जेठ के अंतिम मंगल पर भव्य भंडारे का आयोजन, प्रसाद ग्रहण करने उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

रितेश मिश्रा

हरदोई। जेठ माह के अंतिम मंगल के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर के मोहल्ला आशा नगर गेट के निकट श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का भव्य संगम देखने को मिला। हरदोई के प्रख्यात पत्रकार रितेश मिश्रा द्वारा आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से लेकर देर शाम तक प्रसाद ग्रहण करने वालों की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा क्षेत्र भगवान हनुमान के जयघोषों से गुंजायमान रहा।

जेठ के मंगल का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। इसी आस्था और लोककल्याण की भावना के साथ आयोजित इस भंडारे में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और बजरंगबली के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की।भंडारे के आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण देखते ही बन रहा था। एक ओर श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयकारों में लीन दिखाई दिए, तो दूसरी ओर स्वयंसेवक पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ प्रसाद वितरण में जुटे रहे। पूड़ी, सब्जी, छोले, चावल और बूंदी सहित विभिन्न व्यंजनों का प्रसाद श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक वितरित किया गया।

आयोजन के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। स्थानीय गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए आयोजन की सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन न केवल आस्था को सशक्त करते हैं, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारे की भावना को भी मजबूत बनाते हैं।

इस अवसर पर आयोजक मंडल में प्रफुल्ल मिश्रा, रितेश मिश्रा, रोहित मिश्रा, दिव्यांशु मिश्रा, विनायक मिश्रा, सूर्यांशु मिश्रा, निश्चय मिश्रा, युवराज सिंह, सुयश मिश्रा, पूर्णचंद्र गुप्ता, रवि गुप्ता, जिला अध्यक्ष बबलू सिंह, प्रवीण राजन, अरविंद तिवारी, आनंद गुप्ता, दिवाकर मिश्रा, लक्ष्मीकांत पाठक, पप्पू दीक्षित एवं नवल गुप्ता सहित सभी पत्रकार बंधुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और जनकल्याण की इसी भावना के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।

भंडारे में विनोद शुक्ला, टिल्लू सिंह चौहान, नीसू अग्निहोत्री, दीपू सिंह चौहान, विवेक मिश्रा, हरियावा, पुनीत सिंह तथा भोलू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
राष्ट्रवादी विचारों के प्रेरणास्रोत थे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी: मुकुल सिंह आशा

रितेश मिश्रा


हरदोई। महान राष्ट्रवादी विचारक, अखंड भारत के प्रणेता, भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रथम राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस के अवसर पर जिला कार्यसमिति सदस्य मुकुल सिंह आशा ने हरदोई नगर मंडल के बूथ संख्या 253 पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित कर पुष्प अर्पित कर नमन किया।

     जिला कार्यसमिति सदस्य मुकुल सिंह आशा ने कहा कि हम सभी को डॉ साहब के राष्ट्रवादी विचारों एवं देश के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, एकात्मता और राष्ट्रीय अखंडता के प्रति समर्पित रहा। उनके विचार आज भी देशवासियों को प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से डॉ. मुखर्जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

               इस मौके पर उमाकांत गुप्ता, वीरेश सिंह, शुभम सिंह, अरुण कुमार, नरेश सक्सेना, ओम जी शुक्ला, दीपेंद्र गुप्ता, अनिल कुमार सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वार्ड नंबर 6 में जर्जर सड़क से आम जनता त्रस्त
अधिवक्ता विवेक मिश्रा ने डीएम को लिखा पत्र, इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग

रितेश मिश्रा
संडीला, हरदोई।बारिश के मौसम में बदहाल सड़क से परेशान मुरार नगर सोम के लोगों ने जिलाधिकारी से इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण की मांग की है। क्षेत्र निवासी एडवोकेट विवेक कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रामखेलावन के घर से बहादुर के घर तक वार्ड संख्या-6 की सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। बरसात के दौरान सड़क पर कीचड़ और जलभराव होने से लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि खराब सड़क के कारण बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो जाते हैं और दैनिक आवागमन प्रभावित रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है।

क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए उक्त मार्ग पर शीघ्र इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और क्षेत्र का समुचित विकास हो। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की अपील की है।
पीड़ित ने पैतृक संपत्ति विवाद में बेटे ने पिता पर लगाए गंभीर आरोप, की शिकायत।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई)। जनपद हरदोई के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र अंतर्गत पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार में विवाद का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने अपनी बहन, बहनोई और पिता पर मानसिक उत्पीड़न, मकान निर्माण में बाधा डालने तथा पैतृक संपत्ति से बेदखल करने की कोशिश करने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित ने स्थानीय पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम कोरोखुर्द, मजरा कोरोकला निवासी शुभम कुमार वर्मा पुत्र राजेन्द्र प्रसाद ने आरोप लगाया है कि वह अपने पुस्तैनी जमीन पर मकान का निर्माण करा रहा है। शुभम का कहना है कि वह अपने पिता का इकलौता पुत्र है, लेकिन उसकी बहन संध्या पत्नी राम प्रताप निवासी बघौली चौराहा आए दिन उसके पिता को उसके खिलाफ भड़काती रहती है।
पीड़ित का आरोप है कि बहनोई पुलिस विभाग में कार्यरत हैं, जिसके कारण परिवार पर दबाव बनाया जाता है और उसके पिता को गुमराह किया जाता है। शुभम ने कहा कि उसकी बहन परिवार की फसल और अनाज पर भी कब्जा कर लेती है। आरोप है कि पिछले करीब दस दिनों से बहन मायके में रह रही है और उसी के उकसावे पर उसके पिता ने मकान निर्माण के दौरान बनाई गई दीवार को गिरा दिया।
शुभम ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पिता उसे मकान निर्माण नहीं करने दे रहे हैं तथा गाली-गलौज करते हुए पैतृक संपत्ति में हिस्सा देने से साफ इनकार कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार इस पारिवारिक विवाद के चलते उसकी पत्नी भी मानसिक तनाव में है और परिवार के साथ रहने में असुरक्षा महसूस कर रही है।
पीड़ित युवक ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे न्याय दिलाया जाए तथा पैतृक संपत्ति में उसका वैधानिक अधिकार सुनिश्चित कराया जाए। वहीं क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
भाजपा ने सपा प्रमुख पर जातिबाद को बढावा देने के लगबाए होडिंग
 
रितेश मिश्रा
हरदोई !! समाजवादी के व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं हरदोई नगर पालिका से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रहे रामज्ञान गुप्ता एवं समाजवादी यूवजन सभा के पूर्व जिला अध्यक्ष हरिनाम सिंह यादव ने कहा कि हरदोई में भारतीय जनता पार्टी ने जगह-जगह  अखिलेश यादव  को जातिवाद को बढ़ावा देने का  आरोप लगाते हुए होल्डिंग लगवाएं जिनको हम सपा नेताओं ने जाकर तत्काल हटाने का काम किया।
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा अगर जातिवाद हो रहा है तो भाजपा सरकार में भारतीय जनता पार्टी में लगातार पीडीए के लोगों के साथ अन्याय अत्याचार कर रही भाजपा जिस राम मंदिर के नाम पर सत्ता में आई आज उसी राम मंदिर में हजारों करोड़ रुपये चंदा चोरी हो गया यहां तक की सोने चांदी के आभूषण भी चोरी हो गए राम मंदिर के चंदा चोरी होने से भाजपा की देशभर में थू थू हो रही है इन सब से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा लगातार इस तरीके की हरकत कर रही है जनता सब जान रही है भाजपा समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए लगातार झूठा प्रचार कर रही है लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता सब जान रही है जनता महंगाई से जूझ रही है शहर व ग्रामीण इलाकों में बिजली किल्लत  एक बड़ी समस्या है डीजल पेट्रोल व गैस के लगातार दाम बढ़ रहे हैं महंगाई चरम सीमा पर है।
छात्र, नौजवान, बेरोजगार हैं रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है अगर छात्र रोजगार मांगता है तो उसको जेल भेज दिया जाता है छात्र नौजवान किसान सबसे ज्यादा भाजपा की सरकार में परेशान है जनता आने वाले 2027 के चुनाव में भाजपा को हराने जा रही है।
2027 में पीडीए की सरकार बनेगी श्री अखिलेश यादव जी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।
बुजुर्ग को गोली लगने से घायल, जमीनी विवाद सहित कई पहलुओं पर जांच में जुटी स्थानीय पुलिस।
आरोपी पक्ष से सैकड़ों की संख्या में कोतवाली  में मौजूद लोग।

रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)। जनपद हरदोई के कोतवाली बेनीगंज  क्षेत्र के धरौली झाला गांव निवासी किसान पलविंदर सिंह को रविवार रात गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिए जाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घायल किसान को पहले सीएचसी कोथावां और बाद में गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार पलविंदर सिंह रविवार रात करीब आठ बजे अटवा गांव जाने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें गोली लग गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, क्षेत्राधिकारी हरियांवा तथा अपर पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य सभी पहलुओं को भी खंगाल रही है।

उधर, धरौली गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण बेनीगंज कोतवाली पहुंचे और गांव निवासी रामशंकर विश्वकर्मा को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय रामशंकर गांव की एक दुकान पर मौजूद थे और कई लोग उनके साथ बैठे हुए थे। रामशंकर की पत्नी सुशीला देवी ने भी अपने पति को बेगुनाह बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि उन्होंने गोली चलने की आवाज नहीं सुनी और बाद में पुलिस पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई।

मामले में एक और पहलू तब सामने आया जब जांच के दौरान पता चला कि पलविंदर सिंह घर से अटवा स्थित चक्की पर आटा लेने जाने की बात कहकर निकले थे, जबकि चक्की के रिकॉर्ड में हाल के दिनों में उनके द्वारा गेहूं पिसाने का कोई विवरण नहीं मिला। इससे घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल पुलिस सभी तथ्यों, साक्ष्यों और बयानों के आधार पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।
फिलहाल में खबर लिखे जाने तक मामला जांच का विषय बना हुआ है।
निर्माणाधीन पुल की बीम गिरने से दो मजदूर घायल, डीएम-एसपी ने लिया जायजा
रितेश मिश्रा
हरदोई। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में निर्माणाधीन पुल की भारी बीम टूटकर गिरने से दो मजदूर घायल हो गए। हादसे के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर जिलाधिकारी अनुनय झा और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए।
बताया गया कि पुल निर्माण के दौरान हाइड्रा मशीन से बीम रखी जा रही थी। इसी दौरान अचानक बीम का एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आकर मजदूर राहुल पुत्र छोटेलाल निवासी सिधौली, शाहजहांपुर और राजेश्वर पुत्र गेंदालाल निवासी भदासी, हरदोई घायल हो गए। साथी मजदूरों और स्थानीय लोगों ने दोनों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जिलाधिकारी अनुनय झा ने बताया कि हादसे में दो मजदूर घायल हुए हैं। घटना के कारणों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। प्रारंभिक तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
तंत्र-मंत्र के नाम पर महिला से लाखों की ठगी का आरोप, छह माह से न्याय के लिए भटक रही पीड़िता

हरदोई। थाना साण्डी क्षेत्र के ग्राम लक्षनपुरवा निवासी एक महिला ने तंत्र-मंत्र, झाड़-फूंक और अंधविश्वास का भय दिखाकर नकदी एवं आभूषण हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि घटना को छह माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।

ग्राम लक्षनपुरवा निवासी सिद्धा श्री पत्नी स्वर्गीय मिठू द्वारा दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र के अनुसार, 20 जनवरी 2026 को उनके पुत्र रामसेवक के पास ग्राम पदिमलापुर निवासी राकेश और हरिनाथ का फोन आया। दोनों ने उनकी पुत्रवधू की बीमारी का इलाज एक तांत्रिक के माध्यम से कराने की बात कही। उनके कहने पर रामसेवक और उसकी पत्नी पदिमलापुर गए, जहां कथित तांत्रिक द्वारा झाड़-फूंक की गई।

पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद तांत्रिक, राकेश, उसका पुत्र संतोष, राजेश्वरी देवी सहित अन्य लोग उनके घर पहुंचे और तंत्र-मंत्र व पूजा-पाठ के नाम पर विभिन्न अनुष्ठान कराए। आरोप है कि परिवार को डराया गया कि यदि विशेष पूजा नहीं कराई गई तो 25 जनवरी तक उनके पुत्र और पुत्रवधू की मृत्यु हो सकती है। भय के चलते परिवार से हवन-पूजन के नाम पर 18 हजार रुपये भी ले लिए गए।

महिला का कहना है कि कुछ समय बाद परिवार के लोगों की मानसिक स्थिति असामान्य हो गई। जब स्थिति सामान्य हुई तो घर में रखा सोने का हार और बक्से में रखे लगभग 50 हजार रुपये नकद गायब मिले। पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने सुनियोजित तरीके से अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र का भय दिखाकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

सिद्धा श्री ने बताया कि घटना के संबंध में 21 जनवरी 2026 को थाना साण्डी में लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उनका आरोप है कि थाना पुलिस और जनपद स्तर के अधिकारियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्होंने यह भी बताया कि वह मुख्यमंत्री जनता दरबार, गोरखपुर तक अपनी फरियाद लेकर पहुंचीं, लेकिन वहां से भी अपेक्षित राहत नहीं मिल सकी।

अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक हरदोई से आरोपितों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने, ठगी गई नकदी और आभूषण की बरामदगी कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। वहीं पुलिस की ओर से मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी है।
मारपीट मे घायल की इलाज के दौरान मौत परिजनो ने चौराहे पर शव रखकर किया हंगामा

रितेश मिश्रा
हरदोई।सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुंदवल पुल के पास 19 जून को हुई दो पक्षों में मारपीट मे एक घायल की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर मे मृत्यु हो गई। अंतिम संस्कार के लिए जा रहे परिजनों और ग्रामीणों ने चौराहे पर शव सड़क पर रखकर हंगामा काटा।
       सीओ नगर अजीत चौहान ने बताया मारपीट के मामले की सूचना पर पुलिस द्वारा घायलों को उपचार हेतु भेजा गया था। इसमें विनोद पुत्र गयासिंह निवासी ग्राम बहरुद्दीनपुर को गंभीर चोटें आई थी जिन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया था। प्रकरण में विनोद की पत्नी रोहिणी सिंह की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में चार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 20 जून को इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में विनोद की मृत्यु हो गई थी। जिनका शव रविवार को परिजनों एवं ग्रामवासियों द्वारा अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था।सेमरा चौराहे पर रोककर उनके द्वारा विरोध किया गया जिस पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा, परिजनों को समझा बुझाकर एवं अब तक की कार्यवाही से अवगत कराते हुए शव को क्रियाकर्म के लिए भिजवा दिया गया है, मौके पर कानून व शांति व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।
गैस सिलेंडर लीक होने से दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, छह लाख का नुकसान
रितेश मिश्रा
पाली, हरदोई। कस्बे के मोहल्ला भगवंतपुर में रविवार को गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर दो मंजिला मकान में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला भगवंतपुर निवासी सूरज, राजन और लल्ला तीनों भाई अपने परिवारों के साथ एक ही मकान में रहते हैं। सूरज रूपापुर बस प्रतीक्षालय के पास मिठाई की दुकान चलाते हैं, जबकि राजन और लल्ला रामलीला मैदान में फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे राजन की पत्नी द्रोपदी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी।‌ कुछ ही देर में आग ने कमरों में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वार्ड सभासद रामू त्रिवेदी ने नगर पंचायत से पानी का टैंकर मंगवाया, जिसके जरिए मोहल्लेवासियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे दो मंजिला मकान में फैल चुकी थी।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग की घटना के दौरान पूरे मोहल्ले में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पीड़ित सूरज के अनुसार आग से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने लगभग छह लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई, वहीं थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था।