मुख्यमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का किया शुभारंभ
रायपुर- देश की आजादी का प्रतीक तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के हर घर में लहराएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित कर ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान की शुरूआत की।
जनदर्शन में उपस्थित नागरिकों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” का उद्घोष किया। गौरतलब है कि आजादी के अमृत महोत्वस के अंतर्गत स्वतंत्रता सप्ताह 09 से 15 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत सभी भारतीय नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज अपने घर पर फहराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान से नई पीढ़ी के साथ-साथ सभी लोगों में राष्ट्रीय भावना जगेगी और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति गौरव और सम्मान भी बढ़ेगा। स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान राज्य से लेकर जिला स्तर पर तिरंगा यात्राएं, तिरंगा रैलियां, तिरंगा दौड़ और मैराथन जैसे अनेक देश-भक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। तिरंगा अभियान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान तिरंगा प्रतिज्ञा ली जाएगी। इन कार्यक्रमों में शामिल होने वाले लोग को तिरंगा के साथ सेल्फी लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिवारों को स्थानीय कार्यक्रमों में आमंत्रित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ तिरंगा के प्रति सम्मान प्रकट करने के लिए स्थानीय स्तर पर बाइक, सायकल और कार रैलियां आदि निकाली जाएगी। जिसमें युवा स्वयं सेवकों, विभिन्न संगठनों और विभिन्न राज्यों की प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी होगी। सभी उम्र के लोग इसमें शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे।
तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में खेल और फिटनेस से जुड़े लोगों को भागीदारी करने और ब्लॉग बनाने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय द्वारा ब्लॉगर और इंफ्लुएंसर के परिचय के लिए यू-ट्यूब क्रिएटर प्रोग्राम साझा करेगा। इस दौरान देश भक्ति संगीत के साथ सार्वजनिक स्तर पर तिरंगा कॉन्सर्ट्स आयोजित किए जाएंगे। कॉन्सर्ट्स में तिरंगा एन्थम की प्रस्तुति दी जाएगी। कार्यक्रम स्थलों पर तिरंगा कैनवास स्थापित किए जाएंगे। जहां लोग किसी भी भारतीय भाषा में ‘‘हर घर तिरंगा’’ और ‘‘जय हिन्द’’ लिख सकेंगे। प्रत्येक कैनवास का डिजाईन राष्ट्रीय ध्वज के समान 3: 2 में होगा। आयोजन स्थल पर तिरंगा झंडे, वस्त्र, खाद्य पदार्थ के विक्रय के लिए स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने वाले सभी लोगों को ध्वज फहराने और तिरंगा के साथ सेल्फी लेने और हर घर तिरंगा वेबसाईट पर अपलोड किया जा सकेगा। प्रमाण पत्रों को सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga और #HGT2024 के साथ साझा किया जाएगा। तिरंगा यात्रा से संबंधित तिरंगा प्रतिज्ञा, तिरंगा एंथम सहित विभिनन जानकारियां ‘‘हर घर तिरंगा’’ बेवसाईट पर उपलब्ध हैं।
संस्कृति विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को स्वतंत्रता सप्ताह के दौरान ‘‘हर घर तिरंगा’’ कार्यक्रम के आयोजन बारे विस्तृत निर्देश जारी करते हुए इन कार्यक्रमों में जिले के अंतर्गत सार्वजनिक उपक्रमों, स्व-सहायता समूहों, सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

रायपुर- देश की आजादी का प्रतीक तिरंगा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्य के हर घर में लहराएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आए लोगों को राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा वितरित कर ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान की शुरूआत की।


रायपुर- जनदर्शन में आज जिला मनेद्रगढ़-भरतपुर-चिरमिरी के ग्राम जनकपुर से एक आदिवासी परिवार आया। परिवार के गेंदलाल बैगा ने बताया कि उनका परिवार पिछली चार पीढ़ियों से जनकपुर में खेती कर रहा है। अभी जमीन पर कुछ लोग जबरन कब्जे की कोशिश कर रहे है। इस वजह से काफी तकलीफ हो रही है। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में कलेक्टर मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर को निर्देश देते हुए कहा कि तत्काल इस मामले में आवश्यक जांच कर कार्रवाई करें। गेंदलाल बैगा ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनदर्शन में आकर वे आश्वस्त हो गए हैं और उन्हें उम्मीद है कि अब उनके साथ ज्यादती नहीं होगी।
रायपुर- पंजाब में तैनात रहे फौजी स्वर्गीय बलदेव सिंह साहू की पत्नी ललिता साहू ने आज जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलकर पेंशन की पूरी राशि दिलाने के लिए मदद की गुहार लगाई। दुर्ग से आई श्रीमती साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पति इंडियन आर्मी में पंजाब में नायक के पोस्ट पर थे। उनकी मृत्यु हो गई और वो परिवार सहित पंजाब से छत्तीसगढ़ वापिस आ गई। पंजाब में उन्हें पेंशन की पूरी राशि मिलती थी पर छत्तीसगढ़ आने के बाद उन्हें यहां पूरी पेंशन नहीं मिल रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक देशभक्त खासकर फौजी के परिवारजनों को छत्तीसगढ़ सरकार कोई कष्ट नहीं होने देगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि जल्द ही श्रीमती साहू की समस्या का निराकरण हो सके। श्रीमती साहू ने इस संवेदनशील पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया।
रायपुर- मुख्यमंत्री जनदर्शन में आज जनसंपर्क विभाग के द्वारा प्रकाशित की जाने वाली ’जनमन’ पुस्तिका का वितरण लोगों को किया गया। यह पुस्तिका राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों की जानकारी देने के उद्देश्य से तैयार की गई है। जनमन पुस्तिका के वितरण का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को सरकार की योजनाओं की जानकारी से अवगत कराना है जिससे अधिक से अधिक लोग इसे पढ़कर योजनाओं का लाभ उठा सकें।
रायपुर- आज मुख्यमंत्री जनदर्शन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने दो बहनें आईं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन से पहले जनदर्शन में आए हैं इसलिए पहले राखी बांधेंगी। रिशी अग्रवाल और सिद्धका गोस्वामी बिलासपुर और बेमेतरा से मुख्यमंत्री के लिए राखी लेकर आई थी। उन्होंने मुख्यमंत्री को राखी बांधी। रिशी ने बताया कि उनके पिता डॉ जे पी वर्मा शासकीय महाविद्यालय बिलासपुर में प्रोफेसर के पद पर थे। उनका निधन हो गया उन्हें अनुकंपा नियुक्ति उनकी शिक्षा के मुताबिक मिले तो अच्छा लगेगा और उन्होंने तृतीय श्रेणी के पद के लिए आग्रह किया।
रायपुर- मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में आज हजारों की तादाद में प्रदेशभर से लोग अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मिलने पहुंचे हैं। रिमझिम फुहारों के बीच लोग पूरी उम्मीद और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री श्री साय से मिल रहे हैं। इसी दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के तहत 12 हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से सहायता राशि के चेक सौंपे। ज्ञात हो कि आज की मुख्यमंत्री जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग की ओर से 6 हजार 205 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 11 करोड़ 41 लाख 25 हजार 500 रूपये की सहायता राशि के चेक प्रदाय किए गए। इसमें मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत दो हजार 606 हितग्राहियों को 05 करोड़ 21 लाख 20 हजार रूपये, मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत दो हजार 593 हितग्राहियों को 05 करोड़ 18 लाख 60 हजार रूपये तथा मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत 827 हितग्राहियों को 15 लाख 66 हजार रूपये के चेक प्रदाय किए गए।
रायपुर- मुख्यमंत्री जनदर्शन में आज बालोद जिला के विकासखंड गुंडरदेही अंतर्गत ग्राम पंचायत खपरी ब के पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीणजन अपनी मांगों और समस्याओं को लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए है।
रायपुर- मुख्यमंत्री निवास में आयोजित आज जनदर्शन में राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव के रहने वाले नंदकिशोर ने अपनी पीड़ा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को बताया। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी पिछले छह माह से लापता है। पुलिस थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। लेकिन अब तक कुछ खबर नहीं मिल पाई है। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी बातों को सुनकर तत्काल राजनांदगांव के एसपी को फोन किया और नंदकिशोर की पत्नी की खोज-खबर करने के निर्देश दिए है।
रायपुर- मुख्यमंत्री जनदर्शन में आज बलौदा बाजार जिले के ग्राम डोंगरिया से किसान अपने आवेदन लेकर पहुंचे। किसानों ने बताया कि उनकी फसल अपोलो कंपनी के प्रदूषित पानी से खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि खरीफ की फसल कंपनी के दूषित केमिकल की वजह से खराब हुई। फिर रबी की फसल भी दूषित केमिकल की वजह से खराब हो गई है। इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों को कई बार मौखिक आग्रह किया गया लेकिन इस पर कंपनी ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर बलौदाबाजार को तत्काल कार्रवाई कर किसानों को राहत दिलाने की निर्देश दिए।
Aug 08 2024, 16:17
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
1