जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी पर भाकियू भानू का तहसील में धरना, कार्रवाई के आश्वासन तक आंदोलन जारी

रितेश मिश्रा
संडीला। भारतीय किसान यूनियन (भानू गुट) के जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह उर्फ अंकित की गिरफ्तारी के विरोध में गुरुवार को संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर योगेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता संडीला तहसील परिसर पहुंच गए। किसानों ने शांतिपूर्ण तरीके से धरना प्रदर्शन शुरू करते हुए प्रशासन के खिलाफ अपनी नाराजगी जताई।

धरना स्थल पर प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर योगेश प्रताप सिंह ने कहा कि संगठन के जिलाध्यक्ष की गिरफ्तारी से किसानों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान नेताओं की समस्याओं को सुनने के बजाय उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी मामले में कार्रवाई की जाती है तो वह निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर होनी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि अभी तक प्रशासन की ओर से संगठन के पदाधिकारियों के साथ किसी प्रकार की वार्ता नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक प्रशासन मामले में ठोस कार्रवाई करने और निष्पक्ष जांच का आश्वासन नहीं देता, तब तक किसान तहसील परिसर से हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संगठन हमेशा किसानों के हितों की लड़ाई लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से लड़ता आया है और आगे भी किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

धरना प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान कार्यकर्ता तहसील परिसर में मौजूद रहे। किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष के समर्थन में नारेबाजी भी की। तहसील परिसर में चल रहे धरने को देखते हुए प्रशासनिक अमला भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। फिलहाल किसान नेताओं और प्रशासन के बीच वार्ता की कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है, जिससे आंदोलन के आगे और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विधायक बालामऊ ने किया पौधरोपण, प्रबुद्धजनों का किया सम्मान।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई)। विधानसभा क्षेत्र बालामऊ अंतर्गत बेनीगंज में भारतीय जनता पार्टी के केंद्र में सफलतापूर्वक 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्रांति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोथावां के हत्याहरण तीर्थ स्थल पर पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक बालामऊ रामपाल वर्मा ने पौधरोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण से न केवल पर्यावरण संतुलित रहता है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी सुनिश्चित होता है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
हत्याहरण मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पुजारी द्वारा विधायक रामपाल वर्मा को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया।
इसके उपरांत विधायक रामपाल वर्मा नगर पंचायत बेनीगंज पहुंचे, जहां भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों एवं उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास, सुरक्षा, आधारभूत संरचना, किसान कल्याण, महिला सशक्तिकरण और गरीबों के उत्थान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के अगले चरण में विधायक मनोहर पब्लिक स्कूल पहुंचे, जहां आयोजित समारोह में क्षेत्र के प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों, अध्यापकों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि समाज के विकास में शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और समाजसेवियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा उनके योगदान का सम्मान किया जाना आवश्यक है।
इस अवसर पर कोथावां विकासखंड क्षेत्र के दर्जनों ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान भाजपा सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आगामी विकास योजनाओं पर भी चर्चा की गई।
जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर देकर कार्रवाई की उठाई आवाज़।
रितेश मिश्रा
बेनीगंज(हरदोई)।कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम पहला निवासी एक व्यक्ति ने जमीन के विवाद को लेकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पहला थाना बेनीगंज निवासी भन्नू पुत्र मोलहे पासी ने प्रभारी निरीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि 10 जून 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे उनके गांव में मकान निर्माण कार्य के दौरान कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से उनकी भूमि में अतिक्रमण कर निर्माण कराया जा रहा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि रामबालक पासी, विमलेश उर्फ छोटकऊ पुत्र रामकुमार पासी, रामकुमार पुत्र पुलई पासी निवासी मोहरावां थाना रामकोट जनपद सीतापुर तथा उनके रिश्तेदार बीरू पुत्र संदीप पासी ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उन्हें, उनकी पत्नी रेनू तथा छोटे भाई सत्येंद्र और परिवार की अन्य सदस्य के साथ बुरी तरह मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना में पीड़ित और उनके परिजनों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद पीड़ित भन्नू पासी ने कोतवाली बेनीगंज पहुंचकर लिखित तहरीर दी और आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है।
फिलहाल स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
गौशाला में गौवंशों की दुर्दशा, , कुत्तों का निवाला बन रहे बेज़ुबान .
रितेश मिश्रा
हरदोई: विकास खण्ड कोथावां अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवादा लोचन स्थित गौशाला में गौ संरक्षण को लेकर किए जा रहे सरकारी दावों की हकीकत सवालों के घेरे में दिखाई दे रही है। गौशाला की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां व्यवस्थाओं की निगरानी और संचालन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गौशाला में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए निगरानी सिस्टम और अन्य सुविधाएं होने के बावजूद गौवंशों को अपेक्षित देखभाल नहीं मिल पा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि गौशाला परिसर में मृत गौवंशों के अवशेष पड़े होने तथा उन्हें आवारा कुत्तों द्वारा नोच-नोच कर खाने के दृश्य सामने आने से क्षेत्रीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। यह स्थिति न केवल गौ संरक्षण की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाती है बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताओं को भी जन्म देती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में केयर टेकर की नियमित उपस्थिति नहीं दिखाई देती, जिसके कारण गौवंशों की देखरेख प्रभावित हो रही है। वहीं सरकारी मानकों के अनुसार गौशालाओं में गौवंशों के लिए प्राथमिक उपचार, पर्याप्त हरा चारा, स्वच्छ पेयजल तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान हालात इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। लोगों का यह भी सवाल है कि जब गौशाला में निगरानी के लिए आधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं तो फिर ऐसी अव्यवस्थाएं कैसे उत्पन्न हो रही हैं? यदि निगरानी व्यवस्था सक्रिय है तो जिम्मेदार अधिकारियों तक यह जानकारी क्यों नहीं पहुंची और यदि जानकारी पहुंची है तो अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
क्षेत्रीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, गौशाला की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, मृत गौवंशों के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
गौ संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ऐसे में नेवादा लोचन गौशाला की यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाता है।
पूर्व निर्धारित मार्गो से निकाले जाएं ताजिये, आपसी सौहार्द का रखें ध्यान :- अनुनय झा

मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर रहेगी पुलिस की पारखी नजर- अशोक मीणा

रितेश मिश्रा
हरदोई।गुरुवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मोहर्रम के अवसर पर सभी आयोजन परंपरागत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही विद्युत विभाग को ढीले तारों एवं अन्य संभावित खतरों को समय से दूर करने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में उपस्थित ताजियादारों एवं धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव का भी संदेश देता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
एमएलसी प्रत्याशी अवनीश सिंह का ब्लॉक प्रमुख के आवास पर स्वागत, जनप्रतिनिधियों से किया संवाद
बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)। भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी अवनीश सिंह का गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई के आवास पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विकास खंड के प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों तथा अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
बैठक में अवनीश सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। साथ ही स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा प्रत्याशी का स्वागत करते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
----
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।" — अवनीश सिंह, भाजपा एमएलसी प्रत्याशी
-----
उपस्थित रहे

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सोनू भारती, प्रधान संघ अध्यक्ष मेवाराम राठौर, अखिलेश दीक्षित, तहसीम खान, रघुवीर सिंह, गोपाल मिश्रा, राजीव सिंह, मोहम्मद हुसैन, अंकित बाजपेई, असीर अहमद, अंकित पतरास, मंटू खान, राधेश्याम, उमाकांत द्विवेदी, सुरेश कुशवाहा, विवेक कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
योग संकल्प दिवस-13 के अवसर पर हरदोई में योग, प्राणायाम एवं ध्यान का आयोजन
रितेश मिश्रा
हरदोई,  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के क्रम में आयोजित ‘योग संकल्प दिवस-13’ के तहत गुरुवार प्रातः हरदोई के शहीद उद्यान में योग साधकों ने सामूहिक रूप से योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में तन, मन एवं जीवन को संतुलित रखने के संकल्प को दोहराते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

योग संकल्प दिवस-13 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। यह आयोजन 11 जून की प्रातःकालीन बेला में शहीद उद्यान, हरदोई में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में योग प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

*स्वस्थ नागरिक, सशक्त लोकतंत्र का संकल्प*

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अवनीश कुमार सिंह, सदस्य विधान परिषद (लखनऊ खंड स्नातक) के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि ग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को ऊर्जावान, अनुशासित एवं आत्मविश्वासी बनाकर जीवन में संतुलन स्थापित करने का माध्यम भी है। नियमित योगाभ्यास मानसिक शांति, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है।

*लोकतांत्रिक सहभागिता का भी दिया संदेश*

योग सत्र के उपरांत स्नातक बहनों, भाइयों एवं वरिष्ठजनों से आगामी स्नातक निर्वाचन सूची में अपना नाम दर्ज कराने के mo लिए फॉर्म-18 भरने का आग्रह किया गया। उपस्थित नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वस्थ शरीर, सजग मन एवं सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संदेश रहा - “तन से स्वस्थ, मन से सजग एवं मतदान से लोकतंत्र सशक्त।”
उल्लेखनीय है कि श्री अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, वैगनआर की टक्कर से गई जान

बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)। पिहानी क्षेत्र में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से यह हादसा हुआ, जिसके बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार उजागर पुरवा निवासी शकील (42) पुत्र नायब बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक वैगनआर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शकील ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने वैगनआर कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विटामिन ए संपूरण अभियान से बच्चों के स्वास्थ्य और विकास को मिलेगी मजबूती विटामिन ए की दवा पिलाने का एक माह का अभियान शुरू 5.73 लाख बच्चों को विट

रितेश मिश्रा
हरदोई।में बुधवार से विटामिन ए संपूरण कार्यक्रम के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने का एक माह का अभियान शुरू हो गया। अभियान का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुरसा में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने एक बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने कहा कि "विटामिन ए संपूरण कार्यक्रम बच्चों में कुपोषण, संक्रमण और विटामिन ए की कमी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान प्रत्येक पात्र बच्चे तक आवश्यक पोषण संबंधी सेवाएं पहुंचाने का माध्यम है। मैं सभी अभिभावकों से अपील करता हूं कि वे अपने बच्चों को समय पर विटामिन ए की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि उनका स्वस्थ विकास सुनिश्चित हो सके और वे विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रह सकें| जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 5.73 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के तहत पहली खुराक नौ माह की आयु पर एमआर-1 (मीजल्स-रूबेला) टीके के साथ तथा दूसरी खुराक 16 से 24 माह की आयु में एमआर-2 टीके के साथ दी जाती है। इसके बाद पांच वर्ष की आयु तक बच्चों को निर्धारित अंतराल पर विटामिन ए की खुराक दी जाती है| उन्होंने बताया कि विटामिन ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखने तथा संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी से बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याएं, कुपोषण और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। अभियान के लिए जनपद में विटामिन ए की खुराक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा स्वास्थ्यकर्मियों को इसके प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है| इसी के साथ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सीएचसी पर एचपीवी टीकाकरण अभियान का निरीक्षण भी किया|
दलित युवक से दबंगों ने की मारपीट शिकायती पत्र देकर पुलिस से लगाई न्याय की गुहार


रितेश मिश्रा


बेनीगंज (हरदोई)। जनपद हरदोई के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम देवरिया पूर्वी निवासी संतोष कुमार पुत्र मुनेश्वर रैदास ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कर स्थानीय पुलिस से  न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 9 जून 2026 की शाम तरकीबन 6:30 बजे संतोष कुमार साइकिल से प्रतापनगर चौराहे की ओर जा रहे थे। आरोप है कि गांव के बाहर सोहन के बाग के पास गांव के ही सत्येंद्र, संतोष, राममूर्ति यादव, विवेक और दिव्यांश ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित का कहना है कि खेत की सिंचाई के लिए पाइप डालने को लेकर पहले हुए विवाद की रंजिश में आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में अंदरूनी घायल होने का दावा करते हुए संतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद से वह भयभीत हैं। उन्होंने कोतवाली बेनीगंज पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है और मामले की जांच की मांग की गई है।


इस संबंध में पुलिस चौकी प्रभारी प्रताप नगर दीपक कुमार ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।