पूर्व निर्धारित मार्गो से निकाले जाएं ताजिये, आपसी सौहार्द का रखें ध्यान :- अनुनय झा

मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर रहेगी पुलिस की पारखी नजर- अशोक मीणा

रितेश मिश्रा
हरदोई।गुरुवार को जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में स्वामी विवेकानंद सभागार में आगामी मोहर्रम पर्व के दृष्टिगत शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बैठक सम्पन्न हुई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मोहर्रम के अवसर पर सभी आयोजन परंपरागत एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएं। उन्होंने संबंधित विभागों को जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए साथ ही विद्युत विभाग को ढीले तारों एवं अन्य संभावित खतरों को समय से दूर करने के लिए कहा गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि मोहर्रम के दौरान संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया पर भी सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में उपस्थित ताजियादारों एवं धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाया जायेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता एवं आपसी सद्भाव का भी संदेश देता है। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उपजिलाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
एमएलसी प्रत्याशी अवनीश सिंह का ब्लॉक प्रमुख के आवास पर स्वागत, जनप्रतिनिधियों से किया संवाद
बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)। भाजपा के एमएलसी प्रत्याशी अवनीश सिंह का गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई के आवास पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान विकास खंड के प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों तथा अन्य गणमान्य लोगों ने उन्हें माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
बैठक में अवनीश सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करते हुए केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित किए हैं। साथ ही स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड बनाने पर प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेई ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा प्रत्याशी का स्वागत करते हुए सभी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
----
"प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।" — अवनीश सिंह, भाजपा एमएलसी प्रत्याशी
-----
उपस्थित रहे

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य सोनू भारती, प्रधान संघ अध्यक्ष मेवाराम राठौर, अखिलेश दीक्षित, तहसीम खान, रघुवीर सिंह, गोपाल मिश्रा, राजीव सिंह, मोहम्मद हुसैन, अंकित बाजपेई, असीर अहमद, अंकित पतरास, मंटू खान, राधेश्याम, उमाकांत द्विवेदी, सुरेश कुशवाहा, विवेक कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में प्रधान, बीडीसी सदस्य एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
योग संकल्प दिवस-13 के अवसर पर हरदोई में योग, प्राणायाम एवं ध्यान का आयोजन
रितेश मिश्रा
हरदोई,  अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के क्रम में आयोजित ‘योग संकल्प दिवस-13’ के तहत गुरुवार प्रातः हरदोई के शहीद उद्यान में योग साधकों ने सामूहिक रूप से योग, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में तन, मन एवं जीवन को संतुलित रखने के संकल्प को दोहराते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

योग संकल्प दिवस-13 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित योग साधकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा उसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा। यह आयोजन 11 जून की प्रातःकालीन बेला में शहीद उद्यान, हरदोई में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में योग प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।

*स्वस्थ नागरिक, सशक्त लोकतंत्र का संकल्प*

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. अवनीश कुमार सिंह, सदस्य विधान परिषद (लखनऊ खंड स्नातक) के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन के लिए नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि ग केवल शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को ऊर्जावान, अनुशासित एवं आत्मविश्वासी बनाकर जीवन में संतुलन स्थापित करने का माध्यम भी है। नियमित योगाभ्यास मानसिक शांति, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है।

*लोकतांत्रिक सहभागिता का भी दिया संदेश*

योग सत्र के उपरांत स्नातक बहनों, भाइयों एवं वरिष्ठजनों से आगामी स्नातक निर्वाचन सूची में अपना नाम दर्ज कराने के mo लिए फॉर्म-18 भरने का आग्रह किया गया। उपस्थित नागरिकों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वस्थ शरीर, सजग मन एवं सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संदेश रहा - “तन से स्वस्थ, मन से सजग एवं मतदान से लोकतंत्र सशक्त।”
उल्लेखनीय है कि श्री अवनीश कुमार सिंह के नेतृत्व में लखनऊ खंड स्नातक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने तथा समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, वैगनआर की टक्कर से गई जान

बबलू प्रजापति
पिहानी (हरदोई)। पिहानी क्षेत्र में बुधवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार वैगनआर कार की टक्कर से यह हादसा हुआ, जिसके बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार उजागर पुरवा निवासी शकील (42) पुत्र नायब बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान एक वैगनआर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शकील ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने वैगनआर कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विटामिन ए संपूरण अभियान से बच्चों के स्वास्थ्य और विकास को मिलेगी मजबूती विटामिन ए की दवा पिलाने का एक माह का अभियान शुरू 5.73 लाख बच्चों को विट

रितेश मिश्रा
हरदोई।में बुधवार से विटामिन ए संपूरण कार्यक्रम के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाने का एक माह का अभियान शुरू हो गया। अभियान का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सुरसा में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने एक बच्चे को विटामिन ए की खुराक पिलाकर किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने कहा कि "विटामिन ए संपूरण कार्यक्रम बच्चों में कुपोषण, संक्रमण और विटामिन ए की कमी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह अभियान प्रत्येक पात्र बच्चे तक आवश्यक पोषण संबंधी सेवाएं पहुंचाने का माध्यम है। मैं सभी अभिभावकों से अपील करता हूं कि वे अपने बच्चों को समय पर विटामिन ए की खुराक अवश्य दिलाएं, ताकि उनका स्वस्थ विकास सुनिश्चित हो सके और वे विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रह सकें| जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि जनपद में कुल 5.73 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। कार्यक्रम के तहत पहली खुराक नौ माह की आयु पर एमआर-1 (मीजल्स-रूबेला) टीके के साथ तथा दूसरी खुराक 16 से 24 माह की आयु में एमआर-2 टीके के साथ दी जाती है। इसके बाद पांच वर्ष की आयु तक बच्चों को निर्धारित अंतराल पर विटामिन ए की खुराक दी जाती है| उन्होंने बताया कि विटामिन ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, आंखों की रोशनी को सुरक्षित रखने तथा संक्रमण से बचाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसकी कमी से बच्चों में दृष्टि संबंधी समस्याएं, कुपोषण और विभिन्न बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। अभियान के लिए जनपद में विटामिन ए की खुराक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है तथा स्वास्थ्यकर्मियों को इसके प्रभावी संचालन के लिए प्रशिक्षित किया जा चुका है| इसी के साथ जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने सीएचसी पर एचपीवी टीकाकरण अभियान का निरीक्षण भी किया|
दलित युवक से दबंगों ने की मारपीट शिकायती पत्र देकर पुलिस से लगाई न्याय की गुहार


रितेश मिश्रा


बेनीगंज (हरदोई)। जनपद हरदोई के कोतवाली बेनीगंज क्षेत्र के ग्राम देवरिया पूर्वी निवासी संतोष कुमार पुत्र मुनेश्वर रैदास ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत कर स्थानीय पुलिस से  न्याय की गुहार लगाई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार 9 जून 2026 की शाम तरकीबन 6:30 बजे संतोष कुमार साइकिल से प्रतापनगर चौराहे की ओर जा रहे थे। आरोप है कि गांव के बाहर सोहन के बाग के पास गांव के ही सत्येंद्र, संतोष, राममूर्ति यादव, विवेक और दिव्यांश ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित का कहना है कि खेत की सिंचाई के लिए पाइप डालने को लेकर पहले हुए विवाद की रंजिश में आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
मारपीट में अंदरूनी घायल होने का दावा करते हुए संतोष कुमार ने बताया कि घटना के बाद से वह भयभीत हैं। उन्होंने कोतवाली बेनीगंज पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस को शिकायत सौंप दी गई है और मामले की जांच की मांग की गई है।


इस संबंध में पुलिस चौकी प्रभारी प्रताप नगर दीपक कुमार ने बताया कि शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता मे हुई महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना की बैठक


रितेश मिश्रा


हरदोई। आज विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सर्वप्रथम मानव दिवस सृजन की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान विकास खण्ड अहिरोरी एवं बेहन्दर की प्रगति जनपद में सर्वाधिक खराब पाई गई, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने खण्ड विकास अधिकारी अहिरोरी कमरान नेमानी एवं खण्ड विकास अधिकारी बेहन्दर बबिता गुप्ता के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश उपायुक्त (श्रम रोजगार) को दिए।

अपूर्ण कार्यों की समीक्षा के दौरान विकास खण्ड बेहन्दर एवं कछौना की प्रगति अत्यंत संतोषजनक न पाए जाने पर संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए निर्देशित किया गया कि 20 जून, 2026 तक कम से कम 50 प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त युक्तिधारा, नेशनल मोबाइल मॉनीटरिंग सिस्टम श्रमिकों की ई-केवाईसी, वृक्षारोपण कार्य, कार्यों की जियो टैगिंग, समयबद्ध भुगतान, एरिया ऑफिसर निरीक्षण, अन्नपूर्णा भवन एवं फूड फॉरेस्ट आदि बिंदुओं की समीक्षा की गई।

समीक्षा में विकास खण्ड हरपालपुर, शाहाबाद, कछौना, साण्डी एवं बेहन्दर की प्रगति जनपद औसत से कम पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को चेतावनी जारी करते हुए कार्यों में अपेक्षित सुधार लाने तथा भविष्य में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मनरेगा के अंतर्गत संचालित सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए तथा शासन की मंशा के अनुरूप अधिकाधिक मानव दिवस सृजित करते हुए पात्र ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण श्री अशोक कुमार, उपायुक्त (मनरेगा) संतोष कुमार सिंह, समस्त खण्ड विकास अधिकारी एवं समस्त अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने जन सुनवाई मे सुनी 62 शिकायतें

रितेश मिश्रा


हरदोई।आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 62 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण समयबद्व और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो।

जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे नगर मजिस्टेªट संजय कुमार व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें।
नटवीर बाबा स्थान पर विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया महाप्रसाद .
विनोद गुप्ता
हरदोई: ज्येष्ठ (अधिक) मास के कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि एवं मंगलवार के पावन अवसर पर बेनीगंज रेलवे क्रॉसिंग स्थित प्राचीन नटवीर बाबा स्थान पर समाजसेवी पुनीत मिश्रा के नेतृत्व में विशाल पूड़ी-सब्जी भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ नैमिषारण्य स्थित नारदानंद आश्रम शांतिकुटी के प्रमुख श्री शाश्वतानंद  महाराज द्वारा पूजा-अर्चना एवं विधि-विधान के साथ कराया गया। इसके पश्चात भंडारे का वितरण प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर नैमिषारण्य हनुमानगढ़ी के महंत पवन दास महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलयुग में अन्नदान और भंडारा सबसे बड़ा पुण्य कार्य है तथा इससे समाज में सेवा, समर्पण और सद्भावना की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम में 84 कोसी परिक्रमा अध्यक्ष नारायण दास महाराज, वनगढ़ आश्रम महंत संतोष दास खाकी, प्रसिद्ध भजन गायक एवं कथावाचक सुरेश दास शास्त्री तथा अयोध्या धाम से पधारे सत्य सनातन धर्म प्रचारक दिवाकराचार्य जी महाराज ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। संतों एवं धर्माचार्यों ने नैमिषारण्य की महिमा, सनातन संस्कृति एवं धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वचन प्रदान किए।
संत-महात्माओं की उपस्थिति से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने संतों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धार्मिक आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विख्यात समाजसेवी राजवर्धन सिंह 'राजू', समाजवादी पार्टी के नेता छत्रपाल 'छत्तर', समाजसेवी विशाल गुप्ता (टड़ियावां), कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अंशू अवस्थी, वन क्षेत्राधिकारी कछौना विनय कुमार सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर आयोजन की सराहना की और अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
नगर क्षेत्र से राजीव रंजन त्रिपाठी, शेष कुमार मिश्रा सहित अनेक सम्मानित नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं धर्मप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भंडारे के सफल आयोजन पर समाजसेवी पुनीत मिश्रा ने सभी संत-महात्माओं, अतिथियों, सहयोगियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज सेवा और धर्म सेवा के ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।
बड़े मंगल पर आस्था का महासंगम: बालाजी के भक्तों ने जगह-जगह कराए भंडारे।

पिहानी में पूड़ी-सब्जी भंडारे में उमड़ा जनसैलाब, गूंजे जय बजरंगबली के जयकारे

बबलू प्रजापति
पिहानी। जेठ माह के छठे बड़े मंगल के पावन अवसर पर जय बाबा बर्फानी मंडल, कटरा बाजार पिहानी के तत्वावधान में रौजा सदर जहां गेट के सामने  पूड़ी-सब्जी भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में महिला, पुरुष एवं बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भीषण गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे क्षेत्र में "जय श्रीराम" और "जय बजरंगबली" के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। भंडारे में सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक साथ बैठकर हनुमान जी का प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में राजीव पटवा, जीतू यज्ञ सैनी, धर्मेंद्र यज्ञ सैनी, लालू हलवाई, रितेश गुप्ता, राहुल गुप्ता (दूध वाले), ललित गुप्ता, पवन गुप्ता, अमन गुप्ता, शिवा गुप्ता सहित अनेक भक्तों ने सक्रिय सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
बड़े मंगल के अवसर पर आयोजित इस भव्य भंडारे ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश दिया। श्रद्धालुओं ने आयोजकों के इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे सेवा और समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। वह दूसरी और बाबा मैरिज लॉन के मैनेजर वेद प्रकाश पाल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ हजारों भक्तों को शरबत पिलाया।