भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विधायक बालामऊ ने किया पौधरोपण, प्रबुद्धजनों का किया सम्मान।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई)। विधानसभा क्षेत्र बालामऊ अंतर्गत बेनीगंज में भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्रांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोथावां के हत्याहरण तीर्थ स्थल पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक बालामऊ रामपाल वर्मा ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलित रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित होता है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
हत्याहरण मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी द्वारा विधायक रामपाल वर्मा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके उपरांत विधायक रामपाल वर्मा नगर पंचायत बेनीगंज पहुंचे, जहां भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के अगले चरण में विधायक मनोहर पब्लिक स्कूल पहुंचे, जहां आयोजित समारोह में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों, अध्यापकों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा उनके योगदान का सम्मान किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर कोथावां विकासखंड क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आगामी विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
6 hours ago
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1