हनुमान भक्ति में उमड़ा जनसैलाब, भंडारे में हिंदू-मुस्लिम सभी ने किया प्रसाद ग्रहण
बबलू प्रजापति

पिहानी। नगर पालिका परिषद परिसर में शनिवार को आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। आस्था, श्रद्धा और सेवा भाव से सराबोर इस आयोजन में हिंदू-मुस्लिम सहित सभी समुदायों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे की मिसाल पेश की।
भंडारे का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि धर्मेश मिश्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।

नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने राहगीरों को रोक-रोक कर भोजन कराया। इस दौरान गोपाल अवस्थी, अरुण अग्निहोत्री, अश्वनी बाजपेई, अमित जोशी, अशोक कुमार, विवेक मिश्रा, वैभव अवस्थी तथा अनुज कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने भंडारे की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

हनुमान भक्तों की भारी भीड़ के बीच पूरे परिसर में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे गूंजते रहे। नगर पालिका कर्मचारियों ने श्रद्धा और सेवा भाव की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी लोगों ने सराहना की।
आयोजकों के अनुसार शनिवार सायंकाल भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कलाकारों द्वारा हनुमान जी की महिमा का गुणगान किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
भंडारे और भजन संध्या के आयोजन से नगर का वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया है तथा हर ओर हनुमान भक्ति की गूंज सुनाई दे रही है।
दफ्तर से 61 फाइलें गायब, BSA पर घूसखोरी का मुकदमा दर्ज, BSA ने डीएम पर लगाए साजिश रचने के गंभीर आरोप, जांच बढ़ी तो खुले कई राज

रितेश मिश्रा


हरदोई। का बेसिक शिक्षा विभाग इस वक्त शायद अपने सबसे बड़े संकट से गुजर रहा है।जिस विभाग पर बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी है, उसी विभाग में अब भर्ती प्रक्रिया, सरकारी अभिलेखों के गायब होने, रिश्वतखोरी के आरोप और प्रशासनिक टकराव की परतें खुलती जा रही हैं। हालात ऐसे हैं कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अजित सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है, कई अलमारियां और दो कमरे सील कर दिए गए हैं, जबकि 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़ी 61 मूल पत्रावलियां रहस्यमय ढंग से गायब मिली हैं। एक तरफ पुलिस जांच कर रही है, दूसरी तरफ प्रशासनिक टीम रिकॉर्ड खंगाल रही है और तीसरी तरफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

पूरे विवाद की शुरुआत ईसीसीई (ECCE) एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया से मानी जा रही है। शासन स्तर पर बाल वाटिका और प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए एजुकेटरों की भर्ती निकाली गई थी। हरदोई जिले में 210 पदों पर भर्ती प्रस्तावित थी, जिसके लिए सेवायोजन पोर्टल पर कुल 4590 आवेदन प्राप्त हुए। इसके बाद जिला चयन समिति ने रैंडमाइजेशन प्रक्रिया के जरिए लगभग 630 अभ्यर्थियों का चयन अगले चरण के लिए किया। भर्ती प्रक्रिया को संचालित करने की जिम्मेदारी गोण्डा के तरबगंज स्थित उज्ज्वला सेवा संस्थान को दी गई थी। संस्था का दावा है कि उसने शासन के निर्देशों के अनुसार पूरी प्रक्रिया का डाटा तैयार कर लिया था, लेकिन आगे की कार्रवाई बीएसए कार्यालय स्तर पर अटक गई।

संस्था के अध्यक्ष ओम प्रकाश तिवारी का आरोप है कि कार्यादेश मिलने के बावजूद करीब छह महीने तक भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी। शिकायत के अनुसार जब उन्होंने बीएसए डॉ. अजित सिंह से संपर्क किया तो कथित रूप से पांच लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई और फर्म को ब्लैकलिस्ट करने की धमकी दी गई। एफआईआर में यह भी दावा किया गया है कि दबाव के चलते दो लाख रुपये दिए गए, लेकिन इसके बाद भी कथित प्रताड़ना और दबाव जारी रहा। इसी के बाद संस्था ने कोतवाली शहर में बीएसए के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया। मुकदमा दर्ज होते ही पूरे जिले के शिक्षा महकमे में हलचल मच गई और मामला प्रशासन के उच्च स्तर तक पहुंच गया।

रिश्वतखोरी के आरोपों के बीच जब प्रशासन ने रिकॉर्ड की जांच शुरू कराई तो एक और बड़ा खुलासा सामने आया। 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े 61 शिक्षकों के मूल अभिलेख रिकॉर्ड से गायब पाए गए। ये वे दस्तावेज थे जिन्हें सरकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित रखा जाना चाहिए था। मामले को गंभीर मानते हुए तत्कालीन पटल प्रभारी अनुपम मिश्रा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। खास बात यह भी है कि एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्य भी इसी पटल के अधीन बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि जांच टीम अब दोनों मामलों के बीच संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अनुनय झा ने सिटी मजिस्ट्रेट संजय सिंह, एसडीएम सदर संजय अग्रहरि और डायट प्राचार्य रामेंद्र सिंह की तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति गठित की।टीम ने बीएसए कार्यालय पहुंचकर घंटों तक भर्ती, नियुक्ति और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की। जांच के दौरान कई रिकॉर्ड संदिग्ध पाए जाने की आशंका पर भर्ती संबंधी दस्तावेज रखने वाली कई अलमारियों को सील कर दिया गया, जबकि दो कमरों पर भी प्रशासन ने ताला लगाकर सील लगा दी। अधिकारियों का मानना है कि दस्तावेजों से छेड़छाड़ की संभावना को रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

जांच के दौरान भर्ती और गायब फाइलों के अलावा विभागीय कामकाज में भी कई गंभीर खामियां सामने आने की बात कही जा रही है।कहा जा रहा है कि जांच टीम को ऐसे कई प्रकरण मिले जो लंबे समय से लंबित पड़े थे। इनमें करीब एक वर्ष से लंबित पेंशन संबंधी फाइलें भी शामिल बताई जा रही हैं। इसके अलावा न्यायालय के आदेश के बावजूद कुछ भर्ती मामलों में निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया पूरी नहीं कराई गई थी,जिससे अभ्यर्थियों में नाराजगी और असंतोष देखने को मिला।जांच के दौरान कई अभ्यर्थी अधिकारियों के सामने पहुंचे और अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय को नोटिस और सूचना जारी करने के निर्देश दिए गए।साथ ही लंबित काउंसलिंग प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कराने के आदेश भी दिए गए हैं। इन तथ्यों के सामने आने के बाद सवाल सिर्फ रिश्वतखोरी,भर्ती विवाद और गायब फाइलों तक सीमित नहीं रह गए हैं,बल्कि विभाग में लंबित पेंशन, न्यायालय के आदेशों के अनुपालन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

उधर पूरे मामले में घिरे बीएसए डॉ. अजित सिंह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।उनका कहना है कि उन्हें सुनियोजित तरीके से फंसाया जा रहा है। बीएसए का आरोप है कि जिलाधिकारी और एडीएम स्तर के अधिकारियों ने उन्हें लगातार प्रताड़ित किया,बैठकों में अपमानित किया और जिले से चले जाने तक की बात कही।उनका दावा है कि एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी हर कार्रवाई जिला प्रशासन के निर्देशों पर हुई है।उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने किसी अभ्यर्थी से भ्रष्टाचार किया है तो भर्ती प्रक्रिया में शामिल उम्मीदवारों से पूछताछ कराई जाए। बीएसए का आरोप है कि उनके ऑफिस के दो बाबुओं को कलेक्ट्रेट में अटैच किया गया है जबकि वहां के दो बाबूओ को उनके ऑफिस में भेजा गया है नजर रखने के लिए, फर्म संचालक को बुलाकर उनके खिलाफ साजिशन मुकदमा दर्ज कराया गया है।

अब जांच के केंद्र में कई बड़े सवाल खड़े हैं—

• 29 हजार शिक्षक भर्ती से जुड़े 61 शिक्षकों के मूल अभिलेख आखिर कहां गए?

• क्या सरकारी रिकॉर्ड जानबूझकर गायब किए गए या यह प्रशासनिक लापरवाही का मामला है?

• 210 पदों की एजुकेटर भर्ती प्रक्रिया आखिर छह महीने तक क्यों अटकी रही?

• उज्ज्वला सेवा संस्थान द्वारा लगाए गए पांच लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोपों में कितनी सच्चाई है?

• क्या फाइलों के गायब होने और एजुकेटर भर्ती विवाद के बीच कोई संबंध है?

• बीएसए द्वारा लगाए गए साजिश और प्रताड़ना के आरोपों में कितना दम है?

आखिर एक वर्ष से लंबित पेंशन प्रकरणों का निस्तारण क्यों नहीं किया गया?

• क्या विभागीय स्तर पर फाइलों के निस्तारण में लापरवाही बरती गई या जानबूझकर मामलों को रोके रखा गया?

• न्यायालय के आदेश के बावजूद भर्ती प्रक्रिया की काउंसलिंग समय पर क्यों नहीं कराई गई?

• और सबसे बड़ा सवाल, जांच की आंच आखिर बाबुओं तक सीमित रहेगी या विभाग के बड़े अधिकारियों तक भी पहुंचेगी?
फिलहाल हरदोई का शिक्षा विभाग अभूतपूर्व जांच के दौर से गुजर रहा है। मुकदमा दर्ज हो चुका है, रिकॉर्ड सील हैं, पुलिस और प्रशासन दोनों अपनी-अपनी जांच कर रहे हैं। एक तरफ भ्रष्टाचार के आरोप हैं, दूसरी तरफ सरकारी रिकॉर्ड गायब होने का मामला और तीसरी तरफ अफसरों के बीच खुला टकराव। ऐसे में पूरे जिले की निगाह अब इस बात पर टिकी है कि जांच का अगला कदम क्या होगा और आखिर इस पूरे मामले का सच किस रूप में सामने आएगा.
लोकतंत्र सेनानी दिलाराम का निधन, गांव में शोक की लहऱ

आपातकाल में गए थे जेल, जय गुरुदेव के अनुयायी थे दिलाराम*

*अंतिम संस्कार में शामिल होगा पुलिस प्रशासन, क्षेत्र में शोक की लहर।

बबलू प्रजापति
हरदोई पिहानी लोकतंत्र सेनानी एवं जय गुरुदेव के अनुयायी रहे दिलाराम का शुक्रवार को 75 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
दिलाराम आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्षरत रहे और इसी क्रम में उन्हें जेल भी जाना पड़ा था। लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनकी निष्ठा और समाज सेवा के कार्यों के कारण क्षेत्र में उनका विशेष सम्मान था। वह लंबे समय से आध्यात्मिक गतिविधियों से जुड़े हुए थे तथा जय गुरुदेव के अनुयायी के रूप में भी जाने जाते थे।
उनके पुत्र नहीं थे , उनकी पुत्री सुदामा गांव में रहकर लंबे समय से उनकी सेवा कर रही थीं। उनके निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।लोकतंत्र सेनानी  का राजकीय सम्मान के साथ गांव में ही अंतिम संस्कार किया जायेगा। पुलिस के जवानो के साथ  नायब तहसीलदार कानूनगो  ससम्मान गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई देगे। पुलिस विभाग  पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देगे । ग्रामीणों ने बताया कि दिलाराम सरल, मिलनसार एवं समाजहित के कार्यों में सदैव अग्रणी रहते थे। उनके निधन को क्षेत्र की अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है।शनिवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। पिहानी कोतवाली से उपनिरीक्षक श्याम बाबू के नेतृत्व में पुलिस बल भी अंतिम संस्कार में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित करेगा।
ईंट भट्ठा मालिक की हत्या से उबाल, शव रख परिजनों का प्रदर्शन, बुलडोजर एक्शन पर अड़े परिजन
रितेश मिश्रा
हरदोई जिले से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के शिरोमननगर में ईंट भट्ठा मालिक मुल्लू अग्निहोत्री की धारदार हथियारों से निर्मम हत्या और हफ्ता बांटने की धनराशि की लूट की वारदात के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव है।
कल रात जब मृतक का शव लखनऊ से पोस्टमार्टम के बाद वापस गांव शिरोमननगर पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इनकार कर दिया है।
ग्रामीणों और परिजनों का साफ कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी नहीं होती और उनके अवैध ठिकानों पर 'बाबा का बुलडोजर' नहीं चलता, तब तक वे शव को अग्नि नहीं देंगे। गांव में भारी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, पुलिस प्रशासन लगातार परिजनों पर अंतिम संस्कार करने का दबाव बनाने में जुटा हुआ है, जिससे परिजनों में आक्रोश और ज्यादा बढ़ गया है।
शिरोमननगर में ईंट भट्ठा मालिक मुल्लू अग्निहोत्री की बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर नृशंस हत्या कर दी थी। वारदात के वक्त उनके पास मौजूद भट्ठा मजदूरों की मजदूरी की रकम भी लुटेरे लूटकर फरार हो गए थे।
बेलाताली पार्क में तड़प-तड़प कर मर रहीं मछलियां, जिम्मेदार बेखबर

.
रितेश मिश्रा

हरदोई। बेलाताली पार्क स्थित तालाब में जिम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते बड़ी संख्या में मछलियां दम तोड़ रही हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब में पानी का जलस्तर बेहद कम हो गया है, जिससे तेज गर्मी के बीच पानी का तापमान बढ़ रहा है और प्रतिदिन करीब 150 मछलियों की मौत हो रही है।

बताया जा रहा है कि तालाब में पर्याप्त पानी न होने के कारण मछलियां ऑक्सीजन की कमी और बढ़ते तापमान का सामना नहीं कर पा रही हैं। मृत मछलियों के कारण आसपास दुर्गंध भी फैलने लगी है, जिससे पार्क आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि जिलाधिकारी द्वारा बेलाताली पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए हैं, लेकिन इस दौरान तालाब के संरक्षण और उसमें जीवित जलीय जीवों की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। परिणामस्वरूप तालाब की मछलियां लगातार मर रही हैं।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तालाब में तत्काल पानी की व्यवस्था कराने, ऑक्सीजन स्तर बनाए रखने तथा मछलियों को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो तालाब में मौजूद अधिकांश मछलियां समाप्त हो सकती हैं।
सरेशाम सर्राफ के साथ हुई लाखों की लूट एसपी ने जल्द खुलासे के लिए गठित की टीमें
रितेश मिश्रा
हरदोई।कासिमपुर थाना के एक गांव के निकट बुधवार को सरेशाम दुकान बंद कर घर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारपीट कर लाखों रूपये के ज़ेवर लूट लिए। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने घटना स्थल का निरिक्षण कर पीड़ित से घटना की जानकारी ली और जल्द खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्त्व में चार टीमें गठित कर जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
         
प्राप्त विवरण में बुधवार को समय करीब 7:30 बजे मो नसीम पुत्र नसीर निवासी हसनापुर थाना कासिमपुर जिनकी घुघेरा चौराहे पर सोने-चांदी की दुकान है। शाम करीब 7:00 बजे दुकान बंद करके अपने घर जा रहा थे तभी रास्ते में जमुनिया बाग और रसूलपुर के बीच में दो अज्ञात मोटर साइकिल में सवार 4 व्यक्तियों द्वारा छीनझपटी व मारपीट करते हुए नसीम से एक थैला छीन लिया जिसमें करीब दो किलो चांदी और लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण थे और एक मोबाइल फोन था और छीन कर चले गए है।

पुलिस अधीक्षक श्री मीणा ने बताया घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है साथ ही साथ अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी के नेतृत्व में 04 टीमें इस घटना के अनावरण के लिए लगाई गई है और वादी से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज किया गया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई इसमें की जा रही है जल्द से जल्द इस घटना का अनावरण किया जाएगा।
स्मृति शेष वेद प्रकाश शुक्ला की तृतीय पुण्यतिथि पर हुआ काव्यांजलि का आयोजन*
कवयित्री आकांक्षा गुप्ता को वेद प्रकाश शुक्ल स्मृति सम्मान से किया गया सम्मानित*

रितेश मिश्रा
हरदोई : मां आशा फाउंडेशन के तत्वावधान में बुधवार की शाम शहर के वैभव लॉन में काव्यांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कवियों ने स्मृतिशेष वेद प्रकाश शुक्ला जी को शब्द पुष्प भेंट कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ कवि रामदेव बाजपेई व संस्थाध्यक्ष अजीत शुक्ल ने दीप प्रज्ज्वलन व मां शारदा एवं मां आशा फाउंडेशन के संरक्षक स्वर्गीय वेद प्रकाश शुक्ला के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।काव्यांजलि की शुरुआत कवि पवन प्रगीत की वाणी वंदना से हुई । युवा कवि आशुतोष कुमार ने  'इन जंजीरों को कभी तोड़ अगर पाएंगे,मकानों में रह लिए बहुत अब घर जायेंगे' कविता पढ़ वाहवाही लूटी।कवयित्री आकांक्षा गुप्ता ने 'शांति है तो शांति भी करो न कभी भंग किंतु,युद्ध है तो युद्ध भी प्रचंड होना चाहिए' कविता पढ़ तालियां बटोरी l कवि  हर्षित श्रीवास्तव की 'हमारी मां के हाथो का हमारे सिर पर पहरा है,पिता जब साथ में हो फिर तो ये जीवन सुनहरा है'कविता सराही गई। कवि आदर्श गौर ने'मेरी आंखों को जिसने दृष्टि दी,पहचान जीवन में ,हमारी  हार में  भी खुश  उन्हीं  का नाम हैं पापा' कविता पढ़ सभी को भावुक कर दिया।कवि गीतेश दीक्षित ने'थाम उंगली पिता ने चलाया जिसे, वो बुढ़ापे  में  उनको  छड़ी दे गया' गीत पढ़ वाहवाही लूटीlगीतकार दिव्यांशु शुक्ला ने "कर्म तजकर कल्पना ही कर रहे हैं, बुद्ध के चातुर्य का दम भर रहे हैं " गीत पढ वाहवाही लूटी। कवि मनीष मिश्र की रचना ' राज पिता का जब रहा, बने रहे युवराज ।बोझ गृहस्थी का पड़ा, उतरा सिर से ताज ' सराही गई।कवयित्री पल्लवी मिश्रा के गीत 'राघव रघुनंदन रघुवीरा सीतापति सुखधाम, बड़े सुंदर है मेरे राम' सराहा गया।  विकास चौहान 'देखकर राम की छवि जनक नंदिनी, नेह के गेह में थी सिमटने लगी' गीत पढ़ समां बांधा।कवि अनिल अनिकेत ने  "घर, दुआर, देहरी पिता,  अरु बरगद की छाँव lतिंहुपुर की जन्नत अनिल, बसती पितु के पाँव' कविता पढ़ी।कवि अंकित काव्यांश ने "दिए जलाना शुरू करो सब अपने मन की नगरी में,चौदह वर्ष बाद में होंगे पहले राम पधारेंगे" कविता पढ़ वाह वाही लूटी। कवि राजकुमार सिंह प्रखर ने युगों युगों से सारे जग में जिसकी कीर्ति महान है। ऐसा हिंदुस्तान हमारा प्यारा हिंदुस्तान है।' कविता पढ़ तालियां बटोरी।
          कार्यक्रम की अध्यक्षता  वरिष्ठ कवि रामदेव बाजपेई, पवन प्रगीत ,अवरेन्द्र अवस्थी,उदयराज सिंह,लकी रस्तोगी, रामकिशोर मस्ताना,गगनांचल तिवारी,अमित कुमार,प्रमोद तिवारी व कुमार अमित,अरविंद मिश्र  ने भी अपनी रचनाओं से समां बांधा। इस अवसर पर कवयित्री आकांक्षा गुप्ता को श्री वेद प्रकाश शुक्ल स्मृति युवा कवि सम्मान से सम्मानित किया गया।स्वo वेद प्रकाश शुक्ल के पुत्र संस्थाध्यक्ष अजीत शुक्ल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
पैतृक जमीन कब्जे को लेकर बढ़ा विवाद, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
विनोद गुप्ता
बेनीगंज (हरदोई)। सूबे की सरकार द्वारा अवैध कब्जों और जमीन संबंधी विवादों को रोकने के लाख प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि कब्जे और दबंगई के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जनपद हरदोई की बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिश्रीपुर मजरा सिकन्दरपुर का है, जहां एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर जमीन पर कब्जा करने, सामान चोरी करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थिनी प्रेमलता पत्नी स्वर्गीय लाल सिंह निवासी मिश्रीपुर मजरा सिकन्दरपुर ने कोतवाली बेनीगंज में शिकायती पत्र देकर बताया कि दिनांक 20 मई 2026 को राजस्व विभाग, पुलिस बल तथा ग्राम प्रधान की मौजूदगी में गाटा संख्या 2155 की निशानदेही कराते हुए उनकी जमीन से 10 फीट चकमार्ग निकाला गया था, ताकि रास्ते का निकास हो सके। इस कार्रवाई के बाद गांव के विपक्षी पक्ष से आपसी सुलह-समझौता भी हो गया था।
पीड़िता के अनुसार समझौते के आधार पर उन्होंने 15 जून 2026 को अपने खेत के किनारे जाली, रस्सी, तार और एंगल लगवाकर घेराबंदी कराई थी। आरोप है कि 16 जून की रात गांव के बाबू पुत्र भगवती पासी, राजेन्द्र, गुड्डू, विलास, तोला, लाला, लवकुश और सोहनलाल समेत अन्य लोग मौके पर पहुंचे और खेत में लगी घेराबंदी को उखाड़कर सामान चोरी कर ले गए। महिला का कहना है कि इस घटना से लगभग 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विपक्षी बाबू ने चकमार्ग पर अवैध रूप से मकान बना रखा है तथा शौचालय भी उनकी जमीन पर बना दिया गया है। कई बार हिदायत देने के बावजूद आरोपियों ने न तो शौचालय हटाया और न ही कब्जा छोड़ा।
महिला का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो 17 जून की सुबह करीब 7 बजे विपक्षी पक्ष के लोग गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर आमादा हो गए और जान से मारने की धमकी देकर चले गए।
बताया जा रहा है कि मामले की जांच के लिए कई बार बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। आखिरकार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कड़ी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि विपक्षी दबंग प्रवृत्ति के लोग हैं और उनके परिवार की महिलाएं भी आए दिन विवाद खड़ा करती रहती हैं। पीड़िता ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी जमीन को कब्जा मुक्त कराया जाए, चोरी किया गया सामान बरामद कराया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
अब देखना यह होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई करते हैं और पीड़ित परिवार को न्याय कब तक मिल पाता है।
पुलिस ने अवैध तमंचे और कारतूस के साथ युवक को दबोचा
रितेश मिश्रा
हरदोई !̊!̊  जनपद में अवैध शस्त्रों के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुरसा थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त विवरण के अनुसार, पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ लगातार धरपकड़ की जा रही है। इसी क्रम में 17 जून को थाना सुरसा पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी करते हुए अमन  पुत्र रामगुलाम निवासी बल्लीपुर,थाना सुरसा,जनपद हरदोई को गिरफ्तार कर लिया।अवैध हथियार बरामद पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में अभियुक्त के पास से निम्नलिखित सामग्री बरामद हुई है:एक अदद अवैध तमंचा (.012 बोर)एक अदद जिंदा कारतूस आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सुरसा पर मुकदमा अपराध संख्या 192/26 के अंतर्गत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।सराहनीय कार्य करने वाली पुलिसटीम:इस कामयाबी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से शामिल रहे:उ0नि0 मोहम्मद फही,̊का0 जोनी सिंह
का0 अविनाश कौशिक
का0 प्रशांत कुमार
एकल उपयोग प्लास्टिक के विरुद्ध चलाया गया अभियान,काफ़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री जब्त
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।कस्बे के मुख्य बाजार में एकल उपयोग प्लास्टिक की रोकथाम के लिए गुरुवार को नगर पालिका द्वारा छापा मार अभियान चलाया गया। जिसमे काफ़ी मात्रा में प्लास्टिक ग्लास सहित अन्य सामग्री पालिका द्वारा जब्त की गई।
       प्लास्टिक उन्मूलन महाभियान के तहत गुरुवार को नगर पालिका द्वारा कस्बे में प्लास्टिक उपयोग की दुकानों पर छापामार अभियान चलाया।जिसमे काफ़ी मात्रा में प्लास्टिक सामग्री को नगर पालिका टास्क फ़ोर्स कर्मियों द्वारा जब्त किया गया।अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से एकल उपयोग प्लास्टिक रोकथाम करने एवं सकल उपयोग प्लास्टिक उपयोगकर्ताओं के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही करते हुए जब्त की गयी प्लास्टिक की मात्रा, अध्यारोपित जूमनि की राशि एवं कार्यवाही के फोटोग्राफस राज्य मिशन निदेशालय को उपलब्ध कराना तथा समस्त गतिविधियों को स्वच्छतम पोर्टल पर अपलोड कराया जाना है, साथ ही 03 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस एवं 12 जुलाई को पेपर बैग डे" मनाया जायेगा। उक्त के कम में मुख्य रूप से व्यवसायिक संस्थानों यथा मॉल, शॉपिंग सेंटर बाजार, सिनेमा हॉल कार्यालय परिसर, स्ट्रीट वेडर, सब्जी मंडी, होलसेलर, अस्पताल, रेलवे स्टेशन, होटल रेस्टोरेंट, बस स्टेशन, लोकल शॉप तथा अन्य औद्योगिक क्षेत्र में टॉस्क फोर्स के माध्यम से प्लास्टिक उन्मूलन हेतु कार्यवाही की जानी है।