मॉस्को में बड़ा आतंकी हमला, 60 लोगों की मौत,145 लोग जख्मी*
#russia_moscow_concert_hall_blast_many_death
रूस की राजधानी मास्को में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। शुक्रवार शाम एक कॉन्सर्ट हॉल में हमला हुआ। यहां पहले कुछ धमाकों के बाद जबरदस्त गोलीबारी हुई। इस हमले में अब तक 60 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। वहीं, करीब 145 लोग घायल हुए हैं। कहा जा रहा है कि कन्सर्ट हॉल में चार-पांच आतंकी घुसे थे। उनके हाथों में ऑटोमेटिक कलाश्निकोव राइफलें थीं। रूसी जांच एजेंसी ने राइफल और उससे चलाई गई गोलियों की तस्वीरें जारी की हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा देश के चुनावों में भारी जीत के बाद सत्ता पर अपनी पकड़ मजबूत करने के कुछ दिनों बाद यह भीषण हमला हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, हमलावर सेनी की वर्दी में थे। वर्दी पहने हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की। गोलीबारी के बाद मॉल में अफरा तफरी मच गई। हमलावरों ने क्रोकस सिटी हॉल पर ग्रेनेड भी फेंका, जिससे मॉल में भयंकर आग लग गई। शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया कि बॉडी कवच पहने और असॉल्ट राइफल से लैस तीन से पांच अज्ञात बंदूकधारियों ने शुक्रवार को मॉस्को के एक मॉल में अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद वहां आग लग गई। इन हमलावरों ने संगीत समारोह में आए लोगों को निशाना बनाया।
इस हमले के बाद रूस की सुरक्षा एजेंसी एफएसबी ने कहा कि मॉस्को क्रोकस सिटी हॉल में गोलीबारी के बीच कानून प्रवर्तन एजेंसिया जरूरी कदम उठा रही हैं। साथ ही वहां फंसे लोगों को रेस्क्यू करने का काम भी जारी है। बता दें कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें एक हमलावर भी दिखाई दे रहा है। इस हमले के बाद मॉस्को के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि घटनास्थल पर 50 से अधिक एंबुलेंस की टीमों को भेज दिया गया है। वहीं क्रोकस सिटी हॉल के बेसमेंट से अबतक 100 से अधिक लोगों को बचाया जा चुका है।
अमेरिकी दूतावास ने हमले की जताई थी आशंका
अमेरिका के व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ने कहा कि इन बम धमाकों के के पीछे आतंकी संगठन आईएस (इस्लामिक स्टेट)- खोरासान का हाथ होने की बात सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने चेतावनी जारी की थी कि आईएस के आतंकवादी रूस पर हमले की साजिश रच रहे हैं। व्हाइट हाउस के मुताबिक, इसे लेकर उसने जिम्मेदारी निभाते हुए अपने नागरिकों और रूस के अधिकारियों को चेतावनी जारी की थी। हालांकि इसके बावजूद आईएस-खोरासान ने इस हमले को अंजाम दिया।











Mar 23 2024, 12:05
- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
0- Whatsapp
- Facebook
- Linkedin
- Google Plus
11.2k