वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अजहर यार खां का निधन
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता अजहर यार खान का बुधवार को सुबह लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर पाते ही कांग्रेसियों में गम का माहौल व्याप्त हो गया। बुधवार को शाम उन्हें अपने पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक किया गया। पुलिस की नौकरी से सेवानिवृत होने के बाद अजहर यार खान ने कांग्रेस को ज्वाइन किया और उसके बाद जीवन पर्यंत वह कांग्रेस से जुड़े रहे। मरते वक्त वह कांग्रेस अल्पसंख्यक के जिला उपाध्यक्ष थे। कांग्रेस के कार्यकर्ता उनका काफी सम्मान करते थे। अजहर यार खान काफी मिलनसार माने जाते थे। उनके निधन पर यहां के कांग्रेसियों ने गहरा शोक प्रकट किया है।
चेयरमैन प्रतिनिधि के आश्वासन पर सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त
रितेश मिश्रा
शाहाबाद/हरदोई।
नगर पालिका के सफाई कर्मियों की विभिन्न मांगों को लेकर पिछले शनिवार से चल रही हड़ताल बुधवार को समाप्त हो गई। चेयरमैन प्रतिनिधि आसिफ खा बब्बू ने नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं सफाई कर्मियों से वार्ता की।इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनकी जायज मांगों के समाधान का आश्वासन दिया।वार्ता के दौरान प्रतिनिधि आसिफ खा बब्बू ने कहा कि सफाई कर्मियों की उचित मांगों का चरणबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा।उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।साथ ही नगर में साफ-सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया।चेयरमैन प्रतिनिधि के आश्वासन के बाद सफाई नेताओं ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा कर सभी सफाई कर्मियों से तत्काल कार्य पर लौटने का आह्वान किया।इसके बाद नगर में सफाई कार्य पुनः शुरू हो गया।हड़ताल समाप्त होने से नगरवासियों ने राहत की सांस ली।हड़ताल समाप्त होते ही काम पर लौटे कर्मियों के युद्धस्तर पर कार्य शुरू करने से कई दिनों से प्रभावित सफाई व्यवस्था पटरी पर लौटने लगी है।वार्ता के दौरान सफाई संघ के नगर अध्यक्ष संजय कुमार मौजूद के साथ अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
कथित अवैध खनन के दौरान बिजली का खंभा टूटा, बड़ा हादसा टला
रितेश मिश्रा
*हरदोई* बघौली, थाना क्षेत्र के अंतर्गत भवराजपुरवा मजरा अड़ंगापुर में कथित अवैध खनन के दौरान एक ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली का खंभा टूट गया, जिससे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, खंभा गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका पैदा हो गई थी। यदि खंभा किसी वाहन या राहगीर पर गिर जाता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।ग्रामीणों का आरोप है कि जेसीबी मशीन से मिट्टी का खनन कराया जा रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर की टक्कर से बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। घटना के बाद काफी देर तक क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा।ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने, विद्युत आपूर्ति शीघ्र बहाल कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
मोटरसाइकिल से जा रहे भाई बहन को ट्रैक्टर ने‌ रौंदा इलाज के दौरान भाई की मौत बहन गम्भीर रूप से घायल*

रितेश मिश्रा
*हरदोई*। जनपद हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी नाबालिग बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पनुआ मजरा बर्राघूमन निवासी सरोज कुमार कुशवाह (22) पुत्र कमलेश कुमार कुशवाह अपनी बहन प्रियांशी (17) के साथ मोटरसाइकिल (UP 30V 2039 डिस्कवर) से सीतापुर जा रहे थे। सुबह करीब 11:20 बजे बघौली चौराहे से आगे बघौली-प्रतापनगर मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्ठे के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर (UP 30AE 5720) से उनकी मोटरसाइकिल में टक्कर हो गई।टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों को उपचार के लिए 100 शैया अस्पताल, हरदोई भेजा गया। जहां इलाज के दौरान सरोज कुमार कुशवाह ने दम तोड़ दिया। वहीं घायल प्रियांशी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कछौना में जारी है।थाना बघौली पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
सनातन धर्म इंटर कॉलेज में पूर्व सांसद ठाकुर धर्मगज सिंह की 104वीं जयंती मनाई गई
रितेश मिश्रा
हरदोई। सनातन धर्म इंटर कॉलेज, हरदोई में विद्यालय के पूर्व प्रबंधक एवं पूर्व सांसद स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह की 104वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य दिवाकर ने स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देकर किया। इसके बाद शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ प्रवक्ता राजबीर सिंह ने कहा कि स्वर्गीय ठाकुर धर्मगज सिंह को हरदोई में सभी लोग स्नेहपूर्वक "बाबूजी" के नाम से जानते थे। उन्होंने कहा कि राजनीति में चाहे वे किसी भी दल से जुड़े रहे हों, लेकिन उनका पूरा जीवन गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा। वे प्रतिदिन अपने घर पर सैकड़ों लोगों को भोजन कराते थे और जनसेवा को ही अपना सबसे बड़ा धर्म मानते थे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में "बाबूजी अमर रहें" के नारे लगाए और कहा कि बाबूजी आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं तथा उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

इस अवसर पर अनिल कुमार, सत्यम दीक्षित, आर.के. वर्मा, हंसराज कुशवाहा, दीप्ति सोनकर, नीलम, सरिता, रामकुमार, संतोष कुमार, वीरभानु सिंह यादव, विंदु शेखर, सर्वेश शुक्ला, विवेक पाल, संजीव कुमार सिंह, आदित्य, उगमाराम, अमित गंगवार सहित विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
जिला कारागार में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, बंदियों को बताए गए अधिकार
रितेश मिश्रा
हरदोई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदोई के तत्वावधान में सोमवार को जिला कारागार में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण स्मिता गोस्वामी ने कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को उनके अधिकारों तथा प्ली-बारगेनिंग के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर बंदी, जो निजी अधिवक्ता करने में सक्षम नहीं हैं, वे कारागार अधीक्षक के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में आवेदन देकर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं। प्राधिकरण उनके मुकदमों की पैरवी के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगा।

निरीक्षण के दौरान स्मिता गोस्वामी ने बंदियों की समस्याएं सुनीं और जेल प्रशासन को उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने सभी बैरकों में पर्याप्त मात्रा में घड़ों में पेयजल उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान कारागार अधीक्षक अमन कुमार सिंह, जेलर योगेश कुमार, डिप्टी जेलर अमर कुमार सिंह, अलका, अनीश यादव, नरेश चन्द्र, सुखलाल, लीगल एड डिफेंस काउंसिल विनोद कुमार मिश्रा, देवेन्द्र कुमार सिंह, अजय त्रिपाठी, मुकुल शुक्ला तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक अभिषेक अवस्थी उपस्थित रहे।
धर्मगुरु राजनीति के दलदल में न फंसें, जो धर्मगुरु खुद को किसी एक राजनीतिक खेमे से जोड़ लेते हैं: पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल
रितेश मिश्रा

#हरदोई में भाजपा नेता पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के गौरक्षण कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस और सपा नेताओं को लेकर पूछे गए सवाल पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई स्वामी है तो उसे किसी भी राजनीतिक दल के पचड़े में नहीं पड़ना चाहिए। धर्मगुरुओं का काम जनता का मार्गदर्शन करना, उनकी कठिनाइयों को दूर करना और समाज को दिशा देना है, न कि किसी दल को हटाने या किसी को सत्ता में लाने की राजनीति करना।
नरेश अग्रवाल ने कहा कि स्वामी और धर्मगुरु समाज में आदर और आस्था के केंद्र होते हैं, इसलिए उन्हें सभी राजनीतिक दलों से समान दूरी बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो धर्मगुरु खुद को किसी एक राजनीतिक खेमे से जोड़ लेते हैं, वे धर्मगुरु नहीं बल्कि राजनीतिक गुरु बन जाते हैं और ऐसे लोगों का अंत भी वैसा ही होता है। उन्होंने कहा कि धर्मगुरुओं को यह समझना चाहिए कि सभी दल उनके पास आते हैं, लेकिन उन्हें किसी राजनीतिक दलदल में नहीं फंसना चाहिए।
राम मंदिर चंदा घोटाले के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नरेश अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने मामले में एसआईटी गठित कर दी है और अब जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एसआईटी अपनी रिपोर्ट देगी और रिपोर्ट में जिसका भी नाम सामने आएगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। यह सरकार का स्पष्ट निर्णय है।
सण्डीला क्षेत्र पंचायत बैठक में 3.50 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई बैठक, सांसद समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

रितेश मिश्रा
सण्डीला, हरदोई। विकास खण्ड सण्डीला सभागार में सोमवार को क्षेत्र पंचायत सण्डीला की बैठक आयोजित हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए करीब 3.50 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया। बैठक से पहले श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मिश्रिख सांसद अशोक रावत, याचिका समिति के सभापति व विधान परिषद सदस्य अशोक अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह ‘बब्बन’ और पूर्व ब्लाक प्रमुख वीरेन्द्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख आरती गुप्ता ने की। इस दौरान क्षेत्र पंचायत की ओर से वर्ष 2026-27 में कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों की रूपरेखा रखी गई और 3.50 करोड़ रुपये की लागत वाली परियोजनाओं का शिलान्यास कराया गया।
बैठक में खण्ड शिक्षा अधिकारी, सीडीपीओ, एमओआईसी सण्डीला और पशु चिकित्साधिकारी ने अपने-अपने विभागों की संचालित योजनाओं और प्रगति की जानकारी दी। वहीं खण्ड विकास अधिकारी गौरी राठौर ने विकास खण्ड में चल रही योजनाओं और प्रस्तावित कार्यों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के अंत में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि अमित गुप्ता ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में कर्नल आदित्य प्रताप सिंह, नरेन्द्र बाजपेई, सत्येन्द्र सिंह, विजेन्द्र सिंह, अब्दुल वली, वेद प्रकाश मिश्रा, राजू अस्थाना, संतोष त्रिपाठी, रामसिंह, रानू मिश्रा और पंकज कुमार सहित जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता मे हुई कृषि विभाग की समीक्षा बैठक
रितेश मिश्रा
हरदोई. आज जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में कृषि विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई । बैठक में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, कृषि यंत्रीकरण, फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, बीज एवं उर्वरक की उपलब्धता, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा किसानों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र किसानों को समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक में खरीफ फसलों की बुआई, सिंचाई व्यवस्था, उर्वरकों एवं प्रमाणित बीजों की उपलब्धता तथा कृषि निवेशों की नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता किसानों की आय में वृद्धि तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूर्ण करें। उन्होंने ने कहा कि सभी खाद बिक्री केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरा लगाया जाये। उन्होंने कहा कि काला चावल का तराई क्षेत्रों में उसका उत्पादन बहुत अच्छा होता है। जिला गन्ना अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि विभिन्न सहायता समूह द्वारा गन्ने की पौधे तैयार कर उसको बेचकर अपनी आय में वृद्धि हुई है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, उप कृषि निदेशक राजेश यादव, सीवीओ अशोक कुमार सिंह, लीड बैंक मैनेजर, जिला कृषि अधिकारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
पांच माह की नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)।कोतवाली  क्षेत्र बेनीगंज अंतर्गत भैंनगांव में रविवार की रात को एक नवविवाहिता ने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। प्राप्त समाचार के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने जानकारी देते हुए बताया कि
भैनगांव निवासिनी प्रियंका (20) पत्नी अनिल प्रजापति का शव घर के कमरे में छल्ले से बंधी साड़ी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
बताया गया कि प्रियंका का मायका अतरौली थाना क्षेत्र के सिटकाना गांव में है। उसकी शादी करीब पांच माह पूर्व भैंनगांव निवासी अनिल प्रजापति से हुई थी। अनिल हरियाणा की एक निजी कंपनी में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। करीब डेढ़ माह पहले वह पत्नी को अपने साथ हरियाणा ले गया था। कुछ समय बाद प्रियंका वापस गांव आ गई थी, जबकि अनिल दोबारा हरियाणा चला गया था।मृतका के परिजनों का आरोप है कि 3 जून को उसकी बहन माधुरी की गोद भराई का कार्यक्रम था, लेकिन प्रियंका को मायके नहीं भेजा गया। इसी बीच उसकी मौत की सूचना मिलने से मायके पक्ष में शोक और आक्रोश व्याप्त हो गया।मृतका के पिता ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है।घटना की सूचना पर बेनीगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रतीत होता है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फोरेंसिक टीम ने भी आवश्यक नमूने लिए।
नवविवाहिता की असमय मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।