पचदेवरा क्षेत्र के चादपुर मोड़ पर गूंजी गोलियों की आवाज, पुलिस के शिकंजे में आया वाहन चोरों का गिरोह
रितेश मिश्रा
हरदोई।जनपद में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच थाना पचदेवरा पुलिस ने एक उल्लेखनीय सफलता अर्जित की है। चादपुर मोड़ के समीप हुई पुलिस और बदमाशों की मुठभेड़ में चार शातिर वाहन चोर गिरफ्तार किए गए, जिनकी गिरफ्तारी के साथ ही छह मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं से पर्दा उठ गया। बरामदगी में चोरी की मोटरसाइकिलें, अवैध असलहा, कारतूस तथा वाहनों को खोलने में प्रयुक्त उपकरण शामिल हैं।
घटनाक्रम की शुरुआत उस समय हुई जब शाहाबाद के नई बस्ती मोहल्ले निवासी मोहम्मद सुलेमान की मोटरसाइकिल गत 31 मई को उनके घर के बाहर से चोरी हो गई थी। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना पचदेवरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम को मामले के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी गई। कई दिनों की सतर्क निगरानी और तकनीकी पड़ताल के बाद पुलिस को सफलता का सूत्र हाथ लगा।
6 जून की रात मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ चादपुर मोड़ के निकट मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। जब संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे भागने लगे और स्वयं को घिरा देखकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। इसके बाद चारों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे, राजपाल, वीरेंद्र और विशाल शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हरदोई और शाहजहांपुर जनपदों में मोटरसाइकिल चोरी की कई वारदातों को स्वीकार किया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह सुनियोजित तरीके से वाहन चोरी कर उन्हें खोलकर उनके पुर्जे बेचता था अथवा दूसरे जनपदों में खपा देता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें, एक खुली हुई मोटरसाइकिल, .315 बोर का अवैध तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा वाहन खोलने के उपकरण बरामद किए हैं। बरामद मोटरसाइकिलों में शाहाबाद से चोरी हुई बाइक भी शामिल है, जिसकी तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी।
जांच के दौरान गिरोह के सरगना नूर मोहम्मद उर्फ नन्हे का लंबा आपराधिक इतिहास भी उजागर हुआ। उसके विरुद्ध चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज पाए गए हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल जारी है।
पुलिस का मानना है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और क्षेत्र में वाहन चोरी की कई घटनाओं के पीछे इसी का हाथ था। चारों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि घायल आरोपी का उपचार पुलिस निगरानी में कराया जा रहा है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले नेटवर्क की भी गहन जांच की जा रही है।
इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने थाना पचदेवरा पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों के साथ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। वाहन चोरों के इस गिरोह की गिरफ्तारी को हरदोई पुलिस की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा और विश्वास की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सभी को मिल रहा लाभ - रजनी तिवारी

रितेश मिश्रा
शाहाबाद हरदोई।केन्द्र सरकार के "सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण के गौरवपूर्ण 12 वर्ष" पूर्ण होने के उपलक्ष्य में दिनांक 5 जून से 21 जून तक संचालित होने वाले वृहद अभियान ‎के अन्तर्गत शनिवार को उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी की अध्यक्षता में विकास खण्ड टोडरपुर की ग्राम पंचायत उमरौली में रात्रि चौपाल आयोजित की गयी।
    श्रीमती तिवारी ने जनता से संवाद कर उन्हें शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों से अवगत कराया।उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया  कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों से सभी पात्रों को लाभान्वित किया जाय तथा शिकायतों एवं समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध तथा प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
‎        रात्रि चौपाल के दौरान ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्याम बाबू त्रिवेदी, पीडी ए के मौर्या, डीपीआरओ श्रेया उपाध्याय, डीएसटीओ राम प्रकाश, बीडीओ अरविंद राजपूत, नायब तहसीलदार प्रणव पाण्डेय, प्रधान प्रतिनिधि अवनीश अग्निहोत्री के साथ क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
‎      इस अवसर पर श्रीमती तिवारी ने ग्राम पंचायत उमरौली में "एक पेड़ माँ के नाम" रोपित किया। उन्होंने सभी को प्रेरित भी किया कि अधिक से अधिक पौधे रोपित करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण पर्यावरण संरक्षण हेतु अत्यन्त आवश्यक है और इसके लिए सभी को सम्मिलित रूप से प्रयास करना चाहिए। उन्होंने वृक्षों से होने वाले लाभ के विषय में भी विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए अपील की कि सभी अधिक से अधिक पौधे रोपित करें तथा रोपित किए गए पौधों का संरक्षण अवश्य करें।
पानी की थैलियां लेकर जा रहा सीएनजी ऑटो अनियंत्रित होकर पलटा, चालक गंभीर घायल*.

धर्म सिंह
*हरदोई -मल्लावां* थाना क्षेत्र के राघोपुर से सिरधरपुर जा रहा एक सीएनजी ऑटो रविवार को अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के समय ऑटो में पानी की थैलियां लदी हुई थीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कमल  निवासी सिरधरपुर पानी की थैलियां लेकर राघोपुर से अपने गांव सिरधरपुर जा रहा था। रास्ते में किसी कारणवश उसका सीएनजी ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया। हादसे में चालक कमल को गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने घायल चालक को तत्काल उपचार के लिए राघोपुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दुर्घटना में ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार वाहन के अनियंत्रित होने के कारण हादसा हुआ। समाचार लिखे जाने तक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मल्लावां थाना क्षेत्र के राघोपुर चौकी की है।
भीषण गर्मी में जलस्तर गिरा, हैंडपंपों की हलक सूखी

भीषण गर्मी में जवाब देने लगे हैंडपंप, कई जगह दूषित पानी
की आपूर्ति से बढ़ी चिंता

बबलू प्रजापति
पिहानी(हरदोई)भीषण गर्मी और लगातार गिरते भूजल स्तर ने  पेयजल संकट को गहरा दिया है। गांवों और कस्बों में लगे हैंडपंपों की "हलक सूखने" लगी है। कहीं हैंडपंप पूरी तरह बंद हो गए हैं तो कहीं उनसे बेहद कम मात्रा में पानी निकल रहा है। कई स्थानों पर गंदा और दूषित पानी आने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
जून की तपती गर्मी में जब पानी की जरूरत सबसे अधिक है, तब बड़ी संख्या में हैंडपंप जवाब देने लगे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह से ही पानी भरने के लिए कतार लगाने को मजबूर हैं। जिन गांवों में वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था नहीं है, वहां स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल गर्मी में जलस्तर नीचे जाता है, लेकिन इस बार हालात ज्यादा खराब हैं। कई हैंडपंपों से केवल हवा निकल रही है, जबकि कुछ से निकलने वाला पानी पीने योग्य नहीं है। इससे लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार लगातार भूजल दोहन, वर्षा जल संचयन की कमी और बढ़ते तापमान के कारण भूजल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। यदि समय रहते जल संरक्षण और भूजल पुनर्भरण के प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो आने वाले दिनों में जल संकट और विकराल रूप ले सकता है।
पेयजल संकट को देखते हुए ग्रामीणों ने खराब पड़े हैंडपंपों की मरम्मत, नए हैंडपंपों की स्थापना तथा टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। वहीं संबंधित विभाग का कहना है कि शिकायत मिलने पर खराब हैंडपंपों को ठीक कराने और प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है।
हरदोई बिलग्राम गंगाधाम स्थित मां इंद्रा गैस एजेंसी का सिलिंडर ब्लैक का पर्दाफाश*
धर्म सिंह
हरदोई* बिलग्राम गंगाधाम स्थित मां इंद्रा गैस एजेंसी पर भारी अनियमितताएं हैं जैसे घरेलू सिलिंडर के लिए उपभोक्ता महीनों से लाईन में लगे हैं लेकिन सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है वहीं इंडियन ऑयल मंडल कानपुर की तरफ से पर्याप्त LPG भेजी जा रही है लेकिन रास्ते में ही एजेंसी संचालक द्वारा कराया जाता है बड़ा खेल गाड़ी रास्ते आधी खाली कराकर वितरण की जगह पर पहुंचती है लाईन में लगे उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रहा सिलिंडर व पर्ची वितरण से लेकर सिलिंडर वितरण तक आधी अपने करीबियों को बांटी जाती है वहीं एक तरफ से वीडियो वायरल है कि हरदोई बिलग्राम रोड स्थित श्याम होटल पर चल रहे घरेलू सिलिंडर एजेंसी संचालक द्वारा सरकार आर्थिक व सामाजिक हानि भी पहुंचाई जा रही है अब सवाल यह है कि जरूरतमंदों को सिलिंडर और होटल संचालक भारी मात्रा में उपयोग हो रहे सिलिंडर आखिर क्या वजह है कि होटल तक पहुंच जा रहे सिलिंडर पूरे प्रकरण के संबंध में जब एजेंसी संचालक भगवानदीन से संपर्क करने का प्रयास किया तो उनके द्वारा एक फोन जाने के बाद फोन बंद कर लिया गया
जिला ग्रामोद्योग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का किया गया आयोजन
रितेश मिश्रा
हरदोई जिला ग्रामोद्योग अधिकारी सुष्मिता सिंह ने बताया है, कि जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, हरदोई को उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, लखनऊ से प्राप्त एस०सी०एस०पी० मद में प्राप्त 05 जागरूकता कार्यक्रम में (एक दिवसीय) जागरूकता शिविर का आज विकास खण्ड-शाहाबाद में आयोजन किया गया जिसमें त्रिपुरेश मिश्रा (ब्लाक प्रमुख शाहाबाद), खण्ड विकास अधिकारी, शाहाबाद, जिला उद्योग केन्द्र हरदोई, एल०डी०एम० बैंक कार्यालय, हरदोई के कर्मचारी उपस्थित रहे।
-
बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश के लिए राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला का आयोजन*
रितेश मिश्रा
हरदोई । बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण के उद्देश्य से जॉइनिंग फोर्सज इंडिया कैम्पइन अगेंस्ट चाइल्ड लेबर पूर्वांचल ग्रामीण सेवा समिति गोरखपुर एवं पार्टिसिपेटरी एक्शन फॉर कम्युनिटी एंपावरमेंट पेस के संयुक्त तत्वाधान में तथा चाइल्ड फंड इंडिया एवं बीएमजे के सहयोग से आज होटल बेबीयन इन लखनऊ में एक राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य के नोडल अधिकारी उत्तर प्रदेश सैयद रिजवान अली कैरिटास टीम बाल अधिकार विशेषज्ञ आशा एक्का एवं cacl के प्रदेश संयोजक राजकुमार बाल रक्षा भारत से डॉक्टर संतोष कुमार कौशल का यूनिसेफ से रिजवाना के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के जनपद फिरोजाबाद से बाल संरक्षण अधिकारी अपर्णा कुलश्रेष्ठ बाल कल्याण समिति श्रावस्ती के अध्यक्ष विश्राम एवं हरदोई से अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह राजेंद्र यादव अस्तु सीतापुर शेखर मालाकार स्टेट हेड लीलाधर श्रम अधिकारी सीतापुर एवं बाल संरक्षण विशेषज्ञ शर्माजी और अभिषेक पाठक डॉक्टर शंभू नाथ रिसर्च संस्था बाराबंकी बाल श्रम उन्मूलन पर प्रयासरत सामाजिक संगठनों के प्रमुख व प्रतिनिधियों बाल अधिकार कार्यकर्ताओं तथा प्रतिनिधियों की सहभागिता और अपने विचार एवं सुझाव साझा किया कार्यक्रम का शुभारंभ पेस संस्था के सचिव राजविंदर कौर द्वारा प्रतिभागियों  के स्वागत एवं कार्यशाला में उपस्थित अतिथियों  द्वारा दीप जलाकर किया गया। श्रीमती कौर जी ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य बाल बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश के प्रयासों की समीक्षा करना वर्ष 2026-27 के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार करना है इसके साथ ही पेस संस्था के निदेशक थॉमसन थॉमस द्वारा प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बाल श्रम उन्मूलन के लिए राज्य एवं जिला स्तर पर परियोजना के माध्यम से किया जा रहे प्रयासों को सभी के बीच साझा किया गया साथ ही भारत में बाल सम्मेलन हेतु राष्ट्रीय नीतियों कानून प्रावधानों एवं सता विकास लक्षण के संदर्भ में विस्तार जानकारी साजा की गई उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से रिजवान अली राज नोडल अधिकारी बाल श्रम मुक्त उत्तर प्रदेश वर्ष 2027 तक उत्तर प्रदेश को बाल श्रम मुक्त बनाने की राज्य सरकार की राजनीति रणनीति एवं लक्ष्य एवं जिला स्तर की जिम्मेदारियां पर प्रकाश डाला इसके साथ ही विभिन्न जनपदों के प्रतिनिधियों द्वारा जिला स्तरीय कार्यकर्ताओं चुनौती एवं समाचारों को प्रस्तुत किया गया कार्यक्रम के दौरान पेश संस्था लखनऊ विज्ञान फाउंडेशन लखनऊ चाइल्ड फंड इंडिया पीजीएमएस गोरखपुर सेफ समिति द्वारा बाल श्रम उन्मूलन के क्षेत्र में किए गए सफल हस्ते एवं सर्वोत्तम प्रयासों को केस स्टडी के माध्यम से साझा किया गया ग्राम पंचायत एवं बाल संरक्षण समितियां ब्लॉक स्तरीय बाल सत्र समितियां तथा सामुदायिक निगरानी तंत्र को सतत बनाने की आवश्यकता पर जो बोल दिया गया कार्यक्रम के समापन अवसर पर पेज संस्कृत आभार व्यक्त किया उपस्थित सभी विधायकों ने उत्तर प्रदेश को बाल श्रमिक बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प दिया कार्यक्रम के सफल आयोजन में पेसे संस्था कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।।
जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष, महिलाओं व किशोर समेत कई घायल, वीडियो वायरल
रितेश मिश्रा
शाहाबाद (हरदोई)। नगर के गिगियानी मोहल्ले में वर्षों पुराने जमीनी विवाद ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। एक पक्ष के लोगों द्वारा किए गए कथित हमले में पूर्व लेखपाल मिथलेश कुमार, पूर्व सभासद रामचंद्र गुप्ता उर्फ गुड्डू, रामासरे, मुरारी, सुशीला, रोली तथा 12 वर्षीय राजन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां से रोली और रामासरे को गंभीर हालत में रेफर किए जाने की सूचना है।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि सेवानिवृत्त सैनिक हरीराम, उसके बेटे राजवीर तथा अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना है कि हरीराम और उसकी पत्नी रामबेटी भी घायल हुए हैं। हरीराम ने भूमि पर अपना स्वामित्व बताते हुए लगाए गए आरोपों से इनकार किया है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में मिथलेश कुमार की ओर से शाहाबाद कोतवाली में नामजद एवं अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विवादित भूमि को लेकर लंबे समय से तनाव चला आ रहा है और कई बार मारपीट व शिकायतें हो चुकी हैं। क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि समय रहते प्रशासन द्वारा प्रभावी हस्तक्षेप किया जाता तो स्थिति यहां तक नहीं पहुंचती।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर जांच में जुटी है। इलाके में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वर्षों पुराने इस भूमि विवाद का स्थायी समाधान अब तक क्यों नहीं हो सका।
भूमि विवाद या संरक्षण प्राप्त भूमाफियागिरी?
गिगियानी का यह विवाद कोई नया नहीं है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर वर्षों से तनाव, मारपीट और मुकदमेबाजी का दौर चल रहा है। कई बार शिकायतें हुईं, वीडियो वायरल हुए, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकला। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि राजस्व विभाग और प्रशासन की निष्क्रियता ने ही विवाद को खूनी संघर्ष तक पहुंचाया है। दूसरी ओर आरोपी पक्ष सभी आरोपों को निराधार बताते हुए भूमि पर अपना वैध अधिकार जता रहा है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर वर्षों पुराने इस विवाद का निस्तारण क्यों नहीं हो पा रहा और हर बार जमीन की लड़ाई इस सम्बन्ध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस जाँच कर रही है और नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।
श्री नंद लाल यज्ञसैनी मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट : जेवियर्स -11को हराकर जयपुरिया- 11 बनीं विजेता

विजेता व उप विजेता टीमों को किया गया पुरस्कृत

रितेश मिश्रा
हरदोई। सीतापुर रोड स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे श्री नंद लाल यज्ञसैनी मेमोरियल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट  का फाइनल मैच शनिवार को  जयपुरिया -11 तथा  जेवियर्स- 11 के मध्य खेला गया। जयपुरिया- 11 शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनीं। विजेता व उप विजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।
टॉस जयपुरिया -11 ने  जीतकर पहले बल्लेबाजी  करने का निर्णय किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जयपुरिया -11 की टीम 19.5 ओवर में सभी विकेट खोकर 143 रनों का स्कोर खड़ा किया।
जयपुरिया -11 की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए विशाल राज ने शानदार शतक 101 रन बनाये।
जेवियर्स- 11 की तरफ से गेंदबाजी करते हुए दिव्यांश ने 3 विकेट, देवेश कुशवाह व संजीत यादव 2 -2 विकेट, रोहित ,पवन व अंश ने एक-एक विकेट लिया व एक खिलाड़ी रन आउट हुआ। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जेवियर्स -11 की टीम  13 ओवर में सभी विकेट खोकर 84 रन ही बना सकी। जयपुरिया- 11 ने 59 रनों से शानदार जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
जेवियर्स- 11 की तरफ से बल्लेबाजी करते हुए  शेखर सक्सेना 18 रन व पवन गुजराती 16 रन, अंश मिश्रा ने 15 रनों का योगदान किया। जयपुरिया -11 की तरफ से गेंदबाजी करते हुए विशाल राज 5 विकेट, अक्षत श्रीवास्तव व मानवेंद्र प्रताप ने दो- दो विकेट, उज्जवल ने 1 विकेट लिया। फाइनल मैच के मैन ऑफ द मैच विशाल राज रहे। विशाल ने गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट लिए  व बल्लेबाजी करते हुए 10चौकों और 8छक्कों की मदद से 50गेंदों में शानदार शतक लगाते हुए 101रनों की पारी खेली। सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में 4 मैचों में 1 शतक की मदद से 211 रन बनाने वाले विशाल राज को बेस्ट बैट्समैन के खिताब से नवाजा गया।
बेस्ट बॉलर का खिताब भी विशाल राज को मिला। इन्होंने 4 मैचों मे 13 विकेट लिए। बेस्ट फील्डर भी विशाल राज रहे।  उन्होंने 4 मैचों मे 6 कैच पकड़े तथा 2 रन आउट किये। बेस्ट कीपर का पुरस्कार अधर्व गुप्ता को मिला । प्रतियोगिता के मैन ऑफ द सीरीज अपने अकेले दम जयपुरिया- 11को फाइनल जिताने वाले विशाल राज रहे।
पुरस्कार वितरण प्रतियोगिता आयोजक राधा कृष्ण गुप्ता, पूर्व सीनियर राष्ट्रीय खिलाडी विवेक त्रिवेदी, समाजसेवी डॉक्टर गौरव अग्रवाल, शौर्य वर्धन, डॉक्टर राज आदि के द्वारा किया गया।  मैच में अंपायरिंग आशीष यादव तथा एकत्व  ने की तथा स्कोरिंग सूरज तिवारी ने की ।
गंभीर एनीमिया ग्रसित गर्भवतियों के उपचार में एफसीएम इंजेक्शन की एक डोज पर्याप्त
रितेश मिश्रा
हरदोई,जनपद में गर्भवती महिलाओं में एनीमिया (खून की कमी) से होने वाली जटिलताओं को कम करने के लिए सण्डीला, हरपालपुर, पिहानी और बिलग्राम प्रथम संदर्भन इकाइयों (एफआरयू) में इंजेक्शन एफसीएम (Ferric Carboxy Maltose) की सुविधा शुरू की गई है। जो की गर्भवती महिलाओं को भर्ती कर ड्रिप के माध्यम से दिया जाता है इस इंजेक्शन का प्रयोग पूर्णतया सुरक्षित है एवं कोई दुष्प्रभाव देखने में नहीं आया है इस पहल का उद्देश्य गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं को प्रभावी एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराना है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडे ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत पिछले माह सण्डीला एफआरयू से की गई थी, जहां 4 जून 2026 तक 13 गर्भवती महिलाओं को एफसीएम इंजेक्शन लगाया जा चुका है। पिहानी एफआरयू में 26 मई से शुरू हुई इस सुविधा का लाभ अब तक 18 गर्भवतियों ने लिया है, जबकि हरपालपुर एफआरयू में 3 जून से शुरू हुई सेवा के तहत अब तक 4 गर्भवती महिलाओं को इंजेक्शन दिया गया है। बिलग्राम एफआरयू में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने बताया कि एनीमिया गर्भवती महिला और उसके होने वाले शिशु, दोनों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। एफसीएम इंजेक्शन की उपलब्धता से गंभीर एनीमिया से पीड़ित महिलाओं को समय पर उपचार मिल सकेगा, जिससे प्रसव संबंधी जटिलताओं के जोखिम को कम करने में मदद मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित कर रहा है कि पात्र गर्भवती महिलाओं को यह सुविधा प्रशिक्षित चिकित्सकों और स्टाफ नर्सों की निगरानी में सुरक्षित रूप से उपलब्ध कराई जाए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि गर्भावस्था में एनीमिया का एक प्रमुख कारण आयरन की कमी है। ऐसे मामलों में चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार एफसीएम एक सुरक्षित एवं प्रभावी विकल्प साबित हो सकता है।
इस संबंध में चिकित्सकों एवं स्टाफ नर्सों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि उपचार प्रक्रिया को सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
डॉ. पांडे ने बताया कि पहले गंभीर एनीमिया की स्थिति में गर्भवती महिलाओं को आयरन सुक्रोज की 5 डोज देनी पड़ती थीं, जबकि एफसीएम के माध्यम से अब अधिकांश पात्र मामलों में केवल एक डोज में उपचार संभव हो गया है। इससे शरीर में आयरन की कमी को तेजी से पूरा करने में मदद मिलती है और महिलाओं को बार-बार अस्पताल आने की आवश्यकता भी कम पड़ती है। उन्होंने कहा कि यह पहल सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के साथ-साथ गर्भवती महिलाओं की सुविधा और उपचार की गुणवत्ता में भी सुधार लाएगी।
उन्होंने बताया कि शीघ्र ही यह सुविधा जनपद के अन्य एफआरयू तथा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) पर भी उपलब्ध कराई जाएगी।