दिल्ली में रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी, 123 साल में दूसरा सबसे गर्म दिन रहा सोमवार, सितंबर में भी पारा 40 के पार*
#4septemberwassecondmosthottestdayindelhi
इस साल बारिश का रूख बेरूखी भरा रहा। भले ही जुलाई में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश ने तबाही मचाई, लेकिन देश का अधिकांश हिस्सा शुष्क रहा। अब सितंबर शुरू हो चुका है, लेकिन गर्मी है कि अब भी जाने का नाम नहीं ले रही है।देश की राजधानी दिल्ली में सितंबर माह में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को दिल्ली में रिकॉर्ड गर्मी दर्ज की गई है। सोमवार को पारा 40.1 डिग्री पहुंच गया। सोमवार को सितंबर माह में 123 वर्ष में दूसरी बार सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया है।
सामान्य से 6 डिग्री अधिक तापमान
सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा। यह सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 39 से 86 प्रतिशत रहा। अगस्त में भी किसी दिन पारा 40 डिग्री नहीं पहुंचा।
रिकॉर्ड तोड़ रही गर्मी की वजह
रिकॉर्ड तोड़ रही इस गर्मी की वजह बारिश न होना और वेस्टर्न डिस्टरबेंस से पहले हवाओं में हुए बदलाव को माना जा रहा है। इस वजह से राजधानी में गर्मी बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को तापमान दो से तीन डिग्री कम होने की संभावना है। शाम को बूंदाबांदी का अनुमान भी है। इसके बाद 6 सितंबर से तापमान 35 डिग्री तक रह सकता है।
Sep 05 2023, 15:57