एक करोड़ 13 लाख रुपये की नकली व नशीली दवाएं सीज, तीन अवैध गोदामों पर छापा
![]()
*तीन दिन तक चली संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार*
*एनडीपीएस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज, 19 दवाओं के नमूने जांच के लिए भेजे गए*
*गोंडा, 19 जुलाई 2026* - प्रदेश में नकली एवं नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जनपद गोंडा में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस संचालित तीन अवैध औषधि गोदामों से लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये मूल्य की नारकोटिक्स, कोडीन सिरप एवं अन्य एलोपैथिक औषधियां बरामद कर सीज कर दीं। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशन में प्राप्त गोपनीय अभिसूचना के आधार पर जनपद गोंडा के बरियार पुरवा, सोनार गली, बड़गांव क्षेत्र में 16, 17 एवं 18 जुलाई 2026 तक लगातार तीन दिनों तक विशेष सघन छापामार अभियान चलाया गया। इस अभियान में प्रदेश के 9 जनपदों के औषधि निरीक्षकों तथा स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने भाग लिया।
संयुक्त टीम सबसे पहले गोंडा-बलरामपुर मार्ग स्थित जयनगरा, बड़गांव में संचालित बताए गए अमन फार्मास्युटिकल्स की जांच के लिए पहुंची। जांच के दौरान फर्म निर्धारित पते पर संचालित नहीं मिली और न ही वहां कोई साइन बोर्ड लगा पाया गया। इसके बाद टीम ने पूछताछ करते हुए संचालक अमन कसौधन के आवास पर पहुंचकर जांच की।
पूछताछ के दौरान अमन के भाई शिवम कसौधन ने स्वीकार किया कि वह और उसका भाई बरियार पुरवा स्थित एक स्थान से औषधियों का कारोबार करते हैं तथा उनके पास औषधि कारोबार से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं है। जांच आगे बढ़ने पर टीम को इनके द्वारा संचालित दो अन्य गोदामों की भी जानकारी मिली, जो बिना किसी वैधानिक औषधि अनुज्ञप्ति के अवैध रूप से संचालित किए जा रहे थे।
छापेमारी के दौरान जब टीम ने औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेख, खरीद बिल, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा तो संचालक कोई भी दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। इसके बाद तीनों गोदामों में रखी भारी मात्रा में दवाओं को मौके पर ही सीज कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान बरामद औषधियों में 53,712 डिपट्राम प्लस कैप्सूल, 14,700 अल्ट्रानिम-पी टैबलेट, 59,256 प्रोक्सीस्पास कैप्सूल, 2,82,960 सेम्प्लेक्स प्लस कैप्सूल, 32,160 रोमर स्पास कैप्सूल, 1,96,000 ट्रामाडोल इंजेक्शन, 60,000 अल्जोमैक 0.5 (अल्प्राजोलम) टैबलेट तथा 63 बोतल कोडीन फॉस्फेट सिरप (एनरेक्स/वनरेक्स) सहित बड़ी मात्रा में अन्य एलोपैथिक औषधियां शामिल हैं। बरामद दवाओं का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 13 लाख रुपये आंका गया है।
संयुक्त टीम ने जांच के लिए 19 विभिन्न औषधियों के नमूने भी एकत्र किए हैं, जिन्हें तत्काल राजकीय प्रयोगशाला में परीक्षण हेतु भेज दिया गया है। परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने तथा विवेचना पूरी होने के बाद संबंधित दोषी व्यक्तियों एवं फर्मों के विरुद्ध औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत विधिक कार्रवाई करते हुए परिवाद दाखिल किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य संचालकों में शामिल शिवम कसौधन पुत्र प्रमोद कसौधन निवासी रानी बाजार, बड़गांव, गोंडा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका भाई एवं इस अवैध कारोबार का मुख्य संचालक अमन कसौधन मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध रूप से मनःप्रभावी एवं नशीली औषधियों का कारोबार कर युवाओं में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा देने जैसे गंभीर अपराध को देखते हुए आरोपियों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की धारा 8/21 के तहत थाना कोतवाली नगर, गोंडा में एफआईआर संख्या 0676, दिनांक 19 जुलाई 2026 दर्ज कराई गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश सरकार नकली, अवैध एवं नशीली दवाओं के कारोबार के विरुद्ध शून्य सहनशीलता (Zero Tolerance) की नीति पर कार्य कर रही है। ऐसे अवैध नेटवर्क के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी, ताकि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके तथा समाज में नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।![]()
![]()
![]()


*तीन दिन तक चली संयुक्त कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार*

616 अंक कृतार्थ गुप्ता और 610 अंक अंतिमा ने हासिल कर बढ़ाया जिले का मान,क्षेत्र में खुशी का माहौल
गोण्डा, 18 जुलाई। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज, गोण्डा में नवीन शैक्षणिक सत्र 2026–27 की नियमित कक्षाओं का संचालन 20 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा।
गोण्डा, 18 जुलाई। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में वर्तमान सत्र के लिए एम.ए., एम.एससी. एवं एम.कॉम. प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
गोंडा।जिले में घाघरा नदी का जलस्तर भले ही कम हो रहा हो, लेकिन पड़ोसी देश नेपाल से लगातार पानी छोड़े जाने से बाढ़ का खतरा टला नहीं है। बाढ़ खंड विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में नदी का जलस्तर 18 सेंटीमीटर कम हुआ है। लेकिन बीते 12 घंटे में नेपाल ने गिरजा, शारदा और सरयू बैराज से कुल 2 लाख 12 हजार क्यूसेक पानी छोड़ दिया है। शनिवार सुबह 9:30 बजे गिरजा बैराज से 95,457 क्यूसेक, शारदा बैराज से 14,295 क्यूसेक और सरयू बैराज से 1,101 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इस तरह आज सुबह कुल 1,10,853 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे पहले शुक्रवार रात 10 बजे 1,01,694 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।जलस्तर के उतार-चढ़ाव से तटीय इलाकों के लोग परेशान हैं। ढेमवाघाट मार्ग पर पानी भरने से आवागमन बंद है। लोग जान जोखिम में डालकर नाव से आ-जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा अभी तक निःशुल्क नाव की व्यवस्था नहीं की गई है। नाविक प्रति व्यक्ति 30 से 50 रुपये किराया वसूल रहे हैं।आपदा विभाग तटीय क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी कैंप कर रही हैं। नदी कटान से फसलें और जमीनें भी प्रभावित हो रही हैं।
गोंडा।जिले में रील बनाने के चक्कर में एक 22 वर्षीय युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर बुरी तरह से पीटा गया है।उक्त घटना तरबगंज थाना क्षेत्र के खानपुर गांव की है,उक्त मारपीट की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है,जिसके बाद तरबगंज थाने की पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दिया है।वायरल वीडियो चार दिन पुराना 14 जुलाई का बताया जा रहा है।युवक के दोनों पैर पेड़ में फंसाया गया है और वह स्वयं को हाथों के सहारे रोकने की कोशिश कर रहा है।एक व्यक्ति प्लास्टिक के पट्टे से उसकी कमर व शरीर के अन्य हिस्सों पर लगातार वार कर रहा है।युवक दर्द से चिल्ला रहा है परन्तु उसकी पिटाई जारी रहती है।इस मारपीट का वीडियो खानपुर गांव के ही भोला दूबे खानपुर नामक व्यक्ति ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वायरल किया है।वीडियो में भोला दूबे यह कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि इसको और मारिए,पैर की तरफ मारिए,मुंह की तरफ मारिए,ताकि दोबारा इस तरह से गलती न करे।पुलिस अब वीडियो में दिख रहे पीड़ित युवक और मारपीट करने वाले व्यक्तियों की पहचान करने में जुटी है और मामले की गहनता से जांच कर रही है।तरबगंज थानाध्यक्ष श्रीधर पाठक ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि इस तरीके से किसी के साथ मारपीट करके रील बनाना भी अपराध है,जांच करके कठोर कार्रवाई की जाएगी।वीडियो डालने व्यक्ति से भी पूरे वीडियो को लेकर पूछताछ की जा रही है।
*संचालक फरार
Jul 19 2026, 17:09
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1