मारपीट मे घायल की इलाज के दौरान मौत परिजनो ने चौराहे पर शव रखकर किया हंगामा

रितेश मिश्रा
हरदोई।सुरसा थाना क्षेत्र अंतर्गत तुंदवल पुल के पास 19 जून को हुई दो पक्षों में मारपीट मे एक घायल की इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर मे मृत्यु हो गई। अंतिम संस्कार के लिए जा रहे परिजनों और ग्रामीणों ने चौराहे पर शव सड़क पर रखकर हंगामा काटा।
       सीओ नगर अजीत चौहान ने बताया मारपीट के मामले की सूचना पर पुलिस द्वारा घायलों को उपचार हेतु भेजा गया था। इसमें विनोद पुत्र गयासिंह निवासी ग्राम बहरुद्दीनपुर को गंभीर चोटें आई थी जिन्हें जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर कर दिया गया था। प्रकरण में विनोद की पत्नी रोहिणी सिंह की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में चार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। 20 जून को इलाज के दौरान ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में विनोद की मृत्यु हो गई थी। जिनका शव रविवार को परिजनों एवं ग्रामवासियों द्वारा अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा रहा था।सेमरा चौराहे पर रोककर उनके द्वारा विरोध किया गया जिस पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा, परिजनों को समझा बुझाकर एवं अब तक की कार्यवाही से अवगत कराते हुए शव को क्रियाकर्म के लिए भिजवा दिया गया है, मौके पर कानून व शांति व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है।
गैस सिलेंडर लीक होने से दो मंजिला मकान में लगी भीषण आग, छह लाख का नुकसान
रितेश मिश्रा
पाली, हरदोई। कस्बे के मोहल्ला भगवंतपुर में रविवार को गैस सिलेंडर लीक होने से लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आकर दो मंजिला मकान में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन परिवार को लाखों रुपये की आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।

जानकारी के अनुसार मोहल्ला भगवंतपुर निवासी सूरज, राजन और लल्ला तीनों भाई अपने परिवारों के साथ एक ही मकान में रहते हैं। सूरज रूपापुर बस प्रतीक्षालय के पास मिठाई की दुकान चलाते हैं, जबकि राजन और लल्ला रामलीला मैदान में फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। रविवार सुबह करीब 11 बजे राजन की पत्नी द्रोपदी घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से रिसाव होने लगा और अचानक आग भड़क उठी।‌ कुछ ही देर में आग ने कमरों में रखे घरेलू सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घर में मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और निजी संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। वार्ड सभासद रामू त्रिवेदी ने नगर पंचायत से पानी का टैंकर मंगवाया, जिसके जरिए मोहल्लेवासियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे दो मंजिला मकान में फैल चुकी थी।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग की घटना के दौरान पूरे मोहल्ले में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पीड़ित सूरज के अनुसार आग से घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत अन्य घरेलू सामग्री जलकर नष्ट हो गई। उन्होंने लगभग छह लाख रुपये के नुकसान की आशंका जताई है।
घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई, वहीं थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था।
श्री बाँके बिहारी जी की तृतीय प्राण प्रतिष्ठा वर्षगाँठ पर उमड़ा श्रद्धा का सैलाब,

रितेश मिश्रा
हरदोई  श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल परिसर स्थित श्री राम जानकी हनुमत धाम मंदिर में विराजमान हरदोई के श्री बाँके बिहारी जी सरकार की तृतीय प्राण प्रतिष्ठा उत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। सभी भक्तों को मंदिर सस्थापक ब्रह्मलीन अखिलेश सिंह की कमी खली, सभी की आंखे नम थी लेकिन उनकी दी गई जिम्मेदारी को सभी से निभाया। इस जिम्मेदारी को निभाते हुए उनके बेटे मुकुल सिंह सपत्नीक भूमिका सिंह, मुकेश सिंह, पौत्र राघव सिंह ने आरती की। इस अवसर पर मंदिर परिसर को भव्य पुष्प सज्जा, आकर्षक विद्युत रोशनी एवं पारंपरिक धार्मिक अलंकरण से सजाया गया, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से भगवान श्री बाँके बिहारी जी के विशेष पूजन, अभिषेक एवं दिव्य श्रृंगार के साथ हुआ। इसके पश्चात भजन-कीर्तन, संकीर्तन एवं महाआरती का आयोजन किया गया। "राधे-राधे" एवं "जय श्री बाँके बिहारी लाल की" के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा और श्रद्धालु भक्ति में भाव-विभोर हो गए, सभी श्रद्धालुओं ने भगवान श्री बाँके बिहारी जी की आरती एवं पूजा-अर्चना कर सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। महाआरती के उपरांत सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर परिसर में अनुशासित एवं भक्तिमय वातावरण ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। इस अवसर पर व्यवस्थापक मुकुल सिंह आशा सपत्नीक भूमिका सिंह, मुकेश सिंह, मिलन मिश्र, कमलेश कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, कपिल मोहन गुप्ता, अखिल सिंह चंदेल, मुदित बाजपेयी, आशुतोष आज़ाद, आयुष सिंह, विश्वराज सिंह, हर्षवर्धन सिंह, गंगाशंकर दीक्षित, नवल किशोर, अंकित पांडेय, पंकज सिंह, नीरज तिवारी, आदित्य चौहान, अंकित सिंह, रामू सिंह, आकाश सिंह, संजय सिंह, उमाकांत गुप्ता, अजय गुप्ता, अवनीश सिंह, आशीष सिंह, शिवराज सिंह सहित सैकड़ों भक्त मौजूद रहे।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा जिला कार्यालय में हुआ समूहिक योगाभ्यास
रितेश मिश्रा
हरदोई। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय हरदोई में जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोगी जीवन का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री ने योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास कराते हुए उनके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त बनाता है।
जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। आज विश्व के अनेक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का माध्यम है। प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्याहिस्सा बनाना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा के महामंत्री अनुराग मिश्रा, ओम वर्मा, कार्यक्रम संयोजक, जिला उपाध्यक्ष सौरभ सिंह गौर, संदीप सिंह, आकाश सिंह, अल्का गुप्ता, जिला मंत्री नीतू चंद्रा, कोषाध्यक्ष डॉ. अनुज गुप्ता, सह कोषाध्यक्ष गांगेश पाठक, सह मीडिया प्रभारी आयुष सिंह, कपिल मोहन गुप्ता, सोशल मीडिया संयोजक अनुराग श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष अजय सिंह, सनी दीक्षित, ऋषभ कात्यायन, चंदा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं द्वारा नियमित योगाभ्यास करने तथा समाज को योग के प्रति जागरूक करने के संकल्प के साथ हुआ।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया
.
रितेश मिश्रा
हरदोई 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम में प्रदेश के माननीय आबकारी  स्वतंत्र प्रभार मंत्री नितिन अग्रवाल ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर स्लोगन प्रतियोगिता  की विजेता ‎अनु, ‎चाट मेकिंग प्रतियोगिता की विजेता ‎पल्लवी सहित ‎योगासन एवं अन्य प्रतियोगिताओं के विजेताओं तथा जनपद यूथ आइकन को सम्मानित भी किया गया।

‎इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज पूरे विश्व में अपनी विशेष पहचान बनाई है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान एवं सकारात्मक जीवन जी सकता है। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज योग वैश्विक जनआंदोलन बन चुका है। योग स्वस्थ भारत, सशक्त भारत और विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से योग अपनाकर नशामुक्त, अनुशासित एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में मंत्री जी ने खिलाड़ियों को प्रणाम पत्र व ट्रॉफी दिए और सभी प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए नियमित योग करने का संकल्प दिलाया तथा आयोजन में सहयोग करने वाले सभी विभागों, योग प्रशिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती,जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुख सागर मिश्रा,अपर जिलाधिकारी राजस्व दीपाली भार्गव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी संबंधित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
एसपी के निर्देश पर  चला सघन चेकिंग अभियान, वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की हुई जांच

रितेश मिश्रा
हरदोई रूपापुर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर रूपापुर कस्बे में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व रूपापुर चौकी इंचार्ज अतुल गुप्ता ने किया।
चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने कस्बे के प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में वाहनों की गहन जांच की। दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट चलने वाले वाहन चालकों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों तथा संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर विशेष नजर रखी।
चौकी इंचार्ज अतुल गुप्ता ने बताया कि यह अभियान आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने तथा अपराधियों में पुलिस का भय पैदा करने के उद्देश्य से चलाया गया। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता देखकर कस्बे में हड़कंप की स्थिति बनी रही। पुलिस टीम ने लोगों को सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जागरूक भी किया।
भरत भूषण प्रकरण में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग, उपजिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
रितेश मिश्रा
हरदोई। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा के जिला अध्यक्ष अमित चंचल त्रिवेदी की अध्यक्षता में आज संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी को महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर भरत भूषण प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने कहा कि भरत भूषण प्रकरण अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील है। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, जिससे आम जनता का कानून एवं न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। संगठन ने मांग की कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रभावी कदम उठाए।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अमित चंचल त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा सदैव न्याय, जनहित एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा। यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो संगठन लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान युवा जिला अध्यक्ष शुक्ला जी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रखर मिश्रा, उपाध्यक्ष पुनीत मिश्रा, कार्यालय प्रभारी अमन शुक्ला, प्रवक्ता अमित सिंह, मीडिया प्रभारी अखिल सिंह चंदेल, महामंत्री ऋषि मिश्रा, कोषाध्यक्ष सौरभ, महिला मोर्चा कार्यकर्ता सविता दीक्षित तथा ब्लॉक अध्यक्ष हरियावां उत्तम गुप्ता सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
श्री बांके बिहारी लाल सरकार का तृतीय प्राण प्रतिष्ठा उत्सव 21 जून को,
श्रीराम जानकी हनुमत धाम में होगा भव्य श्रृंगार, दिव्य आरती, प्रसाद का आयोजन

रितेश मिश्रा


हरदोई। अध्यात्म और भक्ति की भूमि पर एक बार फिर दिव्यता का आलोक फैलने जा रहा है। जनपद में मंगली पुरवा फाटक , निकट श्री डाल सिंह मेमोरियल स्कूल स्थित श्रीराम जानकी हनुमत धाम में हरदोई के श्री बांके बिहारी लाल सरकार की तृतीय प्राण प्रतिष्ठा का भव्य उत्सव 21 जून , रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे से बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। आयोजन समिति के संयोजक भाजपा नेता मुकुल सिंह आशा ने सभी श्रद्धालुओं को इस अद्भुत और दुर्लभ अवसर पर सपरिवार आमंत्रित किया गया है, जिससे वे भक्ति, दर्शन और आस्था के इस दिव्य संगम में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकें।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्वाह्न 11 बजे होगी, जहां श्री बांके बिहारी जी का अत्यंत आकर्षक भव्य श्रृंगार पूजन संपन्न होगा। मंदिर प्रांगण को फूलों, रंगोली और रोशनी से सजाया जाएगा। भक्तों को श्रीजी के दिव्य रूप के दर्शन कर मन को आध्यात्मिक शांति प्राप्त होगी। आयोजन को  गरिमामयी बनाने के लिए सजावट व्यवस्था की गई है, जो भक्तों के हृदय को भक्तिभाव से भर देंगी।

पूजन उपरांत दोपहर 12 बजे छप्पन भोग अर्पण कर श्री बिहारी जी की महाआरती की जाएगी। और प्रसाद वितरण लिया जाएगा। आप सभी बिहारी जी सरकार के दर्शन लाभ प्राप्त कर प्रसाद प्राप्त करे।यह क्षण भक्तों के लिए अविस्मरणीय रहेगा, जब भक्ति और श्रद्धा का समुंदर श्री बांके बिहारी जी के चरणों में लहराएगा। सभी भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। आयोजन समिति के संयोजक मुकुल सिंह आशा ने अपील की है कि सभी श्रद्धालु सपरिवार पधारे।
हनुमान भक्ति में उमड़ा जनसैलाब, भंडारे में हिंदू-मुस्लिम सभी ने किया प्रसाद ग्रहण
बबलू प्रजापति

पिहानी। नगर पालिका परिषद परिसर में शनिवार को आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आस्था, श्रद्धा और सेवा भाव से सराबोर इस आयोजन में हिंदू-मुस्लिम सहित सभी समुदायों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।
भंडारे का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि धर्मेश मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राहगीरों को रोक-रोक कर भोजन कराया। इस दौरान गोपाल अवस्थी, अरुण अग्निहोत्री, अश्वनी बाजपेई, अमित जोशी, अशोक कुमार, विवेक मिश्रा, वैभव अवस्थी तथा अनुज कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने भंडारे की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

हनुमान भक्तों की भारी भीड़ के बीच पूरे परिसर में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। नगर पालिका कर्मचारियों ने श्रद्धा और सेवा भाव की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी लोगों ने सराहना की।
आयोजकों के अनुसार शनिवार सायंकाल भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकारों द्वारा हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
भंडारे और भजन संध्या के आयोजन से नगर का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया है तथा हर ओर हनुमान भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है।
दफ्तर से 61 फाइलें गायब, BSA पर घूसखोरी का मुकदमा दर्ज, BSA ने डीएम पर लगाए साजिश रचने के गंभीर आरोप, जांच बढ़ी तो खुले कई राज

रितेश मिश्रा


हरदोई। का बेसिक शिक्षा विभाग इस वक्त शायद अपने सबसे बड़े संकट से गुजर रहा है।जिस विभाग पर बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी है, उसी विभाग में अब भर्ती प्रक्रिया, सरकारी अभिलेखों के गायब होने, रिश्वतखोरी के आरोप और प्रशासनिक टकराव की परतें खुलती जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, कई अलमारियां और दो कमरे सील कर दिए गए हैं, जबकि 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़ी 61 मूल पत्रावलियां रहस्यमय ढंग से गायब मिली हैं। एक तरफ पुलिस जांच कर रही है, दूसरी तरफ प्रशासनिक टीम रिकॉर्ड खंगाल रही है और तीसरी तरफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

पूरे विवाद की शुरुआत ईसीसीई (ECCE) एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया से मानी जा रही है। शासन स्तर पर बाल वाटिका और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए एजुकेटरों की भर्ती निकाली गई थी। हरदोई जिले में 210 पदों पर भर्ती प्रस्तावित थी, जिसके लिए सेवायोजन पोर्टल पर कुल 4590 आवेदन प्राप्त हुए। इसके बाद जिला चयन समिति ने रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के जरिए लगभग 630 अभ्यर्थियों का चयन अगले चरण के लिए किया। भर्ती प्रक्रिया को संचालित करने की जिम्मेदारी गोण्डा के तरबगंज स्थित उज्ज्वला सेवा संस्थान को दी गई थी। संस्था का दावा है कि उसने शासन के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया का डाटा तैयार कर लिया था, लेकिन आगे की कार्रवाई बीएसए कार्यालय स्तर पर अटक गई।

संस्था के अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी का आरोप है कि कार्यादेश मिलने के बावजूद करीब छह महीने तक भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। शिकायत के अनुसार जब उन्होंने बीएसए डॉ. अजित सिंह से संपर्क किया तो कथित रूप से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी दी गई। एफआईआर में यह भी दावा किया गया है कि दबाव के चलते दो लाख रुपये दिए गए, लेकिन इसके बाद भी कथित प्रताड़ना और दबाव जारी रहा। इसी के बाद संस्था ने कोतवाली शहर में बीएसए के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होते ही पूरे जिले के शिक्षा महकमे में हलचल मच गई और मामला प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंच गया।

रिश्वतखोरी के आरोपों के बीच जब प्रशासन ने रिकॉर्ड की जांच शुरू कराई तो एक और बड़ा खुलासा सामने आया। 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े 61 शिक्षकों के मूल अभिलेख रिकॉर्ड से गायब पाए गए। ये वे दस्तावेज थे जिन्हें सरकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित रखा जाना चाहिए था। मामले को गंभीर मानते हुए तत्कालीन पटल प्रभारी अनुपम मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। खास बात यह भी है कि एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य भी इसी पटल के अधीन बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि जांच टीम अब दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने सिटी मजिस्ट्रेट संजय सिंह, एसडीएम सदर संजय अग्रहरि और डायट प्राचार्य रामेंद्र सिंह की तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की।टीम ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर घंटों तक भर्ती, नियुक्ति और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान कई रिकॉर्ड संदिग्ध पाए जाने की आशंका पर भर्ती संबंधी दस्तावेज रखने वाली कई अलमारियों को सील कर दिया गया, जबकि दो कमरों पर भी प्रशासन ने ताला लगाकर सील लगा दी। अधिकारियों का मानना है कि दस्तावेजों से छेड़छाड़ की संभावना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

जांच के दौरान भर्ती और गायब फाइलों के अलावा विभागीय कामकाज में भी कई गंभीर खामियां सामने आने की बात कही जा रही है।कहा जा रहा है कि जांच टीम को ऐसे कई प्रकरण मिले जो लंबे समय से लंबित पड़े थे। इनमें करीब एक वर्ष से लंबित पेंशन संबंधी फाइलें भी शामिल बताई जा रही हैं। इसके अलावा न्यायालय के आदेश के बावजूद कुछ भर्ती मामलों में निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई थी,जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी और असंतोष देखने को मिला।जांच के दौरान कई अभ्यर्थी अधिकारियों के सामने पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को नोटिस और सूचना जारी करने के निर्देश दिए गए।साथ ही लंबित काउंसलिंग प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने के आदेश भी दिए गए हैं। इन तथ्यों के सामने आने के बाद सवाल सिर्फ रिश्वतखोरी,भर्ती विवाद और गायब फाइलों तक सीमित नहीं रह गए हैं,बल्कि विभाग में लंबित पेंशन, न्यायालय के आदेशों के अनुपालन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

उधर पूरे मामले में घिरे बीएसए डॉ. अजित सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।उनका कहना है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से फंसाया जा रहा है। बीएसए का आरोप है कि जिलाधिकारी और एडीएम स्तर के अधिकारियों ने उन्हें लगातार प्रताड़ित किया,बैठकों में अपमानित किया और जिले से चले जाने तक की बात कही।उनका दावा है कि एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी हर कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देशों पर हुई है।उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने किसी अभ्यर्थी से भ्रष्टाचार किया है तो भर्ती प्रक्रिया में शामिल उम्मीदवारों से पूछताछ कराई जाए। बीएसए का आरोप है कि उनके ऑफिस के दो बाबुओं को कलेक्ट्रेट में अटैच किया गया है जबकि वहां के दो बाबूओ को उनके ऑफिस में भेजा गया है नजर रखने के लिए, फर्म संचालक को बुलाकर उनके खिलाफ साजिशन मुकदमा दर्ज कराया गया है।

अब जांच के केंद्र में कई बड़े सवाल खड़े हैं—

• 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े 61 शिक्षकों के मूल अभिलेख आखिर कहां गए?

• क्या सरकारी रिकॉर्ड जानबूझकर गायब किए गए या यह प्रशासनिक लापरवाही का मामला है?

• 210 पदों की एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया आखिर छह महीने तक क्यों अटकी रही?

• उज्ज्वला सेवा संस्थान द्वारा लगाए गए पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है?

• क्या फाइलों के गायब होने और एजुकेटर भर्ती विवाद के बीच कोई संबंध है?

• बीएसए द्वारा लगाए गए साजिश और प्रताड़ना के आरोपों में कितना दम है?

आखिर एक वर्ष से लंबित पेंशन प्रकरणों का निस्तारण क्यों नहीं किया गया?

• क्या विभागीय स्तर पर फाइलों के निस्तारण में लापरवाही बरती गई या जानबूझकर मामलों को रोके रखा गया?

• न्यायालय के आदेश के बावजूद भर्ती प्रक्रिया की काउंसलिंग समय पर क्यों नहीं कराई गई?

• और सबसे बड़ा सवाल, जांच की आंच आखिर बाबुओं तक सीमित रहेगी या विभाग के बड़े अधिकारियों तक भी पहुंचेगी?
फिलहाल हरदोई का शिक्षा विभाग अभूतपूर्व जांच के दौर से गुजर रहा है। मुकदमा दर्ज हो चुका है, रिकॉर्ड सील हैं, पुलिस और प्रशासन दोनों अपनी-अपनी जांच कर रहे हैं। एक तरफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं, दूसरी तरफ सरकारी रिकॉर्ड गायब होने का मामला और तीसरी तरफ अफसरों के बीच खुला टकराव। ऐसे में पूरे जिले की निगाह अब इस बात पर टिकी है कि जांच का अगला कदम क्या होगा और आखिर इस पूरे मामले का सच किस रूप में सामने आएगा.