कांग्रेस ने राम मंदिर दान घोटाले की जांच की मांग की:दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए
नितेश श्रीवास्तव
भदोही। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी भदोही ने अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में कथित दान/चढ़ावा घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस संबंध में बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी भदोही के माध्यम से उत्तर प्रदेश की राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोऑर्डिनेटर एवं भदोही प्रभारी दयाशंकर पांडेय ने कहा कि श्रीराम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं। उन्होंने जोर दिया कि यदि राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान और चढ़ावे में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार हुआ है, तो उसकी निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए। पांडेय ने कहा कि आस्था के नाम पर किसी भी प्रकार का भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जा सकता और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कठोर दंड दिया जाना चाहिए।
जिला कांग्रेस कमेटी भदोही के अध्यक्ष वसीम अंसारी ने इस मामले को केवल आर्थिक अनियमितता का नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास से जुड़ा एक गंभीर विषय बताया। उन्होंने मांग की कि पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार दुबे ‘राजन’ ने कहा कि धार्मिक संस्थाओं और जनआस्था से जुड़े मामलों में पूर्ण पारदर्शिता आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार या अनियमितता हुई है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों को किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई अनिवार्य है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनभावनाओं और आस्था से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सत्य सामने लाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर दीनानाथ दूबे, प्रेमबिहारी उपाध्याय,राजेश्वर दूबे, सुरेश गौतम, त्रिलोकी नाथ बिंद, संतोष सिंह बघेल, अवधेश पाठक, राजेन्द्र प्रसाद मौर्य, नाजिम अली,शमशीर अहमद ,सुरेश चौहान, जिला दूबे,राजाराम दुबे,रमाशंकर बिंद, मृत्युंजय सिंह टोनी, अजय प्रजापति,शक्ति मिश्र, राकेश पाल, विशाल गौतम, धीरज पाल, सचिन मिश्र, नितिन सिंह, विमलेश पाल, मोनीश अंसारी, मकोई लाल बिंद आदि लोग उपस्थित रहें.
Jun 27 2026, 15:20
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1