मूल शिकायत में नाम नहीं, फिर भी पत्रकार को बना दिया आरोपी! सीओ सहित पुलिस पर प्रतिशोध में मुकदमा दर्ज कराने का आरोप

रितेश मिश्रा
शाहाबाद (हरदोई) शाहाबाद में कथित अड्डा वसूली प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में पत्रकार पप्पू दीक्षित ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रकाशित समाचारों से नाराज पुलिस अधिकारियों ने सुनियोजित साजिश के तहत उन्हें फर्जी मुकदमे में नामजद करा दिया।
बताया जा रहा है कि वाहन चालक आलोक दीक्षित ने पुलिस अधीक्षक को दिए अपने मूल प्रार्थना पत्र एवं आईजीआरएस शिकायत में अल्हापुर तिराहे पर कथित रूप से ₹50 की अवैध वसूली मांगने तथा वाहन सीज कराने के संबंध में शिकायत की थी। शिकायत में सतीश राठौर सहित अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए थे, लेकिन कहीं भी पत्रकार पप्पू दीक्षित का नाम दर्ज नहीं था।
पप्पू दीक्षित का आरोप है कि बाद में तैयार कराई गई नई तहरीर में उनका नाम जोड़ दिया गया और उसी के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 395/26 दर्ज करा दिया गया। उनका कहना है कि न तो उनका कथित वसूली से कोई संबंध है और न ही नामजद आरोपियों से कोई लेन-देन या विवाद है।
मामले को और गंभीर बनाते हुए दावा किया गया है कि वादी आलोक दीक्षित ने जानकारी होते ही शपथपत्र देकर कहा है कि उसने अपनी शिकायत में पप्पू दीक्षित का नाम नहीं लिखवाया था वाद जब उसे कोतवाली बुलाया गया तो उसके कम पढ़ें लिखे होने का फायदा उठाकर पप्पू दीक्षित का नाम बढ़ा दिया गया, वह पप्पू दीक्षित के विरुद्ध कोई भी कानूनी कार्यवाही कराना नहीँ चाहता है क्योंकि पप्पू दीक्षित का पूरे प्रकरण और अवैध वसूली से कोई वास्ता व सरोकार नहीँ है। पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे में पप्पू दीक्षित का नाम शामिल किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
पत्रकार का आरोप है कि शाहाबाद में तैनात सहायक पुलिस अधीक्षक (सीओ) आलोक राज नारायण ने पूर्व में प्रकाशित समाचारों से नाराज होकर प्रतिशोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें काफी तंग किया और उनके द्वारा आयोजित कवि सम्मलेन में तत्कालीन कोतवाली को मय हमराही भेजकर उनके कवि सम्मेलन में बाधा उत्पन्न कर उन्हें काव्य पाठ करने से रोंक दिया, इतना ही नहीँ उक्त आईपीएस अफसर ने तत्कालीन कोतवाल समेत मय हमराही पुलिस बल के साथ उनके घर पर दबिश दी थी और उनके जर्मन सैफर्ड डॉग को छत पर चढ़कर नीचे फेंक दिया था, जिससे वह अपाहिज हालत में बरेली तक इलाज कराने के बाबजूद तड़प -तड़पकर मर गया और अब नई तहरीर में नाम बढ़वाकर मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने इसे कानून प्रक्रिया का दुरुपयोग, दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई तथा निष्पक्ष न्याय व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न बताया है।
मामले में निष्पक्ष जांच, मूल शिकायत, आईजीआरएस अभिलेख, कथित नई तहरीर तथा वादी के शपथपत्र का मिलान कराए जाने की मांग उठी है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल एक पत्रकार को फंसाने का अत्यंत षड़यंत्रकारी मामला होगा, बल्कि पुलिस कार्यप्रणाली और कानून के दुरुपयोग से जुड़ा गंभीर प्रकरण भी माना जाएगा।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई, इतना ही नहीं सीओ शाहाबाद के सीयुजी नम्बर पर कॉल की गई तो नम्बर स्वीच ऑफ बोलता रहा, और एसएसओ शाहाबाद का सीयुजी नम्बर कई बार मिलाने पर कवरेज क्षेत्र से बाहर बोलता रहा।
इस सम्बन्ध में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के संरक्षक वयोवृद्ध वरिष्ठ पत्रकार दिनेश प्रसाद मिश्रा ने कहा कि यदि पप्पू दीक्षित के विरुद्ध दर्ज कराया गया फर्जी मुकदमा तत्काल खारिज नहीँ किया गया तो जल्द ही वह आमरण अनशन करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन सरकार की ही होगी।
तीन पूर्व छात्रनेताओं को भावभीनी श्रद्धांजलि, छात्रसंघ बहाली की उठी मांग
रितेश मिश्रा
हरदोई। छात्रसंघ परिवार, हरदोई एवं आप और हम चेतना मंच के संयुक्त तत्वावधान में सीएसएन डिग्री कॉलेज के प्रथम महामंत्री रहे स्मृतिशेष चंद्रविशाल दीक्षित, राजकीय महाविद्यालय (जीडीसी) के पूर्व महामंत्री क्षितिश दीक्षित तथा शरद वाजपेयी की श्रद्धांजलि सभा डीएम चौराहा स्थित पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नरेंद्र सिंह के आवास पर आयोजित की गई।
"छात्रसंघ : समस्या, संघर्ष और समाधान" विषय पर आयोजित सभा में जिले व राजधानी से आए छात्रनेताओं, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने दिवंगत छात्रनेताओं के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके संघर्षपूर्ण जीवन, सहयोगी स्वभाव तथा छात्रहित में किए गए योगदान को याद किया।
मुख्य वक्ता पूर्व प्राचार्य डॉ. रामाधार दीक्षित ने छात्रहित में विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्रसंघ बहाली की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं लखनऊ विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री अनिल सिंह वीरू ने छात्रसंघ को लोकतंत्र और राजनीति की प्रथम पाठशाला बताते हुए दिवंगत छात्रनेताओं के संघर्षमय व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला।
करोड़ों की पैतृक जमीन पर कब्जे का विवाद: रिवोली गार्डन प्रकरण में मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की गुहार*
रितेश मिश्रा
हरदोई*। शहर के चर्चित रिवोली गार्डन प्रकरण ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। हरदोई के प्रतिष्ठित व्यवसायी स्वर्गीय राकेश चंद्र गुप्ता की पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच चल रहे विवाद में अब गंभीर आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। मामले में खुद को पीड़ित बताते हुए सौरभ गुप्ता ने मुख्यमंत्री, पुलिस महानिदेशक और पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है।
सौरभ गुप्ता का आरोप है कि चांद बेहटा स्थित गाटा संख्या-320 की करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन पर रिवोली गार्डन संचालक अतुल गुप्ता और उनका परिवार करीब 50 वर्षों से तथाकथित रूप से काबिज चला आ रहा है। उनका दावा है कि इस भूमि पर वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज और रिवोली गार्डन का संचालन किया जा रहा है।
दानपत्र को लेकर खड़े हुए सवाल सौरभ गुप्ता के अनुसार, उन्होंने 24 जून 2025 को अपनी बहन डॉ. वत्सला गुप्ता से उनके हिस्से की भूमि का दानपत्र कराया था। इसके बाद 30 जून 2025 को अतुल गुप्ता की पत्नी रीना गुप्ता ने सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में लिखित शिकायत देकर दावा किया कि स्वर्गीय राकेश चंद्र गुप्ता के वारिसों की गाटा संख्या-320 में कोई भूमि नहीं है।पीड़ित पक्ष का कहना है कि इसके महज कुछ माह बाद, 28 अगस्त 2025 को अतुल गुप्ता ने इसी गाटा संख्या-320 की भूमि में से सौरभ गुप्ता के भाई गौरव गुप्ता से 248.90 वर्ग मीटर तथा उनकी माता अर्चना गुप्ता से 806.99 वर्ग मीटर भूमि का दानपत्र अपने पक्ष में करा लिया।सौरभ गुप्ता ने सवाल उठाया है कि यदि उनके परिवार के नाम गाटा संख्या-320 में कोई भूमि थी ही नहीं, जैसा कि रीना गुप्ता ने अपने शिकायती पत्र में दावा किया था, तो फिर अतुल गुप्ता ने उसी भूमि का दानपत्र किस आधार पर अपने पक्ष में कराया?स्थलीय जांच में छह बीघा जमीन कम मिलने का दावासौरभ गुप्ता के अनुसार, उन्होंने मामले की राजस्व जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद एसडीएम सदर, तहसीलदार और राजस्व टीम द्वारा की गई स्थल सत्यापन रिपोर्ट दिनांक 19 अगस्त 2025 में लगभग 25 बीघा भूमि में से केवल 19 बीघा भूमि ही मौके पर पाई गई, जबकि करीब 6 बीघा भूमि कम मिली।
पीड़ित पक्ष का दावा है कि जांच के दौरान पता चला कि उक्त छह बीघा भूमि रिवोली गार्डन परिसर के भीतर स्थित है, जहां वर्तमान में कोल्ड स्टोरेज और गार्डन का संचालन हो रहा है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि संबंधित विभागों द्वारा किया जाना शेष है।
एंटी फ्रॉड सेल और पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप
सौरभ गुप्ता ने मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि मामले में पुलिस के एंटी फ्रॉड सेल और एक वरिष्ठ अधिकारी ने उनके द्वारा प्रस्तुत राजस्व अभिलेखों, दस्तावेजों और साक्ष्यों को दरकिनार करते हुए एकतरफा कार्रवाई की।
उन्होंने आरोप लगाया कि सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने विशेष रुचि लेते हुए प्रकरण को एंटी फ्रॉड सेल को भेजा, जहां उन्होंने अपने सभी दस्तावेज, साक्ष्य और बयान उपलब्ध कराए, लेकिन उनकी किसी भी बात पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके विपरीत उनके समेत पांच लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज करा दिया गया।पीड़ित पक्ष का कहना है कि यदि उनके द्वारा कराए गए दानपत्र को आधार बनाकर मुकदमा दर्ज किया जा सकता है, तो फिर उसी गाटा संख्या की भूमि का दानपत्र कराने वाले अन्य पक्ष के खिलाफ समान कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उनका आरोप है कि यह पूरा मामला निष्पक्ष जांच की मांग करता है।
न्यायालय में भी विचाराधीन है मामला मामले से संबंधित सौरभ गुप्ता बनाम रीना गुप्ता शीर्षक से वाद संख्या 191/25 सिविल जज (सीनियर डिवीजन), हरदोई की अदालत में भी विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि रीना गुप्ता ने सौरभ गुप्ता द्वारा कराए गए दानपत्र के विरुद्ध मुकदमा दायर कर स्थगनादेश प्राप्त किया है।
दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार उपरोक्त प्रकरण में जब रीना गुप्ता और उनके पुत्र से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने सौरभ गुप्ता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों, प्रस्तुत साक्ष्यों और दावों को निराधार, तथ्यहीन और भ्रामक बताते हुए खारिज कर दिया।फिलहाल, करोड़ों रुपये की इस विवादित भूमि को लेकर उठे सवालों, राजस्व अभिलेखों, दानपत्रों और पुलिस कार्रवाई पर कई प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं। अब सभी की निगाहें शासन-प्रशासन पर टिकी हैं कि क्या इस बहुचर्चित रिवोली गार्डन प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाएगी और पीड़ित पक्ष को न्याय मिलेगा।
दुधारू गाय पर हंसिया से किया हमला,पीड़ित ने स्थानीय कोतवाली में तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार।
विनोद गुप्ता
बेनीगंज(हरदोई)। जनपद हरदोई के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र अंतर्गत एक युवक ने दुधारू गाय पर हंसिया से हमला करने का आरोप लगाते हुए हैरान करने वाला मामला सामने आया है।एक ओर केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा गौसंरक्षण को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं और गौवंशों की सुरक्षा के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोगों द्वारा गौवंशों के प्रति क्रूरता बरतने के आरोप सामने आ रहे हैं। जहां एक ग्रामीण ने पड़ोसी पर उसकी गाय पर धारदार हथियार से हमला करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित हरिवंश पुत्र वेदनाथ यादव, निवासी ग्राम ढकौना ने कोतवाली बेनीगंज में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके मकान के सामने परिवार के ही विजय पुत्र मूलचंद यादव का खेत स्थित है। आरोप है कि विजय द्वारा खेत की मेड़ पर ब्लेडयुक्त तार लगाए गए हैं, जो मकान के मुख्य रास्ते के समीप होने के कारण परिवार के सदस्यों के लिए खतरा बने हुए हैं। आवागमन के दौरान किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
पीड़ित के अनुसार 12 जून 2026 को शाम लगभग 5 बजे विजय का पुत्र अंशुल खेत में हंसिया से चारा काट रहा था। इसी दौरान उसकी गाय, जिसने लगभग पांच दिन पूर्व ही बछड़े को जन्म दिया था, खूंटे से छूटकर किसी तरह खेत की ओर चली गई। आरोप है कि गाय को खेत में देखकर अंशुल आवेश में आ गया और उसने लोहे की धारदार हंसिया से गाय पर कई वार कर दिए।
हरिवंश का कहना है कि हमले में उसकी गाय गंभीर रूप से घायल हो गई, जिससे उसे काफी पीड़ा और आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में गौवंशों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में भी चिंता व्याप्त है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। साथ ही कहा है कि यदि समय रहते ऐसे लोगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में गौवंशों की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात पुलिस द्वारा कही जा रही है।
अब "लौझड़" के नाम से जाना जाएगा हरदोई जिला

लड्डू, आलू- पूडी के साथ लौझड़ जरूरी

रितेश मिश्रा

हरदोई। सामुदायिक रेडियो "रेडियो जागो" द्वारा निर्मित 10 एपिसोड की रेडियो श्रृंखला ‘एक जनपद एक व्यंजन’ का लोकार्पण जिलाधिकारी सभागार में प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हरदोई के प्रसिद्ध लड्डू, आलू-पूरी और लौझड़ जैसे पारंपरिक व्यंजनों की निर्माण विधि और उनकी विशिष्टता अब रेडियो प्रसारण के माध्यम से अधिक लोगों तक पहुंचेगी, जिससे स्थानीय स्वाद और खाद्य परंपराओं को नई प्रतिष्ठा मिलेगी।

असीम अरुण ने कहा कि प्रदेश सरकार की ‘एक जनपद एक व्यंजन’ योजना उत्तर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने व्यंजनों के प्रति लोगों में रुचि जागृत करने और स्थानीय खान-पान की परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए रेडियो जागो की पहल की सराहना की।

रेडियो जागो के अध्यक्ष अभय शंकर गौड़ ने बताया कि इस श्रृंखला के माध्यम से हरदोई के बूंदी और गोंद के लड्डुओं की पहचान प्रदेश ही नहीं, बल्कि देशभर में पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि रेडियो पर प्रसारित होने वाली व्यंजनों की निर्माण विधियां स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगी, जिससे खाद्य व्यवसाय के क्षेत्र में नए अवसर विकसित होंगे। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, संडीला विधायक अलका अर्कवंशी, जिलाधिकारी अनुनय झा, मुख्य विकास अधिकारी नेहा ब्याडवाल, अपर जिलाधिकारी प्रफुल्ल त्रिपाठी, अन्य अधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे।

पुत्र ने पिता पर लिखाई रिपोर्ट

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। एक पिता ने अपनी पत्नी की मौत के बाद दूसरी शादी कर ली और अपने बेटे को दरकिनार कर सारी संपत्ति उसके नाम कर दी। बेटे को पैतृक मकान से भी निकालने और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है । पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। शाहाबाद कोतवाली के ग्राम हर्रई निवासी मुनीम पुत्र भैया लाल के अनुसार उसकी मां की मौत हो जाने के बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली और अपनी सारी संपत्ति दूसरी पत्नी के नाम कर दी। बेटे मुनीम का आरोप है कि पिता अब उसे पैतृक मकान से भी निकालना चाहते हैं । लगातार मकान से न निकलने पर जान माल की धमकियां दे रहे हैं । उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं । उसी घर में रहकर वह अपना जीवन यापन कर रहा है। पीड़ित बेटे ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायती पत्र दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच पड़ताल की जा रही है।
आठ लोगों पर गैंगस्टर का दर्ज किया गया मुक्फमा
रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई। शाहाबाद कोतवाली पुलिस ने समाज विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहकर दहशत फैलाने और संगठित रूप से लूटपाट करने के आरोप में गैर जनपद के आठ लोगों के खिलाफ कोतवाली शाहाबाद में गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। पुलिस ने यादराम उर्फ यादा पुत्र माखनलाल निवासी नौगवां थाना पकड़िया पीलीभीत, अकरम अली पुत्र छिट्टू शाह निवासी हाफिज गंज बरेली, आसिफ उर्फ आसिब पुत्र बशीर निवासी एजाज नगर गौंटिया थाना बारादरी बरेली, आसिफ उर्फ पप्पू पुत्र मिट्ठूवक्श तुलसी नगर एजाज नगर गौंटिया बारादरी बरेली, समोल मंडल पुत्र उपोन निवासी भरतपुर थाना न्योरिया पीलीभीत, नन्हे उर्फ रीतिराम पुत्र मूलचंद निवासी महमंदपुर दिवरियाकलां पीलीभीत, मुकीम उर्फ मोहम्मद मुकीम पुत्र दीनमोहम्मद पशुपति बिहार कालोनी, पशुपति नाथ मंदिर थाना बारादरी बरेली, धर्मेंद्र गिरी पुत्र हरपाल गिरी ग्राम नौगवां पकड़िया थाना सुनगढ़ी पीलीभीत पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की गई है।
क्षेत्रीय विधायक की उपस्थिति में रात्रि चौपाल कार्यक्रम संपन्न
पीयूष तिवारी
बेनीगंज- प्रधानमंत्री के नेतृत्व में “सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं अंत्योदय” के मूल मंत्र पर आधारित केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जनसंपर्क एवं जनकल्याण अभियान के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र 158 सांडी के ब्लॉक अहिरोरी की ग्राम पंचायत अकबरपुर सदियापुर में उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर पर शुक्रवार शाम को रात्रि ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक प्रभास कुमार वर्मा,भाजपा नेता आशुतोष शुक्ला 'राकू'  प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार अहिरोरी संतोष कुमार, पंचायत सहायक अधिकारी मेवाराम, ग्राम विकास अधिकारी विनय कुमार वर्मा,विद्युत अवर अभियंता बेनीगंज, क्षेत्रीय लेखपाल पवन यादव की उपस्थिति में रात्रि ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन मंडल महामंत्री मनमोहन सिंह के द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, गरीब कल्याण, किसान सम्मान, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों, ग्रामीण विकास तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से सुनकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
क्षेत्रीय विधायक ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। रात्रि चौपाल के माध्यम से जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। सम्मानित ग्रामवासियों का स्नेह, विश्वास एवं आशीर्वाद ही जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती प्रदान करता है।
इस मौके पर पार्टी के सम्मानित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित रहे।
भाजपा के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विश्वास एवं जनकल्याण को समर्पित रहे : असीम अरुण
रितेश मिश्रा
हरदोई, भारतीय जनता पार्टी के “12 साल विश्वास के, विकास के और जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत आज उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय प्रभारी मंत्री श्री असीम अरुण जी ने हरदोई जनपद में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की। कार्यक्रमों के उपरांत उन्होंने भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष श्री अजीत सिंह बब्बन के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक को संबोधित करते हुए माननीय प्रभारी मंत्री श्री असीम अरुण ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की शक्ति और पहचान है। उन्होंने कहा कि हम सभी को पूर्ण अनुशासन, समर्पण और निष्ठा के साथ दिन-रात संगठन एवं समाज की सेवा में कार्य करना चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा पिछले 12 वर्षों में किए गए विकास एवं जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने श्री असीम अरुण जी
थाना दिवस पर लेखपाल व ग्राम प्रधान पर रिश्वतखोरी और भेदभाव के आरोप, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज (हरदोई)।कोतवाली क्षेत्र बेनीगंज की ग्राम पंचायत कोरोकला के मजरा खेरवा निवासी कमलेश पुत्र संतराम ने शनिवार को आयोजित थाना दिवस में पहुंचकर क्षेत्रीय लेखपाल एवं ग्राम प्रधान पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली बेनीगंज में प्रार्थना पत्र दिया। मामले की शिकायत नायब तहसीलदार कोथावां अनुपमा वर्मा एवं प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र के समक्ष की गई।
पीड़ित कमलेश का आरोप है कि वह अपने पूर्वजों के मकान से लगी सहन की भूमि पर निर्माण कार्य करा रहा था। इसी दौरान ग्राम प्रधान द्वारा सूचना दिए जाने पर क्षेत्रीय लेखपाल मौके पर पहुंचे। आरोप है कि निर्माण कार्य को लेकर लेखपाल एवं ग्राम प्रधान पक्ष द्वारा उससे ₹20,000 की मांग की गई। पीड़ित का कहना है कि धनराशि दिए जाने के बावजूद उसका निर्माण कार्य रुकवा दिया गया, जिससे उसे आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रार्थी ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि ग्राम समाज की खलिहान एवं होलिका दहन की भूमि पर ग्राम प्रधान पक्ष द्वारा अवैध कब्जा कर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया है। साथ ही उक्त भूमि पर खेती किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने मामले में जातिगत भेदभाव, गरीबों के उत्पीड़न तथा प्रशासनिक संरक्षण मिलने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
कमलेश ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं मजिस्ट्रेटी जांच कराए जाने की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अपने मकान निर्माण कार्य में उत्पन्न की जा रही बाधाओं को दूर कर न्याय दिलाने की अपील की है।
थाना दिवस के दौरान मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।
वहीं दूसरी ओर क्षेत्रीय लेखपाल सुभाष कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी भी व्यक्ति से किसी प्रकार का लेन-देन नहीं किया है और शिकायत में लगाए गए आरोप सत्य नहीं हैं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई को सामने लाने तथा दोषी पाए जाने वाले पक्ष के विरुद्ध क्या कार्रवाई करता है।