल्कि पूरे हरदोई जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है।
       ..राजधानी लखनऊ स्थित डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के 24वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी और विशिष्ट अतिथि प्राविधिक शिक्षा मंत्री आशीष पटेल की गरिमामयी उपस्थिति में विश्वविद्यालय की कुलाधिपति व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रोमान अज़ीज को एम.टेक में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया।

        ..इस गौरवपूर्ण क्षण को और अधिक यादगार बनाने के लिए राज्यपाल की विशेष पहल पर रोमान अज़ीज को उनके माता पिता के साथ मंच पर आमंत्रित किया गया था। राज्यपाल ने जब रोमान को स्वर्ण पदक पहनाया और उनके वालिद सैय्यद साजिद व वालिदा हुमैरा खातून को इस ऐतिहासिक सफलता की बधाई दी, तो पूरा ऑडिटोरियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। माता पिता के लिए अपने 24 वर्षीय होनहार बेटे की इस सफलता को साक्षात देखना एक बेहद भावुक और अविस्मरणीय पल रहा।
     अपनी इस सफलता पर बेहद उत्साहित रोमान अज़ीज ने बातचीत के दौरान बताया, कि उनकी इस उपलब्धि के पीछे उनके माता पिता का अटूट विश्वास और शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जीवन में कुछ ऐसा बड़ा मुकाम हासिल करना ही उनकी एकमात्र अभिलाषा है, जिससे वह अपने पिछड़े और ग्रामीण परिवेश वाले गृह जनपद हरदोई का नाम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पटल पर रोशन कर सकें।.रोमान ने दृढ़ संकल्प जताते हुए कहा कि तकनीकी और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़कर वह भविष्य में देश की सेवा करना चाहते हैं और देश के विकास में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना उनका मुख्य लक्ष्य है।दो भाइयों में से एक रोमान अज़ीज बचपन से ही मेधावी रहे हैं और उनकी इस अभूतपूर्व सफलता से पूरे शाहाबाद क्षेत्र के शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। रोमान की यह शैक्षणिक यात्रा यहीं नहीं रुकने वाली है, उच्च शिक्षा और देश सेवा के प्रति उनके इसी जज्बे का परिणाम है कि आगामी 19 जुलाई को वह जोधपुर के प्रतिष्ठित संस्थान से पीएचडी (Ph.D) की पढ़ाई शुरू करने के लिए रवाना हो रहे हैं। उनकी इस स्वर्णिम उपलब्धि पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों और मित्रों ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए माता-पिता को ढेरों बधाइयां दी हैं।
कैशलेस चिकित्सा योजना के अंतर्गत 6 लोगों को वितरित किये गए कार्ड
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं डीबीटी वितरण कार्यक्रम का आयोजन बुधवार को तहसील सभागार में किया गया। इस मौके पर खंड विकास अधिकारी दिनेश शर्मा, खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार एवं खंड शिक्षा अधिकारी टोडरपुर शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षकों ने भाग लिया। इनमें से 6 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा के कार्ड वितरित किए गए। जिन शिक्षकों को कार्ड वितरित किए गए उनमें महेंद्र, शैलेश, खान जावेद, सुग्रीव कुमार, दिलीप कुमार, अभिषेक कुमार शामिल है । इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने सरकार की इस योजना की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजहर यार खां का निधन
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजहर यार खान का बुधवार को सुबह लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर पाते ही कांग्रेसियों में गम का माहौल व्याप्त हो गया। बुधवार को शाम उन्हें अपने पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया गया। पुलिस की नौकरी से सेवानिवृत होने के बाद अजहर यार खान ने कांग्रेस को ज्वाइन किया और उसके बाद जीवन पर्यंत वह कांग्रेस से जुड़े रहे। मरते वक्त वह कांग्रेस अल्पसंख्यक के जिला उपाध्यक्ष थे। कांग्रेस के कार्यकर्ता उनका काफी सम्मान करते थे। अजहर यार खान काफी मिलनसार माने जाते थे। उनके निधन पर यहां के कांग्रेसियों ने गहरा शोक प्रकट किया है।