नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने लिया जायजा
![]()
अयोध्या।महाकुंभ के दृष्टिगत अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने रामपथ एवं सरयू के घाटों का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने सफाई एवं पेयजल व्यवस्था का जायजा लिया। मेला व्यवस्था की कड़ी निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने निगम संबंधी प्रदत्त की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
गत रात्रि सरयू घाट, कच्चा घाट, संत तुलसी घाट, रामपैडी, रामपथ मार्ग पर भ्रमण करते हुए साफ सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य निगम द्वारा प्रदत्त की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं के संबंध में स्थलीय निरीक्षण किया गया।
एमआरएफ (मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एमआरएफ केंद्र की कचरा प्रबंधन की प्रणाली और री-सायकलिंग प्रक्रिया की समीक्षा की। एमआरएफ सेंटर की कार्यकुशलता में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों से उच्चतम मानकों पर कार्य करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त महोदय द्वारा काशीराम कालोनी में जल भराव की समस्या के निराकरण के दृष्टिगत निरीक्षण किया गया। उल्लेखनीय है कि एस0टी0पी0 में ट्रीटेड जल के ओवरफ्लो होने के कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हुई है। उक्त मार्ग पर पी डब्लू डी द्वारा नाला निर्माणाधीन होने के कारण जलप्रवाह अवरुद्ध हो रहा है।
उक्त जलजमाव के तात्कालिक निस्तारण हेतु नगर निगम द्वारा मोटर पम्प के माध्यम से जलनिकासी कराए जाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जोनल अधिकारी अयोध्याधाम अशोक कुमार गुप्त, मुख्य सुप्रीम खाद निरीक्षक राजेश कुमार झा, अवर अभियंता अमित जायसवाल सफाई एवं खाद निरीक्षक से विजेंद्र वर्मा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
Feb 12 2025, 19:28