धार्मिक स्थल के पास अंडा व शराब की बिक्री और रास्ता बाधित करने से ग्रामीणों में रोष*
ग्राम परनखा के पीड़ित ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर लगाई न्याय की गुहार*

रितेश मिश्रा
हरदोई बिलग्राम तहसील अंतर्गत थाना माधोगंज क्षेत्र के ग्राम परनखा (पोस्ट- खुर्दा मदारपुर) में धार्मिक स्थल के निकट ग्राम समाज की सरकारी भूमि पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला प्रकाश में आया है। गांव के ही एक जागरूक नागरिक अरविंद कुमार पुत्र राम औतार ने इस संबंध में जिलाधिकारी हरदोई को एक लिखित शिकायती पत्र भेजकर जांच कराने और दोषियों के खिलाफ दंडात्मक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए प्रार्थना पत्र में शिकायतकर्ता अरविंद कुमार ने आरोप लगाया है कि ग्राम परनखा में एक प्राचीन शिव मंदिर स्थित है और वहीं पास में एक पूजनीय कुआं भी है, जो कि पूरी तरह से ग्राम समाज की जमीन पर बना हुआ है और ग्रामीणों की आस्था का केंद्र है। आरोप है कि गांव के ही निवासी हुकुम चंद पुत्र राधे लाल और घनश्याम पुत्र हुकुम चंद ने इस मंदिर व कुएं के पास की ग्राम समाज की बेशकीमती जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। दबंगों द्वारा इस पवित्र स्थल के पास अवैध कब्जा करके एक किराना की दुकान, एक अंडे की दुकान और एक मोटरसाइकिल रिपेयरिंग की दुकान संचालित की जा रही है।शिकायतकर्ता का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र धार्मिक स्थल के बिल्कुल पास में अंडे और शराब की खिड़की खोलकर बिक्री धड़ल्ले से की जाती है, जो कि पूरी तरह से नियम और न्यायसंगत नहीं है। इससे मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंच रही है। इसके अलावा, उक्त लोगों द्वारा रात के समय मंदिर जाने वाले मुख्य रास्ते पर अपने वाहन (मोटरसाइकिल/गाड़ियाँ) आदि खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे मंदिर का रास्ता भी पूरी तरह बाधित हो जाता है और ग्रामीणों को आने-जाने में भारी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।पीड़ित और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है। प्रार्थना पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मौके की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जा तत्काल हटवाया जाए और धार्मिक मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाले तथा सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले उक्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।
बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में पूजन अर्चन व विशाल भण्डारा हुआ आयोजित*
रितेश मिश्रा
हरदोई। आदर्श नगर पंचायत कुरसठ के बाबा नीलकंठ महादेव मंदिर में विधि विधान पूर्वक पूजन अर्चन कर कन्या भोज व विशाल भण्डारे का आयोजन किया गया।‌ प्रसाद वितरण श्रंखला में विभिन्न देवी देवताओं के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।  भोज कराने के बाद विशाल भण्डारे का आयोजन देर शाम तक चलता रहा। भंडारे में मोहल्ला आजाद नगर निवासी लालबहादुर के द्वारा ठंडा शरबत, किर्ति प्रकाश पेशकार के द्वारा बूंदी व नगर अध्यक्ष पद के पूर्व प्रत्याशी योगेन्द्र नाथ फनकू के द्वारा छोला चावल का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजन में सोमेन्द्र(लिटिल), जितेन्द्र सिंह,शिवप्रकाश, कमलेश तिवारी,अनिल,अरविंद,रजत,अतिन,जतिन, रत्नेश मोहन,मोनू द्विवेदी ,अनुज पटेल,लवकुश आदि लोगों का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर नगर पंचायत कुरसठ के लोग, दूर दराज क्षेत्रो से आये तमाम सम्मानित लोगों व राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया।।
जल जीवन मिशन की बैठक में  जिलाधिकारी सख्त, लापरवाह अधिकारियों पर होगी कड़ी कार्यवाही
रितेश मिश्रा
हरदोई. आज स्वामी विवेकानन्द सभागार कलेक्टेªट में जिलाधिकारी अनुनय झा ने जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप पेयजल योजनाओं की धीमी गति और तय समय-सीमा में कार्य पूरा न होने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। कार्य में शिथिलता और खराब प्रगति को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने एनसीसी व सम्बन्धित जेई को कड़ी फटकार लगाई, तथा सम्बन्धित जेई की खराब प्रगति पर कठोर कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने संतोषजनक प्रगति न पाए जाने पर अधिशासी अभियंता, जल निगम, को कड़ी फटकार लगाते हुये प्रगति मे सुधार करने के निर्देश दिये। बैठक में डीएम ने कहा कि हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या लेत-लतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सम्बन्धित को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी समीक्षा बैठक तक प्रगति रिपोर्ट में सुधार नहीं दिखा, तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नेहा व्याडवाल, जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित सभी सम्बन्धित उपस्थित रहें।
जन सुनवाई से प्राप्त शिकायतो का ससमय निस्तारण करें:- जिलाधिकारी

रितेश मिश्रा
हरदोई. आज कलेक्ट्रेट में जन सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा ने आमजन की समस्याओं को सुना। जन सुनवाई मे आज कुल 60 शिकायते प्राप्त हुई, जिसके त्वरित निस्तारण के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण ससमय और गुणवत्तापूर्ण पूर्ण हो। जनसुनवाई मे प्राप्त कुछ शिकायतों का जिलाधिकारी ने मौके पर ही समाधान किया। जनसुनवाई मे अतिरिक्त मजिस्टेट अरूणिमा श्रीवास्तव व अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहें
भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष व ग्राम प्रधान पर झूठा मुकदमा, समर्थकों में आक्रोश, पुलिस को सौंपा ज्ञापन*
रितेश मिश्रा
कछौना, हरदोई।* कछौना की ग्राम सभा बाण की ग्राम प्रधान व भारती जनता पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष गीता पाल पर झूठा मुकदमा लिखा जाने पर आक्रोश प्रधान व समर्थकों ने प्रभारी निरीक्षक कछौना को मंगलवार को निष्पक्ष जांच कर झूठा मुकदमा खत्म करने के विषय में ज्ञापन दिया। दिए गए ज्ञापन में मंडल अध्यक्ष भाजपा महिला मोर्चा निवासी पैरा ने बताया गांव के विपक्षी गणों ने ग्रामीणों के सामने राजनीतिक विरोध के चलते गाली गलौज किया। विपक्षीगणों की शिकायत पर कछौना पुलिस ने बिना जांच के ग्राम प्रधान गीता पाल व उनके पति पर सिद्ध पाल पर मुकदमा पंजीकृत किया। मंडल अध्यक्ष ने बताया विपक्षीगण काफी दबंग व प्रभावशाली हैं। घटना ग्राम पंचायत बाण के संविलियन विद्यालय पैरा की है, जहां  कृषि आवंटन (पट्टा) हेतु खुली बैठक चल रही थी। जिसमें ग्राम सभा के ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। राजस्व कर्मी भी मौजूद थे। लाभार्थियों ने अपना अपना आवेदन प्रस्तुत किया, इसी दौरान गांव के कुछ विपक्षीगण राजनीतिक विरोध के चलते माहौल खराब किया। महिला ग्राम प्रधान के साथ अभद्रता की, उलटे कछौना पुलिस ने विपक्षियों की शिकायत पर बिना जांच व साक्ष्यों के महिला ग्राम प्रधान व उसके पति सिद्धपाल पर मुकदमा पंजीकृत किया। पीड़ित महिला प्रधान गीता पाल ने ज्ञापन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच व झूठा मुकदमा खत्म करने की मांग की है।
ई रिक्शा चालक ने वृद्ध महिला से की लूट।
विनोद गुप्ता
टड़ियावां हरदोई।थाना क्षेत्र के इटौली - गोपामाऊ मार्ग पर गाँव हर्रई के पास बुजुर्ग महिला से ई रिक्शा चालक ने दिन दहाड़े की लूट । मामले में थाना क्षेत्र के गाँव नारापुरवा मजरा अहिरोरी निवासी 70 वर्षीय पियारी पत्नी स्व0 दयाराम ने थाना प्रभारी निरीक्षक टड़ियावां को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह 31मई के दिन अपनी पुत्री के घर जा रही थी। इटौली पुल तिराहा से वह सिकंदरपुर के लिए ई रिक्शा पर बैठी थी उसी ई रिक्शा पर एक अन्य महिला व दो बच्चे व एक कुत्ता भी बैठा था। महिला और बच्चे व कुत्ता टड़ियावां में उतर लिए  थे। जिसके बाद ई रिक्शा उसके गांव की तरफ़ चला ई रिक्शा चालक ने गाँव सिकंदरपुर न रोककर गाँव हर्रई के आगे ई रिक्शा को रोक कर डरा धमकाकर सोने की चोगिया  व चांदी की चैन,टप्स  व 400 रुपये नगद छीन लिए है। वही लूट की घटना से टड़ियावां  क्षेत्र में भय का माहोल है
राज्य स्तरीय शैक्षिक नवाचार संगोष्ठी का अयोध्या में हुआ आयोजन*

हरदोई से शिक्षक अभिषेक व चन्द्रकेश हुए सम्मानित*

रितेश मिश्रा
हरदोई राज्य स्तरीय शैक्षिक नवाचार संगोष्ठी का आयोजन रविवार को शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन उ. प्र. द्वारा मारवाड़ी भवन अयोध्या, उ. प्र. में किया गया। जिसमें जनपद अयोध्या के मेयर गिरीशपति त्रिपाठी, ऑल इंडिया फेडरेशन ऑफ टीचर्स ऑर्गनाइजेशन के महासचिव सी.एल.रोज़,  नेशनल कॉन्टेक्ट मेम्बर एआईएफटीओ माधुरी रोज, शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन उ. प्र. के प्रदेश अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह एवं नेशनल वूमेन कमेटी सदस्य डॉ पूर्णिमा गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभिन्न प्रदेशों के साथ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये प्रतिभागियों द्वारा नवाचार पर अपने विचार प्रस्तुत किये गए। बच्चों को विभिन्न नवाचारों व  गतिविधियों के माध्यम से रुचिपूर्वक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने सम्बन्धी कई सुझावों पर मंथन हुआ। जनपद अयोध्या के मेयर गिरीशपति त्रिपाठी ने आये सभी लोगों का स्वागत करते हुए शिक्षक के विचारों से सीखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आप सभी नवाचारी शिक्षक धन्य है जो नई विधियों से सिखा रहे हैं। सभी अतिथियों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी के विचारों को एक से बढ़कर एक बताया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत इस तरह की कार्यशाला को समय-समय पर किये जाने के लिए प्रेरित किया गया। वास्तव में इस तरह के आयोजनों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। संगोष्ठी समापन के समय जनपद हरदोई के प्राथमिक विद्यालय हरीपुर ग्रंट, टड़ियावां के शिक्षक अभिषेक मिश्र व संविलियन विद्यालय कछौना के शिक्षक चन्द्रकेश यादव को स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महसचिव ऑल इण्डिया फेडरेशन ऑफ टीचर्स ऑर्गनाइजेशन  सी.एल. रोज ने शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रति वर्ष राष्ट्रीय शैक्षिक नवाचार कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है ताकि देश भर के शिक्षक आपस में अपने नवाचार साझा कर सके। प्रदेश अध्यक्ष शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन उ. प्र. मनोज कुमार सिंह ने शैक्षिक नवाचार  एसेसिएशन द्वारा आयोजित कायक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए सभी अतिथियों व नवाचारी शिक्षक शिक्षिकाओं का आभार व्यक्त किया।
उच्च अधिकारियों के आदेश को चुनौती, पीड़ित परेशान
रितेश मिश्रा
हरदोई।  धन्य है बिलग्राम तहसील! जहाँ साहब के आदेश की बत्ती बना देते हैं बाबू और कानूनगो
उत्तर प्रदेश सरकार दिन-रात ढोल पीट रही है कि 'जनसुनवाई' में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, जीरो टॉलरेंस की नीति चलेगी। लेकिन हरदोई की बिलग्राम तहसील के राजस्व कर्मियों ने कसम खा रखी है—“तुम आदेश पे आदेश दागो साहब, हम उसे रद्दी की टोकरी में न डाल दें तो कहना!” यहाँ साहब की कलम चलती है और बाबू-कानूनगो उसे हवा में उड़ा देते हैं। सरकार के निर्देशों का ऐसा सरेआम और शानदार मखौल शायद ही कहीं और देखने को मिले।
चक्कर काटने का 'सिल्वर जुबली' मना रहा पीड़ित
मामला ग्राम श्यामपुर (परगना मल्लावां) का है। शिकायतकर्ता दिवाकर मिश्रा नाम के एक सीधे-साधे इंसान को शायद यह मुगालता हो गया था कि कोर्ट और अफसरों के आदेश से उसकी जमीन की मेड़बंदी हो जाएगी। न्यायालय उपजिलाधिकारी बिलग्राम ने पूरे एक साल पहले—28 मई 2025 को आदेश दिया था कि दो हफ्ते में पैमाइश करके रिपोर्ट लगाओ. दो हफ्ता तो छोड़िए, यहाँ महीनों बीत गए पर मजाल है कि किसी कानूनगो या लेखपाल के कान पर एक छोटी सी जूं भी रेंग जाए!
साहब का आदेश, कर्मियों का स्वाइप-लेफ्ट
जब नीचे वालों ने भाव नहीं दिया, तो पीड़ित फिर बड़े साहबों की चौखट पर गया। 22 नवंबर 2025 को एसडीएम साहब ने दोबारा कहा. फिर बात नहीं बनी तो 17 मार्च 2026 को जिला अधिकारी (डीएम) हरदोई ने अपने लाल पेन से कड़क निर्देश जारी किए. लेकिन बिलग्राम तहसील के कारिंदों का एटीट्यूड देखिए—साहब बड़े होंगे अपने दफ्तर में, फील्ड पर तो मर्जी हमारी ही चलेगी! बहानेबाजी की ऐसी-ऐसी मिसालें पेश की गईं कि पीड़ित का आधा जीवन दफ्तरों की धूल फांकने में ही कट गया.
72 घंटे का अल्टीमेटम और दबंगों का 'रिटर्न गिफ्ट'
हद तो तब हो गई जब मई 2026 में नायब तहसीलदार साहब को 72 घंटे के अंदर निस्तारण का अल्टीमेटम मिला. दबाव में टीम मौके पर गई, नाप-जोख हुई, मेड़ भी बन गई. पीड़ित ने राहत की सांस ली ही थी कि तहसील प्रशासन की ढिलाई और 'दबंग-प्रेम' खुलकर सामने आ गया। राजस्व टीम के पैर पीछे हटते ही रामलखन त्रिपाठी, उमाकान्त शुक्ला और उनके अज्ञात सहयोगियों ने सरकारी नाप से बनी मेड़ को उखाड़ फेंका और खेत जोत डाला.
मतलब, भूमाफिया सीधे-सीधे कह रहे हैं कि जब तहसील प्रशासन ही डीएम-एसडीएम को कुछ नहीं समझता, तो हम क्यों समझें?
पोर्टल पर 'लंबित' है न्याय, साहब हैं चैन की नींद में
डिजिटल इंडिया के इस दौर में पीड़ित ने आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों की लाइन लगा दी है। शिकायत संख्या 40015526022085, 20015526022250 और 20015526024152 जैसी तमाम अर्जियां आज भी सिस्टम में 'लंबित' यानी कोमा में पड़ी हुई हैं.
जब सरकारी राजस्व टीम द्वारा बनाई गई मेड़ सुरक्षित नहीं है और भूमाफियाओं को तहसील के बाबू-कानूनगो का परोक्ष 'आशीर्वाद' प्राप्त है, तो ऐसे में जिला अधिकारी महोदय का लाल पेन सिर्फ कागजों की शोभा बढ़ा रहा है। अब देखना यह है कि इस 'कागजी राज' और दबंगों के हौसलों पर जिला अधिकारी हरदोई कोई कड़ा हंटर चलाते हैं या बिलग्राम तहसील में आदेशों की ऐसी ही धज्जियां उड़ाते रहेंगे।।
ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार पर नगर में भक्ति से सजे भंडारे

रितेश मिश्रा
बिलग्राम (हरदोई)। ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार को नगर में श्रद्धा और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला। हनुमान भक्तों ने विभिन्न स्थानों पर पवनसुत हनुमानजी का पूजन-अर्चन एवं सुंदरकांड पाठ कर भंडारों का आयोजन किया तथा राहगीरों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। सदर बाजार स्थित पुराने सरकारी अस्पताल के पास सन्दीप विश्वकर्मा, रिंकू प्रजापति, आशीष अर्कवंशी, जितेंद्र, महेश बाथम सहित अन्य भक्तों ने सुंदरकांड पाठ के उपरांत सब्जी-पनीर, पूड़ी, खीर और कढ़ी-चावल का प्रसाद वितरित किया। सदर बाजार स्थित गौशाला मंदिर में पूर्व प्रधान सदरियापुर राजीव दीक्षित ने परिजनों और अनुरोध त्रिपाठी दिलीप गुप्ता सोनू विश्कर्मा क्षेत्रवासियों के सहयोग से सब्जी-पूड़ी, चावल एवं शरबत का वितरण कराया।
चौराहा बस स्टैंड पर क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू के सहयोगियों ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। वहीं हरदोई रोड पर दस्तावेज लेखकों तथा सांडी रोड पर बबलू वाजपेयी द्वारा भी भंडारे का आयोजन कर राहगीरों को भोजन कराया गया। नगर के अन्य स्थानों पर भी भक्तों ने सेवा भाव से प्रसाद वितरण कर धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। पूरे दिन हनुमानजी के जयकारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पंखे से लगे करंट से महिला घायल
रितेश मिश्रा
शाहाबाद।पंखे मे उतरे करंट से मंगलवार की सुबह एक महिला घायल हो गई जिसे परिजनों द्वारा इलाज के लिए सीएचसी मे भर्ती करवाया गया जहाँ उसका इलाज किया जा रहा है।
      प्राप्त विवरण मे नगर के मोहल्ला अख्तियारपुर निवासी 30 वर्षीय किरन देवी पत्नी राजकिशोर अपने घर में सो रही थी मंगलवार की सुबह उठने के  बाद वो जैसे ही पंखे के करीब से गुजरी छू जाने से अचानक करंट की चपेट में आ गई।पास मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों की सतर्कता के चलते चिपक जाने से बाल बाल बच गई। परिवार के लोग उसे तुरंत शाहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां मौजूद चिकित्सक द्वारा उसका उपचार कर उसे होश में लाया गया।