शिक्षा माफियाओं के खिलाफ विद्यार्थी परिषद ने खोला मोर्चा
रितेश मिश्रा
हरदोई। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) हरदोई इकाई के कार्यकर्ताओं ने हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए न्यू सनबीम स्कूल के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन में अभाविप अवध प्रांत के प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा और प्रांत सहमंत्री शिवम मिश्रा मुख्य रूप से मौजूद रहे।
प्रांत मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि जब-जब छात्रों का शोषण किया जाएगा, विद्यार्थी परिषद ऐसे लोगों को सबक सिखाने का काम करेगी। वहीं प्रांत सहमंत्री शिवम मिश्रा ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों के साथ दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परिषद हर परिस्थिति में छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
जिला संयोजक पुनीत सिंह भोला ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रों के हितों के लिए लगातार संघर्षरत है। छात्रों के साथ हो रहे उत्पीड़न और शिक्षा के नाम पर हो रहे व्यावसायीकरण को बंद कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यापार बनाने वालों को परिषद पनपने नहीं देगी और ऐसे शिक्षा माफियाओं के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।
प्रदर्शन में प्रांत कार्यसमिति सदस्य प्रांशु बाजपेयी, विभाग छात्रा प्रमुख कीर्ति पाल, नम्रता, रिया, अभिषेक, विनोद, रामजी, प्रियांशू सिंह, दिव्यांश चौहान, नगर मंत्री वरुण मिश्रा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हरदोई में महिला अभिभावक से अभद्रता पर मुक़दमा दर्ज
रितेश मिश्रा
हरदोई में शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में एक महिला अभिभावक के साथ हुई अभद्रता ने पूरे सिस्टम की संवेदनहीनता को बेनकाब कर दिया।इस चर्चित मामले में पुलिस ने आखिरकार सख्त रुख अपनाते हुए स्कूल प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।पीड़िता नीलम वर्मा की तहरीर पर थाना कोतवाली शहर में दर्ज इस FIR में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 के साथ-साथ SC/ST एक्ट की गंभीर धाराएं शामिल की गई हैं। 26 अप्रैल को सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने जैसे ही इस पूरे कांड को उजागर किया, प्रशासन की नींद टूटी और कार्रवाई का पहिया तेजी से घूमने लगा।

दरअसल, पूरा मामला 24 अप्रैल का है, जब नीलम वर्मा अपनी बेटी अलीशा के भविष्य की चिंता लेकर स्कूल पहुंची थी। लेकिन उसे क्या पता था कि शिक्षा के इस मंदिर में उसे सम्मान नहीं,बल्कि अपमान मिलेगा।आरोप है कि कॉपियों की खरीद के नाम पर उस पर आर्थिक दबाव बनाया गया। जब उसने मजबूरी में कुछ दिन की मोहलत मांगी, तो स्कूल प्रबंधन का असली चेहरा सामने आ गया। पीड़िता के मुताबिक, उसके साथ न सिर्फ अभद्र व्यवहार किया गया, बल्कि उसे अपमानजनक शब्दों और कथित जातिसूचक टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई—और 26 अप्रैल को जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, पूरे जिले में गुस्से की लहर दौड़ गई।

वीडियो सामने आते ही माहौल गरमा गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए और स्कूल के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. अजीत सिंह ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की और खुद टीम के साथ स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की बारीकी से जांच कराई।जांच के दौरान न सिर्फ घटना की सच्चाई खंगाली गई,बल्कि विद्यालय के संचालन और भवन के मानकों को भी परखा गया।

प्रारंभिक जांच में प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध मिलने के बाद BSA ने खंड शिक्षा अधिकारी (नगर) को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय की प्रधानाचार्य और प्रबंधक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाए। यहीं नहीं, उन्होंने सख्ती दिखाते हुए स्कूल की प्रबंधक ममता मिश्रा के विद्यालय परिसर में प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी, ताकि जांच निष्पक्ष और बिना किसी दबाव के पूरी हो सके। आदेश में साफ चेतावनी भी दी गई कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी ने मल्लावां कोतवाल को किया निलंबित
रितेश मिश्रा
हरदोई: एसपी अशोक कुमार मीणा ने पुलिस विभाग में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना मल्लावां में तैनात प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दरअसल ग्राम गढ़ी रसूलपुर निवासी शिल्पी कुशवाहा से संबंधित प्रकरण में लापरवाही बरतने के आरोप में पुलिस अधीक्षक हरदोई ने यह कार्रवाई की है। साथ ही मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने कर्तव्यों के प्रति किसी भी प्रकार की उदासीनता या शिथिलता न बरतें, अन्यथा कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
युवक ने की आत्महत्या, पेड़ से लटका मिला शव; परिवार में मचा कोहराम*
रितेश मिश्रा
हरदोई/पाली थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।मृतक की पहचान भारत पुत्र नत्थू (उम्र लगभग 50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिवार में उसकी पत्नी, एक पुत्र और दो बेटियां हैं, जिनका पालन-पोषण उसी पर निर्भर था।ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक को शराब पीने की आदत थी, जिसके चलते घर में अक्सर विवाद की स्थिति बनी रहती थी। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी किसी बात को लेकर तनाव हुआ, जिसके बाद वह घर से निकल गया।कुछ देर बाद गांव के उत्तर दिशा में स्थित रत्नापुर निवासी श्रीपाल के बाग में गूलर के पेड़ से उसका शव लटका हुआ मिला। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां यह दृश्य देखकर परिवार में कोहराम मच गया।घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।इस घटना से पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
गंगा एक्सप्रेसवे लूटकांड: दो और वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस पहले ही कई को भेज चुकी है जेल*

रितेश मिश्रा
सवायजपुर हरदोई/गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कुछ दिन पहले हुई लूट की घटना का खुलासा पुलिस पहले ही कर चुकी है, जिसमें कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसी क्रम में फरार चल रहे दो और वांछित आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, मुकदमे का मुख्य अभियुक्त नीतेश उर्फ छोटू अपने एक साथी के साथ जमानत करवाने के उद्देश्य से अपने ससुराल बरवन लोनार आया हुआ था। रात्रि का फायदा उठाकर वह अपने ससुरालियों से मिलने के बाद पकड़े जाने के डर से गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से पैदल हुल्लापुर की ओर जा रहा था।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई। उपनिरीक्षक अतुल गुप्ता, उपनिरीक्षक रंजीत चौधरी समेत पुलिस टीम को मुबारकपुर पुलिया के पास चेकिंग के निर्देश दिए गए। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार भी पुलिस बल और मुखबिर के साथ मौके पर पहुंचे और सघन चेकिंग शुरू की गई।इसी दौरान सर्विस लेन पर करीब 100 मीटर दूरी पर दो संदिग्ध युवक तेजी से रुपापुर की ओर जाते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मुबारकपुर पुलिया के अंडरपास से लगभग 100 मीटर आगे खितौली जाने वाली सर्विस लेन पर दोनों को पकड़ लिया। पकड़े गए दोनों आरोपी पहले से वांछित चल रहे थे। पुलिस ने दोनों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। साथ ही पुलिस अन्य एक संभावित आरोपी की तलाश में भी जुटी हुई है
थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार का प्रभावी कार्यकाल, अपराधियों पर कसी नकेल*
रितेश मिश्रा
हरदोई/सवायजपुर थाना क्षेत्र में थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार का कार्यकाल कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार चर्चा में बना हुआ है। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए कई चोरी और आपराधिक घटनाओं का सफलतापूर्वक खुलासा किया है, जिससे आमजन के बीच सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।प्रिंस कुमार के निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और सूचनाओं के आधार पर की जा रही कार्रवाई का ही परिणाम है कि कई मामलों में त्वरित सफलता हासिल हुई। खास तौर पर गंगा एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर कुछ समय पूर्व हुई लूट की घटना का खुलासा पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इस प्रकरण में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाने का कार्य किया।थाना अध्यक्ष प्रिंस कुमार ने इस सफलता का श्रेय अपनी पूरी टीम को देते हुए कहा कि किसी भी बड़ी कार्रवाई के पीछे टीमवर्क की अहम भूमिका होती है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना टीम के सहयोग के इस तरह की सफलता संभव नहीं है।उन्होंने आगे कहा कि सवायजपुर क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस आगे भी इसी तरह निरंतर कार्रवाई करती रहेगी, ताकि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बना रहे और जनता को सुरक्षित वातावरण मिल सके।
स्थानीय लोगों का भी मानना है कि पुलिस की सक्रियता के चलते क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर अंकुश लगा है और लोगों में विश्वास बढ़ा है।
भूमि विवाद में दबंगों ने महिला को पीटा, आधा दर्जन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज
रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद कोतवाली के तिऊर चौगमा गांव में भूमि पर कब्जा करने को लेकर हुए विवाद में कुछ दबंगों ने एक महिला को मारपीट कर घायल कर दिया घटना के नाम जद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। घायल महिला का डाक्टरी परीक्षण कराया गया। नीलम पत्नी रमेश चंद दीक्षित निवासी तिऊर चौगमा के अनुसार गांव के दिनेश चंद्र दीक्षित, आदित्य, आनंद, ओमप्रकाश उर्फ बड़े भैया, विकास दीक्षित एवं विशेष कुमार तिवारी ने उसकी जमीन पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया। जब विरोध किया गया तो उक्त दबंगों ने उसके ऊपर लाठी डंडों से हमला कर दिया। जिससे महिला घायल हो गई। घायल महिला का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राय ने बताया प्रार्थना पत्र के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
अम्बेडकर प्रतिमा तोड़ने को लेकर  बसपा प्रतिनिधिमंडल ने घटना स्थल पर जताया रोष

रितेश मिश्रा
हरदोई। शाहाबाद के अंतर्गत थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र के ग्राम सुरजीपुर में 26 अप्रैल की रात्रि में अराजक तत्वों द्वारा डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित होने की सूचना पर पुलिस प्रशासन एवं बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियो ने घटना स्थल का निरिक्षण किया।बसपा प्रमुख मायावती जी के निर्देश पर बसपा जिला अध्यक्ष सूर्यकांत निराला के नेतृत्व में बसपा का प्रतिनिधिमंडल पदाधिकारियो के साथ मौके पर पहुंचा। 26 अप्रैल की रात्रि में दो अज्ञात बाइक सवार लोगों ने ईट से अम्बेडकर की प्रतिमा को तोड़ने का काम किया वही उस समय प्रत्यक्षदर्शी महिला के अनुसार लगभग 11:00 बजे  महिला शौच के लिए निकली थी उसने बताया कि बाबा साहब के बगल में एक बाइक आई जिस पर दो लोग सवार थे और वह खड़े हो गए  फिर महिला बगल में बनी लैट्रिन के अंदर चली गई लेकिन जब उसने तोड़फोड़ की आवाज सुनी तो वह बाहर निकली और उसने जैसे ही टॉर्च लगाई तो दो  युवक बाइक पर सवार होकर गांव की तरफ भाग गए  और उसने जाकर देखा तो मूर्ति टूटी हुई थी जिस पर महिला के चिल्लाने पर गांव के तमाम लोग रात्रि में ही इकट्ठा हो गए और उन्होंने तुरंत पुलिस प्रशासन को एवं बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारियो को सूचना देने का काम किया उधर पुलिस प्रशासन के लोग मौके पर पहुंचकर रातों-रात नई मूर्ति बाबा साहब की मंगवाकर के सुबह तक लगवाने का काम जारी था  और पीड़ित से तहरीर लेकर दो के खिलाफ अज्ञात में मुकदमा पंजीकृत जांच शुरू कर दी वहीं बसपा प्रमुख मायावती के निर्देश पर हरदोई जिला अध्यक्ष सूर्यकांत निराला निराला के नेतृत्व में बसपा का प्रतिनिधिमंडल सैकड़ो पदाधिकारियो के साथ मौके पर पहुंचकर क्षेत्राधिकारी  हरपालपुर से फोन पर वार्ता हुई और मौके पर मौजूद थाना अध्यक्ष बेहटागोकुल से वार्ता कर दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की एवं मौके घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने की भी मांग की और जिला अध्यक्ष ने यह भी कहा कि जो भी दोषी हैं उनकी तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए इस मौके पर लखनऊ मंडल प्रभारी अनिल कुमार गौतम जिला अध्यक्ष सूर्यकांत निराला जिला संयोजक रणधीर बहादुर जिला उपाध्यक्ष ठाकुर सत्यपाल सिंह जिला महासचिव महेश कुशवाहा जिला कोषाध्यक्ष कफील खान कार्यकारिणी सदस्य ज्ञान प्रकाश वर्मा प्रमोद सहगल शरीफ हुसैन प्रेम शंकर गौतम समर सिंह राहुल बर्मा बृजेश कुमार राय शाहबाद विधानसभा प्रभारी अरविंद गौतम आलोक कुमार गौतम विधानसभा अध्यक्ष छोटेलाल वर्मा महासचिव रविंद्र गौतम संतराम बौद्ध एबी लाल लज्जाराम अंकित कुमार देवेंद्र कुमार बीरबल विमलेश गौतम धरम वीर अमर सिंह सहित सैकड़ो की संख्या में बसपा कार्यकर्ता  एवं समर्थक  मौजूद रहे
दूरदर्शन पर दिखेंगे हास्य कवि अजीत शुक्ल*
चार मई  दिन सोमवार शाम 7-30 बजे होगा प्रसारण*

रितेश मिश्रा
हरदोई। "हुनर गर आप में है तो दिखाना भी जरूरी है छुपाकर बैठ जाने से नहीं पहचान बनती है...." इन पंक्तियों के रचनाकर हास्य कवि अजीत शुक्ल ने एक बार फिर अपनी कविता के हुनर से हरदोई जनपद को गौरवान्वित किया है। शहर के कृष्ण नगरिया निवासी अजीत शुक्ल यूं तो पेशे से बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक है किंतु अपनी काव्य प्रतिभा से पूरे देश में अपनी पहचान बनाई हुई है। अपनी हास्य कविताओं से सभी को गुदगुदाने वाले कवि अजीत शुक्ल विभिन्न राष्ट्रीय कवि सम्मेलनों में प्रतिभाग कर हरदोई का नाम रोशन करते आ रहे हैं। श्री शुक्ल की पूर्व में न्यूज 18 के चर्चित टीवी शो लपेटे में नेता जी, शेमारू टीवी के वाह
भाई वाह, आजतक, न्यूज 24, जी न्यूज, भारत समाचार व दूरदर्शन पर कविताएं प्रसारित हो चुकी हैं।  दूरदर्शन लखनऊ द्वारा प्रसारित होने वाले  वन्समोर कार्यक्रम का शूट सोमवार  को किया गया। कार्यक्रम का प्रसारण चार मई दिन सोमवार को शाम 7-30 बजे किया जाएगा। अजीतशुक्ल के कार्यक्रम को लेकर उनके शुभचिंतकों में उत्साह है। इस अवसर पर खण्ड शिक्षा अधिकारी सांडी डॉ सुनील कुमार, श्याम जी गुप्ता, अमित शुक्ल, सचिन मिश्र, पंकज अवस्थी, प्रभाकर मिश्र, दुर्गेश तिवारी,रमेश कुमार, गीतेश दीक्षित  उदयराज सिंह,मनोज मानव,आर बी शर्मा, आकांक्षा गुप्ता सहित कई शिक्षकों, कवियों व समाजसेवियों ने उन्हें बधाई दी।
हरदोई में आयुष्मान योजना पर सवाल, अस्पताल ने कहा—यहां नहीं चलता कार्ड! .
रितेश मिश्रा
हरदोई जनपद के नघेटा रोड स्थित शिव शक्ति हॉस्पिटल पर केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भारत योजना की अनदेखी का गंभीर आरोप सामने आया है। मामले के उजागर होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। शिकायतकर्ता आकाश गुप्ता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उनके भाई का सड़क हादसे में पैर टूट गया था, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए शिव शक्ति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जो आयुष्यमान योजना में निशुल्क इलाज के लिए सूचीबद्ध है।

आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर पी.सी. गुप्ता ने साफ तौर पर कह दिया कि यहां आयुष्मान कार्ड स्वीकार नहीं किया जाता। ऑपरेशन के लिए पूरा भुगतान जमा करने को कहा गया, अन्यथा मरीज को कहीं और ले जाने की बात कही गई। गौरतलब है कि केंद्र और राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीब और जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का दावा करती हैं। इसके लिए गांव-गांव और शहर-शहर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनवाने के अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
ऐसे में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री के गृह जनपद हरदोई में ही इस योजना की अनदेखी के आरोप सामने आना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि अस्पताल संचालक सरकारी योजना की धज्जियां उड़ा रहे हैं। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज शिकायत के बाद संबंधित अस्पताल और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है