महंगाई में कमी नहीं आई तो कांग्रेस घर-घर जाकर करेगी आंदोलन : भावना शर्मा जैन
मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद वर्षा गायकवाड़ के मार्गदर्शन तथा उत्तर पश्चिम जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष भावना शर्मा जैन के नेतृत्व में कांग्रेसियों द्वारा जोगेश्वरी पूर्व में सरकार के खिलाफ आंदोलन किया गया। इस अवसर पर भावना शर्मा जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की जनता से केवल मन की बात करते हैं, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी और जनता से जुड़े गंभीर मुद्दों पर जवाब देने से बचते हैं। आज पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमत आसमान छू रही है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक महंगाई से त्रस्त है, लेकिन केंद्र सरकार राहत में भी फेल हो रही है । उन्होंने कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था भी गंभीर संकट से गुजर रही है । नीट और सीबएसई जैसी परीक्षाओं में हुए कथित घोटालों और पेपर लिक की घटनाओं ने देश की युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आज 17 वर्ष के युवा भी अपनी आवाज उठाने और व्यवस्था की खामीयों को उजागर करने के लिए मजबूर हो गए हैं। भावना शर्मा जैन ने केंद्र सरकार से पेट्रोल डीजल एवं गैस की कीमतों में तत्काल कमी कर जनता को राहत देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द महंगाई में कमी नहीं की गई तो राहुल गांधी और वर्षाताई गायकवाड़ के नेतृत्व में कांग्रेस का यह जन आंदोलन और अधिक व्यापक एवं तीव्र उग्र होगा तथा इसे घर-घर और गली-गली तक पहुंचाया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस के विभिन्न विभागों महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवा दल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
पर्यावरण संरक्षण और मानवीय सेवा की दिशा में मेघाश्रेय की अनोखी पहल
मुंबई। एक पेड़ माँ के नाम' भारत सरकार द्वारा शुरू किया गया एक भावनात्मक और पर्यावरण-अनुकूल अभियान है। इसके तहत लोग अपनी माँ के प्रति सम्मान और प्रेम जताने के लिए उनकी स्मृति या उपस्थिति में एक पेड़ लगाते हैं और प्रकृति के संरक्षण का संकल्प लेते हैं। मेघाश्रेय संस्था द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बांद्रा फोर्ट में एक ऐसे ही अनूठे कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, आईपीएस कृष्णा प्रकाश, आईपीएस विश्वास नांगरे पाटील, स्टीफन बेन, नूपुर सनोन, डीनो मोरिया,आसिफ भामला,कविन शाह,गौरव पारिख, मिकी मेहता जैसी अनेक जानी-मानी हस्तियों ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस सशक्त आंदोलन को और भी मजबूत बनाया और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य को आगे बढ़ाने में हाथ बंटाया। मेघाश्रेय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में विगत वर्षों की तरह छाता, रेनकोट और पानी का वितरण किया गया। सीमा सिंह द्वारा आयोजित इस पहल में एक साथ तीन सामाजिक और राष्ट्रीय कर्तव्यों की पूर्ति की गई। जीवन के लिए पानी, आराम के लिए छाया, और भविष्य के लिए पेड़ की संकल्पना वाले इस कार्यक्रम में भारी संख्या में बीएमसी कर्मचारी उपस्थित रहे। सीमा सिंह के अनुसार बढ़ रही पर्यावरण चुनौती के बीच हमारी जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। ग्लोबल वार्मिंग जैसी विकट परिस्थितियों का निर्माण हो रहा है। ऐसे में वृक्ष ही हमारे जीवन दाता बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाना चाहिए , इससे मां, मातृभूमि और धरती के प्रति हमारी कृतज्ञता व्यक्त होगी। उन्होंने कहा कि मानवता की सेवा सबसे बड़ा धर्म है और हर व्यक्ति को इस धर्म का पालन करना चाहिए।
आर्य समाज बोरीवली द्वारा आयोजित पर्यावरण शुद्धि महायज्ञ संपन्न
मुंबई। आर्य समाज बोरीवली द्वारा आयोजित पर्यावरण शुद्धि महायज्ञ रविवार 31मई 2026 को सुबह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।जिसमें 11 विद्वान वैदिक पुरोहितों ने मंत्र उच्चारण किया। महायज्ञ के ब्रह्म आचार्य प्रभारंजन पाठक ने कहा कि यज्ञ से वातावरण की शुद्धि तो होती ही है इसके अतिरिक्त होने वाली वर्षा के जल की गुणवत्ता भी उत्कृष्ट होती है।इस अवसर पर अरविंद पटेल ने पर्यावरण की रक्षा के लिए प्रेरक संदेश दिया तथा कवि कल्पेश आर्य ने आर्य समाज के विचारों को कविता के माध्यम से प्रस्तुत किया।इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। अजीत पटेल,परेश भाई पटेल, कांतिभाई ढोलू,मगन भाई दीवानी,विनय भाई,श्रीमती रीना परमार,श्रीमती अनीता गोठवाल, श्रीमती शालिनी जोशी आदि अनेक महिला- पुरुषों तथा बच्चों ने यज्ञ में आहुति देकर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया।पर्यावरण शुद्धि महायज्ञ सफलतापूर्वक संपन्न होने पर आचार्य प्रभारंजन पाठक ने आए हुए मान्यवरों के प्रति आभार प्रकट किया।
नागरिकों को होने वाली असुविधा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं  : मंगल प्रभात लोढ़ा
मुंबई। गिरगांव क्षेत्र में हाल ही में बार-बार हो रही बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाओं के मद्देनज़र, कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने नगरसेविका श्रीमती स्नेहल तेंडुलकर एवं BEST के अधिकारियों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का स्थल निरीक्षण किया। चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उन्होंने तत्काल मरम्मत के स्पष्ट निर्देश दिए। कार्य में हो रही देरी, समन्वय की कमी और लापरवाही को लेकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कड़े शब्दों में जवाब मांगा और स्पष्ट किया कि नागरिकों को होने वाली असुविधा किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, तो वे स्वयं धरना आंदोलन करेंगे। प्रभाग 218 की नगरसेविका श्रीमती स्नेहल तेंडुलकर ने भी नागरिकों के मुद्दों पर विरोध दर्ज कराने की भूमिका स्पष्ट की। मरीन लाइन्स पुल के पास स्थित BEST स्टेशन के निकट 33,000 वोल्ट की वायरिंग में खराबी पाई गई है। यह लाइन रेलवे पटरियों के नीचे से गुजरती है, जिसके कारण मरम्मत प्रक्रिया में कुछ समय लगने की संभावना अधिकारियों ने व्यक्त की है। वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में फिलहाल विभिन्न स्थानों से 11,000 वोल्ट की बिजली आपूर्ति डायवर्ट की गई है। श्री लोढ़ा के निर्देशानुसार, नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए गिरगांव गायवाड़ी में BEST की एक विशेष बस तैनात की जाएगी, जिससे स्थानीय निवासियों को अपनी समस्याएं दर्ज कराने और उन पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने में सुविधा होगी। साथ ही, मरम्मत कार्य के लिए किए गए खुदाई के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को तत्काल भरने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। श्रीमती स्नेहल तेंडुलकर ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आने वाले कुछ महीनों में पूरे गिरगांव क्षेत्र में बढ़ती बिजली मांग का आकलन करने के लिए एक व्यापक सर्वेक्षण किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सबस्टेशनों की स्थापना पर भी चर्चा की गई है। भविष्य में ऐसी समस्याएं उत्पन्न न हों, इसके लिए दीर्घकालिक योजना पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस बीच, BEST प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान बिजली कटौती पूर्व-नियोजित नहीं है, बल्कि बढ़े हुए लोड के कारण उत्पन्न परिस्थितिजन्य समस्या है। इसके बावजूद, आधुनिक तकनीक के माध्यम से नागरिकों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। वर्तमान में फाटकवाड़ी से फॉल्ट मरम्मत वाहन कार्यरत हैं, लेकिन उनके व्यापक कार्यक्षेत्र के कारण सभी स्थानों पर समय पर पहुंचना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए, लगभग एक सप्ताह के भीतर D और C विभागों के लिए ताड़देव BEST डिवीजन से समर्पित मरम्मत वाहन तैनात किए जाएंगे। संबंधित संपर्क नंबर भी शीघ्र ही नागरिकों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
श्री लोढ़ा और श्रीमती तेंडुलकर ने विश्वास व्यक्त किया कि गिरगांववासियों को पूर्ण राहत मिलने तक इस मुद्दे पर लगातार फॉलो-अप जारी रहेगा।
मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता की लड़ाई में हिंदी का बड़ा योगदान

मुंबई। भाषा विवाद का माध्यम नहीं हो सकती हिंदी इस देश की संपर्क सूत्र है। भाषाओं के नाम पर विवाद पैदा कर वोट और सत्ता तो हासिल की जा सकती है लेकिन इससे देश का ज्ञान समाप्त हो जाएगा और इसे हम आने वाली पीढ़ियों तक नहीं पहुंचा पाएंगे। इसलिए विशेष रूप से हिंदी जैसी भाषा का सम्मान होना चाहिए जिसने हमारी स्वतंत्रता की लड़ाई में बहुत बड़ा योगदान दिया है। मुंबई हिंदी पत्रकार संघ द्वारा आयोजित हिंदी पत्रकारिता द्विशताब्दी समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह बात कही। हिंदी पत्रकारिता के 200 साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस सामारोह में उन्होंने कहा कि  बहुभाषी होना एक योग्यता है हमें अपनी भाषा तो सीखनी ही चाहिए क्योंकि मातृभाषा छोड़ने पर हम एक बहुत ही नैसर्गिक ज्ञान प्रक्रिया से बाहर हो जाते हैं। लेकिन अगर मातृभाषा के अलावा अगर हम देश की कोई और भाषा सीखेंगे तो देश का ज्ञान बटोर पाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि दुनिया के जिन देशों ने विकास किया है उन्होंने अपनी मातृभाषाओं में ही पढ़ाई की है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के सामने आज बड़ी चुनौतियां हैं क्योंकि खबरों की विश्वसनीयता को लेकर संकट है। खासकर डिजिटल मीडिया आने के बाद हालात चुनौती पूर्ण हुए हैं मैं मानता हूं कि यह अस्थायी है और इसे पीछे थोड़कर पत्रकारिता पुराने मूल्यों पर स्थापित होगी।  कार्यक्रम में बतौर विशेष अतिथि मौजूद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि हिंदी और देश की दूसरी भाषाओ में कोई टकराव नहीं है और हिंदी तभी आगे बढ़ेगी जब क्षेत्रीय भाषाएं आगे बढ़ेगी। उन्होंने भी मातृभाषा में पढ़ाई की वकालत की। मुंबई भाजपा अध्यक्ष और विधायक अमित साटम ने कहा कि हिंदी एक धागा है जो पूरे देश को को बांधता है लेकिन इसका विरोध कुछ लोगों के लिए फैशन बन गया है जबकि उनके बच्चे फ्रेंच, जर्मन जैसी भाषाएं पढ़ते हैं। मंत्री और विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा ने कहा कि अब मुंबई के किसी भी कोने में खड़े होकर हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान का नारा लगाया का सकता है। हिंदी जोड़ने वाली भाषा है तोड़ना हमारे संस्कारों में नहीं है। कार्यक्रम में सम्मानित किए गए अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने कहा कि जब माला बनती है तो उसमें एक सूत्र लगता है मुझे लगता है कि भारत के लिए यह सूत्र हिंदी भाषा ही हो सकती है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र का रिश्ता बहुत पुराना है। फिल्म छावा में मैंने जिस कवि कलश की भूमिका निभाई थी वे भी उत्तर प्रदेश के थे। उन्होंने कवि कलश की कविता भी लोगों के सामने प्रस्तुत की। कार्यक्रम के प्रमुख वक्ता प्रोफेसर राम मोहन पाठक ने कहा कि एआई भले ही चुनौतीपूर्ण लगती है लेकिन यह संपादक जैसा दिमाग नहीं चला सकती। मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के महासचिव विजय सिंह कौशिक ने कहा कि हिंदी की पहला समाचार पत्र एक गैर हिंदी भाषा प्रदेश कोलकाता से शुरू हुआ और हम इस उपलब्धि के 200 साल पूरे होने का समारोह एक मराठी भाषी राज्य में मना रहे हैं यह विविधता में एकता की हमारी परंपरा बयान करता है। उन्होंने पत्रकारिता के शुरुआती दौर में मराठी भाषा पत्रकारों के योगदान को भी याद किया।
प्रभादेवी स्थित रविंद्र नाट्यमंदिर में आयोजित समारोह में हिंदी भाषा, पत्रकारिता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त समिति, लखनऊ के अध्यक्ष हेमंत तिवारी, सुप्रसिद्ध अभिनेता विनीत कुमार सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अवधेश व्यास, गंगाधर ढोबले और कुमुद संघवी चावरे को सम्मानित किया गया। इस मौके पर पत्रकारों, शिक्षाविदों, साहित्यकारों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गई गणमान्यों ने हाजिरी लगाई। कार्यक्रम में मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम, विधायक राजहंस सिंह, संजय उपाध्याय, मुरजी पटेल, सिद्धविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आर्चाय पवन त्रिपाठी, योगायतन ग्रुप ऑफ कंपनी के अध्यक्ष डॉक्टर राजेंद्र प्रताप सिंह, उद्योगपति ज्ञान प्रकाश सिंह, प्रदेश भाजपा उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष संजय पांडेय, उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आर एन सिंह, समरस फाउंडेशन के चेयरमैन डॉ किशोर सिंह, मीरा भायंदर परिवहन समिति के सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा, मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र मिश्र, कार्यकारणी सदस्य हरीगोविन्द विश्वकर्मा, अखिलेश मिश्र, अखिलेश तिवारी, अशोक शुक्ला, सैयद सलमान आदि मौजूद थे।
श्रुतज्ञान की रक्षा हेतु आरंभ हुआ भगीरथ महायज्ञ
मुंबई। जैन शासन का अविचल प्राण और चौबीसों तीर्थंकर परमात्माओं का साक्षात अक्षरदेह अर्थात ‘श्रुतज्ञान’ (आगम भगवंत) है। समय के प्रभाव से क्षीण हो रहे इस अमूल्य ज्ञानभंडार को लिपिबद्ध कर आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुंचाने के परम पुण्य और भगीरथ कार्य में 'श्री वर्धमान श्रुतगंगा' संस्था आज संपूर्ण जैन समाज में अग्रणी एवं प्रेरणास्रोत बनकर उभरी है। श्रुतरक्षा के क्षेत्र में यह संस्था एक सशक्त स्तंभ के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर चुकी है। जैन इतिहास इस बात का साक्षी है कि जब-जब श्रुतज्ञान पर संकट आया, तब-तब महान आचार्यों और महापुरुषों ने आगे बढ़कर इसे सुरक्षित एवं अमर बनाने का कार्य किया। लगभग 1500 वर्ष पूर्व वल्लभीपुर में पड़े भीषण अकाल के समय जब श्रुतज्ञान के लुप्त होने का भय उत्पन्न हुआ था, तब पूज्य देवर्धिगणि क्षमाश्रमणजी ने जिनागमों को ताड़पत्रों पर लिपिबद्ध करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। उसी महान परंपरा को आधुनिक युग में पुनर्जीवित करते हुए 'श्री वर्धमान श्रुतगंगा' दुर्लभ हस्तलिपियों एवं आगम ग्रंथों के संरक्षण का महाअभियान चला रही है। शास्त्रकारों के अनुसार पंचम आरे के अंत तक जैन शासन का आधार केवल श्रुतज्ञान ही रहेगा। इसी शाश्वत सत्य को आत्मसात करते हुए संस्था आज के अंधकारमय समय में आत्माओं को सही मार्ग दिखाने वाला प्रकाशस्तंभ बनकर कार्य कर रही है।संस्था के अध्यक्ष संजयभाई जीवनलाल शाह, उपाध्यक्ष सुरेश देवचंद संघवी तथा मंत्री अशोक नरसी चरला के कुशल मार्गदर्शन में संस्था अनेक ऐतिहासिक एवं अनूठे कार्य कर रही है। परमात्मा की ज्ञानवाणी को शास्त्रोक्त एवं पारंपरिक पद्धति से पुनः हस्तलिखित किया जा रहा है। सांगानेरी कागज तथा विशेष पारंपरिक स्याही द्वारा तैयार किए जा रहे ये ग्रंथ प्राचीन परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं। संस्था का उद्देश्य केवल ग्रंथों का संरक्षण करना नहीं, बल्कि घर-घर तक जिनागम के प्रति श्रद्धा, ज्ञानभक्ति और संस्कार पहुंचाना भी है। पाठशालाओं एवं संस्कार केंद्रों के माध्यम से नई पीढ़ी में धर्म, संस्कृति और जिनवाणी के प्रति गहरा अनुराग जागृत किया जा रहा है।
इसी क्रम में जैन समाज के लिए एक और गौरवपूर्ण समाचार सामने आया है। ब्रिटेन के प्रसिद्ध 'वेलकम कलेक्शन' द्वारा संरक्षित लगभग 2,000 दुर्लभ जैन पांडुलिपियों को पुनः जैन समाज को लौटाने की ऐतिहासिक प्रक्रिया प्रारंभ हुई है। वर्ष 1919 में अविभाजित भारत के एक जैन मंदिर से प्राप्त ये पांडुलिपियां लंबे समय तक लंदन स्थित संग्रहालय में सुरक्षित रखी गई थीं। अब एक सदी बाद इनकी वापसी को सांस्कृतिक न्याय और विरासत संरक्षण की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इन दुर्लभ पांडुलिपियों में प्राकृत, संस्कृत और गुजराती भाषाओं में लिखित धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर का विशाल संग्रह मौजूद है। कई ग्रंथों में प्राकृतिक रंगों और स्वर्ण अलंकरण का अद्भुत प्रयोग भारतीय कला, संस्कृति और जैन परंपरा की समृद्धि को दर्शाता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह केवल पांडुलिपियों की वापसी नहीं, बल्कि जैन समाज की आस्था, इतिहास और पहचान की पुनर्प्रतिष्ठा है। इससे आने वाली पीढ़ियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अमूल्य अवसर प्राप्त होगा। जैन समाज और विभिन्न धार्मिक संगठनों ने इस ऐतिहासिक निर्णय का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया है। समाज के अग्रणियों के अनुसार यह पहल विश्वभर में भारतीय संस्कृति, जैन दर्शन और श्रुतज्ञान के प्रति बढ़ते सम्मान का प्रतीक है
हिंदी प्रचार एवं शोध संस्थान ने किया एड. राजकुमार मिश्रा का सम्मान
भायंदर। मीरा भायंदर की साहित्यिक संस्था हिंदी प्रचार एवं शोध संस्थान द्वारा 31 मई को भायंदर पूर्व के न्यू रविराज कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में नवनिर्वाचित परिवहन समिति के सभापति एडवोकेट राजकुमार मिश्रा और मानव निर्माण के संपादक महावीर शर्मा का सम्मान किया गया। इस अवसर पर बोलते हुए एड मिश्रा ने कहा कि  संस्था के लिए जमीन और भवन उपलब्ध कराने की दिशा में समर्पित भावना के साथ लगे हुए हैं और जल्द ही हम सब का यह सपना साकार होगा। इस अवसर पर उपस्थित लोगों में संस्था के संस्थापक अध्यक्ष डॉ सुधाकर मिश्र, डॉ उमेश चंद्र शुक्ल, वरिष्ठ पत्रकार शिवपूजन पांडे, भाजपा के जिला महामंत्री बृजेश तिवारी, डॉ कृपाशंकर मिश्र, प्रभाकर मिश्र, रामलीला समिति के अध्यक्ष मनोज मिश्र, अजीत सिंह ,आरपी सिंह, प्रदीप सिंह, अजय सिंह, वीरेंद्र सिंह, अजीत शुक्ला, राकेश प्रताप सिंह, डॉ ओमप्रकाश तिवारी, भोलानाथ तिवारी, प्रवक्ता अनिल पांडे, मारकंडे त्रिपाठी , अजीत कुमार मिश्रा, विनोद मिश्रा, डॉ अशोक पांडे, विमलेश कुमार झा, अरुण दुबे समेत अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।
भायंदर के काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों के लिए लगाया गया कूलर
भायंदर। विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर , वाराणसी की तर्ज पर भायंदर पूर्व के आरएनपी पार्क में प्रख्यात समाजसेवी तथा राहुल एजुकेशन के चेयरमैन पंडित लल्लन तिवारी द्वारा अपने माता-पिता की स्मृति में बनाए गए काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों की सुविधा के लिए कूलर लगाया गया। आज पंडित लल्लन तिवारी ने मंदिर में आने वाले भक्तों के लिए इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर समाजसेवी सुनील तावड़े, श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष श्रीराम दुबे, संतोष मिश्रा, विवेक मिश्रा समेत अनेक लोग उपस्थित रहे। ज्ञातव्य है कि यह मंदिर यहां के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। यहां पर भगवान शंकर के अलावा अन्य देवी देवताओं की भी मूर्तियां स्थापित की गई है। प्रतिवर्ष महाशिवरात्रि, स्थापना दिवस, होली तथा अन्य त्योहारों पर यहां धूमधाम से भजन कीर्तन तथा भंडारा का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसके अलावा प्रत्येक शनिवार को सुंदरकांड पाठ तथा खिचड़ी वितरण का कार्यक्रम किया जाता है।
आम नागरिकों के लिए जल्द खुलेगा कुर्ला स्कायवॉक
मुंबई। कुर्ला (पश्चिम) स्थित टैक्सीमेन कॉलोनी से श्रीकृष्ण चौक तक सीताराम भैरू मार्ग पर बनाए जा रहे स्कायवॉक का कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जून 2026 के प्रथम सप्ताह में यह स्कायवॉक आम नागरिकों के लिए खोल दिया जाएगा।
इस परियोजना के संबंध में आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली ने लगातार पत्राचार एवं अनुवर्ती कार्रवाई कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उनके प्रयासों के चलते परियोजना की प्रगति और शेष कार्यों की जानकारी सार्वजनिक हुई तथा संबंधित विभागों को लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
स्कायवॉक शुरू होने के बाद प्रतिदिन हजारों की संख्या में पैदल यात्रियों को इसका लाभ मिलेगा। विशेष रूप से बारिश के मौसम में इस क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है, जिससे लोगों को सड़क पार करने और आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में यह स्कायवॉक नागरिकों के लिए सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प साबित होगा। इसके अलावा, पैदल यात्रियों के लिए अलग मार्ग उपलब्ध होने से सड़क पर भीड़ कम होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी। इससे ट्रैफिक जाम की समस्या में कमी आएगी तथा वाहन चालकों और आम नागरिकों दोनों को राहत मिलेगी। अनिल गलगली ने मांग की है कि स्कायवॉक के साथ दोनों ओर के एस्केलेटर भी जल्द से जल्द चालू किए जाएं, ताकि नागरिकों को परियोजना का पूर्ण लाभ मिल सके।
दुर्गा माता मंदिर के वर्धापन दिवस पर माता की चौकी का आयोजन
वसई। वर्तक कॉलेज के सामने, वसई पश्चिम में स्थित दुर्गा माता मंदिर के वर्धापन दिवस के अवसर पर 28 मई को माता की चौकी का भव्य आयोजन किया गया,जिसमें प्रख्यात भजन गायिका उषा शर्मा और देवेंद्र राणा ने अपने गए मधुर भजनों द्वारा पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। समाजसेवी उषा धुरी और उनके परिवार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ो लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित रहने वाले प्रमुख लोगों में नगरसेविका अर्पणा पाटिल, नगरसेवक छोटू आनंद, समाजसेविका  रीता इस्सर आदि का समावेश रहा।